फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 18th September North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Update: सौरव गांगुली ने दर्ज कराई साइबर बुलिंग की शिकायत; MQ-9BC गार्जियन ड्रोन में मिशन के दौरान तकनीकी खराब

Wed, 18 Sep 2024 10:18 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Wed, 18 Sep 2024 10:18 AM IST
विज्ञापन
News Updates 18th September North East West South India Politics Crime National News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने एक व्यक्ति पर मानहानि और साइबर बुलिंग (धमकी) का आरोप लगाया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मंगलवार रात कोलकाता पुलिस के साइबर सेक्शन को भेजे गए ईमेल में गांगुली के सचिव ने एक वीडियो का लिंक शेयर करते हुए शिकायत दर्ज कराई। अधिकारी ने कहा, हमें एक ईमेल मिला है और हम इसकी जांच कर रहे हैं। ईमेल में गांगुली के सचिव ने लिखा, मैं आपके ध्यान में मृण्मय दास नामक एक व्यक्ति से जुड़े साइबर धमकी और मानहानि के मामले को लाना चाहता हूं। इस व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें सौरव गांगुली को निशाना बनाया गया है। इसमें अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है और अपमानजनक टिप्पणियां की गई हैं, जो उनकी प्रतिष्ठा के लिए हानिकारक हैं। हमें विश्वास है कि साइबर विभाग इस मुद्दे को हल करने के लिए तुरंत और आवश्यक कदम उठाएगा।

विज्ञापन


MQ-9BC गार्जियन ड्रोन में मिशन के दौरान तकनीकी खराबी
लंबे समय तक हवा में रहकर निगरानी और हमला करने में सक्षम एमक्यू-9बी सी गार्जियन ड्रोन में निगरानी मिशन के दौरान बुधवार को तकनीकी खराबी आ गई। नौसेना ने इस ड्रोन को लीज पर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन चेन्नई के पास अराकोणम में नौसेना एयर स्टेशन आईएनएस राजाली से संचालित किया जा रहा था। वर्ष 2020 में नौसेना ने हिंद महासागर में निगरानी के लिए एक वर्ष की अवधि के लिए अमेरिका से दो एमक्यू-9बी सी गार्जियन ड्रोन लीज पर लिए थे। बाद में लीज की अवधि बढ़ा दी गई। नौसेना ने एक बयान में बताया कि लीज पर लिया गया एक उच्च ऊंचाई वाला लंबे समय तक चलने वाला रिमोट संचालित ड्रोन में बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक नियमित निगरानी मिशन पर था। इस दौरान इसमें तकनीकी खराबी आ गई, जिसे उड़ान के दौरान ठीक नहीं किया जा सका।
विज्ञापन


इस ड्रोन का संचालन आईएनएस राजाली, अराकोणम से किया जा रहा था। ड्रोन को समुद्र के ऊपर सुरक्षित क्षेत्र में ले जाया गया और चेन्नई के पास समुद्र में नियंत्रित तरीके से उतारा गया। नौसेना ने मूल उपकरण निर्माता से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। नियंत्रित डिचिंग से तात्पर्य आमतौर पर पानी पर विमान की आपातकालीन लैंडिंग से है। नौसेना ने दो ड्रोन लीज पर लिए थे और इनका रखरखाव जनरल एटॉमिक्स की ओर से किया जा रहा था। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब भारत 31 एमक्यू-9बी प्रीडेटर ड्रोन खरीदने की प्रक्रिया में है। भारत लगभग 300 करोड़ डॉलर की लागत से ड्रोन खरीदने की योजना बना रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सशस्त्र बलों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना है, विशेष रूप से चीन के साथ विवादित सीमा पर।
विज्ञापन
विज्ञापन


भारत सरकार ने नौ लाख से अधिक लोगों के बायोमेट्रिक अनलॉक किए
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि भारत सरकार ने असम के 9 लाख से अधिक लोगों के बायोमेट्रिक्स अनलॉक कर दिए हैं। नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन्स (एनआरसी) तैयार करने की प्रक्रिया के दौरान ये लोग प्रभावित हुए थे। सीएम सरमा ने एक्स हैंडल पर कहा, अगर इस संबंध लोगों के पास कोई सवाल हैं, तो क्यूआर कोड स्कैन कर एनआरसी और बायोमेट्रिक्स के संबंध में अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों के उत्तर प्राप्त कर सकते हैं।

संजय राणा मोरक्को में भारत के अगले राजदूत नियुक्त
भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 1996 बैच  के अधिकारी संजय राणा मोरक्को में भारत के अगले राजदूत नियुक्त किए गए हैं। विदेश मंत्रालय ने बताया कि राणा जल्द ही पदभार ग्रहण करेंगे।

तमिलनाडु में पुलिस से मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर ढेर
चेन्नई पुलिस अधिकारी ने बताया कि तमिलनाडु के व्यासरपदी में आज तड़के पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर बालाजी उर्फ कक्का थोप्पू बालाजी को मुठभेड़ में मार गिराया। उसके शव को चेन्नई के स्टेनली अस्पताल ले जाया गया है।

असम में दो बसों की भिड़ंत, 30 लोग घायल
असम के कामरूप जिले में दो बसों की आमने-सामने की टक्कर में कम से कम तीस लोग घायल हो गए हैं। यह हादसा बुधवार सुबह विजय नगर चौकी के रामपुर में हुआ। पुलिस के मुताबिक, बसें गुवाहाटी और गोलपारा की ओर जा रही थीं, जब यह दुर्घटना हुई। 

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कम से कम तीस लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए मिर्जा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और रामपुर सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। 
 

कुर्ला में हादसे में NCP नेता नवाब मलिक के दामाद घायल
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता नवाब मलिक के दामाद मंगलवार को मध्य मुंबई के कुर्ला में सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। एसयूवी चालक के नियंत्रण खोने से कार दीवार से टकरा गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना कुर्ला पश्चिम में एक अस्पताल के बाहर हुई, जिसमें समीर खान घायल हो गए। उन्होंने कहा, खान अपनी पत्नी नीलोफर के साथ नियमित जांच के लिए एक निजी अस्पताल गए थे। जैसे ही दंपति अपनी एसयूवी में बैठे, वाहन के चालक ने नियंत्रण खो दिया और पास की इमारत की दीवार से जा टकराई। खान के सिर पर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों खान को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जांच चल रही है। 

नांदेड़ में एएसआई ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के ग्रामीण इलाके में मंगलवार शाम नशे में धुत एक 50 वर्षीय पुलिसकर्मी ने सर्विस रिवॉल्वर से कथित तौर पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के पीछे प्रथम दृष्टया घरेलू विवाद बताया जा रहा है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) अफजल पठान ने अपने घर पर अपनी पत्नी की पीठ में गोली मार दी। पठान हवाईअड्डा पुलिस स्टेशन में तैनात था। अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मी तुरंत पठान के घर पहुंचे और उसकी पत्नी को अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, पठान को नांदेड़ ग्रामीण पुलिस थाने ले जाया गया जहां उससे पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

पालघर में बीच समुद्र में पलटी नाव, पांच मछुआरों को बचाया
पालघर जिले में सोमवार को जई बंदरगाह से रवाना हुई एक नाव चट्टानों से टकराने के बाद बीच समुद्र में पलट गई। नाव पलटने के बाद तैरने की जद्दोजहद कर रहे पांच मछुआरों को दूसरी नाव के सदस्यों ने समय पर पहुंचकर बचा लिया। 

पालघर जिला आपदा नियंत्रण सेल के प्रमुख विवेकानंद कदम सोमवार को बताया कि चार मछुआरे और एक पर्यवेक्षक (टंडेल) पवनलक्ष्मी नाव पर सवार थे। उन्होंने कहा, सौभाग्य से आसपास की दूसरी नाव में सवार मछुआरे मौके पर पहुंच गए और नाव में सवार पांच लोगों को बचा लिया।

पुणे में गणेश प्रतिमा विसर्जित करते समय नदी में डूबा किशोर
पुणे जिले के इंदापुर कस्बे के पास मंगलवार को गणेश प्रतिमा विसर्जित करते समय एक 16 वर्षीय लड़का नदी में डूब गया। किशोर की पहचान अनिकेत कुलकर्णी के रूप में हुई है, जो वेद पाठशाला में शिक्षा प्राप्त कर रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना दोपहर करीब तीन बजे हुई। पाठशाला के कुछ छात्र मूर्ति विसर्जित करने के लिए नीरा नदी गए थे। उन्होंने बताया कि अन्य छात्रों के साथ अनिकेत भी पानी में उतरा था, लेकिन पानी के तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। 

आंध्र-छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल हरिचंदन बीमार, ओडिशा सीएम ने की मुलाकात
आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन मंगलवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में बीमार हो गए। भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है। हरिचंदन के बीमार होने की खबर मिलते ही ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी निजी अस्पताल पहुंचे और पूर्व राज्यपाल से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। बाद में सीएम माझी ने अस्पताल के डॉक्टरों से हरिचंदन के इलाज को लेकर बातचीत की। सीएम ने पूर्व राज्यपाल की हर संभव देखभाल के निर्देश अधिकारी और डॉक्टरों को दिए। 
 

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग एनसीबी के महानिदेशक नियुक्त

 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग गर्ग को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में बीएसएफ के मुख्यालय में अतिरिक्त महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं। गृह मंत्रालय ने मंगलवार को एक आदेश में कहा कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने हिमाचल प्रदेश कैडर के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी गर्ग की एनसीबी महानिदेशक के रूप में प्रतिनियुक्ति की है। वह पदभार ग्रहण करने की तिथि से लेकर 23 मई, 2026 तक या अगले आदेश तक इस पद पर बने रहेंगे।  


 
 

पालघर तिहरा हत्याकांड  में मुख्य आरोपी आरिफ की पत्नी भी यूपी से गिरफ्तार
 महाराष्ट्र के पालघर जिले में पिछले महीने हुए तिहरे हत्याकांड में मुख्य आरोपी आरिफ अंसारी की पत्नी सायबा बेगम (31) को भी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे 21 सितंबर तक की पुलिस हिरासत मिली है। इससे पहले, आरिफ को उत्तर प्रदेश के मेजा गांव से गिरफ्तार किया गया था। बता दें कि 30 अगस्त को वाडा तहसील के नेहरोली में मुकुंद बेचरदास राठौड़ (75), उनकी पत्नी कंचन (72) और उनकी बेटी संगीता (52) अपने घर में मृत मिले थे। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि आरोपी दंपती, बेचरदास का पड़ोसी था। 17 अगस्त को आरिफ ने लूटपाट के इरादे से उनकी और परिजनों की हत्या की थी। पूछताछ में आरिफ ने हत्याकांड में पत्नी की भी संलिप्तता स्वीकार की है। 

केंद्रीय कर्मियों के लिए एलटीसी सुविधा दो साल के लिए बढ़ी
केंद्र ने कर्मचारियों के लिए जम्मू-कश्मीर, उत्तर-पूर्व, लद्दाख, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की यात्रा पर अवकाश यात्रा रियायत (एलटीसी) दो साल और बढ़ाकर 25 सितंबर, 2026 तक कर दिया है। केंद्र के पात्र कर्मचारियों को एलटीसी का लाभ उठाने पर सवैतनिक अवकाश के अलावा आने-जाने की यात्रा के टिकटों की प्रतिपूर्ति भी मिलती है। आदेश के मुताबिक, जिन कर्मियों को हवाई यात्रा की इजाजत नहीं है वे इन क्षेत्रों में इकॉनोमी श्रेणी में सफर कर सकते हैं। 

मोहना तेजस के  स्क्वाड्रन में शामिल पहली महिला पायलट
स्क्वाड्रन लीडर मोहना सिंह स्वदेशी हलके लड़ाकू विमान (एलसीए) तेजस का संचालन करने वाली विशिष्ट-18 'फ्लाइंग बुलेट्स' स्क्वाड्रन में शामिल होने वाली पहली महिला फाइटर पायलट बन गई हैं।
देश की पहली महिला फाइटर पायलटों में से एक सिंह हाल में जोधपुर में 'तरंग शक्ति' अभ्यास का हिस्सा थीं। सिंह उन तीन महिलाओं के पहले समूह का हिस्सा थीं, जो फाइटर पायलट बनीं। वायुसेना में अभी 20 महिला लड़ाकू पायलट हैं। 

शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने मंगलवार को बांग्लादेश क्रिकेट टीम के भारत दौरे को लेकर केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने पूछा कि केंद्र बीसीसीआई पर नरम रुख क्यों अपना रहा है और बांग्लादेश क्रिकेट टीम को भारत दौरे की अनुमति क्यों दे रहा है। जबकि, अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पड़ोसी देश में हिंसा का सामना कर रहा है। एक्स पर एक पोस्ट में, ठाकरे ने कहा कि भारत में ट्रोल बांग्लादेश में हिंसा के बहाने नफरत फैला रहे हैं, जबकि बीसीसीआई अपनी टीम की मेजबानी कर रहा है।

ठाकरे ने कहा, 'मुझे आश्चर्य है कि जिन लोगों ने इस हिंसा के खिलाफ सक्रिय रूप से अभियान चलाया है, वे बीसीसीआई से बात क्यों नहीं करते और सवाल क्यों नहीं पूछते? या यह केवल भारत में नफरत पैदा करने और चुनावी प्रचार के बारे में है?' भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टेस्ट 19 सितंबर से शुरू होगा।

ना गाय की हत्या हो, ना इंसानों की लिंचिंग : इंद्रेश कुमार
 आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी इंद्रेश कुमार ने मंगलवार को कहा कि संघ गायों के साथ-साथ इंसानों की भी हत्या की निंदा करता है। भारत को लिंचिंग मुक्त देश बनाया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक फोटो प्रदर्शनी के मौके पर उन्होंने आतिशी को दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि राजनीति में अस्थिरता देश के विकास में बाधा है। यह प्रदर्शनी पीएम मोदी के जन्मदिन और उनके तीसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा, भगवान ने मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने का सौभाग्य दिया है। इससे हमें यह पता चलता है कि नरेंद्र मोदी देश-दुनिया के लोगों के दिलों में बसते हैं। वह सर्वशक्तिमान ईश्वर के दिल में भी हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान देश में काफी विकास हुआ है।

जी20 में अफ्रीकी संघ को शामिल करने का श्रेय मोदी को
मीडिया से बातचीत में इंद्रेश कुमार ने कहा, कोविड संकट से निपटने, योग को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाने और भारत की अध्यक्षता में अफ्रीकी संघ को जी20 के सदस्य के रूप में शामिल करने का श्रेय पीएम मोदी को जाता है। इससे समूह को एक नया आयाम मिला है। देश की एकता और अखंडता से समझौता करने वाले तत्वों को उन्होंने मिटा दिया है। देश को बांटने और जाति-धर्म के नाम पर झगड़ा कराने की कोशिश करने वालों की उम्मीदें टूट रही हैं। दुनिया को यह अहसास हो रहा है कि एक ऐसी संसार का निर्माण किया जा सकता है जो युद्ध मुक्त और शांतिपूर्ण हो।

ठाणे की देव कॉर्पोरा बिल्डिंग में लगी आग, नौ लोगों को सुरक्षित निकाला
मुंबई के ठाणे की देव कॉर्पोरा बिल्डिंग में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। बिल्डिंग से बचाव दल ने नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, अभी आग बुझाने का काम जारी है। 

पुडुचेरी में बिजली दरों को लेकर आज बंद 
पुडुचेरी में बिजली की मौजूदा दरों को लेकर इंडी गठबंधन ने बंद का आह्वान किया है। इसी को देखते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों में एक से आठ तक की सभी कक्षाएं आज निलंबित रहेंगी। जबकि नौ से 12 तक की कक्षाएं हमेशा की तरह ही खुलेंगी।

आज से तीन राज्यों के दौरे पर राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 से 20 सितंबर तक राजस्थान, मध्य प्रदेश और झारखंड का दौरा करेंगी। राष्ट्रपति भवन की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 18 सितंबर को राष्ट्रपति राजस्थान के जयपुर में मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) के 18वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। 19 सितंबर को राष्ट्रपति मध्य प्रदेश के उज्जैन में सफाई मित्र सम्मेलन को संबोधित करेंगी और इंदौर-उज्जैन छह लेन सड़क परियोजना की आधारशिला रखेंगी। उसी दिन, वह इंदौर में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के 14वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। 20 सितंबर को मुर्मू झारखंड में आईसीएआर-राष्ट्रीय माध्यमिक कृषि संस्थान रांची के शताब्दी समारोह में भाग लेंगी।

बीआरओ ने उत्तरी सिक्किम के जीमा में नए बेली पुल का निर्माण किया
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने लाचेन घाटी के साथ चीन सीमा तक सड़क संपर्क बहाल करने के लिए सिक्किम के मंगन जिले के जीमा में एक नए बेली पुल का निर्माण किया है। इस साल 29 मई को उत्तरी सिक्किम के जीमा में महत्वपूर्ण बेली ब्रिज लाचेन चू नदी में अचानक आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो गया था।

बीआरओ की विज्ञप्ति में कहा गया है कि बीआरओ श्रमिकों ने प्रोजेक्ट स्वास्तिक के तहत 24 अगस्त को एक नए बेली ब्रिज का निर्माण शुरू किया और यह 16 सितंबर को एक महीने से भी कम समय में पूरा हो गया। बेली ब्रिज के निर्माण से न केवल स्थानीय लोगों को बल्कि चीन सीमा की ओर क्षेत्र में तैनात सशस्त्र बलों को भी मदद मिलेगी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह गुरडोंगमार्ग झील के प्रमुख पर्यटन स्थल को वाहन कनेक्टिविटी प्रदान करके उत्तरी सिक्किम में पर्यटन को बढ़ावा देगा। 

असम: कांग्रेस ने हिमंत बिस्व सरमा सरकार पर साधा निशाना
असम में विपक्षी कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा अपने परिवार के कथित भ्रष्टाचार से ध्यान भटकाने के लिए असम समझौते के क्रियान्वयन का मुद्दा उठा रहे हैं। कांग्रेस नेता देबब्रत सैकिया और पार्टी के प्रदेश प्रमुख भूपेन कुमार बोरा ने एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सरकार 57 सिफारिशों को लागू करने का दावा गलत है, क्योंकि केवल केंद्र सरकार ही इसे लागू कर सकती है। 
  
बोरा ने कहा, मुख्यमंत्री लोगों को गुमराह करना चाहते हैं, ताकि 2026 के विधानसभा चुनावों में उन्हें लाभ मिल सके। उनके परिवार का भ्रष्टाचार लोगों के बीच बड़ा मुद्दा और वे असम समझौते का मुद्दा उठाकर ध्यान भटका रहे हैं। उन्होंने कहा कि असम समझौते के सभी प्रावधानों को लागू करने की सिफारिशें केवल केंद्रीय गृह मंत्री मंत्लाय द्वारा ही लागू की जा सकती हैं। बोरा ने यह भी सवाल किया कि राज्य सरकार 57 सिफारिशों को कैसे लागू करेगी और असम समझौते की आत्मा मानी जाने वाली दस सिफारिशें क्यों छोड़ी गई हैं। 
  
भारतीय न्याय संहिता लागू होने के बाद से 5.56 लाख से ज्यादा प्राथमिकी दर्ज
एक जुलाई से भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) लागू होने के बाद से देशभर में 5.56 लाख से ज्यादा प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) ने नए आपराधिक कानूनों के सुचारू क्रियान्वयन के लिए कई मोबाइल ऐप बनाए हैं, जिनमें ई-साक्ष्य भी शामिल है, जो साक्ष्यों को वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के जरिए कैप्चर, स्टोर और रिकवर करने में मदद करता है। 

महाराष्ट्र: नासिक में दंपति और उनकी दस साल की बेटी के शव मिले
महाराष्ट्र के नासिक शहर में एक दंपति और उनकी दस वर्षीय बेटी के शव उनके घर में मिले हैं। पुलिस को शक है कि दंपति ने आत्महत्या करने से पहले अपनी बेटी की हत्या की। सराफ नगर के गंगादीप रो हाउस में मंगलवार को विजय मनिकराव साहने (41 वर्षीय), उनकी पत्नी ज्ञानेश्वरी विजय साहने (32 वर्षीय) और उनकी बेटी अनन्या विज साहने के शव मिले। 

विजय के पिता के मुताबिक, जब वे शाम को काम से लौटे तो किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया, जिन्होंने मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पुलिस ने बताया कि विजय और ज्ञानेश्वरी पंखे से लटके हुए मिले, जबकि शव अलग पाया गया। इंदिरानगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed