फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 19th Nov North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: जोहनसबर्ग में G20 सम्मेलन में जाएंगे PM मोदी; आयरलैंड के राजदूत बोले- आतंक के खिलाफ हम भारत के साथ

Wed, 19 Nov 2025 09:16 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 19 Nov 2025 09:16 PM IST
विज्ञापन
News Updates 19th Nov North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 से 23 नवंबर, 2025 तक दक्षिण अफ्रीका के जोहनसबर्ग में होने वाले 20वें G20 लीडर्स समिट में शामिल होंगे। यह लगातार चौथा अवसर है जब G20 शिखर सम्मेलन ग्लोबल साउथ में आयोजित हो रहा है, जहां भारत अपनी प्रमुख भूमिका और दृष्टिकोण पेश करेगा। सम्मेलन में प्रधानमंत्री तीनों सत्रों को संबोधित करेंगे और वैश्विक अर्थव्यवस्था, विकास सहयोग, तकनीकी साझेदारियों तथा उभरती चुनौतियों पर भारत का रुख सामने रखेंगे। यह यात्रा भारत की अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को मजबूती देने का महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।
विज्ञापन

 
आयरलैंड के राजदूत बोले- आतंक के खिलाफ हम भारत के साथ
भारत में आयरलैंड के राजदूत केविन केली ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में आयरलैंड दृढ़ता से भारत के साथ खड़ा है। उन्होंने हाल में आयरलैंड में भारतीय नागरिकों पर हुए हमलों की निंदा की और बताया कि समुदाय की सहायता के लिए पुलिस ने विशेष यूनिट बनाई है। केली के अनुसार, ये हमले कुछ हुड़दंगी युवाओं द्वारा किए गए थे।
विज्ञापन


राजदूत ने कहा कि आयरलैंड भारतीय छात्रों और पेशेवरों के लिए सुरक्षित स्थान है। उन्होंने नागालैंड के 26वें हॉर्नबिल फेस्टिवल में आयरलैंड को पार्टनर देश बनाए जाने पर प्रसन्नता जताई। साथ ही बताया कि भारत-आयरलैंड द्विपक्षीय व्यापार लगभग 16 अरब यूरो का है।
विज्ञापन
विज्ञापन

 

झारखंड में शराब की लत पर विवाद
झारखंड के पलामू जिले में पत्नी पर पति की हत्या का आरोप लगा है। मामला असेहर गांव का है। 38 वर्षीय उदय यादव की हत्या कथित तौर उनकी पत्नी ने गला दबाकर कर दी। घटना रविवार देर शाम पांकी थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार, उदय शराब पीने के लिए घर से बाहर जाने की जिद पर अड़ा था। पत्नी ने उन्हें रोका और इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस छिड़ गई। बाद में दोनों का झगड़ा हिंसक हो गया। विवाद के दौरान पहले उदय ने पत्नी पर हमला किया। गुस्से में पत्नी ने रस्सी से उदय का गला घोट दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। पांकी थाना प्रभारी राजेश के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक की मेजबानी करेगा भारत
कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन (सीएससी) की 7वीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों (एनएसए) की बैठक 20 नवंबर 2025 को नई दिल्ली में होगी। भारत के एनएसए अजीत डोभाल सदस्य देशों मालदीव, मॉरीशस, श्रीलंका और बांग्लादेश के समकक्षों की मेजबानी करेंगे। सेशेल्स एक पर्यवेक्षक देश के रूप में शामिल होगा, जबकि मलयेशिया को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

तमिलनाडु में कक्षा 12 की छात्रा की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या
तमिलनाडु के रामेश्वर में एक 21 साल के युवक को बुधवार को स्कूल जा रही कक्षा 12 की छात्रा की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक,  लड़की ने आरोपी के प्रेम-प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। लड़की अपने परिवार के साथ द्वीप इलाके के पास स्थित चेरनकोट्टई में रहती थी। पुलिस ने कहा कि आरोपी मुनियाराज उसी इलाके का रहने वाला है। वह कई दिनों से लड़की का पीछा कर रहा था और उसके बार-बार मना करने के बावजूद उस पर अपने प्रेम को स्वीकार करने का दबाव डाल रहा था।

लड़की के पिता मरियप्पन मछुआरे हैं। उन्होंने ने हाल ही में युवक को उसकी हरकतों के लिए डांटा था और उसे चेतावनी दी थी कि वह उनकी बेटी को परेशान न करे। यह बात पुलिस और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट में बताई गई थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लड़की की ओर से लगातार इनकार किए जाने और परिवार की चेतावनी से गुस्से में आकर आरोपी ने बुधवार सुबह तब हमला करने का फैसला किया, जब लड़की स्कूल जा रही थी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सार्वजनिक सड़क पर लड़की को रोका और चाकू से कई बार वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक जांच के अनुसार, लड़की मौके पर ही गिर पड़ी और किसी भी तरह की मदद पहुंचने से पहले उसने दम तोड़ दिया। चश्मदीद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाने की टीम ने मौके पर पहुंचकर लड़की के शव को बरामद किया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। हमले के बाद आरोपी वहां से भाग गया था। लेकिन पुलिस की एक विशेष टीम ने उसे ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि उसे पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने यह भी कहा कि भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

SIR के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही पर नपेंगे अधिकारी: चुनाव आयोग
चुनाव आयोग ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। उप चुनाव आयुक्त ज्ञानेश भारती ने कोलकाता में समीक्षा बैठकों के दौरान यह चेतावनी दी। उन्होंने उत्तर और दक्षिण 24 परगना, कोलकाता उत्तर और कोलकाता दक्षिण लोकसभा क्षेत्रों के अधिकारियों के साथ बैठक कर SIR की प्रगति की समीक्षा की। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल भी मौजूद थे। अब तक 7.63 करोड़ फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, जो 99.66% कवरेज है, जबकि 1.09 करोड़ फॉर्म डिजिटल किए गए हैं।

मौसम खराब होने के कारण कोलंबो जाने वाली दो उड़ानें तिरुवनंतपुरम डायवर्ट
श्रीलंका के कोलंबो में खराब मौसम के कारण बुधवार को पश्चिम एशिया क्षेत्र से आ रही दो उड़ानों को तिरुवनंतपुरम के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर मोड़ा गया। एक उड़ान इस्तांबुल से टर्किश एयरलाइंस की थी, जिसमें 258 यात्री और 10 चालक दल के सदस्य थे। दूसरी उड़ान सऊदी अरब के दम्माम से श्रीलंकन एयरलाइंस की थी, जिसमें चाल दल के आठ सदस्यों समेत 188 लोग  सवार थे। यह जानकारी तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (टीआईएएल) ने दी। टीआईएएल ने कहा, दोनों उड़ानें सुबह लगभग सात बजे तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरीं और मौसम साफ होने के बाद सुबह 8.38 बजे और 8.48 बजे कोलंबो के लिए रवाना हुईं।

स्कूल नौकरी घोटाला: शिक्षा बोर्ड के दो पूर्व अधिकारियों के खिलाफ चलेगा मुकदमा, राज्यपाल ने दी मंजूरी
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने प्राथमिक शिक्षक भर्ती अनियमितताओं से जुड़े मामले में दो पूर्व अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी है। अब भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष और टीएमसी विधायक माणिक भट्टाचार्य तथा बोर्ड की पूर्व सचिव रत्ना चक्रवर्ती बागची के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राज्यपाल ने यह फैसला CBI के अनुरोध और उसकी जांच रिपोर्ट के आधार पर लिया। CBI ने अक्टूबर में आरोपपत्र दाखिल किया था और आगे कार्रवाई के लिए राजभवन की मंजूरी का इंतजार था। भट्टाचार्य को पहले ही हाई कोर्ट के आदेश के बाद पद से हटाया गया था।

भारत कोडेक्स कार्यकारी समिति में फिर से चुना गया; सर्वसम्मति से निर्वाचन
भारत को कोडेक्स एलीमेंटेरियस कमीशन (CAC48) के 48वें सत्र में एक्जीक्यूटिव कमेटी (CCEXEC) का सदस्य चुना गया। अब साल 2027 तक भारत इस मंच पर एशिया क्षेत्र से नेतृत्व की भूमिका में रहेगा। सर्वसम्मति से हुआ निर्वाचन दिखाता है कि वैश्विक खाद्य शासन में भारत की सक्रिय और सहयोगी भूमिका और मजबूत हुई है। कोडेक्स में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व FSSAI के सीईओ रजित पुनहानी ने किया। भारत ने कीटनाशक अवशेष, पशु चिकित्सा दवाओं और दूषकों से संबंधित डेटाबेस को अद्यतन करने पर जोर देने के साथ-साथ AI जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग की वकालत भी की है।

पैसे लेकर सवाल पूछने का मामला : महुआ मोइत्रा की याचिका पर 21 को सुनवाई
पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के मामले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद महुआ मोइत्रा की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट 21 नवंबर को सुनवाई करेगा। मोइत्रा ने इस मामले में उनके खिलाफ आरोपपत्र दायर करने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को मंजूरी देने वाले लोकपाल के आदेश को चुनौती दी है। जस्टिस अनिल खेत्रपाल और जस्टिस हरीश वैद्यनाथन शंकर की पीठ ने इस मामले को शुक्रवार के लिए सूचीबद्ध कर दिया ताकि वह लोकपाल के आदेश पर विचार कर सके, जिसे सीलबंद लिफाफे में उसके समक्ष रखा गया है। टीएमसी सांसद पर एक व्यवसायी से पैसे और उपहार लेकर संसद के निचले सदन लोकसभा में सवाल पूछने का आरोप है। मोइत्रा ने अपनी याचिका में भारत के लोकपाल के 12 नवंबर के आदेश को रद्द करने की मांग की है, जिसमें आरोपपत्र दाखिल करने के लिए सीबीआई को मंजूरी दी गई है। उन्होंने दावा किया कि यह आदेश त्रुटिपूर्ण, लोकपाल अधिनियम के प्रावधानों के विरुद्ध है।

सभी राज्य कैदियों को टेलीमेडिसिन सुविधाएं उपलब्ध कराएं : केंद्र
केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों (यूटी) से कैदियों को समय पर चिकित्सा देखभाल उपलब्ध कराने के लिए टेलीमेडिसिन सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और सक्षम अधिकारियों को भेजे पत्र में गृह मंत्रालय ने कहा कि देश के सभी नागरिकों के लिए समय पर चिकित्सा देखभाल उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है, ताकि उनका बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित हो सके।

2035 तक सभी आवेदकों को मिलेंगे ई-पासपोर्ट
देश अब पूरी तरह से अगली पीढ़ी के चिप वाले पासपोर्ट (ई-पासपोर्ट) पर स्विच कर गया है। इस साल अब तक 80 लाख से ज्यादा ई-पासपोर्ट जारी भी किए जा चुके हैं और 2035 तक हर आवदेक को ई-पासपोर्ट जारी करने का लक्ष्य है। विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि इस साल मई में पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम 2.0 के तहत ई-पासपोर्ट जारी करने का अभियान शुरू हुआ था। ई-पासपोर्ट में स्मार्ट कार्ड मेमोरी और स्वदेशी रूप से डिजाइन किए गए ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ अंतिम पृष्ठ में एक आरएफआईडी चिप लगी होती है। यह चिप जनसांख्यिकीय और बायोमेट्रिक डाटा को संग्रहीत करती है और इसे अंतरारष्ट्रीय मानकों के अनुसार समग्र प्रमाणन प्राप्त है। 

हवाला धन लूट मामले में डीएसपी समेत चार गिरफ्तार
मध्य प्रदेश में 2.96 करोड़ रुपये के हवाला धन की लूट से जुड़े मामले में डीएसपी पंकज मिश्रा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चारों आरोपियों को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में 11 पुलिसकर्मी पहले से ही जेल में हैं। मंगलवार को गिरफ्तार चार लोगों में डीएसपी पंकज के अलावा जबलपुर क्राइम ब्रांच के सिपाही प्रमोद सोनी, पंजूगिरी गोस्वामी और वीरेंद्र दीक्षित हैं। वीरेंद्र हवाला कांड की मुख्य आरोपी उप-विभागीय पुलिस अधिकारी पूजा पांडे का देवर है। पुलिस के मुताबिक, गोस्वामी जबलपुर का प्रमुख हवाला ऑपरेटर है, जिसका नेटवर्क कटनी तक फैला था। गोस्वामी ने हवाला के पैसे ले जाने की जानकारी अधिकारियों को दी थी। गौरतलब है कि चेकिंग के दौरान मिले हवाला के 2.96 करोड़ रुपये आरोपी पुलिसकर्मियों ने आपस में बांट लिए थे।

बंगाल के राजभवन ने तृणमूल सांसद बनर्जी पर दर्ज कराया केस
पश्चिम बंगाल में राजभवन और तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी के बीच टकराव और बढ़ गया है। राजभवन ने सांसद के बयान को लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। बनर्जी ने राजभवन में हथियार व गोला-बारूद इकट्ठा करने और गुंडों में बांटने के आरोप लगाए थे। राज्यपाल डॉ. सीवी आनंदबोस के निर्देश पर अधिकारियों ने कोलकाता के हेयर स्ट्रीट थाने में यह प्राथमिकी दर्ज कराई। अधिकारियों ने बताया, बीएनएस की जिन धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है, उनमें अधिकतम सात साल कैद की सजा हो सकती है। सूत्रों ने बताया, राज्यपाल बनर्जी के खिलाफ मानहानि का केस करने पर भी विचार कर रहे हैं। गौरतलब है कि सांसद के आरोपों के बाद राज्यपाल ने पूरे राजभवन में तलाशी अभियान चलवाया था। वहीं, बनर्जी ने कहा, वह राजभवन और राज्यपाल की कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। 

विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्यपाल सी वी आनंद बोस द्वारा टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का स्वागत किया। बनर्जी ने राजभवन में विस्फोटक रखने जैसे आरोप लगाए थे, जिसके बाद राज्यपाल ने माफी की मांग की और इनकार पर एफआईआर दर्ज कराई। अधिकारी ने कहा कि अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो केंद्रीय एजेंसियों से हस्तक्षेप की मांग की जाएगी। उन्होंने राजभवन परिसर के सार्वजनिक निरीक्षण को साजिश रोकने वाला कदम बताया और इसे टीएमसी द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का जवाब कहा।

अधीकरी ने SIR को लेकर टीएमसी के आरोपों को झूठा नैरेटिव बताया और दावा किया कि बंगाल में ही घबराहट से मौतें बताई जा रही हैं, जबकि देश के अन्य हिस्सों में ऐसा एक भी मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने उन अधिकारियों पर नजर रखी है जो टीएमसी के प्रभाव में थे, और अब प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। उन्होंने बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को “जल्द देश छोड़ने” की चेतावनी दी और कहा कि हिंदू शरणार्थियों को सीएए के तहत नागरिकता दी जाएगी। 

सुप्रीम कोर्ट ने ‘ओंकार’ हाथी को वंतारा भेजने का फैसला बरकरार रखा
सुप्रीम कोर्ट ने हाथी ‘ओंकार’ के स्थानांतरण के खिलाफ दायर याचिका को बुधवार को खारिज कर दिया। करीब 10 साल का यह हाथी महाराष्ट्र में अपने झुंड से बिछड़कर मानव बस्तियों में पहुंच गया था, जिससे संपत्ति को नुकसान और लोगों की जान को खतरा पैदा हो गया था। कोर्ट ने कहा कि जंगली हाथियों के लिए वंतारा से बेहतर बचाव और पुनर्वास का विकल्प नहीं है। यह मामला बॉम्बे हाईकोर्ट की कोल्हापुर बेंच के आदेश से जुड़ा था, जिसमें मानव-हाथी संघर्ष के बाद एक व्यक्ति की मौत को देखते हुए हाथी को अस्थायी रूप से स्थानांतरित करने की अनुमति दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वन विभाग और हाईकोर्ट के फैसले में कोई अवैधता नहीं है और वंतारा भेजने का निर्णय उचित व आवश्यक है।

कोलंबो की दो उड़ानें खराब मौसम के कारण तिरुवनंतपुरम हुई डायवर्ट
इस्तांबुल और सऊदी अरब से कोलंबो जा रहीं दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बुधवार को खराब मौसम के चलते तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर डायवर्ट किया गया। तिरुवनंतपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (TIAL) ने बताया कि तुर्किश एयरलाइन की विमान में 258 यात्री और 10 कर्मीदल थे, जबकि श्रीलंकन एयरलाइन की उड़ान दम्माम से 188 यात्रियों के साथ लौट रही थी। दोनों विमानों ने सुबह 7 बजे तिरुवनंतपुरम में सुरक्षित लैंडिंग की। मौसम सुधरते ही दोनों उड़ानों को कोलंबो के लिए रवाना कर दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और संचालन सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया है।

एलएंडटी हजीरा संयंत्र में सेना के लिए बनाएगी स्वदेशी बीवीएस10 सिंधु बख्तरबंद वाहन
लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) और बीएई सिस्टम्स भारतीय सेना के लिए हजीरा संयंत्र में उन्नत बख्तरबंद वाहन बीवीएस10 सिंधु का स्वदेशी उत्पादन शुरू करेंगी। यह वाहन बीवीएस10 ऑल-टेरेन प्लेटफॉर्म का उन्नत संस्करण है और इसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों, रेगिस्तान, दलदली भूमि और कठिन वातावरण में संचालन के लिए अनुकूलित किया गया है। भारतीय सेना ने इन वाहनों की आपूर्ति का अनुबंध कंपनियों को दे दिया है। एलएंडटी को बीएई सिस्टम्स हैग्लेंड्स से तकनीकी और डिजाइन सहयोग मिलेगा। कंपनी के अनुसार इस अनुबंध में प्रारंभिक तैनाती, रखरखाव और दीर्घकालिक सेवा के लिए एकीकृत लॉजिस्टिक्स सहायता पैकेज भी शामिल है, जिससे सेना को आधुनिक और विश्वसनीय गतिशीलता समाधान मिल सकेगा।
 

हैदराबाद हवाईअड्डे को मिली बम से उड़ाने की धमकी
हैदराबाद हवाईअड्डे को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद वहां दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने पूरा परिसर खाली कराया और गहन तलाशी ली लेकिन कहीं कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने धमकी को फर्जी करार दे दिया। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया था कि हवाईअड्डा परिसर में विस्फोटक रखे हैं। सुरक्षा टीमों ने गहन जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। केस दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।

भारतीय सेना ने नए कॉम्बैट कोट के डिजाइन पर हासिल किए विशेष अधिकार
भारतीय सेना ने नए कॉम्बैट कोट (डिजिटल प्रिंट) के डिज़ाइन को पेटेंट, डिज़ाइंस और ट्रेडमार्क के नियंत्रक महानियंत्रक के यहां सफलतापूर्वक पंजीकृत करा लिया है। यह डिज़ाइन आवेदन संख्या 449667-001 के तहत 27 फरवरी 2025 को दायर किया गया था, जिसे 7 अक्तूबर 2025 को आधिकारिक जर्नल में प्रकाशित किया गया। यह कदम भारतीय सेना द्वारा 2025 की शुरुआत में नए डिजिटल प्रिंट कॉम्बैट यूनिफॉर्म पेश किए जाने के बाद उठाया गया है। पंजीकरण के साथ ही इस नए डिज़ाइन और कैमोफ्लाज पैटर्न के विशेष बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) अब केवल भारतीय सेना के पास होंगे। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह अधिकार अनधिकृत निर्माण, नकल या किसी भी तरह के व्यावसायिक उपयोग पर पूर्ण कानूनी रोक सुनिश्चित करेगा। डिजाइंस एक्ट 2000, डिज़ाइंस रूल्स 2001 और पेटेंट एक्ट 1970 के तहत किसी भी उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई, हर्जाने और निषेधाज्ञा का प्रावधान लागू होगा।

फर्जी खरीद ऑर्डर मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, असम और दिल्ली में छापे
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने असम की दो स्वायत्त परिषदों द्वारा जारी कथित फर्जी खरीद ऑर्डर से जुड़े धनशोधन मामले में असम और नई दिल्ली में छह ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 14.5 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई और 13.68 लाख रुपये वाले बैंक खातों को फ्रीज किया गया। ईडी ने अपराध से अर्जित दो लग्जरी कारें, 65 लाख रुपये मूल्य की जमीन की सेल डीड, मुख्य आरोपी के स्वामित्व वाली संपत्तियों के दस्तावेज और कई डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए। ईडी के अनुसार, यह कार्रवाई गुवाहाटी क्षेत्रीय कार्यालय ने पीएमएलए, 2002 के तहत की। एजेंसी दीमा हसाओ और मिसिंग स्वायत्त परिषदों की ओर से जारी फर्जी खरीद ऑर्डर के आधार पर माल आपूर्ति मामले की जांच कर रही है। इस मामले में तीन व्यक्तियों ऋषिराज कौंडिन्य, बीजू दास और मुकेश जैन के खिलाफ जांच जारी है। ईडी का मानना है कि इन खरीद ऑर्डरों के जरिए अवैध लेनदेन और धनशोधन किया गया है, जिसके प्रमाण छापों में मिले दस्तावेजों से और मजबूत हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed