फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 17 December North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: पर्यावरण कार्यकर्ता तुलसी गौड़ा के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख, सिद्धारमैया ने भी दी श्रद्धांजलि

Tue, 17 Dec 2024 11:08 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Tue, 17 Dec 2024 11:08 AM IST
विज्ञापन
News Updates 17 December North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

पर्यावरण कार्यकर्ता और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित तुलसी गौड़ा (86) का सोमवार को निधन हो गया। गौड़ा आदिम हलाक्की जनजाति से थीं और उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके काम के सम्मान में, उन्हें 2021 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। उन्होंने 30,000 से अधिक पौधे लगाए हैं और पौधों और जड़ी-बूटियों की विविध प्रजातियों के अपने विशाल ज्ञान के कारण उन्हें 'वन का विश्वकोष' के रूप में जाना जाता था। पीएम मोदी ने उनके निधन पर शोक जताया। पीएम ने एक्स पर लिखा कि कर्नाटक की प्रतिष्ठित पर्यावरणविद् और पद्म पुरस्कार विजेता तुलसी गौड़ा जी के निधन से बहुत दुःख हुआ। उन्होंने अपना जीवन प्रकृति के पोषण, हजारों पौधे लगाने और हमारे पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए समर्पित कर दिया। वे पर्यावरण संरक्षण के लिए मार्गदर्शक बनी रहेंगी। उनका काम हमारी धरती की रक्षा के लिए पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।

विज्ञापन


इससे पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने गौड़ा के निधन पर दुख व्यक्त किया और उनकी दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना की। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, मैं होन्नाल्ली, अंकोला तालुक की पर्यावरणविद् तुलसी गौड़ा के निधन से दुखी हूं। उन्होंने लाखों पेड़ लगाए और उन्हें पानी दिया। तुलसी गौड़ा ने जीविका के लिए वन विभाग में दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम किया, सेवानिवृत्ति के बाद भी पेड़ लगाना जारी रखा। उन्हें सर्वोच्च सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया। मैं उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। 
विज्ञापन


सोनिया गांधी के पूर्व निजी सचिव का निधन, अंतिम संस्कार में पहुंचे राहुल गांधी
कांग्रेस की संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के पूर्व निजी सचिव पीपी माधवन का सोमवार को हार्ट अटैक के चलते निधन हो गया। उनको श्रद्धांजलि देने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ओल्लूर में उनके अंतिम संस्कार में शामिल हाेने पहुंच गए हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन


स्वतंत्रता दिवस आईईडी बरामदगी मामले में बड़ी कार्रवाई
एनआईए ने असम पुलिस की मदद से गुवाहाटी स्वतंत्रता दिवस आईईडी बरामदगी मामले में उल्फा (आई) के प्रमुख उग्रवादी को गिरफ्तार किया। एनआईए ने बताया कि असम पुलिस की मदद से उग्रवादी जहनू बरुआ के घर पर छापेमारी की गई। यहां से कई संदिग्ध चीजें मिली हैं। जिन्हें जब्त कर लिया गया। 

ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में IAS संजीव हंस की सात संपत्तियां जब्त कीं
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), पटना जोनल कार्यालय ने 16 दिसंबर को करोड़ों रुपये कीमत की 7 संपत्तियों को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया। यह कार्रवाई संजीव हंस, आईएएस के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। संजीव हंस और उनके सहयोगी प्रवीण चौधरी, पुष्पराज बजाज, और उनके परिवार के सदस्यों पर आरोप है कि उन्होंने लगभग 23.72 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की। यह संपत्ति अपराध की आय से हासिल की गई है। जांच में पता चला कि ये 7 संपत्तियां संजीव हंस के करीबी सहयोगियों के नाम पर खरीदी गई हैं, जिनमें नागपुर में तीन प्लॉट, दिल्ली में एक फ्लैट और जयपुर में तीन फ्लैट शामिल हैं।

श्रीलंका के स्थाई आर्थिक विकास में मदद करते रहेंगे : राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारत श्रीलंका के स्थाई आर्थिक विकास में उसके भरोसेमंद साझेदार के रूप में उसे मदद देता रहेगा। मुर्मू ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके और उनके प्रतिनिधिमंडल का सोमवार की रात राष्ट्रपति भवन में स्वागत किया। उन्होंने दिसानायके को राष्ट्रपति और संसदीय चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने श्रीलंका के राष्ट्रपति के सम्मान में भोज का भी आयोजन किया। एक बयान में राष्ट्रपति भवन ने बताया, राष्ट्रपति मुर्मू ने दिसानायके से कहा, श्रीलंका भारत के पड़ोसी प्रथम नीति और सागर विजन के तहत बेहद महत्वपूर्ण साझेदार है।

 

कोलकाता में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले 10 लोगों का सम्मान
कोलकाता में सोमवार को एक पुरस्कार समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के दस लोगों को उनकी उपलब्धियों के लिए आनंदबाजार ऑनलाइन द्वारा 'बोचोरर बेस्ट' से सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने वालों में वैज्ञानिक देबलीना सरकार, बंधन बैंक के संस्थापक चंद्रशेखर घोष, इमामी के सह-संस्थापक राधे श्याम अग्रवाल और राधे श्याम गोयनका, अभिनेता सौमित्रिशा कुंडू, शेफ औरोनी मुखर्जी और प्रीतम भद्र, और डीएसपी अज़हरुद्दीन खान शामिल थे, जिन्होंने एक सशस्त्र हमलावर से 70 स्कूली बच्चों की जान बचाई थी। कार्यक्रम में कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम, शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु, सीपीआई (एम) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम, भाजपा सांसद अभिजीत गांगुली, बंगाली सुपरस्टार प्रोसेनजीत चटर्जी, निर्देशक गौतम घोष, अभिनेता पाओली डैम और गायक अनुपम रॉय और ईमान चक्रवर्ती मौजूद थे।

झारखंड : नहीं रहे झामुमो के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिंह
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिंह (78) का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। दुमका के एक निजी अस्पताल में सोमवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। पेशे से वकील सिंह पार्टी की केंद्रीय समिति के महासचिव और संथाल परगना प्रमंडल में झामुओ के मुख्य संयोजक थे। दुमका के कुम्हारपाड़ा स्थित सिंह के आवास पर बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके निधन पर शोक जताया। 

पुस्तक मेले में बांग्लादेश को लेकर केंद्र से कोई संदेश नहीं मिला : गिल्ड
अंतरराष्ट्रीय कोलकाता पुस्तक मेले के आयोजक प्रकाशक एवं पुस्तक विक्रेता गिल्ड ने सोमवार को कहा कि अगले साल मेले के 48वें संस्करण में बांग्लादेश की भागीदारी पर केंद्र सरकार से अभी तक कोई संदेश नहीं मिला है। गिल्ड के अध्यक्ष त्रिदीब चटर्जी ने कहा कि अगर भविष्य में केंद्र से बांग्लादेश के प्रकाशकों के इस आयोजन में भाग लेने के बारे में कोई अनुकूल प्रतिक्रिया मिलती है, तो पुस्तक मेला स्थल पर कोई अप्रिय घटना न हो, यह सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी होगी।

200 बैंक खातों में जमा किए साइबर ठगी के 50 करोड़ रुपये, आठ गिरफ्तार

गुजरात के जूनागढ़ में पुलिस ने कई बैंक खातों में साइबर धोखाधड़ी के पैसे को जमा करने में शामिल नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस ने मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को कहा कि पुलिस ने लगभग 200 संदिग्ध बैंक खातों में से 42 का पता लगा लिया है। इन खातों में साइबर अपराधियों ने विभिन्न राज्यों के लोगों से धोखाधड़ी से की की गई 50 करोड़ रुपये की कमाई की रकम जमा की गई थी। जूनागढ़ के पुलिस महानिरीक्षक नीलेश जजादिया ने कहा, अंतरराज्यीय स्तर पर काम कर रहा यह गिरोह अवैध तरीकों से बैंक खाते हासिल करने के लिए लोगों को कमीशन देता था। गिरोह के सदस्य साइबर पीड़ितों की ओर से इन बैंक खातों में रकम स्थानांतरित कराते थे। ये पैसा तुरंत निकाल लिया जाता था और इसे हवाला नेटवर्क व दलालों के माध्यम से भारत के विभिन्न हिस्सों में भेज दिया जाता था।

बेटिंग वेबसाइट के ऑपरेटिव्स पर ईडी की छापेमारी, पीएमएलए के तहत मामला दर्ज
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को जानकारी दी कि उसने एक बेटिंग वेबसाइट चलाने वालों के ठिकाने पर छापेमारी की है, जिसका स्वामित्व कुछ पाकिस्तानियों के पास है। वेबसाइट पर गैरकानूनी तरीके से पुरुषों के टी-20 क्रिकेट विश्व कप के मैचों का प्रसारण किया जा रहा था। छापेमारी 10 से 12 दिसंबर के बीच दिल्ली, मुंबई और पुणे में की गई। अहमदाबाद की साइबर अपराध इकाई ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। जिसके बाद एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया। ईडी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान करीब 30 लाख रुपये के बैंक जमा को जब्त किया गया। साथ ही कुछ संदिग्ध दस्तावेज भी जब्त किए गए। 

लोकसभा: थरूर बोले- संविधान संशोधन के लिए भाजपा के पास दो-तिहाई बहुमत नहीं
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने मंगलवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा में पेश किए गए दो विधेयकों पर मतदान से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा के पास संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं है। एक साथ चुनाव कराने का प्रावधान करने वाले दो विधेयक मंगलवार को लोकसभा में पेश किए गए। 
  
विपक्षी दलों ने इन विधेयकों को देश के संघीय ढांचे पर हमला करार दिया। हालांकि, सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया। थरूर ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, हम (कांग्रेस) ही नहीं, बल्कि ज्यादातर विपक्षी दलों ने इन विधेयकों का विरोध किया है। इस विरोध के कई कारण हैं। यह संविधान के संघीय ढांचे का उल्लंघन है। उन्होंने पूछा, अगर केंद्र सरकार गिरती है, एक राज्य सरकार को क्यों गिरना चाहिए?

पश्चिम बंगाल: चिन्मय दास के वकील बोले- गैरकानूनी तरीके से हुई हिंदू संत की गिरफ्तारी
हिंदू संत चिन्मय दास प्रभु के वकील रवींद्र घोष ने मंगलवार को कहा कि (बांग्लादेश की) स्थिति बहुत खराब है, खासकर चिट्टागोंग में स्थिति और भी बिगड़ने वाली है। चिन्मय प्रभु को बिना किसी कानूनी अधिकार के गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने उनके खिलाफ राजद्रोह का आरोप लगाया है, लेकिन बांग्लादेश सरकार से अनुमति नहीं ली गई? राजद्रोह का आरोप बिना स्थानीय सरकार की अनुमति के नहीं लगाया जा सकता। अधिकारियों ने गैरकानूनी कार्रवाई की है। इस मामले की फिर से जांच की जानी चाहिए।  

ओडिशा: एएसआई ने जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार की मरम्मत का काम शुरू किया
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने मंगलवार को ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार की मरम्मत का काम शुरू कर दिया। राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने यह जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि मरम्मत का काम दोपहर एक बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा। एएसआई ने हमें तीन महीने की समय सीमा दी है। लेकिन हमने उनसे काम को जल्द पूरा करने की अपील की है। हरिचंदन ने यह भी बताया कि मरम्मत के काम से मंदिर के अंदर पूजा-पाठ और श्रद्धालुओं के समय पर कोई असर नहीं पड़ेगा। 
 

कोयंबटूर धमाकों के मास्टरमाइंड बाशा की मौत
कोयंबटूर में 1998 में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों के मास्टरमाइंड एसए बाशा (84) की उम्र संबंधी बीमारियों के कारण सोमवार शाम यहां एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार शाम को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बाशा का अंतिम संस्कार किया गया। 1998 के कोयंबटूर विस्फोटों के सिलसिले में बाशा और उसके संगठन अल-उम्मा से जुड़े 16 अन्य लोग आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे। वह 35 साल से जेल में था। बाशा पैरोल पर रिहा था और पिछले कुछ समय से उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे हाल ही में मद्रास हाईकोर्ट ने पैरोल दी थी।

भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी की हालत में सुधार, जल्द वार्ड में होंगे शिफ्ट
पूर्व उपप्रधानमंत्री और भाजपा के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी की हालात में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। उन्हें अगले एक-दो दिन में आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट किया जा सकता है। न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के चलते उन्हें 12 दिसंबर को राष्ट्रीय राजधानी के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अस्पताल ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि आडवाणी, न्यूरोलॉजी विभाग के सीनियर कंसल्टेंट डॉ विनीत सूरी की देखरेख में हैं। उनकी हालत में सुधार हो रहा है। डॉक्टरों ने संकेत दिए हैं कि अगले एक-दो दिन में वह आईसीयू से बाहर आ सकते हैं। इस साल अगस्त के शुरू में उन्हें नियमित फॉलो-अप जांच के लिए इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भाजपा नेता को इससे पहले 3 जुलाई को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और कुछ समय तक रहने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।

झारखंड: हाईकोर्ट ने जेएसएससी की परीक्षा के अंतिम परिणामों पर लगाई रोक
झारखंड उच्च न्यायालय ने राज्य कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा सितंबर में आयोजित की गई भर्ती परीक्षा के अंतिम परिणामों पर मंगलवार को रोक लगा दी। अदालत ने सरकार को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया कि पुलिस प्रश्नपत्र लीक के संबंध में अभ्यर्थियों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करे और मामले की जांच करे।

गोवा के मुख्यमंत्री की पत्नी ने संजय सिंह पर किया मानहानि का दावा, नोटिस जारी
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की पत्नी ने अपना नाम पैसे के बदले नौकरी घोटाले में घसीटने को लेकर आप सांसद संजय सिंह के खिलाफ 100 करोड़ रुपये का मानहानि का दावा ठोका है। अदालत ने इस पर मंगलवार को संजय सिंह को नोटिस जारी किया। अदालत ने संजय सिंह 10 जनवरी तक जवाब तलब किया है।

राज्यसभा सांसद ने हाल में दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की पत्नी सुलक्षणा सावंत के खिलाफ आरोप लगाए थे। सुलक्षणा सावंत ने इस मामले में उत्तरी गोवा के बिचोलिम की दीवानी अदालत में शिकायत दर्ज कराई। इसपर संज्ञान लेते हुए दीवानी मामलों के न्यायाधीश ने सुनवाई की और संजय सिंह को नोटिस जारी किया। सुलक्षणा ने कोर्ट से अपील की है कि संजय सिंह से माफीनामा प्रकाशित कराया जाए और ऐसा कोई आरोप लगाने वाली बयानबाजी से रोका जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed