फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 19th April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

Updates: बंगाल में शिक्षक भर्ती के लिए नई परीक्षा प्रक्रिया शुरू; NPP की राष्ट्रीय समिति में 27 सदस्य नियुक्त

Sat, 19 Apr 2025 10:33 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Sat, 19 Apr 2025 10:33 PM IST
विज्ञापन
News Updates 19th April North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

प. बंगाल स्कूल सर्विस कमीशन (एसएससी) ने राज्य सरकार और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती के लिए नई परीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कदम सुप्रीम कोर्ट के 17 अप्रैल के आदेश के बाद उठाया गया है, जिसमें 31 मई तक माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों की नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया था। एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि परीक्षा आयोजित करने और भर्ती की पूरी प्रक्रिया 31 दिसंबर तक पूरी करनी होगी। एसएससी परीक्षा के बाद उम्मीदवारों को ओएमआर शीट की कॉपी देना और परिणाम घोषित होने से पहले मॉडल उत्तर (आंसर की) वेबसाइट पर जारी करने जैसे कुछ नए कदमों पर विचार कर रहा है। ताकि उम्मीदवार अपने अंकों की जांच कर सकें और आवश्यकता पड़ने पर परिणाम को चुनौती दे सकें। हालांकि, ये कदम राज्य सरकार की मंजूरी के अधीन होंगे। 

विज्ञापन


सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को सीबीआई की ओर से दोषमुक्त पाए गए बर्खास्त शिक्षकों की सेवाएं 31 दिसंबर तक बढ़ा दी थीं। साथ ही, अदालत ने राज्य सरकार को 31 मई तक नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और 31 दिसंबर तक इसे पूरा करने का निर्देश दिया था। गौरतलब है कि 3 अप्रैल के अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने 2016 की एसएससी भर्ती प्रक्रिया को दोषपूर्ण और भ्रष्ट बताते हुए 25,753 शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्तियों को रद्द कर दिया था।
विज्ञापन

नवीन पटनायक एक बार फिर बीजद अध्यक्ष चुने गए
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (BJD) के संस्थापक नवीन पटनायक को शनिवार को लगातार नौवीं बार पार्टी का अध्यक्ष चुना गया। शंख भवन स्थित बीजद के राज्य मुख्यालय में पार्टी की राज्य परिषद की बैठक के दौरान उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई। इस चुनाव में पटनायक एकमात्र उम्मीदवार थे, इसलिए उन्हें सर्वसम्मति से अध्यक्ष घोषित किया गया। चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी पीके देब ने उनके नाम की घोषणा की।

विज्ञापन
विज्ञापन


घोषणा के बाद पार्टी के नेताओं ने पटनायक का फूलों, पेंटिंग और भगवान जगन्नाथ के अंग वस्त्र व महा प्रसाद के साथ भव्य स्वागत किया। देब ने जानकारी दी कि बीजद की राज्य परिषद में कुल 355 सदस्य हैं, जिनमें से 80 लोग राज्य कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चुने गए हैं। नवीन पटनायक सालों से ओडिशा की राजनीति का बड़ा चेहरा बने हुए हैं और पार्टी के लिए उनकी नेतृत्व क्षमता को बार-बार स्वीकार किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी 2 मई को केरल में बंदरगाह का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मई में केरल में तिरुवनंतपुरम के पास एक रणनीतिक समुद्री परियोजना विझिनजाम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह का उद्घाटन करेंगे। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रधानमंत्री दो मई को देश के पहले अर्ध-स्वचालित ट्रांसशिपमेंट पोर्ट विझिनजाम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस बंदरगाह ने वाणिज्यिक संचालन की शुरुआत के बाद से अब तक 265 जहाजों और 5.48 लाख टीईयू ( बीस फुट लंबाई के कंटेनर इकाइयां) का संचालन किया है। उन्होंने आगे कहा कि विझिनजाम अब केरल को वैश्विक समुद्री मानचित्र पर ला रहा है। बंदरगाह का औपचारिक संचालन जुलाई 2024 में शुरू हुआ था, तब केंद्रीय पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने यहां पहले मदर शिप एमवी सैन फर्नांडो का स्वागत किया था।

विझिनजाम बंदरगाह भारत में पहली ग्रीनफील्ड बंदरगाह परियोजना है। इसे राज्य सरकार ने 18,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के साथ शुरू किया है। यह सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मोड के तहत विकसित यह देश के बंदरगाह क्षेत्र में सबसे बड़ी पहलों में से एक है। अंतरराष्ट्रीय शिपिंग मार्गों के पास विझिनजाम की रणनीतिक जगह जहाजों की आवाजाही के वक्त को काफी कम कर देती है। यह दक्षिण पूर्व एशिया, मध्य पूर्व और अफ्रीका के बीच वाणिज्य के लिए प्रवेश द्वार के रूप में काम करने की वजह से समुद्री व्यापार के लिए खास अहम है। भारत के कुछ प्राकृतिक गहरे पानी के बंदरगाहों में से एक के रूप में यह बंदरगाह बड़े मालवाहक और कंटेनर जहाजों को कुशलतापूर्वक समायोजित कर सकता है। अब विझिनजाम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह नौकरियों का सृजन, व्यापार को बढ़ाने और निवेश को आकर्षित कर केरल की आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए तैयार है। 

सेना पाक-चीन सीमा के लिए 9 और लेजर ड्रोन रोधी प्रणाली खरीदेगी
भारतीय सेना आपातकालीन खरीद शक्तियों के तहत 9 और लेजर आधारित ड्रोन रोधी प्रणाली खरीदेगी। इन्हें पाकिस्तान और चीन की सीमाओं पर तैनात किया जाएगा। सेना ने हाल ही में पश्चिमी सीमा पर इसी ड्रोन के जरिये पाकिस्तानी सेना के एक ड्रोन को मार गिराया था।


भारतीय सेना ने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की ओर से विकसित इन एकीकृत ड्रोन डिटेक्शन एवं इंटरडिक्शन प्रणालियों में से सात को पहले ही शामिल कर लिया है, ताकि बढ़ते ड्रोन खतरे से निपटा जा सके, खासकर पाकिस्तान सीमा पर। पाकिस्तान की तरफ से चीनी मूल के इन ड्रोनों का इस्तेमाल अक्सर हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी और नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निगरानी के किया जाता है। यह ड्रोन सिस्टम 2 किलोवाट की लेजर बीम से लैस है जो 800 से 1,000 मीटर की प्रभावी रेंज में दुश्मन के ड्रोन को नष्ट कर सकता है।  

यह पहले से ही भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा बलों की ओर से ड्रोन रोधी अभियानों के लिए सक्रिय रूप से उपयोग किया जा रहा है।

तंजानियाई PM ने जयशंकर से की मुलाकात
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को नई दिल्ली में तंजानिया के प्रधानमंत्री कासिम मजालिवा से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्ट में जयशंकर ने लिखा, शुक्रवार शाम दिल्ली में तंजानिया के प्रधानमंत्री से मुलाकात करके खुशी हुई। हमारी द्विपक्षीय साझेदारी के लिए उनके मजबूत समर्थन की सराहना करता हूं। इसे आगे बढ़ाने के सर्वोत्तम तरीकों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि तंजानिया और भारत के बीच घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं। दोनों देशों के बीच 1960 से 1980 के दशक तक, राजनीतिक संबंधों की विशेषता उपनिवेशवाद-विरोधी, गुटनिरपेक्षता, साथ ही दक्षिण-दक्षिण सहयोग और अंतरराष्ट्री मंचों पर घनिष्ठ सहयोग के प्रति साझा प्रतिबद्धता थी। तंजानिया के तत्कालीन राष्ट्रपति म्वालिमु जूलियस न्येरेरे को भारत में बहुत सम्मान दिया जाता था। उन्हें 1974 में अंतरराष्ट्रीय समझ के लिए जवाहरलाल नेहरू पुरस्कार और 1995 में अंतरराष्ट्रीय गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

कर्नाटक: ब्रह्मरथोत्सव के दौरान गिरा रथ का ऊपरी हिस्सा
कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के ऐतिहासिक बप्पनाडु श्री दुर्गापरमेश्वरी मंदिर में आयोजित वार्षिक मेले के दौरान शनिवार को एक हादसा हो गया। धार्मिक यात्रा के दौरान एक रथ गिर पड़ा। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। यह हादसा जिले के मुल्की कस्बे में आयोजित ब्रह्मरथोत्सव के दौरान रात करीब 2 बजे हुआ। उस वक्त उत्सव मंदिर के रथ को खींचने की एक प्रमुख रस्म चल रही थी।  बताया गया है कि ब्रह्म रथ (विशाल रथ) का ऊपरी हिस्सा गिर गया, उस समय कई श्रद्धालु और मंदिर के पुजारी रथ के ऊपर या उसके आस-पास मौजूद थे।

राजकोट- टक्कर के बाद कार में लगी आग, तीन जिंदा जले

गुजरात के राजकोट जिले में एक वाहन से टक्कर के बाद कार में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई है। मामले में पुलिस अधिकारियों ने बताया इस हादसे में तीन लोग घायल भी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तृणमूल कांग्रेस के दफ्तर में आगजनी
दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय दफ्तर में शुक्रवार रात आग लगा दी गई। कैनिंग पुरबा के तृणमूल विधायक शौकत मोल्ला ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे एन. सिद्दीकी के नेतृत्व वाली आईएसएफ का हाथ है। हालांकि, भांगर के विधायक सिद्दीकी ने घटना में पार्टी की संलिप्तता से इन्कार किया है।

कर्नाटक में गैंगस्टर के बेटे को गोली मारी
कन्नड़ समर्थक संगठन जया कर्नाटक के संस्थापक और दिवंगत गैंगस्टर मुथप्पा राय के बेटे रिकी राय पर शुक्रवार देर रात गोलीबारी हुई। यह घटना रामनगर जिले के बिदादी इलाके में उनके घर के पास हुई। मामले में रामनगर के एसपी श्रीनिवास गौड़ा ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे कुछ अज्ञात हमलावरों ने रिकी राय को गोली मार दी। गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए बेंगलुरु के अस्पताल में रेफर किया गया है। फिलहाल रिकी की हालत और हमले के पीछे की वजह को लेकर पुलिस जांच में जुटी है, और हमलावरों की तलाश जारी है।

एनपीपी की राष्ट्रीय समिति में 27 सदस्यों की नियुक्ति
मेघालय के मुख्यमंत्री और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के अध्यक्ष कोनराड संगमा ने शनिवार को पार्टी की राष्ट्रीय समिति में अपने भाई, बहन और पत्नी समेत 27 सदस्यों को नियुक्त किया। एनपीपी की राष्ट्रीय समिति का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे और इसमें उनके भाई जेम्स पीके संगमा, बहन अगाथा के संगमा, पत्नी मेहताब ए संगमा भी शामिल होंगी। सीएम संगमा ने कहा, 'मुझे दी गई शक्तियों का प्रयोग करते हुए, मैं 2025-2028 के कार्यकाल के लिए नेशनल पीपुल्स पार्टी की राष्ट्रीय समिति के पदाधिकारियों की नियुक्ति को अधिसूचित करता हूं।' पार्टी नेता ने कहा कि राष्ट्रीय समिति के अन्य सदस्यों में छह विधायक शामिल हैं - अरुणाचल प्रदेश से 3, मेघालय से 2 महिला विधायक और मणिपुर से एक शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed