फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 19th July North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Update: सीएम स्टालिन के बड़े भाई एमके मुथु का निधन; अपरश कुमार सिंह ने ली तेलंगाना HC के चीफ जस्टिस पद की शपथ

Sat, 19 Jul 2025 06:55 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 19 Jul 2025 06:55 PM IST
विज्ञापन
News Updates 19th July North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बड़े भाई एमके मुथु (77) का शनिवार को निधन हो गया। वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। एमके मुथु एक अभिनेता और पार्श्व गायक थे। उन्होंने तमिल फिल्म उद्योग में अपनी एक अलग पहचान बनाई। स्टालिन और उनके उपमुख्यमंत्री पुत्र उदयनिधि ने मुथु के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विज्ञापन


गोवा में पहुंचे रिकॉर्ड 54 लाख पर्यटक
जनवरी से जून 2025 तक गोवा में 54.55 लाख पर्यटक आए, जिनमें 51.84 लाख भारतीय और 2.71 लाख विदेशी थे। जनवरी में सबसे ज्यादा 10.56 लाख पर्यटक पहुंचे। पर्यटन विभाग ने बताया कि यह रिकॉर्ड पर्यटन विभाग की नई रणनीतियों, जैसे 'रीजनरेटिव टूरिज्म', बेहतर प्रचार, और अंतरराष्ट्रीय मेलों में भागीदारी की वजह से संभव हुआ है। गोवा अब सिर्फ समुद्र तटों के लिए नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक अनुभवों के लिए भी प्रसिद्ध हो रहा है।
विज्ञापन


मेघालय में छात्रा की हत्या से हड़कंप
मेघालय के पूर्वी गारो हिल्स जिले के एक गांव में दिनदहाड़े एक स्कूली छात्रा की हत्या कर दी गई। विलियमनगर के पास सामगोंग गांव में हमलावर ने सार्वजनिक रूप से किशोरी पर कुल्हाड़ी से हमला किया। उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए विलियमनगर सिविल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


स्कूल में छात्र ने फांसी लगाकर दी जान
तेलंगाना के निजामाबाद क्षेत्र के अरमूर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में गुरुकुल स्कूल में एक 17 वर्षीय छात्र ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने कहा कि छात्र के माता-पिता को सूचित किया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। हम फिलहाल मामले की जांच कर रहे हैं।

भ्रष्टाचार के आरोप में बीएसएफ कर्मचारी पकड़ा
सीबीआई ने बीएसएफ के सहायक लेखा अधिकारी को एक ठेकेदार से कथित तौर पर 40,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने बताया कि लोक लेखा कार्यालय में कार्यरत धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने ठेकेदार के लंबित बिलों को मंजूरी देने के लिए दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। वह कुल बिल का 15-20 प्रतिशत मांग रहा था, जो करीब दो लाख रुपये बैठता है। सीबीआई प्रवक्ता ने कहा कि बातचीत के बाद आरोपी एएओ और अन्य अज्ञात व्यक्ति शिकायतकर्ता से दो लाख रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार करने पर सहमत हुए। सीबीआई ने 18 जुलाई को जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 40,000 रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

 

छठी रिजर्व बटालियन के गठन को अरुणाचल कैबिनेट की मंजूरी
अरुणाचल प्रदेश में आंतरिक सुरक्षा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए राज्य मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को छठी भारतीय रिजर्व बटालियन (आईआरबीएन) के गठन को मंजूरी दे दी। यह निर्णय शुक्रवार को ईटानगर में मुख्यमंत्री पेमा खांडू की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। दरअसल, अरुणाचल प्रदेश की सीमा चीन से लगती है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि प्रदेश में वर्तमान में दो राज्य सशस्त्र पुलिस बटालियन (पहला एएपीबीएन और दूसरा एएपीबीएन) और पांच आईआर बटालियन हैं। एक नई बटालियन- 6वीं भारतीय रिजर्व बटालियन (आईआरबीएन) के शामिल होने से पुलिस क्षमता में वृद्धि होगी। सार्वजनिक सुरक्षा में सुधार होगा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) पर निर्भरता कम होगी। इससे राज्य के योग्य स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

तेलंगाना फार्मा संयंत्र विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 46 हुई
तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सिगाची इंडस्ट्रीज के फार्मा संयंत्र में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है। मरने वाो का अस्पताल में इलाज चल रहा था। जिला पुलिस अधीक्षक परितोष पंकज से शुक्रवार को मिली जानकारी के मुताबिक, 30 जून को हुए विस्फोट में घायल हुए व्यक्ति ने बृहस्पतिवार को दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि इस भयानक हादसे में घायल हुए आठ लोगों का अलग-अलगअस्पतालों में इलाज चल रहा है। आठ लोग अभी भी लापता हैं। जिला प्रशासन ने लापता लोगों के बारे में आगे की कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को एक रिपोर्ट पहले ही भेज दी है।
 

एमए बेबी ने राहुल गांधी की माकपा और आरएसएस की तुलना पर नाराजगी जताई
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी माकपा के वरिष्ठ नेता एमए बेबी ने शुक्रवार को राहुल गांधी की उस बात की आलोचना की, जिसमें उन्होंने माकपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तुलना की थी। इंडिया ब्लॉक की बैठक से ठीक एक दिन पहले एमए बेबी ने तीखा जवाब दिया और राहुल गांधी को याद दिलाया कि 2004 में कांग्रेस की सरकार वामपंथी दलों की मदद के बिना नहीं बन सकती थी। एमए बेबी ने एक्स पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को केरल और भारत में माकपा और आरएसएस की भूमिका की सही समझ नहीं है। राहुल गांधी ने शुक्रवार को केरल के कोट्टायम में कहा था कि वह वैचारिक रूप से आरएसएस और माकपा दोनों से लड़ते हैं, लेकिन उन्हें इन दोनों संगठनों से सबसे बड़ी शिकायत यह है कि ये आम लोगों की भावनाओं की कद्र नहीं करते।

बंगाल सीआईडी ने ठगी के आरोप में गुजरात से तीन लोगों को गिरफ्तार किया
पश्चिम बंगाल सीआईडी ने तीन लोगों को गुजरात से गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने सिलीगुड़ी के रहने वाले एक व्यक्ति से ज्यादा मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये ठगे। सीआईडी के एक अधिकारी ने बताया कि इन तीनों को बुधवार को गुजरात के सूरत शहर से पकड़ा गया। सिलीगुड़ी के राजेश जायसवाल नाम के व्यक्ति ने शिकायत की थी कि उसने एक ऑनलाइन वेबसाइट पर ज्यादा रिटर्न के लालच में निवेश किया और उसे 47.5 लाख रुपये का नुकसान हुआ। अधिकारी ने कहा, 'इन आरोपियों ने एक नकली वेबसाइट बनाई और अलग-अलग देशों के फर्जी मोबाइल नंबरों से व्हाट्सएप पर राजेश जायसवाल से संपर्क किया। उन्होंने ज्यादा मुनाफे का झूठा वादा करके उसे पैसे लगाने के लिए मना लिया।' अब इन तीनों को पश्चिम बंगाल लाया जा रहा है और सिलीगुड़ी की अदालत में पेश किया जाएगा।

राउडी-शीटर हत्याकांड: कर्नाटक हाईकोर्ट ने बीजेपी विधायक को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा 
कर्नाटक हाईकोर्ट ने शुक्रवार को बीजेपी विधायक बिरथी बसवराज को आदेश दिया है कि वह 19 जुलाई को सुबह 11:30 बजे अधिकारियों के सामने पूछताछ के लिए पेश हों। यह मामला एक राउडी-शीटर की हत्या से जुड़ा है। कोर्ट ने कहा है कि जांच भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 35 के मुताबिक होनी चाहिए। यह मामला शिवप्रकाश उर्फ बिकलू शिवू की हत्या से जुड़ा है, जो मंगलवार रात बंगलूरू के भारती नगर इलाके में मारे गए थे। एफआईआर में बसवराज को पांचवां आरोपी बताया गया है। लेकिन बसवराज का कहना है कि उनके खिलाफ केस बिना किसी ठोस वजह के दर्ज किया गया है, इसलिए उन्होंने कोर्ट से एफआईआर को रद्द करने की मांग की है।

जाति-धर्म के मुद्दों पर एकजुट हो रहे लोग, यही द्रविड़म है: कनिमोझी
डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा कि आजकल नई समस्याएं पैदा हो रही हैं, लेकिन जाति और धर्म के मुद्दों पर लोग एकजुट हो रहे हैं, और यही द्रविड़ विचारधारा (द्रविड़म) है। हमें इस विचारधारा को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना चाहिए और उन्हें इसके बारे में सिखाना चाहिए। सबसे पहले हमें खुद द्रविड़वाद को समझना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी अलग राय की परवाह किए बिना हमें यह समझना होगा कि किन लोगों का ख्याल रखना जरूरी है और किनका भला करना है।

अब आईआईटी खड़गपुर में फंदे पर लटका मिला छात्र, इस साल अब तक 4 मामले
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर परिसर में शुक्रवार को बीटेक चौथे वर्ष का छात्र हॉस्टल के कमरे में फंदे पर लटका मिला। जनवरी से अब तक परिसर में अप्राकृतिक मौत का यह चौथा मामला है। मृतक की पहचान मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र 21 वर्षीय रीतम मंडल के रूप में हुई, जो राजेंद्र प्रसाद (आरपी) छात्रावास में रह रहा था। उसके छात्रावासी साथी ने बताया कि कोलकाता का रहने वाला यह छात्र बृहस्पतिवार रात को भोजन करने के बाद कमरे में चला गया था। उसके व्यवहार में असामान्यता नहीं थी। संस्थान के अधिकारी ने बताया कि जब बार-बार दरवाजा खटखटाने पर भी जवाब नहीं मिला तो सुबह कैंपस स्थित चौकी पर तैनात पुलिस ने दोपहर 12 बजे दरवाजा तोड़ा और उसे फंदे से लटका पाया। छात्र के परिवार को सूचना दे दी गई है। बता दें, 12 जनवरी को इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष का छात्र शॉन मलिक हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका पाया गया था। 

ओडिशा के निजी कॉलेज में लगी आग, 65 लोगों को बचाया
ओडिशा के भुवनेश्वर में स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में शुक्रवार को आग लग गई। वरिष्ठ अग्निशमन अधिकारी रमेश चंद्र माझी ने बताया कि आग से कई छात्रों सहित 60 से अधिक लोगों को अग्निशमन कर्मियों ने बचा लिया। हादसा कॉलेज के ऑडिटोरियम की दूसरी मंजिल में प्रशिक्षण सत्र के दौरान हुआ। अग्निशमन दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बहुमंजिला इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकाला। माझी ने कहा, आग लगने का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है।

प. बंगाल : साइबर ठगी मामले में नौ को उम्रकैद
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की एक अदालत ने शुक्रवार को एक अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह के नौ सदस्यों को उम्रकैद की सजा सुनाई। उन पर एक वैज्ञानिक से करीब एक करोड़ रुपये की उगाही करने का दोष साबित हुआ। दोषियों में चार महाराष्ट्र, तीन हरियाणा और दो गुजरात से हैं। उन्होंने एक सेवानिवृत्त कृषि वैज्ञानिक से करीब एक करोड़ रुपये ठगे। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एस. सरकार ने सभी नौ दोषियों को उम्रकैद की सजा दी। अदालत ने उन्हें बृहस्पतिवार को बीएनएस और सूचना प्रौद्योगिकी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत दोषी ठहराया था। पीड़ित ने पिछले साल 6 नवंबर को कल्याणी के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की थी। पीड़ित ने बताया कि धोखेबाजों ने खुद को अधिकारियों के रूप में प्रस्तुत कर डिजिटल अरेस्ट के जरिये उनसे विभिन्न बैंक खातों में करीब एक करोड़ रुपये ट्रांसफर करवाए।

बिहार दौरे पर पीएम मोदी स्वामी शक्ति शरणानंद से मिलने पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के अपने दौरे के दौरान स्वामी शक्ति शरणानंद जी महाराज से मुलाकात की। मोतिहारी में जनसभा को संबोधित करने के कुछ समय बाद पीएम ने सोशल मीडिया पर स्वामी शक्ति महाराज के साथ अपनी तस्वीर साझा की। पीएम ने महाराज का गर्मजोशी से भरी मुलाकात, स्नेह और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि उनका व्यक्तित्व ओज से भरा है और वाणी आध्यात्मिकता से ओतप्रोत है।
हैदराबाद में बारिश के बाद जलभराव
देश के कई हिस्सों में मानसून के प्रभाव से मूसलाधार बारिश की खबरें आ रही हैं। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में शुक्रवार को हुई बारिश आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई। कई जगहों पर सड़कों पर जलभराव हो गया। हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया एवं संपत्ति संरक्षण एजेंसी (HYDRAA) के मुताबिक जलभराव से प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को नावों के जरिये सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी संबंधित एजेंसियों, पुलिस और बिजली विभाग को सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने हाइड्रा, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को भी मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। बारिश के कारण संतोष नगर, मदन्नापेट, सिकंदराबाद और शहर के अन्य इलाकों में यातायात बाधित हुआ।

भारत की पहली सेमीकंडक्टर चिप 2025 में आएगी: केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि देश में पहली घरेलू स्तर पर निर्मित सेमीकंडक्टर चिप इस साल जारी होने की उम्मीद है। केशव मेमोरियल एजुकेशनल सोसाइटी के 85वें स्थापना दिवस समारोह में उन्होंने कहा कि भारत सेमीकंडक्टर उद्योग में एक महत्वपूर्ण वैश्विक खिलाड़ी बनने की ओर अग्रसर है। कुछ सबसे जटिल चिप्स हैदराबाद, बेंगलुरु, पुणे, गुरुग्राम और चेन्नई जैसे शहरों में डिजाइन किए जाते हैं। अब हम सेमीकंडक्टर चिप्स का निर्माण शुरू कर रहे हैं। हमने पहले ही छह सेमीकंडक्टर संयंत्रों को मंजूरी दे दी है। उनका निर्माण कार्य चल रहा है। 2025 में हमारे पास पहली मेड इन इंडिया चिप होगी। भारत एआई मिशन के तहत मुफ्त डाटासेट और अन्य सामग्री अपलोड की जा रही है। लगभग दस लाख लोगों को एआई के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। भारत 2047 तक दुनिया की शीर्ष दो अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा।

मिजोरम- हेरोइन की तस्करी के आरोप में मणिपुर के शख्स को 14 साल की सजा
मिजोरम के कोलासिब जिले की एक फास्ट ट्रैक अदालत ने मणिपुर के चुराचांदपुर निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति को मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में 14 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। मामले में एक अधिकारी ने बताया कि न्यायाधीश आर वनलालेना की अदालत ने शुक्रवार को चुराचांदपुर के सैकोट इलाके के निवासी सेखोलेन कोंगसाई को 1.74 किलोग्राम हेरोइन रखने के आरोप में दोषी ठहराया और उसे 14 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई।

उन्होंने बताया कि खोंगसाई पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है और जुर्माना न भरने पर उसे छह महीने की अतिरिक्त कैद की सजा काटनी होगी। अधिकारी ने बताया कि न्यायाधीश ने पर्याप्त सबूतों के अभाव में खोंगसाई के साथ गिरफ्तार किए गए तीन सह-आरोपियों को बरी कर दिया। खोंगसाई और तीन अन्य को कोलासिब जिला पुलिस ने 21 अगस्त, 2023 को कोलासिब शहर के पास थिंगडॉल गाँव में मणिपुर से एक अपंजीकृत कार में हेरोइन ले जाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। शुरुआत में, उसके पास 1.64 किलोग्राम हेरोइन पाई गई।

मणिपुर के पूर्व CM बोले- पूर्वोत्तर में ड्रग नेटवर्क देश के लिए खतरा
मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने पूर्वोत्तर भारत में सक्रिय ड्रग तस्करी नेटवर्क को देश के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने मिजोरम में असम राइफल्स और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा ₹36.79 करोड़ की ड्रग जब्ती की सराहना की। बीरेन सिंह ने कहा कि उनके कार्यकाल में मणिपुर में ड्रग्स और अफीम की खेती के खिलाफ अभियान शुरू किया गया था, जिसे अब और तेज करने की जरूरत है।

केरल में भारी बारिश, पांच जिलों में रेड अलर्ट जारी
केरल के पांच जिलों - मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड - में भारी बारिश के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 20 सेमी से ज्यादा बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। कोझिकोड में अकेले ₹44 करोड़ की फसल बर्बाद हो चुकी है। प्रशासन ने उच्च इलाकों और जलाशयों के पास रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की तैयारी की है।

अपरश कुमार सिंह बने तेलंगाना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश
न्यायमूर्ति अपरश कुमार सिंह ने 19 जुलाई को तेलंगाना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। वे इससे पहले त्रिपुरा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश थे। समारोह में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने उन्हें शपथ दिलाई। सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की है और पहले झारखंड हाई कोर्ट में न्यायाधीश रह चुके हैं।

CDS चौहान ने DSSC तमिलनाडु में छात्रों को संबोधित किया
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने तमिलनाडु के वेलिंगटन में डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज (डीएसएससी) का दौरा किया। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर पर व्याख्यान दिया और तीनों सेनाओं के तालमेल को जरूरी बताया। उन्होंने ‘आत्मनिर्भरता’ और सैन्य सुधारों पर जोर दिया। इस दौरान कॉलेज में चल रहे 81वें स्टाफ कोर्स के 500 छात्रों से भी बातचीत की, जिनमें 35 देशों के 45 विदेशी अधिकारी शामिल हैं।

न्यायमूर्ति बाखरू ने कर्नाटक HC के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली
न्यायमूर्ति विभु बाखरू ने शनिवार को कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने यहां राजभवन के ग्लास हाउस में आयोजित एक समारोह में न्यायमूर्ति बाखरू को पद की शपथ दिलाई। इससे पहले, 59 वर्षीय बाखरू दिल्ली हाईकोर्ट के जज के तौर अपनी सेवाएं दे रहे थे। पिछले दिनों कॉलेजियम की सिफारिश के आधार पर केंद्र ने उन्हें कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नति किया था।

ओडिशा में बस दुर्घटना में 30 यात्री घायल
ओडिशा के बालासोर जिले में शुक्रवार रात एक बस दुर्घटना में कम से कम 30 लोग घायल हो गए। यह बस भुवनेश्वर से पश्चिम बंगाल के हावड़ा जा रही थी और उसमें लगभग 60 यात्री सवार थे। यह हादसा NH-60 पर बस्ता इलाके में हुआ, जब बस एक खड़ी ट्रक से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक, 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें बालासोर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी घायलों को बस्ता के प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में इलाज दिया गया। घटना के बाद बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सुरक्षित निकाला। पुलिस ने अन्य यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था भी की, ताकि वे अपनी यात्रा जारी रख सकें।

कर्नाटक- भाजपा विधायक से हत्या के मामले में पूछताछ
बंगलूरू में एक कुख्यात अपराधी शिवप्रकाश उर्फ बिकलु शिवु की हत्या के मामले में भाजपा विधायक बायराथी बसवराज से शनिवार को तीन घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई। यह हत्या मंगलवार रात को हुई थी और अब तक पांच लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। विधायक पर एफआईआर में पांचवें आरोपी के रूप में नाम दर्ज है। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस दिया था और हाई कोर्ट ने भी उन्हें 19 जुलाई को पेश होने का आदेश दिया था। विधायक ने कहा कि वे जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और उनका इस हत्या से कोई लेना-देना नहीं है। मृतक की मां ने दावा किया है कि उन्होंने अपनी शिकायत में विधायक का नाम नहीं लिया था, फिर भी पुलिस ने उसे एफआईआर में जोड़ा।

असम- दो सड़क हादसों में सात की मौत
असम में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। पहला हादसा होजाई जिले के निलबगान इलाके में हुआ, जहां एक तेज रफ्तार वाहन पुल की रेलिंग से टकरा गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दूसरा हादसा धुबरी जिले के गोलकगंज में हुआ, जहां एक कार फिसल कर पेड़ों से जा टकराई। इसमें एक महिला और 10 महीने के बच्चे की मौके पर मौत हो गई। कार में मौजूद तीन अन्य लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इनमें से 1.5 महीने के एक और बच्चे की अस्पताल में मौत हो गई। बाकी दो घायल अभी इलाज में हैं।

केरल- 3 सितंबर से शुरू होगा सात दिन का ओणम उत्सव
केरल सरकार ने इस साल का ओणम उत्सव 3 सितंबर से शुरू करने का फैसला किया है, जो सात दिन तक चलेगा। सबसे खास दिन, थिरुवोणम, 5 सितंबर को मनाया जाएगा। यह निर्णय मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। राजधानी तिरुवनंतपुरम के कोवडियार से मनकाउड तक का क्षेत्र 'फेस्टिवल जोन' घोषित किया जाएगा और पूरे शहर को रोशनी से सजाया जाएगा। सभी कार्यक्रम 'ग्रीन प्रोटोकॉल' के तहत होंगे। कुदुंबश्री संगठन राज्यभर में ओणम मेले लगाएगा और सब्जियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। सरकार की तरफ से जरूरतमंदों को राशन से भरे 'ओणम किट' भी वितरित किए जाएंगे। सप्लाईको और हॉर्टिकॉर्प जैसे सरकारी विभाग बिक्री और आपूर्ति का संचालन करेंगे। सभी विभागों को उत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए साथ मिलकर काम करने का निर्देश दिया गया है।

संदेशखाली में दो लोग नकली नोटों के साथ गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली इलाके में शनिवार को दो लोगों को करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध लोग शुक्रवार दोपहर एक गेस्ट हाउस में बड़े बैग लेकर आए थे। इसके बाद बसीरहाट पुलिस की टीम ने छापा मारा और कमरा नंबर 206 से नकली नोट जब्त किए। कुछ असली नोट भी उनमें शामिल थे। पुलिस के अनुसार इस क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी नकली नोटों की मौजूदगी की सूचना है और जांच जारी है। बताया गया है कि यह गेस्ट हाउस कभी तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता शेख शाहजहां और उनके समर्थकों का अड्डा हुआ करता था।

डीके शिवकुमार के काफिले की गाड़ी पलटी, चार घायल
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के काफिले की एक एस्कॉर्ट गाड़ी शनिवार को मंड्या जिले के श्रीरंगपटना तालुक में पलट गई। हादसा तब हुआ जब शिवकुमार मैसूरु में एक कार्यक्रम में भाग लेकर बेंगलुरु लौट रहे थे। टी एम होसूर गेट के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन पलट गया और उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गाड़ी को आंशिक नुकसान हुआ है। घटना की जांच की जा रही है।

नाबालिगों से दुष्कर्म पर 20 साल की सजा
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर कोर्ट ने शनिवार को पांच नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म करने और ब्लैकमेल करने के आरोपी को 20 साल की सजा सुनाई। अभियोजन पक्ष ने बताया कि आरोपी दीपांजन मंडल ने अपनी मां की अनुपस्थिति में, जो इन लड़कियों को ट्यूशन पढ़ाती थीं, उनका यौन शोषण किया। उसने घटना के वीडियो बनाकर पीड़िताओं को धमकाया कि अगर उन्होंने किसी को बताया तो वह वीडियो वायरल कर देगा और उन्हें जान से मार देगा। बाद में लड़कियों ने परिजनों को सब कुछ बताया और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। एक अन्य मामले में उसी जिले में एक नाबालिग से दुष्कर्म के लिए सैफुद्दीन मोल्ला को 10 साल की सजा सुनाई गई।

बंगलूरू भगदड़ की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग
भाजपा नेता आर अशोक ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को पत्र लिखकर आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ की जांच सीबीआई को सौंपने का अनुरोध किया है। 4 जून को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) टीम के आईपीएल जीत के जश्न में शामिल होने के लिए उमड़ी भीड़ के कारण मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 56 लोग घायल हो गए।

15 अगस्त तक 'लखपति दीदी' की संख्या 2 करोड़ पहुंचाना लक्ष्य- शिवराज
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि भारत में 1.5 करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मंत्रालय 15 अगस्त तक इस संख्या को 2 करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। लखपति दीदी यानी स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की वो महिला सदस्य, जिनकी प्रति वर्ष आय 1 लाख रुपये या उससे अधिक हो। केंद्रीय मंत्री शिव सिंह चौहान ने गुजरात के जूनागढ़ शहर में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद- मूंगफली अनुसंधान निदेशालय का दौरा किया। यहां उन्होंने इसकी गतिविधियों की समीक्षा की और किसानों और स्वयं सहायता समूहों की लखपति दीदियों के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर महिला को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed