फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 22nd January North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updtes: आंध्र के सीएम दावोस में बिल गेट्स से करेंगे मुलाकात; मणिपुर में दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया

Wed, 22 Jan 2025 11:10 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 22 Jan 2025 11:10 PM IST
विज्ञापन
News Updates 22nd January North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू स्विट्जरलैंड के दावोस में माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स और कई अन्य वैश्विक अधिकारियों से बुधवार को मुलाकात करेंगे। इस स्की रिसॉर्ट शहर की अपनी यात्रा के तीसरे दिन मुख्यमंत्री विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, 'हमारा राज्य भारत के सबसे बड़े पेट्रोलियम, रसायन और पेट्रोरसायन निवेश क्षेत्र (पीसीपीआईआर) का गढ़ है, जो 640 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है।'
विज्ञापन


वहीं, मणिपुर के इंफाल पूर्व जिले में अलग-अलग अभियानों में दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के एक सदस्य को मंगलवार को टॉप खोंगनांगखोंग से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान येंगखोम भोगेन सिंह (50) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (एमएफएल) के एक सदस्य पुखरामबम थोइबा सिंह (38) को मंत्रिपुखरी बाजार से गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन


तेलंगाना के भाजपा MP ने शख्स को सरेआम थप्पड़ जड़ा, वीडियो वायरल
भाजपा सांसद एटाला राजेंद्र ने मंगलवार को एक व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यक्ति एक रियल एस्टेट व्यवसायी से जुड़ा है, जो यहां लोगों को परेशान करता है। वायरल हुए एक वीडियो में सांसद के थप्पड़ मारने के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोग उस व्यक्ति पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस और राजस्व अधिकारियों पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए राजेंद्र ने मांग की है कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी भूमि मुद्दे की गहन जांच का आदेश दें। सीएम यह सुनिश्चित करें कि असहाय लोगों को उनके भूखंड मिलें। राजेंद्र ने आरोप लगाया कि रियल एस्टेट व्यवसायी ने जमीन के मालिकों से 'अनैतिक' तरीकों से उनके भूखंड हड़पने की कोशिश की।
विज्ञापन
विज्ञापन


उनाकोटी पुरातत्व स्थल के पास भगवान ब्रह्मा की प्राचीन मूर्ति मिली
त्रिपुरा के उनाकोटी जिले से मंगलवार को भगवान ब्रह्मा की एक प्राचीन मूर्ति मिली है। मूर्ति पर 7वीं-9वीं शताब्दी की प्राचीन नक्काशी है। कैलाश शहर के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) प्रदीप सरकार और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के संरक्षक सहायक अभिषेक कुमार ने घटनास्थल का दौराकर मूर्ति को अपने कब्जे में ले लिया है। एसडीएम ने बताया कि उनाकोटी पुरातत्व स्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर भुइयापारा इलाके में सड़क बनाते समय मजदूरों को पत्थर से बनी मूर्ति मिली। मूर्ति मिलने के तुरंत बाद ग्रामीणों ने उसकी पूजा-अर्चना शुरू कर दी। स्थानीय एएसआई अधिकारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी खोज के बारे में सूचित किया है। एसडीएम ने कहा, फिलहाल इसे उनाकोटी जिले के जिला मजिस्ट्रेट के कार्यालय में रखा गया है।

कर्नाटक भाजपा नेता की हत्या में 21वां आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कर्नाटक भाजपा युवा मोर्चा के सदस्य प्रवीण नेट्टारू की हत्या मामले में प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। एजेंसी ने मंगलवार को बताया कि मामले में गिरफ्तार होने वाले 21वें आरोपी की पहचान अतीक अहमद है। अहमद पर आरोप है कि उसने बेल्लारे गांव में नेट्टारू की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता मुस्तफा पैचर को पनाह दी और उसकी सहायता की थी। एनआईए ने पहले कहा था कि मंसूर पाशा और रियाज एचवाई ने पैचर को पनाह दी थी, जिसे पीएफआई सेवा दल का मास्टर ट्रेनर माना जाता है। उसने लोगों में आतंक फैलाने के इरादे से 27 जुलाई, 2022 को सार्वजनिक स्थान पर नेट्टारू को मारने की साजिश रची थी।

गलत तरीके से विदेशी धन लेने के मामले में ऋत्विक के खिलाफ चार्जशीट दायर
सीबीआई ने मशहूर पर्यावरण वकील ऋत्विक दत्ता और उनकी संस्था लीगल इनिशिएटिव फॉर फॉरेस्ट एनवायरमेंट (लाइफ) के खिलाफ विशेष अदालत में मंगलवार को आरोपपत्र दाखिल किया। ऋत्विक और उनके संगठन पर विदेश से धन हासिल करने के नियमों के उल्लंघन का आरोप है। सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में ऋत्विक, उनकी संस्था लाइफ, राहुल चौधरी और अन्य को आरोपी बनाया है। अधिकारियों ने बताया कि विशेष अदालत ने अब तक आरोपपत्र पर संज्ञान नहीं लिया है। ऋत्विक और उनकी संस्था की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की शिकायत पर सीबीआई ने अप्रैल, 2023 में ऋत्विक और उनके संगठन लाइफ के खिलाफ मामला दर्ज किया था। गृह मंत्रालय का आरोप है कि ऋत्विक और 'लाइफ' ने कोयला परियोजनाओं को कानूनी लड़ाई में उलझाने के लिए अमेरिका के अर्थ जस्टिस नाम के एक संस्था से धन हासिल किए थे।

यूजीसी ने प्रज्ञान यूनिवर्सिटी को विवि सूची से हटाया
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने झारखंड के रांची स्थित प्रज्ञान इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी को अपनी विश्वविद्यालय सूची से हटा दिया है। यूजीसी के सचिव प्रोफेसर मनीष जोशी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि साल 2016 में स्थापित विश्वविद्यालय के कैंपस में अब तक पढ़ाई शुरू नहीं हो पाई है।

एक देश, एक चुनाव को लेकर जेपीसी की दूसरी बैठक 31 को
देश में लोकसभा और विधानसभाओं के चुनाव साथ कराने के प्रावधान वाले दो विधेयकों पर विचार कर रही संसद की संयुक्त समिति की दूसरी बैठक 31 जनवरी को होगी। लोकसभा की वेबसाइट पर जारी कार्यक्रम के मुताबिक, समिति की दूसरी बैठक में संशोधन विधेयकों की जांच के लिए प्रक्रिया और तौर-तरीकों पर चर्चा की जाएगी। संविधान (129वां संशोधन) विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक को हाल ही में शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा में पेश किया गया था और समिति को भेजा गया था।

ओडिशा में एसओजी जवानों का जोखिम भत्ता बढ़ाकर 25,000 रुपये प्रति माह किया गया
पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में माओवाद विरोधी अभियान के दौरान 14 माओवादी मारे गए। सुरक्षाबलों पर खतरे और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ओडिशा सरकार ने राज्य के विशेष अभियान समूह (एसओजी) को मिलने वाले जोखिम भत्ते को तीन गुना से भी अधिक बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को कहा कि विशिष्ट नक्सल विरोधी बल, एसओजी के जवानों को अब 8,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये प्रति माह जोखिम भत्ता मिलेगा। उन्होंने कहा है कि आने वाले दिनों में ओडिशा में नक्सल विरोधी अभियान और तेज किया जाएगा।

विमान में बच्चे की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में दम तोड़ा
केरल जाने वाली एक उड़ान में 11 माह के बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। बाद में विमान के नेदुम्बसेरी हवाईअड्डे पर उतरने के बाद बच्चे को कोच्चि के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया, शिशु फेसिन अहमद विमान में मां के साथ कतर से लौट रहा था। समय पूर्व जन्मे इस बच्चे को पहले से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं। 

सीबीआई ने अपने ही डिप्टी एसपी को किया गिरफ्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अपने ही डीएसपी बलबीर शर्मा को गिरफ्तार किया है। मामला प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के एक सहायक निदेशक से जुड़ा है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि हिमाचल प्रदेश छात्रवृत्ति घोटाले में शैक्षणिक संस्थानों से 2.5 करोड़ रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार ईडी के सहायक निदेशक विशालदीप ने शर्मा पर 10 प्रतिशत हिस्सा मांगने का आरोप लगाया था। दिल्ली में सीबीआई की विशेष अपराध इकाई में तैनात शर्मा को पूछताछ के लिए एजेंसी ने चंडीगढ़ बुलाया था। अदालत ने आरोपी को एक दिन की सीबीआई रिमांड पर सौंपा है।

श्रीलंका से रिहाई के बाद 41 मछुआरे तमिलनाडु लौटे
श्रीलंकाई नौसेना की गिरफ्त से आजाद होने के बाद 41 मछुआरे तमिलनाडु लौट आए। सभी मछुआरे देर रात चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से उन्हें उनके संबंधित जिलों में भेजा जाएगा। बता दें कि बीते साल 8 सितंबर को रामनाथपुरम जिले के 35 मछुआरों को सीमा पार से मछली पकड़ने के आरोप में कच्चातीवु के पास से गिरफ्तार किया गया था। इसी तरह, 8 दिसंबर को थंगाचिमदम के 6 मछुआरों को भी सीमा पार से मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

बंगाल के कानून मंत्री मोलॉय घटक के कार्यालय पर हमला, एक गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के कानून मंत्री मलय घटक के कार्यालय में तोड़फोड़ करने के आरोप में पुलिस ने बुधवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। यह कार्यालय यहां अपकार गार्डन इलाके में उनके आवास पर स्थित है। अधिकारी ने बताया कि दक्षिण आसनसोल से पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जो कथित तौर पर घटक के घर के सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर शाम करीब 4.45 बजे इमारत के भूतल पर स्थित कार्यालय में घुस गया। यहां एक मेज के ऊपर लगे कांच को उसने तोड़ दिया।

झारखंड में पुलिस के साथ मुठभेड़ में प्रतिबंधित संगठन का सदस्य घायल
झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ में प्रतिबंधित संगठन झारखंड जन-मुक्ति मोर्चा (जेजेएमपी) का एक सदस्य घायल हो गया। यह घटना मंगलवार रात लातेहार-लोहरदगा सीमा पर सेमरखाड़ गांव में हुई। पुलिस अधिकारी ने बताया, मुठभेड़ में प्रतिबंधित झारखंड जन-मुक्ति मोर्चा का एक सदस्य घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। लातेहार के पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बताया कि बुधवार सुबह तलाशी अभियान के दौरान इलाके से एक हथियार बरामद किया गया।

डीआरआई ने पकड़ी 32 करोड़ की मेथामफेटामाइन, 3 गिरफ्तार
पूर्वोत्तर भारत में सक्रिय संगठित ड्रग सिंडिकेट्स के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बड़ी कार्रवाई की है। डीआरआई ने असम और त्रिपुरा से 32 किलोग्राम मेथामफेटामाइन गोलियां जब्त की है, जिसकी कीमत 32 करोड़ रुपये है। डीआरआई ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

मिजोरम में भारत-म्यांमार सीमा के रास्ते भारत में तस्करी कर लाई गई 26 किलोग्राम मेथामफेटामाइन गोलियां असम के कछार जिले से जब्त की गईं। ड्रग तस्करों के खिलाफ इस ऑपरेशन में असम राइफल्स ने डीआरआई की मदद की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। वहीं, त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में करीब 6 किलोग्राम मेथामफेटामाइन गोलियां जब्त की गईं, जिसकी कीमत 6 करोड़ रुपये है। त्रिपुरा से दो लोग गिरफ्तार किए गए।

 

हिमंता ने जापानी कारोबारी नेताओं से मुलाकात की
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को टोक्यो में 160 से अधिक जापान के उद्यमियों से मुलाकात की। इस दौरान सरमा ने उन्हें राज्य में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। एडवांटेज असम 2.0 इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर समिट में सरमा ने भारत और जापान के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में असम की बढ़ती भूमिका पर जोर दिया।

इलाहाबाद, राजस्थान समेत तीन हाईकोर्ट में पांच जज नियुक्त
केंद्र सरकार ने तीन न्यायिक अधिकारियों और दो वकीलों को तीन हाईकोर्ट में जज नियुक्त किया। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि तीन न्यायिक अधिकारियों को राजस्थान हाईकोर्ट में जज बनाया गया है। वहीं इलाहाबाद और बॉम्बे हाईकोर्ट में एक-एक वकील को जज नियुक्त किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed