News Updates: हैदराबाद में कार से स्टंट करने पर दो छात्र पकड़े; कोलकाता के पास इमारत में लगी आग, युवक की मौत
हैदराबाद में आउटर रिंग रोड के बीच लग्जरी एसयूवी कार से स्टंट करने के आरोप में दो छात्र गिरफ्तार किए गए हैं। नौ फरवरी के एक सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि सड़क के बीच में फॉर्च्यूनर को डोनट्स कर रही है। साथ ही एक बीएमडब्ल्यू कार में भी ऐसा ही किया गया। पुलिस ने बताया कि पहचान से बचने के लिए वाहन चालकों ने नंबर प्लेट हटा दी थी, लेकिन सीसीटीवी कैमरे में उनके चेहरे साफ नजर आए। आरजीआई एयरपोर्ट पुलिस ने राजेंद्रनगर निवासी मोहम्मद ओबैदुल्ला (25) और मलकपेट निवासी जोहैर सिद्दीकी (25) को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। कारें भी जब्त कर ली गई हैं।
पुलिस ने बताया कि छात्र ओआरआर (आउटर रिंग रोड) शमशाबाद पर दो अलग-अलग कारों में स्टंट कर रहे थे। यह हरकत सड़क पर लगे कैमरों में कैद हो गई। स्टंट करते छात्रों का वीडियो वायरल हो गया। पिछले सप्ताह तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक वी.सी. सज्जनार ने एक वीडियो साझा किया था जिसमें एक लड़का बाइक पर व्हीली कर रहा था और उसके पीछे एक लड़की खड़ी थी। उन्होंने लिखा था कि ये वेलेंटाइन डे के नाम पर की गई कुछ पागलपन भरी हरकतें हैं। सोशल मीडिया पर मशहूर होने के लिए सड़क पर इस तरह के स्टंट करना खतरनाक है।
आवासीय इमारत में आग लगने युवक की मौत
पश्चिम बंगाल के साल्ट लेक इलाके में आवासीय इमारत में आग लगने से 48 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सोमवार देर रात साल्ट लेक के डीए ब्लॉक में इमारत में आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए दो दमकलें पहुंचीं। पुलिस को इमारत की दूसरी मंजिल के अंदर देबर्षि गांगुली का जला हुआ शव मिला। गांगुली अंदर कमरे फंस गए थे। जबकि उनकी पत्नी जो डाइनिंग हॉल में थीं, अपनी पांच साल की बेटी के साथ मौके से भाग गईं। उन्होंने पड़ोसियों और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। पुलिस ने बताया कि आग लगने का सटीक कारण पता नहीं चल पाया है। मृतक के परिजनों और पड़ोसियों ने फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने का आरोप लगाया। फायर और आपातकालीन सेवा कर्मियों ने इस आरोप को खारिज कर दिया।
भारत-बांग्लादेश में द्विपक्षीय संबंधों पर वार्ता आज
बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को दिल्ली पहुंचा। मंगलवार को होने वाली महानिदेशक स्तर की इस बैठक में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़बंदी और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा होगी। माना जा रहा है कि सीमा पर बीएसएफ पर हुए हमले के अलावा दूसरी अन्य घटनाओं पर भी बैठक में चर्चा हो सकती है। अधिकारियों ने बताया कि 55वां महानिदेशक स्तरीय सीमा समन्वय सम्मेलन मंगलवार को राजधानी दिल्ली के लोधी रोड स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के मुख्यालय में आयोजित होगी। भारतीय दल का नेतृत्व बीएसएफ के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी करेंगे। बीजीबी के महानिदेशक मेजर जनरल मोहम्मद अशरफज्जमां सिद्दीकी बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
गोवा में विदेशी महिला से दुष्कर्म और हत्या में युवक को उम्रकैद
गोवा की एक अदालत ने 31 साल के एक युवक को आयरिश ब्रितानी महिला पर्यटक से दुष्कर्म और हत्या मामले में सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही जिला और सत्र न्यायाधीश क्षमा जोशी ने सोमवार को दोषी विकट भगत को दुष्कर्म और हत्या के लिए 25,000 व सबूत मिटाने के लिए 10,000 का जुर्माना भी लगाया। अदालत ने शुक्रवार को गोवा के रहने वाले भगत को 28 साल की डेनियल मैकलॉघिन के दुष्कर्म और हत्या का दोषी ठहराया था। पीड़िता की मां एंड्रिया ब्रैनिगन का प्रतिनिधित्व करने वाले वकील विक्रम वर्मा के मुताबिक, दोषी को सबूत मिटाने के लिए दो साल की कैद भी काटनी होगी।
मणिपुर के मुख्य सचिव ने चुराचांदपुर में की समीक्षा बैठक
मणिपुर के मुख्य सचिव प्रशांत कुमार सिंह ने सोमवार को चुराचांदपुर में एक समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने चुराचांदपुर और फेर्जावल जिलों के नागरिक समाज संगठनों (सीएसओ) के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की और सुरक्षा अधिकारियों के साथ भी बैठक की। उन्होंने जनता के मुद्दों के समाधान को लेकर जिले के हालात की समीक्षा की। इस दौरान प्रशांत सिंह ने विस्थापित नागरिक अधिकारियों और मेडिकल छात्रों के साथ भी बातचीत की। बैठक में उप जिला अधिकारी धारुण कुमार, पुलिस महानिदेशक राजीव सिंह, और आईजीपी एनके उज्ज्वल भी मौजूद रहे।
एफ-35 विमानों के अमेरिकी प्रस्ताव पर खुले मन से करेंगे विचार : रक्षा सचिव
विदेश सचिव राजेश कुमार सिंह ने कहा कि भारत एफ-35 लड़ाकू विमान बेचने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्ताव पर खुले मन से विचार करेगा। सिंह ने कहा कि ट्रंप ने जो कहा है वह यह कि वे एफ-35 को उपलब्ध कराने के लिए एक रोडमैप पर विचार करेंगे। हम प्रस्ताव के पक्का हो जाने पर उस पर विचार करेंगे। उन्होंने कहा किसी भी मामले में हमारी खरीद एक प्रक्रिया के माध्यम से की जाती है। हमारे लिए एक विकल्प बनाना महत्वपूर्ण है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अमेरिका यात्रा के दौरान संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका भारत के साथ रक्षा बिक्री में अरबों डॉलर की वृद्धि करेगा। उन्होंने यह भी कहा था कि उनका प्रशासन भारत को एफ-35 विमान उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।
#WATCH | Delhi | Defence Secretary Rajesh Kumar Singh says, "The current year's defence budget was Rs 6.21 lakh crores, which will go up by 9.5% to Rs 6.81 lakh crores in 2025-26... It's very obvious that the defence industry in India is at the cusp of a massive expansion. The… pic.twitter.com/VMJcpTtYyl
— ANI (@ANI) February 17, 2025
राहुल गांधी का ड्रोन नीति पर बयान पूरे उद्योग को नीचा दिखाने वाला : स्मित शाह
ड्रोन फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष स्मित शाह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के ड्रोन नीति वाले बयान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, एक बड़ी जिम्मेदारी वाले व्यक्ति ने चीनी ड्रोन लेकर पूरे उद्योग को नीचा दिखाने की कोशिश की है, इन परिस्थितियों में उन जैसे युवाओं को आवाज उठानी पड़ती है। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने सरकार की ड्रोन नीति की आलोचना करते हुए वीडियो जारी किया था, जिसमें वह चीन निर्मित ड्रोन दिखाते नजर आ रहे थे। राहुल ने कहा था कि भारत में ड्रोन तकनीक को कोई नहीं समझता है। शाह ने कहा कि भारत में 400 से अधिक कंपनियां और लगभग 40 से 50 ड्रोन घटक निर्माता कंपनियां तमाम चुनौतियों के बावजूद कड़ी मेहनत कर रही हैं। फिर कोई ऐसा व्यक्ति चीनी ड्रोन लेकर यह कहता है कि भारत में कोई कुछ नहीं समझता और यहां कोई भी पुर्जा नहीं बनता। यह काफी निराशाजनक है।
बर्ड वॉक में बच्चों ने करीब से देखे प्रकृति के विविध रंग
प्रकृति के बीच वक्त बिताने और सेहत का ध्यान रखने के लिए युवाओं को आकर्षित करने के इरादे से अर्ली बर्ड और अतावी बर्ड फाउंडेशन ने आठ शहरों में बर्ड वॉक का आयोजन किया। बंगलूरू, दीमापुर, हलोल, जयपुर, मंगलूरू, रांची, त्रिवेंद्रम व उज्जैन में सुबह पक्षियों को देखने के लिए पैदल सैर की। ये वॉक ग्रेट बैकयार्ड बर्ड काउंट 2025 के तहत आयोजित की गई, जिसमें 100 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। बंगलूरू में अमृता पडगांवकर और तन्मय के नेतृत्व में अवलाहल्ली झील पर बच्चों ने 20 मिनट की बर्ड वॉक में हिस्सा लिया। दीमापुर में कुलांगाला संगतम के नेतृत्व में बच्चों ने टेलरबर्ड, गौरैया, कौवा और कबूतर देखे। जयपुर के किशन बाग सैंड ड्यून्स पार्क में दिनकर समोर व गार्गी के साथ 45 मिनट की बर्ड वॉक में बच्चों ने ग्रे हॉर्नबिल, पर्पल सनबर्ड, ड्रोंगो, इंडियन सिल्वरबिल, यूरेशियन कॉलर वाले कबूतर, इंडियन स्पॉट-बिल्ड डक और व्हाइट-थ्रोटेड किंगफिशर जैसी प्रजातियों को देखा।
किशोर ने दुर्घटनावश चला दी गोली, बच्चे की मौत, मां घायल
कर्नाटक के मांड्या जिले में 15 साल के एक किशोर ने दुर्घटनावश गोली चला दी। इसकी चपेट में आने से चार साल के एक बच्चे की मौत हो गई और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार शाम नागमंगला तालुका स्थित एक पोल्ट्री फार्म में हुई। पश्चिम बंगाल के प्रवासी मजदूर का एक परिवार इस पोल्ट्री फार्म में बने घर में रहकर काम करता था। घटना के दिन एक किशोर घर पहुंचा और दीवार पर टंगी बंदूक देखी। खेलते हुए उससे गलती से बंदूक चल गई।
केरल: प्रोफेसर के हाथ काटने के मामले में मुख्य आरोपी को शरण देने वाले व्यक्ति के खिलाफ आरोपपत्र दायर
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने केरल के प्रोफेसर के हाथ काटने के मामले में एक मुख्य आरोपी को शरण देने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ सोमवार को आरोपपत्र दायर किया। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के एक कार्यकर्ता शफीर सी का नाम जांच एजेंसी द्वारा केरल के कोच्चि की एक अदालत में दायर आरोपपत्र में दर्ज किया गया है। एनआईए की जांच में सामने आया कि शफीर ने जानबूझकर प्रोफेसर टीजे जोसेफ के मुख्य हमलावर सवाद को शरण दी थी और मुख्य आरोपी के लिए फर्जी पहचान पत्र की भी व्यवस्था की थी। यह मामला इडुक्की जिले के थोडुपुझा स्थित न्यूमैन कॉलेज के मलयालम विभाग के पूर्व प्रमुख प्रोफेसर जोसेफ की वर्ष 2010 में हत्या के प्रयास से संबंधित है।
'लव जिहाद' के खिलाफ कानून का अध्ययन करने वाली समिति गठित करने पर ओवैसी ने की आलोचना
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने सोमवार को महाराष्ट्र सरकार के उस फैसले की आलोचना की जिसमें जबरन धर्मांतरण और 'लव जिहाद' के खिलाफ नए कानून के कानूनी पहलुओं पर विचार करने के लिए एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। ओवैसी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि ऐसा लगता है कि राज्य सरकार के पास अंतरधार्मिक विवाहों की जांच के अलावा कोई और काम नहीं है, क्योंकि उसने अब 'लव जिहाद' के खिलाफ कानून बनाने के लिए एक समिति गठित कर दी है। उन्होंने कहा कि यहां तक कि मोदी सरकार ने भी कहा है कि लव जिहाद की कोई परिभाषा नहीं है और कई जांच एजेंसियों ने साजिश के सिद्धांत को खारिज कर दिया है। एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा, 'यह केवल एक 'अंकल सरकार' बनाने की कोशिश है। सरकार इस बात में दखल देती है कि आप किससे शादी करते हैं, क्या खाते हैं, कौन सी भाषा बोलते हैं, कहां रहते हैं और किस धर्म को मानते हैं।'
लालू यादव 'भारत रत्न' के हकदार: तेजस्वी यादव
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद समाज के वंचितों की आवाज उठाने के लिए 'भारत रत्न' के हकदार हैं। यादव ने एक कार्यक्रम में कहा, 'उन दिनों को याद कीजिए जब बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री दिवंगत कर्पूरी ठाकुर ने पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण देने का काम किया था। लालू प्रसाद और राबड़ी देवी ने उनके इस कार्य को आगे बढ़ाने का काम किया और इस आरक्षण को बढ़ाकर 18 प्रतिशत किया तथा उसके बाद भाजपा ने आजतक आरक्षण नहीं बढ़ाया।' तेजस्वी के बयान के जवाब में जनता दल यूनाइटेड (जदयू ) के विधान पार्षद और प्रवक्ता नीरज कुमार ने तेजस्वी द्वारा लालू यादव को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजे जाने की मांग पर कहा, 'अगर भ्रष्टाचार और जेल की सजा काटने के लिए कोई पुरस्कार होता तो लालू जी निश्चित रूप से इसके लिए प्रयास कर सकते हैं।'
#WATCH | Sitamarhi, Bihar | RJD leader Tejaswi Yadav says, "Those who used to abuse Karpoori Thakur when he implemented reservation, look at his power today, those who used to abuse him are now giving him Bharat Ratna, this is the real power of socialism... Those who are abusing… pic.twitter.com/1upL51y9nE
— ANI (@ANI) February 17, 2025
आजीवन कारावास की सजा काट रहे 37 दोषियों को रिहा करेगी झारखंड सरकार
झारखंड सरकार ने 103 मामलों की समीक्षा के बाद राज्य भर की विभिन्न जेलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 37 दोषियों को रिहा करने का सोमवार को फैसला किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में उनके आवासीय कार्यालय में हुई झारखंड राज्य दंड समीक्षा बोर्ड की बैठक में यह निर्णय लिया गया। सोरेन ने अधिकारियों को रिहा किए जाने वाले कैदियों की पारिवारिक पृष्ठभूमि, सामाजिक और आर्थिक स्थिति की जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने रिहाई के बाद इन लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने और यह सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया कि वे सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं में शामिल किए जाएं। मुख्यमंत्री ने साथ ही उनके लिए आजीविका के स्रोत भी सुनिश्चित करने को कहा।
गुजरात: GHCAA ने मुख्य न्यायाधीश के तबादले की मांग का प्रस्ताव पारित किया
गुजरात हाईकोर्ट अधिवक्ता संघ (जीएचसीएए) ने सोमवार को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर रोस्टर में बदलाव को लेकर मुख्य न्यायाधीश सुनीता अग्रवाल को 'कानूनी ढांचे' के तहत दूसरे हाईकोर्ट में स्थानांतरित करने की मांग की। जीएचसीएए के एक शीर्ष पदाधिकारी ने बताया कि संघ की आम सभा ने हाईकोर्ट के रोस्टर में अचानक परिवर्तन के संबंध में हाल की घटनाओं पर चर्चा करने और उचित प्रस्ताव पारित करने के लिए बैठक की। जीएचसीएए के अध्यक्ष बृजेश त्रिवेदी ने बताया कि अधिवक्ता संघ की असाधारण आम सभा की बैठक में पारित प्रस्ताव की एक प्रति भारत के प्रधान न्यायाधीश को भेजी जाएगी।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी बिष्णुपद सेठी की सीबीआई टीम के साथ तीखी नोकझोंक हुई। सीबीआई टीम ने मंगलवार को 10 लाख रुपये की रिश्वत मामले की जांच के लिए उनके सरकारी आवास की तलाशी ली। आईएएस अधिकारी ने कहा कि सीबीआई अधिकारियों ने मेरे आवास पर तलाशी ली, जबकि मेरे खिलाफ कोई एफआईआर नहीं है। वे मुझे बेवजह परेशान कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीआई बिना किसी पूर्व सूचना के मेरे घर की तलाशी लेने आई और उनकी आठ सदस्यीय टीम में एक भी महिला अधिकारी नहीं है। पुरुष अधिकारियों ने मेरे घर की तलाशी ली, जबकि घर में मेरी पत्नी अकेली थी। सेठी की पत्नी ने कहा कि हमें झूठा फंसाया जा रहा है और परेशान किया जा रहा है। बताया जाता है कि सीबीआई ने रिश्वत मामले के सिलसिले में पहले सेठी को तलब किया था, लेकिन वे नहीं आए। आईएएस अधिकारी सेठी ने दावा किया कि उनका ब्रिज एंड रूफ कंपनी (इंडिया) लिमिटेड या इसके समूह महाप्रबंधक चंचल मुखर्जी से कोई संबंध नहीं है, जिन्हें पिछले साल रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया गया था।
चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार कल यानी 19 फरवरी को देश के अगले मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) के रूप में कार्यभार संभालेंगे। मौजूदा चुनाव आयुक्त राजीव कुमार चुनाव आयोग से विदा हुए।
तेलंगाना हाईकोर्ट में बहस के दौरान ही अधिवक्ता की मौत
तेलंगाना हाईकोर्ट में मंगलवार को दलीलें पेश करने के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता की मौत हो गई। इससे पहले वह कोर्ट रूम में बेहोश होकर गिर पड़े थे। तेलंगाना हाईकोर्ट अधिवक्ता संघ के एक सदस्य ने बताया कि पी वेणुगोपाल राव (60) कोर्ट संख्या 21 में मामले की पैरवी कर रहे थे और अचानक गिर पड़े। एक अन्य वकील ने उनको सीपीआर की प्रक्रिया से राहत देने की कोशिश की। उसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद दोपहर में अदालत की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। बताया जाता है कि अधिवक्ता को दिल का दौरा पड़ा था।
असम : कछार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर लगा रात्रिकालीन कर्फ्यू उग्रवादियों की घुसपैठ, तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से आदेश जारी
असम के कछार जिला प्रशासन ने मंगलवार को भारत-बांग्लादेश सीमा पर उग्रवादियों की घुसपैठ और मवेशियों व अन्य वस्तुओं की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से रात्रिकालीन कर्फ्यू लगाने का आदेश जारी किया। कछार के जिला मजिस्ट्रेट मृदुल यादव ने आदेश जारी करते हुए कहा कि यह कदम सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक है। आदेश में कहा गया है, बीएनएसएस की धारा 163 के तहत जारी यह आदेश कानून-व्यवस्था की समस्याओं से निपटने के लिए है।
आदेश के अनुसार, कछार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा से एक किलोमीटर के दायरे में सूर्यास्त से सूर्योदय तक किसी भी प्रकार की आवाजाही पर प्रतिबंध है। इसके अलावा, सूरमा नदी और उसके उच्च तटों पर भी इस अवधि में किसी प्रकार की गतिविधि पर पाबंदी लगाई गई है। नदी में मछली पकड़ने की गतिविधियों पर भी रोक लगाई गई है। आदेश में चीनी, चावल, गेहूं, खाद्य तेल और नमक जैसी आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई पर भी सख्त प्रतिबंध लगाए गए हैं। सूर्यास्त से सूर्योदय तक बांग्लादेश सीमा से सटे कछार जिले के पांच किलोमीटर के दायरे में इन वस्तुओं को वाहनों, गाड़ियों या रिक्शा से ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, कटिगोरा के सर्किल अधिकारी विशेष परिस्थितियों में परिवहन की अनुमति दे सकते हैं। इन प्रतिबंधों से राज्य और केंद्र सरकार के कर्मचारियों को छूट दी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और दो महीने तक जारी रहेगा, जब तक कि अन्यथा निर्देशित न किया जाए।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के प्रमुख जी पी सिंह का सुरक्षा घेरा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) से उनके बल को सौंप दिया है। सीआरपीएफ ने कुछ समय पहले मंत्रालय को पत्र लिखकर बदलाव की मांग की थी।
भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1991 बैच के अधिकारी सिंह ने जनवरी में सीआरपीएफ महानिदेशक (डीजी) का पदभार संभाला था। वह अपने कैडर राज्य असम और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) में उनके कार्यकाल को ध्यान में रखते हुए वर्षों से सीआईएसएफ के सशस्त्र कमांडो द्वारा प्रदान की गई जेड श्रेणी की केंद्रीय सुरक्षा के तहत थे। सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि गृह मंत्रालय द्वारा सीआईएसएफ से यह काम सीआरपीएफ को सौंपे जाने के बाद अब सीआरपीएफ के महानिदेशक की सुरक्षा उनके बल की वीआईपी सुरक्षा शाखा द्वारा की जा रही है।
आंध्र प्रदेश सरकार ने रमजान के पवित्र माह के दौरान सरकारी कर्मचारियों को एक घंटे पहले कार्यालय या स्कूल छोड़ने की अनुमति दी है। यह सुविधा उन सभी कर्मचारियों को मिलेगी, जो इस्लाम के अनुयायी हैं। इनमें शिक्षक, संविदा कर्मचारी और गांव या वार्ड सचिवालय के कर्मचारी भी शामिल हैं। यह व्यवस्था 2 मार्च से लेकर 30 मार्च तक लागू रहेगी, ताकि कर्मचारी रोजा जैसे रिवाज समय पर कर सकें।