फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news updates 18 dec north east west south india politics bjp congress crime latest national hindi news

Updates: रूसी सेना में भर्ती 26 भारतीयों की मौत, सात लापता; विशाखापत्तनम जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान रद्द

Thu, 18 Dec 2025 10:09 PM IST
हिमांशु चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: हिमांशु चंदेल Updated Thu, 18 Dec 2025 10:09 PM IST
विज्ञापन
news updates 18 dec north east west south india politics bjp congress crime latest national hindi news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
केंद्र सरकार ने राज्यसभा में बताया कि रूसी सशस्त्र बलों में कार्यरत 26 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है। सात अन्य लापता हैं। विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के अनुसार, अब तक कुल 202 भारतीयों के रूसी सेना में शामिल होने की जानकारी मिली है। सरकार के प्रयासों से 119 भारतीयों को कार्यमुक्त कराया जा चुका है। 50 अन्य की सुरक्षित वापसी के लिए बातचीत जारी है। मृतकों की पहचान स्थापित करने के लिए परिजनों के डीएनए नमूने रूसी अधिकारियों को सौंपे गए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया कि वह भारतीयों की सुरक्षा और जल्द रिहाई के लिए रूस के साथ उच्च स्तर पर लगातार संपर्क में है।
विज्ञापन


नीदरलैंड के विदेश मंत्री डेविड वैन वील भारत पहुंचे 
नीदरलैंड के विदेश मंत्री डेविड वैन वील गुरुवार को भारत पहुंचे। वह दिल्ली और मुंबई में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, जिनका मकसद दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करना है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने उनके आगमन की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा की। प्रवक्ता ने कहा कि विदेश मंत्री वील की यह यात्रा भारत और नीदरलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा और विविध बनाने में मदद करेगी।
विज्ञापन


रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा, भारत में आपका स्वागत है। नीदरलैंड के विदेश मंत्री डेविड वैन वील आज नई दिल्ली पहुंचे। उनकी दिल्ली और मुंबई में होने वाली यात्राएं और कार्यक्रम भारत-नीदरलैंड द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत और व्यापक बनाने पर केंद्रित रहेंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


पश्चिम बंगाल: कोलकात में विनिर्माण इकाई में लगी भीषण आग
कोलकाता के कांकुर्गाची इलाके में गुरुवार की सुबह एक विनिर्माण इकाई में भीषण आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के लिए पंद्रह दमकल वाहन तैनात किए गए थे। आग की सूचना सुबह 2.44 बजे मिली थी। आग को पूरी तरह से काबू में कर लिया गया है और किसी के घायल होने या मौत की कोई खबर नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

कांग्रेस ने 'सामूहिक दुष्कर्म' की पीड़िता के परिवार के लिए पांच लाख रुपये का मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग की
ओडिशा कांग्रेस ने गुरुवार को भुवनेश्वर के बाहरी इलाके धौली में कथित सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता के परिवार के लिए पांच लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। 10 दिसंबर की शाम को धौली पहाड़ियों के पास 17 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ कुछ लोगों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया था। 

कर्नाटक: बंगलूरू की सड़क पर दिल का दौरा पड़ने से आदमी की मौत
बंगलूरू में एक 34 वर्षीय मैकेनिक की उस समय मौत हो गई, जब उस रेफर किए गए अस्पताल ले जाया जा रहा था। परिवार के मुताबिक, पहले वाले अस्पताल ने उन्हें प्राथमिक उपचार नहीं दिया था।

एक सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है, जिसमें घायल पत्नी रूपा को अपने पति वेंकटरमण को सड़क पर लेटे देखकर राहगीरों से मदद मांगते हुए देखा जा सकता है। यह घटना 13 दिसंबर की है। परिवार के अनुसार, वेंकटरमण को सीने में दर्द हुआ और उनकी पत्नी रूपा उन्हें लगभग करीब साढ़े तीन बजे उनके घर बलाजी नगर से एक निजी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर न होने कारण उन्हें उपचार नहीं मिला। इसके बाद वे उन्हें दूसरे अस्पताल ले गए, जहां ईसीजी किया गया और पता चला कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है। वहां से उन्हें तुरंत जयदेव इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवैस्कुलर साइंसेज रेफर कर दिया गया। परिवार ने आरोप लगाया कि रास्ते में कोई भी प्राथमिक उपचार नहीं दिया गया। रास्ते में वेंकटरमण को फिर से सीने में दर्द हुआ और दोनों स्कूटर से गिर पड़े।

सीसीटीवी वीडियो में घायल रूपा को राहगीरों से मदद मांगते देखा जा सकता है, लेकिन कोई मदद नहीं करता जब तक कि एक टैक्सी चालक उन्हें देखकर मदद के लिए नहीं आता। उसके सहयोग से रूपा वेंकटरमण को जयदेव अस्पताल पहुंचाने में सफल हुईं, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार ने बाद में उनकी आंखें दान कर दीं।

लेह में आया भूकंप
लद्दाख के लेह में मंगलवार देर रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 3.4 मापी गई। यह झटका रात 11:25 बजे आया और इसका केंद्र लेह क्षेत्र में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। भूकंप का अक्षांश 32.74 डिग्री उत्तर और देशांतर 78.98 डिग्री पूर्व दर्ज किया गया। हालांकि, इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

आंध्र प्रदेश में 15 जनवरी तक ₹30 हजार करोड़ खर्च करने का लक्ष्य
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत आवंटित सभी धनराशि का 15 जनवरी तक उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने करीब ₹30 हजार करोड़ खर्च करने का लक्ष्य तय करते हुए कहा कि हर रुपये का उपयोग अनिवार्य है और इसके बाद अगली किस्त के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाएं। मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टरों से निर्माण कार्यों में तेजी लाने और लापरवाह एजेंसियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, राज्य सरकार ने पूरी तरह पेपरलेस गवर्नेंस लागू करने का फैसला किया है। 15 जनवरी से सभी सेवाएं ऑनलाइन और ‘मनमित्रा’ व्हाट्सऐप गवर्नेंस सिस्टम के जरिए उपलब्ध होंगी।

हिमंत बिस्वा सरमा ने महिलाओं को सौंपे ₹10 हजार के चेक
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने डिब्रूगढ़ जिले में मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता अभियान के तहत 23,791 महिलाओं को ₹10 हजार के चेक सौंपे। उन्होंने कहा कि यह राशि आत्मनिर्भर बनने की दिशा में पहला कदम है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण खेल परिसर का उद्घाटन किया और सड़क, प्रशासनिक भवन व पुलिस स्टेशन से जुड़ी परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने बताया कि राज्य में स्वयं सहायता समूहों को निरंतर आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है, जिससे लाखों महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं।

धर्मस्थला मामले में झूठी गवाही के आरोपी की रिहाई आज
धर्मस्थला मामले में झूठी गवाही के आरोप में गिरफ्तार सी एन चिन्नैयाह को गुरुवार को शिवमोग्गा जेल से रिहा किया जाएगा। अदालत से जमानत मिलने के बाद उनकी पत्नी ने जमानत बांड जमा कराया था। एसआईटी जांच में उनके बयानों में गंभीर विरोधाभास पाए गए थे। आरोप है कि उन्होंने कई महिलाओं और नाबालिगों के शव दफनाने के दावे किए थे, जो जांच में असत्य पाए गए।

कारवार तट पर सीगल के पास मिला चीनी जीपीएस ट्रैकर
कर्नाटक के कारवार तट के पास एक सीगल पक्षी पर चीनी निर्मित जीपीएस ट्रैकर मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। प्रारंभिक जांच में इसे वैज्ञानिक शोध से जुड़ा बताया गया है। ट्रैकर पर चीनी अकादमी से जुड़े संस्थान का नाम अंकित है। हालांकि, नौसैनिक अड्डे की नजदीकी को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

कर्नाटक सरकार ने कबूतरों को दाना डालने पर सख्ती के निर्देश दिए
कर्नाटक सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर कबूतरों को दाना डालने पर नियंत्रण और प्रतिबंध के निर्देश जारी किए हैं। सरकार का कहना है कि इससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं, खासकर फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां फैल रही हैं। नगर निगमों को चेतावनी, जुर्माना और कानूनी कार्रवाई के अधिकार दिए गए हैं। साथ ही, लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

ओडिशा छात्र हत्या मामले में तीन नाबालिग और आठ शिक्षक हिरासत में
भुवनेश्वर। ओडिशा में 14 वर्षीय छात्र की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों और केआईएसएस संस्थान के आठ शिक्षकों व कर्मचारियों को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया कि बाल्टी साझा करने से इनकार पर छात्र की गला घोंटकर हत्या की गई। पुलिस ने आरोप लगाया कि संस्थान के अधिकारियों ने सबूत मिटाने और गवाहों को डराने की कोशिश की।

आंध्र प्रदेश में 112 किलो गांजा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
मछलीपट्टनम। आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान 112 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब ₹10.60 लाख बताई गई है। इस मामले में महाराष्ट्र के पुणे निवासी दीपक नामक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

 

तोरबुंग में फायरिंग के बाद एफआईआर दर्ज
मणिपुर के तोरबुंग इलाके में मंगलवार को हुई अंधाधुंध फायरिंग के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, यह फायरिंग कुकी सशस्त्र समूहों की ओर से की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। घटना बाद सुरक्षा बलों ने प्रभावित क्षेत्रों में मौजूदगी काफी बढ़ा दी है। सूत्रों के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जिनमें उप महानिरीक्षक (डीआईजी) भी शामिल हैं, ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। कंगवाई इलाके में चलाए गए व्यापक सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए। इनमें एक लंबी दूरी की देसी पंपी, चार मध्यम दूरी की देसी पंपी, एक बैरल-ब्लास्टेड मध्यम दूरी की देसी पंपी, एक सिंगल बैरल बंदूक और विभिन्न कैलिबर के 17 खाली कारतूस शामिल हैं।

पीएम व मुख्यमंत्रियों को हटाने वाले विधेयकों पर समिति ने मांगा आधार
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्रियों को पद से हटाने से जुड़े विधेयकों की जांच कर रही संयुक्त संसदीय समिति ने बुधवार को प्रस्तावित कानूनों के लिए साक्ष्य-आधारित औचित्य की मांग की। समिति के सदस्यों ने यह भी जानना चाहा कि क्या दुनिया के किसी देश में इस तरह के कानून का कोई उदाहरण मौजूद है। भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में संविधान (130वां संशोधन) विधेयक, जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश सरकार (संशोधन) विधेयक पर चर्चा हुई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि समिति संवैधानिक विशेषज्ञों, सेवानिवृत्त न्यायाधीशों, वकीलों और बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से परामर्श करेगी।

बैठक के बाद सारंगी ने बताया कि समिति में राजनीति के अपराधीकरण को समाप्त करने की जरूरत पर सर्वसम्मति बनी। उन्होंने कहा कि सांसदों ने विशेष रूप से दो बिंदुओं पर जोर दिया विधेयकों के पक्ष में ठोस, प्रमाण-आधारित कारण और यह स्पष्टता कि क्या ऐसे कानून कहीं और लागू हैं। सूत्रों के अनुसार, सांसदों ने गृह मंत्रालय के समक्ष करीब 25 सवाल रखे हैं। मंत्रालय इनका जवाब 7 जनवरी को होने वाली अगली बैठक में देगा। गृह मंत्रालय ने सदस्यों से यह भी सुझाव मांगे कि राजनीतिक व्यवस्था में पवित्रता कैसे लाई जाए और सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों को भ्रष्टाचार से कैसे रोका जाए। हालांकि, कुछ सांसदों ने आपत्ति जताई कि जनता द्वारा चुने गए सांसद या विधायक को हटाने के लिए कानून बनाना लोकतांत्रिक सिद्धांतों के अनुरूप कैसे होगा। विपक्षी दलों का कहना है कि प्रस्तावित प्रावधान ‘दोष सिद्ध होने तक निर्दोष’ के सिद्धांत के खिलाफ हैं और जमानत न मिलने पर स्वत: पद से हटाने की व्यवस्था उचित नहीं है। इसी वजह से कई विपक्षी दल समिति से दूर हैं।

टीएमसी पार्षद दत्ता के तीन हत्यारों को उम्रकैद
पश्चिम बंगाल की एक अदालत ने बुधवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पार्षद अनुपम दत्ता की हत्या के तीन दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई। बैरकपुर की तीसरी अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायालय के न्यायाधीश अयान कुमार बंद्योपाध्याय ने बुधवार को सजा का एलान किया। इससे पहले अदालत ने सोमवार को तीनों आरोपियों अमित पंडित, संजीव पंडित और जियाउल मंडल को दत्ता की हत्या का दोषी करार दिया था। पानीहाटी नगर पालिका के वार्ड नंबर आठ के टीएमसी पार्षद दत्ता की 13 मार्च, 2022 को अगरपारा स्टेशन रोड पर उनके घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

जंगली हाथियों ने दो महिलाओं सहित पांच लोगों की ली जान
झारखंड में अलग-अलग जगहों में जंगली हाथियों ने दो महिलाओं सहित पांच लोगों को कुचलकर मार डाला। हमले में दो लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि रामगढ़ जिले के मांडू और रांची के अंगारा के जंगली इलाके में हाथियों ने यह कहर ढाया। रांची के अंगारा के जिदू गांव में 36 साल का रजवार मंगलवार दोपहर आठ जंगली हाथियों के झुंड के पास वीडियो बनाने और सेल्फी लेने गया था। इस दौरान हाथियों ने उसे कुचल दिया।

आईसीजी ने 35 बांग्लादेशी मछुआरे गिरफ्तार किए
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने बंगाल की खाड़ी में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में बांग्लादेश के 35 मछुआरों को गिरफ्तार किया और उनकी दो नौकाओं को जब्त कर लिया। गिरफ्तार मछुआरे भारत के विशेष आर्थिक क्षेत्र में मछली पकड़ रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय तटरक्षक पोत अनमोल ने मंगलवार को उत्तरी बंगाल की खाड़ी में गश्त के दौरान ये गिरफ्तारियां और जब्ती की। जांच के दौरान नावों पर लगभग 500 किलो मछलियां भी मिलीं। गिरफ्तार किए गए मछुआरों को बुधवार को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए फ्रेजरगंज मरीन पुलिस के हवाले कर दिया गया। एक बयान में कहा गया कि भारतीय तटरक्षक बल ने पिछले तीन महीनों में बांग्लादेश की आठ नावों जब्त किया और 170 मुछआरों को गिरफ्तार किया। ये सभी मछुआरे अवैध रूप से भारतीय जलक्षेत्र में घुस आए थे।

मसाला बॉन्ड मामले में सीएम विजयन को राहत, ईडी के नोटिस पर हाईकोर्ट की रोक
केरल हाईकोर्ट ने मसाला बॉन्ड मामले में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, पूर्व वित्त मंत्री थॉमस इसाक और केएम अब्राहम को बड़ी राहत दी है। अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस की कार्यवाही पर तीन महीने के लिए रोक लगा दी है। जस्टिस वीजी अरुण ने कहा कि जब मुख्य संस्था (केआईआईएफबी) को पहले ही राहत मिल चुकी है, तो याचिकाकर्ता भी समान अंतरिम राहत के हकदार हैं। अब इस मामले की अगली सुनवाई जनवरी में होगी।

तकनीकी खराबी के कारण विशाखापत्तनम जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान रद्द
गुरुवार को विजयवाड़ा के पास गन्नावरम हवाई अड्डे पर तकनीकी खराबी के कारण विशाखापत्तनम जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान रद्द कर दी गई। मामले में एक अधिकारी ने जानकारी दी है। पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, आंध्र प्रदेश के कृषि मंत्री के अच्चेन्नाइडु और वरिष्ठ वाईएसआरसीपी नेता बी सत्यनारायण सहित कई अन्य यात्री भी इस उड़ान में सवार थे, जिन्हें अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी। विजयवाड़ा हवाई अड्डे के निदेशक लक्ष्मीकांत रेड्डी ने पीटीआई को बताया, 'टैक्सीिंग के दौरान इंजन में कुछ खराबी पाई गई, इसलिए विमान को वापस बे में बुलाया गया और उड़ान रद्द कर दी गई।' लक्ष्मीकांत रेड्डी के अनुसार, विमान में यह तकनीकी खराबी रात करीब 8:30 बजे आई।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed