फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 22nd July North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: EC बोला- बिहार में SIR का काम जारी, 97.30% काम पूरा; MUDA केस- सिद्धारमैया की पत्नी को 'सुप्रीम' राहत

Tue, 22 Jul 2025 06:17 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 22 Jul 2025 06:17 PM IST
विज्ञापन
News Updates 22nd July North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
चुनाव आयोग ने बिहार में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कहा है कि एसआईआर का काम जारी है | केवल 2.70% मतदाता ही फॉर्म भरने के लिए बाकी बचे हैं। आज तक, 97.30% मौजूदा मतदाताओं ने 1 अगस्त, 2025 को प्रकाशित होने वाली मसौदा मतदाता सूची में शामिल होने के लिए अपना गणना फॉर्म जमा कर दिया है।
विज्ञापन




मेघालय- यौन उत्पीड़न के आरोपी को सजा
मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले की एक विशेष अदालत ने एक व्यक्ति को एक नाबालिग का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में कारावास की सजा सुनाई है। 2021 में खलीह्रियत में हुई घटना के मामले में पोक्सो अदालत के विशेष न्यायाधीश बी खिरियम ने आरोपी को दोषी ठहराया। अदालत ने उसे तीन और चार साल की कैद की सजा सुनाई। कोर्ट ने कहा कि ये सजाएं साथ-साथ चलेंगी। अदालत ने आरोपी पर 40,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। जुर्माना न चुकाने पर उसे एक महीने की अतिरिक्त जेल की सज़ा काटनी होगी। अदालत ने निर्देश दिया कि पीड़ित को 1.5 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।
विज्ञापन


कर्नाटक में संदिग्ध खाद्य विषाक्तता से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
कर्नाटक के रायचूर जिले में संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के कारण एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और दो अन्य का इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान रमेश (38) और उसकी बेटियों नागम्मा (8) और दीपा (6) के रूप में हुई है। उनकी पत्नी पद्मा और दो अन्य बच्चों को रायचूर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आरआईएमएस) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। सिरवार तालुका के तिम्मापुर गांव में परिवार के  छह लोगों ने बैंगन की सब्जी, रोटी, चावल और सांभर खाया था। सब्जी में इस्तेमाल किया गया बैंगन उनके अपने खेत से तोड़ा गया था। तीन दिन पहले ही फसल पर कीटनाशक का छिड़काव किया गया था और उन्हें संदेह है कि इसी कारण जहर फैल गया होगा। रात को खाने के कुछ ही देर बाद सभी छह लोगों में लक्षण दिखने लगे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद तीन को बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने मौत का सही कारण जानने के लिए जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

2002 परीक्षा पत्र लीक मामला आठ पूर्व रेलवे अफसरों को पांच साल की कैद
विशेष सीबीआई अदालत ने सोमवार को प्रोबेशनरी असिस्टेंट स्टेशन मास्टर पद के लिए परीक्षा पत्र लीक करने के आरोप में आठ रेलवे अधिकारियों को पांच साल कैद की सजा सुनाई। उनके खिलाफ मामला दर्ज होने के 23 साल बाद सजा सुनाई गई। अदालत ने हर दोषी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने 17 अगस्त, 2002 को पश्चिम रेलवे, अहमदाबाद के तत्कालीन मुख्य सतर्कता निरीक्षक द्वारा दर्ज शिकायत के बाद रेलवे के तत्कालीन अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सीबीआई ने बताया कि आरोपियों ने प्रश्नपत्र लीक करके उम्मीदवारों से 50 हजार से 1 लाख रुपये तक वसूले थे।

एक माह से भारत में अटके ब्रिटिश लड़ाकू विमान की वापसी आज
ब्रिटिश की रॉयल नेवी का एफ-35बी लाइटनिंग लड़ाकू विमान मंगलवार को वापस स्वदेश के लिए उड़ान भरने के लिए तैयार है। विमान 14 जून को केरल के तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आपातकालीन स्थितियों में उतरा था और तबसे यहीं खड़ा है।  सूत्रों के मुताबिक, ब्रिटेन के सबसे उन्नत स्टील्थ बेड़े के इस ल़डाकू विमान की पूरी तरह से मरम्मत कर दी गई है। इसे अभी हैंगर से बाहर लाया जा रहा है। अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मंगलवार को किस समय वापसी उड़ान भरेगा।

आरपीआई की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक आज
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार (22 जुलाई) को न्यू महाराष्ट्र सदन, नई दिल्ली में आयोजित होगी। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। बैठक में संगठनात्मक विस्तार के साथ अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।

सांसद मिधुन को राजा महेंद्रवरम जेल भेजा
आंध्र प्रदेश की विपक्षी राजनीतिक पार्टी- वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान 3,200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले के आरोपी राजमपेट के सांसद पीवी मिधुन रेड्डी को केंद्रीय कारागार में रखा गया है। वाईएसआरसीपी के प्रमुख नेता रेड्डी को 19 जुलाई को विशेष जांच दल ने गिरफ्तार किया था। स्थानीय अदालत ने उन्हें 1 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेजा है।

आंध्र शराब घोटाला : तिलकनगर इंडस्ट्रीज ने दी 218 करोड़ रिश्वत
आंध्र प्रदेश पुलिस ने कहा कि शराब बनाने वाली कंपनी तिलकनगर इंडस्ट्रीज लि. (टीआईएल) ने राज्य संचालित शराब निगम से आपूर्ति ऑर्डर हासिल करने के लिए 218 करोड़ रुपये की रिश्वत दी थी। पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) पिछली वाईएसआरसीपी सरकार के दौरान हुए कथित 3,500 करोड़ रुपये के शराब घोटाले की जांच कर रही है। एसआईटी ने शनिवार को मामले में विशेष कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल किया था, जिस पर कोर्ट ने अभी संज्ञान नहीं लिया है। हालांकि, आरोपपत्र में टीआईएल को बतौर अभियुक्त नामित नहीं किया गया है।

फर्जी डिग्री घोटाले में कुलाधिपति से जुड़ीं 20 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को मेघालय फर्जी डिग्री घोटाले के मामले में सीएमजे विश्वविद्यालय के कुलाधिपति चंद्र मोहन झा और उनके परिवार की 20 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच कर ली। इनमें नई दिल्ली में 19.28 करोड़ रुपये की चार अचल संपत्तियां और खाते में जमा एक करोड़ रुपये शामिल हैं। ईडी ने बताया कि ये संपत्तियां धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत अटैच की गई हैं। घोटाले में अब तक 69 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां अटैच की गई हैं। यह मामला मेघालय के एक निजी संस्थान सीएमजे विश्वविद्यालय द्वारा उचित परीक्षा आयोजित किए बिना या शैक्षणिक मानकों को बनाए रखे बिना फर्जी डिग्रियां जारी करने से संबंधित है। जांच में पता चला कि 2010 से 2013 के बीच विश्वविद्यालय ने हजारों फर्जी डिग्रियां जारी कीं और नियामक अनुमोदन के बिना विभिन्न पाठ्यक्रमों में छात्रों का नामांकन किया। घोटाले से प्राप्त धन का धनशोधन किया गया और देश भर में संपत्ति व अन्य संपत्तियों में निवेश किया गया। मेघालय पुलिस ने पहले मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसके बाद प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन की जांच शुरू की। आगे की जांच जारी है।

वीआईपी मूवमेंट के दौरान सायरन नहीं बजेगा, कर्नाटक पुलिस का अहम फैसला
कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक (DGP) एमए सलीम ने वीआईपी मूवमेंट के दौरान एस्कॉर्ट वाहनों में सायरन के अनावश्यक उपयोग को सीमित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सायरन का उपयोग सुरक्षा खतरा पैदा करता है, जनता को असुविधा होती है और ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है। पुलिस के मुताबिक अचानक सायरन बजने से सड़क पर अन्य वाहन चालकों में भ्रम उत्पन्न हो सकता है, जिससे दुर्घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि आपातकालीन स्थिति में वायरलेस संचार प्रणाली का उपयोग अधिक सुरक्षित है। केवल एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी सेवाओं को ही सायरन का उपयोग करने की अनुमति दी गई है।

बोतलों में नहीं मिलेंगे पेट्रोल-डीजल, ओडिशा सरकार का अहम फैसला
ओडिशा सरकार ने सोमवार को प्लास्टिक की बोतलों में पेट्रोल और डीजल की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया। खाद्य आपूर्ति और उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्रा ने पेट्रोलियम क्षेत्र के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक के बाद कहा, फैसला बालासोर में छात्रा के आत्मदाह और पुरी में एक 15 वर्षीय लड़की को जलाए जाने की गंभीर घटनाओं को देखते हुए उठाया गया है। पेट्रोल पंपों को निर्देश दिया गया है कि वे प्लास्टिक बोतलों में ईंधन न बेचें। साथ ही, सड़कों और दुकानों पर अवैध रूप से पेट्रोल बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

महिला ने थाने के भीतर कीटनाशक खाकर सुसाइड का प्रयास किया
इसी राज्य की एक अन्य घटना में महिला ने पुलिस स्टेशन के भीतर कीटनाशक पीकर आत्महत्या का दुस्साहस किया। मामला नयागढ़ जिले का है। सोमवार को 24 वर्षीय महिला ने न्याय की मांग करते हुए थाना परिसर में कथित तौर पर कीटनाशक खाकर जान देने की कोशिश की। इस संबंध में अधिकारी ने बताया, महिला का नयागढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। इटामती पुलिस थाने में महिला के पूर्व प्रेमी और उसके परिवार के साथ पुराने विवाद के बाद महिला ने खुदकुशी का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक महिला अपनी मां के साथ सोमवार को पुलिस थाने पहुंची और तत्काल न्याय की मांग की। इटामती पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रियब्रत राउत ने बताया, 'महिला ने अचानक कीटनाशक खा लिया।' महिला ने इसी साल फरवरी में अपने पूर्व प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। हालाँकि, बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।

ओडिशा में लड़की से दुष्कर्म के आरोप में मध्य प्रदेश का ट्रक चालक गिरफ्तार
ओडिशा के मलकानगिरी जिले में एक लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म के आरोप में मध्य प्रदेश के एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया। लड़की रविवार रात अपने दोस्त के घर गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी, जिसके बाद उसके परिवार ने मलकानगिरी आदर्श पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। स्थानीय लोगों ने सोमवार रात को एनएच 326 पर बीजा घाट के पास एक ट्रक चालक के साथ लड़की को संदिग्ध हालत में देखा और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लड़की को बचाया और ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चालक की पहचान मध्य प्रदेश निवासी शुभम सिंह (26) के रूप में हुई है। ट्रक सीमेंट लेकर कोरापुट जिले के जयपुर जा रहा था।

ओडिशा में युवती से अपहरण बाद दुष्कर्म
ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में एक युवती को दो लोगों ने अगवा कर लिया। वह अपने एक मित्र के साथ घर लौट रही थी। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपी उसे एक खेत में ले गए और दुष्कर्म किया। सोमवार रात करीब 8.30 बजे पीड़िता को गंभीर हालत में जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोप लगाया कि जब वह एक अन्य गांव में जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद अपनी महिला मित्र के साथ घर लौट रही थी, तभी उस पर हमला किया गया। उसे एक खेत में ले जाया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया, जबकि उसकी दोस्त भाग गई। जगतसिंहपुर के भाजपा विधायक अमरेन्द्र दास ने कहा कि पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। मैंने एसपी से बात की है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मणिपुर में 7 उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के विभिन्न हिस्सों से सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। रविवार को तेंगनौपाल जिले की पंगल बस्ती से कंगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान खुमानथेम उमाकांत सिंह (36), पुखरामबम नौतन सिंह (22) और सोइबाम बरगिल मीतेई (23) के रूप में हुई है। सोमवार को इंफाल पूर्वी जिले के कोइरेंगेई चिंगोल लेइकाई से प्रतिबंधित यूपीपीके के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान निशान नगांगबाम (24), लाईशांगबाम रोशन सिंह (35), चुंगखम किरण मैतेई (21) और चंदम रतन मैतेई (41) के रूप में की गई है। सभी पर स्थानीय व्यापारियों से जबरन वसूली करने का आरोप है। सोमवार को कांगपोकपी जिले से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।

तमिलनाडु में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, तीन की मौत
तमिलनाडु के शिवकाशी के पास एक पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में तीन श्रमिकों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। विस्फोट में घायल हुईं नागलक्ष्मी ने कहा कि जब हम काम कर रहे थे, तभी एक अप्रत्याशित दुर्घटना घटी। घटना के दौरान तेज आवाजें आईं और हम घबराकर भाग गए। हम सरकार से अनुरोध करते हैं कि हमें उचित चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएं।

SC/ST के छात्रों की मैट्रिकोत्तर छात्रवृत्ति खत्म करने की कोई योजना नहीं- केंद्र
केंद्र सरकार ने कहा है कि अनुसूचित जनजाति या अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए मैट्रिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना को बंद करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। इस बात को लेकर चिंताएं हैं कि क्या यह योजना 2025-26 के बाद भी जारी रहेगी। लोकसभा में एक लिखित उत्तर में सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य उच्च शिक्षा में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्रों के सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) को बढ़ाना है और इस योजना को समाप्त करने की कोई योजना नहीं है।

अरुणाचल में लगेगा भारत का पहला पूर्ण स्वदेशी 50 किलोवाट भूतापीय विद्युत संयंत्र
भारत का पहला पूर्णतः स्वदेशी भूतापीय विद्युत संयंत्र अरुणाचल प्रदेश में विकसित किया जाएगा। इस जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि 50 किलोवाट का यह संयंत्र 68 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड न्यूनतम तापमान पर विकसित किया जाएगा। इस संबंध में, पृथ्वी विज्ञान एवं हिमालय अध्ययन केंद्र (सीईएसएचएस) और श्रीराम औद्योगिक अनुसंधान संस्थान ने एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

सीईएसएचएस के भूविज्ञान प्रमुख रूपांकर राजखोवा ने कहा कि यह परियोजना तवांग जिले में स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा, 'हमने पहले ही तीन स्थानों - मागो, थिंगबू और दमतेंग - की पहचान कर ली है और अनुसंधान एवं संरचनात्मक मानचित्रण का काम पूरा हो चुका है।' उन्होंने आगे कहा कि यह परियोजना 5,000 से अधिक की आबादी को बिजली उपलब्ध कराएगी। राजखोवा ने कहा कि इस परियोजना के तीन वर्षों में पूरा होने की उम्मीद है।

एसआईआईआर के भू-तापीय परियोजना प्रबंधक भूपेश शर्मा ने कहा कि स्वदेशी द्विध्रुवीय प्रक्रिया प्रौद्योगिकी की परिचालन चुनौतियों को बेहतर ढंग से समझने के लिए, विशेष रूप से केवल 68 डिग्री सेल्सियस के निम्न तापमान पर, एक छोटे 5 किलोवाट क्षमता वाले प्रयोगशाला-स्तरीय मॉडल का उपयोग करके कई परीक्षण किए गए हैं। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा, 'अरुणाचल प्रदेश और सीईएसएचएस ने 68 डिग्री सेल्सियस के रिकॉर्ड निम्न तापमान पर भारत का पहला पूर्णतः स्वदेशी 50 किलोवाट क्षमता वाला भू-तापीय विद्युत संयंत्र विकसित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करके एक दूरदर्शी कदम उठाया है। पृथ्वी की ऊर्जा का दोहन, नवाचार को बढ़ावा देना और हिमालय से भारत की स्वच्छ ऊर्जा क्रांति का नेतृत्व करना!'

राज्यसभा की बीएसी की बैठक टली
आज होने वाली राज्यसभा की बिजनेस एडवाइजरी काउंसिल (बीएसी) की बैठक अब स्थगित कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, यह बैठक अब कल दोपहर 12:30 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक में आगामी सत्र की कार्यसूची और समय निर्धारण पर चर्चा होनी थी।

MUDA केस- सुप्रीम कोर्ट से सिद्धारमैया की पत्नी को राहत
सुप्रीम कोर्ट ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की पत्नी बी.एम. पार्वती के खिलाफ ईडी की याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने कहा कि एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने फैसले को न्याय की जीत बताया। मामला मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण (मुडा) से जुड़ा है, जिसमें पार्वती को 14 भूखंड दिए जाने के आरोप हैं।
 

ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध पर नवीन पटनायक चिंतित
पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने हाल की कुछ घटनाओं को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जाजपुर में दुष्कर्म, जगतसिंहपुर और मलकानगिरी में सामूहिक दुष्कर्म, और पुरी में यौन उत्पीड़न की घटनाएं बेहद दुखद और भयावह हैं। यह अपराधों की चिंताजनक लहर राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस तंत्र पर राजनीतिक दबाव और हस्तक्षेप के कारण जवाबदेही कमजोर हो रही है, और इसका सबसे ज्यादा नुकसान महिलाएं उठा रही हैं। अमेरिका ने हाल ही में ओडिशा को उन छह राज्यों में शामिल किया है जहां राजधानी शहरों के बाहर जाने से पहले अमेरिकी कर्मियों को विशेष मंजूरी लेनी होगी, जो महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता का संकेत देता है।  नवीन पटनायक ने राज्य की भाजपा सरकार से मांग की कि वह तत्काल और कड़े कदम उठाए और पुलिस को स्वतंत्रता के साथ काम करने दे, ताकि महिलाओं का भरोसा फिर से बन सके। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेडी हर मंच पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी।

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बम की धमकी, जांच के बाद सब सामान्य
सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अहमदाबाद को 22 जुलाई को एक ईमेल के जरिए बम धमकी मिली। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत बम थ्रेट असेसमेंट कमेटी को सक्रिय किया।सीआईएसएफ की बम जांच टीम ने पूरी जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। फिलहाल एयरपोर्ट की सभी गतिविधियां सामान्य रूप से जारी हैं और किसी प्रकार की बाधा नहीं आई।

आईआईटी खड़गपुर के छात्र की दवा के कारण दम घुटने से मौत
आईआईटी खड़गपुर के दूसरे वर्ष के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग छात्र, चंद्रदीप पवार, की दवा निगलते समय दम घुटने से मौत हो गई। उन्होंने रात के खाने के बाद डॉक्टर द्वारा बताई गई दवा ली, लेकिन वह गले में अटक गई। उन्हें तुरंत बी.सी. रॉय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed