फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 16 October North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: कल अंतरराष्ट्रीय अभिधम्म दिवस समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी, इंडिगो की फ्लाइट मस्कट की गई डायवर्ट

Wed, 16 Oct 2024 05:45 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Wed, 16 Oct 2024 05:45 PM IST
विज्ञापन
News Updates 16 October North East West South India Politics Crime National News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

कल अंतरराष्ट्रीय अभिधम्म दिवस समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी

विज्ञापन


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल राजधानी दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय अभिधम्म दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे और इस दौरान वह पाली भाषा के महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे। मामले की जानकारी देते हुए संस्कृति मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि पीएम मोदी 'बुद्ध धम्म' की समृद्ध विरासत को संरक्षित करने एवं उसे बढ़ावा देने के लिए सरकार की तरफ किए जा रहे प्रयासों पर बात करेंगे। बता दें कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तीन अक्टूबर को मराठी, पाली, प्राकृत, असमिया और बांग्ला भाषाओं को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दिए जाने की मंजूरी दी थी।

अबू सलेम के प्रत्यर्पण में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व सीबीआई प्रमुख पीसी शर्मा का निधन
मुंबई बम विस्फोट के आरोपी अबू सलेम को पुर्तगाल से प्रत्यर्पित कराने में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व सीबीआई निदेशक पी सी शर्मा का मंगलवार को निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। पूर्व आईपीएस अधिकारी को तीन दिन पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार शाम 7.45 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार बुधवार को होगा। 1966 बैच के असम कैडर के आईपीएस अधिकारी शर्मा 30 अप्रैल 2001 को सीबीआई के प्रमुख बने थे। उन्होंने 6 दिसंबर 2003 तक एजेंसी में अपनी सेवाएं दीं। वे पहली बार 1978 में पुलिस अधीक्षक के रूप में सीबीआई में शामिल हुए थे। उनके परिवार में उनकी बेटी और दामाद हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

केंद्र ने गोवा जिला कलेक्टरों को सौंपे नागरिकता जांच के अधिकार
 केंद्र सरकार ने मंगलवार को उत्तरी गोवा और दक्षिण गोवा के जिला कलेक्टरों को नागरिकता अधिनियम, 1955 के तहत शक्तियों का इस्तेमाल करने के अधिकार प्रदान किए। अधिनियम की धारा 16 के तहत कलेक्टरों को गोवा में रह रहे अन्य देशों के नागरिकों की नागरिकता जांच का अधिकार मिल सकेगा।

आदेश में कहा गया है कि कलेक्टर नागरिकता नियम, 2009 के प्रावधानों का पालन करते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच करेंगे। इन जांचों के बाद कलेक्टरों को राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को विस्तृत सिफारिशें करने का काम सौंपा गया है । प्राधिकरण का यह प्रतिनिधिमंडल अधिसूचना की तारीख से दो साल की अवधि के लिए प्रभावी है। गोवा 1961 तक एक पुर्तगाली उपनिवेश था और इसकी मुक्ति के बाद यहां के तमाम निवासियों को अपनी नागरिकता की स्थिति को लेकर जटिलताओं का सामना करना पड़ा था। जब भारत ने गोवा पर अधिकार कर लिया, तो कई गोवावासियों को पुर्तगाली राष्ट्रीयता से भारतीय नागरिकता में परिवर्तन करना पड़ा। इससे उन लोगों के लिए अनिश्चितताएं पैदा हुईं जो दूसरे देशों से संबंध रखते थे या जिन्होंने औपचारिक रूप से भारतीय नागरिक के रूप में पंजीकृत नहीं कराया था।

विज्ञापन

आतंकी की साजिश नाकाम, म्यांमार सीमा से 40 हजार डेटोनेटर जब्त
भारत-म्यांमार सीमा के पास से लगभग 40 हजार डेटोनेटर जब्त कर सुरक्षाबलों ने आतंकी मनसूबों को नाकाम कर दिया है। एक बयान में कहा कि सीमावर्ती तायो नदी के पास युद्धक साजो-सामान की आवाजाही की खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस ने मिलकर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने सीमा के बाद एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पकड़े जाने के डर से वह बाइक छोड़ नदी पार भाग गया। क्षेत्र की गहन तलाशी के दौरान 39,900 डेटोनेटर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसे जब्त कर पुलिस को सौंप दिया गया। आगे की जांच जारी है।

एक अधिकारी ने कहा, खुफिया जानकारी इकट्ठा करने, सावधानीपूर्वक योजना बनाने, असम राइफल्स और स्थानीय पुलिस के बीच घनिष्ठ समन्वय के साथ अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। इससे पहले 10 अक्तूबर को असम राइफल्स ने मिजोरम के चम्फाई में दो अलग-अलग ऑपरेशनों में कुल 95.44 लाख रुपये मूल्य का मारिजुआना और भारतीय मुद्रा बरामद की थी। इसके अलावा दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

भारत-ऑस्ट्रेलिया ने राजनीतिक व रक्षा मुद्दों पर दिया जोर
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नई दिल्ली में चौथे टू प्लस टू सचिव-स्तरीय परामर्श के दौरान राजनीतिक, रणनीतिक, रक्षा-सुरक्षा व आपसी हित के क्षेत्रीय-वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई।

भारतीय पक्ष का नेतृत्व रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने और विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने किया, जबकि ऑस्ट्रेलियाई पक्ष का नेतृत्व रक्षा विभाग के सचिव ग्रेग मोरियार्टी और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मामलों और व्यापार विभाग (डीएफएटी) के सचिव जान एडम्स ने किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने यह जानकारी दी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ऑस्ट्रेलिया के विदेश सचिव जान एडम्स से मिल ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ की समीक्षा की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑस्ट्रेलियाई रक्षा विभाग के सचिव ग्रेग मोरियार्टी से मुलाकात कर भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की आशा जताई।

रश्मिका बनीं साइबर अपराध समन्वय केंद्र की ब्रांड एंबेसडर
अभिनेत्री रश्मिका मंदाना को मंगलवार को भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) का राष्ट्रीय ब्रांड अंबेसडर नामित किया गया। यह विभाग देश में साइबर अपराध से निपटने के लिए भारत सरकार के गृह मंत्रालय की एक पहल है। पुष्पा और एनिमल जैसी फिल्मों से विशेष लोकप्रियता हासिल करने वाली अभिनेत्री मंदाना ने इस साल की शुरुआत में सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हुए उनके एक डीपफेक वीडियो से सुर्खियां में आई थीं।  

मंदाना ने कहा कि वे साइबर अपराध के प्रभाव का सामना कर चुकी हैं। अब ऑनलाइन दुनिया की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने का समय आ गया है। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, आइए अपने और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित साइबरस्पेस बनाने के लिए एकजुट हों। मैं I4सी के लिए ब्रांड अंबेसडर की भूमिका निभाते हुए जागरूकता लाना चाहती हूं और अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराधों से बचाना चाहती हूं। मुझे और भारत सरकार को आपकी मदद करने दीजिए।

महाराष्ट्र : पूर्व सांसद नवनीत राणा को मिली धमकी, मांगे गए 10 करोड़ रुपये
भाजपा नेता और महाराष्ट्र की पूर्व सांसद नवनीत राणा को एक पत्र के माध्यम से धमकी मिली है। उनसे 10 करोड़ रुपये की मांग की गई है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि अमरावती की पूर्व सांसद को संबोधित पत्र एक व्यक्ति ने स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा था। व्यक्ति ने खुद की पहचान आमिर के रूप में बताई है। राणा के निजी सचिव विनोद गुहे ने अमरावती के राजापेठ पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दी है। पत्र भेजने वाले ने कहा है कि उसने राणा के लिए सुपारी ली है। उसने पत्र में उनका यौन उत्पीड़न करने की धमकी दी थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
 
 

महाराष्ट्र में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने विधान परिषद के लिए सात सदस्यों को मनोनीत किया। इसमें तीन भाजपा के और दो-दो शिवसेना और एनसीपी के कोटे से विधान परिषद सदस्य बने हैं। मनोनीत सातों सदस्यों को उपसभापति नीलम गोर्हे ने शपथ दिलाई।

विधान परिषद के लिए भाजपा ने संगठन के दो लोगों को मौका दिया है जिसमें महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष चित्रा वाघ और प्रदेश भाजपा महासचिव विक्रम पाटिल शामिल हैं। इसके अलावा बंजारा समाज के बाबूसिंह महाराज राठौड़ को एमएलसी बनाया गया है। वहीं, शिवसेना (शिंदे गुट) से पूर्व सांसद हेमंत पाटिल और पूर्व एमएलसी मनीषा कायंदे को मनोनीत किया गया। एनसीपी (अजित गुट) की ओर से पंकज भुजबल और पूर्व महापौर इदरीस नायकवाड़ी को एमएलसी बनाया गया है। 

 पीएम गतिशक्ति में 27 जिलों में सुदृढ़ होगा बुनियादी ढांचा
उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को पीएम गतिशक्ति के तहत जिला मास्टर प्लान लॉन्च कर दिया। इसके तहत देश के 27 जिलों में बुनियादी ढांचा सुदृढ़ करने के लिए योजनाएं तैयारी की जाएंगी। यह, राष्ट्रीय मास्टर प्लान का ही एक हिस्सा है। गोयल ने कहा कि अगले 18 महीनों में देशभर के 750 से अधिक जिलों को कवर करने के लिए जिला मास्टर प्लान का विस्तार किया जाएगा।


इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ने शहरों को अपनी लॉजिस्टक (रसद) योजना तैयार करने के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए। उन्होंने कहा कि 'पीएम गतिशक्ति' दुनिया के लिए भारत की पेशकश है, जहां विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे की तीव्र, बेहतर और किफायती योजना के लिए केंद्र और राज्य स्तर पर 1,600 से अधिक परतों में आंकड़े सुरक्षित किए गए हैं।

एयर प्यूरीफायर कंपनियों के दावों की जांच करेगी सरकार
 सरकार ने प्रदूषण को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच मंगलवार को एयर प्यूरीफायर कंपनियों के दावों की जांच के लिए बाजार पर निगरानी रखने की घोषणा की। यह कदम खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी के उस बयान के बाद उठाया गया है, जिसमें कुछ कंपनियों पर अपने उत्पादों के बारे में गलत दावा करने का आरोप लगाया गया था।

उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने कहा, हम बाजार निगरानी के जरिये यह देखेंगे कि कंपनियों के दावे सही हैं या नहीं। उन्होंने यह भी कहा, भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने इस मामले पर संज्ञान लिया है और वह एयर फिल्टर पर मौजूदा गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों के अनुपालन की जांच करेगा। जोशी ने विश्व मानक दिवस कार्यक्रम में कंपनियों की भ्रामक विपणन नीति पर चिंता जताई थी। उन्होंने ग्राहकों के बीच जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर बल देते हुए कहा था, एयर प्यूरीफायर को लेकर झूठे दावे किए जाते हैं। उन पर बहुत कुछ लिखा होता है, लेकिन कुछ नहीं होता। सिर्फ एक पंखा लगा होता है, फिर भी दावे किए जाते हैं। 

भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति का कार्यकाल बढ़ा

केंद्र ने भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की अवधि 4 अगस्त 2026 तक बढ़ा दी है। 1995 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के अधिकारी मृत्युंजय कुमार नारायण की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति 6 दिसंबर, 2024 तक थी, जिसे अब 4 अगस्त, 2026 तक या अगले आदेश तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है।
 

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रवीण वशिष्ठ को गृह मंत्रालय का विशेष सचिव बनाया गया

केंद्र सरकार ने 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रवीण वशिष्ठ को गृह मंत्रालय में विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) के पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी है। वह शिवगामी सुंदरी नंदा की जगह लेंगे, जो कि 31 दिसंबर 2024 को अपने पद से सेवानिवृत हो रही हैं। प्रवीण वशिष्ठ का कार्यकाल 31 जुलाई 2026 तक या अगले आदेश तक रहेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की सदस्यता नवीकृत की है। पीएम मोदी पार्टी के पहले सक्रिय सदस्य हैं। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में पीएम मोदी ने पार्टी सदस्यता के दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए।
 

गुजरात में पांच कामगारों की मौत

गुजरात के कच्छ जिले में मंगलवार देर रात एक कृषि प्रौद्योगिकी कंपनी में अपशिष्ट उपचार टैंक की सफाई करते समय दम घुटने से पांच कामगारों की मौत हो गई। सभी की उम्र करीब 30 वर्ष थी। पुलिस ने यह जानकारी दी। कच्छ (पूर्व)के पुलिस अधीक्षक सागर बगमार ने कहा कि घटना देर रात एक बजे हुई जब ये सभी कामगार कंपनी के अपशिष्ट उपचार संयंत्र की सफाई कर रहे थे। बगमार ने कहा, 'जब एक कामगार अपशिष्ट उपचार टैंक में सफाई करने के लिए उतरा तो वह बेहोश हो गया। दो अन्य कामगार उसे बचाने के लिए उसके अंदर उतरे लेकिन वे भी बेहोश हो गए। इसके बाद दो और कामगार टैंक के अंदर गए लेकिन सभी पांच कामगारों की मौत हो गई।'

उन्होंने कहा कि कांडला थाने में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। कांडला थाने से एक अधिकारी ने कहा कि घटना 'इमामी एग्रोटेक' कंपनी में हुई। कंपनी खाद्य तेल और जैव डीजल का उत्पादन करती है। पुलिस ने मृतकों की पहचान सिद्धार्थ तिवारी, अजमत खान, आशीष गुप्ता, आशीष कुमार और संजय ठाकुर के रूप में की है।

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा अधिकारी से गिरफ्तार
कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के एक ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा अधिकारी को मंगलवार शाम को राज्य सरकार द्वारा आयोजित 'दुर्गा पूजा कार्निवल' शो से गिरफ्तार कर लिया गया। दरअसल, उन्होंने कथित तौर पर आरजी कर अस्पताल की घटना को लेकर आंदोलन कर रहे डॉक्टरों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए एक संदेश वाली टी-शर्ट और बैज पहना था।

राज्य सरकार के कार्यक्रम के लिए तैनात केएमसी मेडिकल टीम का हिस्सा रहे डॉ. तपब्रत रॉय ने आरोप लगाया कि उन्हें पुलिस ने रेड रोड से हिरासत में लिया था। उन्होंने रिहा होने के बाद बताया, 'जब मैं रेड रेड पर ड्यूटी कर रहा था तो मुझे पुलिस ने नहीं बताया कि वह मुझे कहां ले रहे थे। उन्होंने मेरी कई तस्वीरें खींची। मैंने उन्हें अपनी आधिकारिक ड्यूटी पर्ची दिखाई थी, मुझे रेड रोड पर पोस्ट किया था। 

तपब्रत रॉय की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही उनके साथी चिकित्सकों सहित बड़ी संख्या में लोग मैदान पुलिस थाने पहुंचे और उनकी तत्काल रिहाई की मांग की। बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस ने उन्हें रिहा कर दिया। काले रंग की टी-शर्ट पहने रॉय ने कहा, 'मुझे निजी मुचलके पर रिहा किया गया।' तपब्रत रॉय ने काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर 'स्पाइन नॉट फॉर सेल' लिखा था। उन्होंने पिछले 11 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे जूनियर डॉक्टरों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए एक बैज भी पहन रखा था, जिस पर 'प्रोटिकी अनशन' यानी 'प्रतीकात्मक भूख हड़ताल' लिखा था।

केंद्र ने एफएम रेडियो नीलामी के लिए बोलियां आमंत्रित कीं
सरकार ने 234 शहरों में 730 निजी एफएम रेडियो चैनलों की ई-नीलामी के लिए बोलीदाताओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 नवंबर है। इन शहरों में एफएम चैनलों का वार्षिक लाइसेंस शुल्क जीएसटी को छोड़कर सकल राजस्व का 4 प्रतिशत लिया जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि इन शहरों में चैनलों की नीलामी के लिए आरक्षित मूल्य 2022 के लिए ट्राई की ओर से अनुशंसित कीमतों के अनुसार है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने निजी एफएम रेडियो नीति के तहत अगस्त में 234 नए शहरों में 730 चैनलों के लिए ई-नीलामी आयोजित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके लिए अनुमानित आरक्षित मूल्य 784.87 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया था। सरकार की ओर से कहा गया है कि इससे उन शहरों और कस्बों में एफएम रेडियो को बढ़ावा मिलेगा, जहां वर्तमान में निजी एफएम रेडियो प्रसारण की सुविधा नहीं है।

इंडिगो की रियाद-मुंबई फ्लाइट को सुरक्षा अलर्ट के बाद मस्कट हुई डायवर्ट

इंडिगो की रियाद-मुंबई फ्लाइट को आज सुरक्षा अलर्ट के बाद मस्कट की ओर डायवर्ट किया गया और विमान ने वहां सुरक्षित रूप से लैंडिंग की। एयरलाइन इंडिगो ने एक बयान में कहा कि विमान फिलहाल मस्कट में लैंड किया गया है। जानकारी के मुताबिक रियाद से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट 6E74 को सुरक्षा संबंधी अलर्ट के कारण मस्कट की ओर डायवर्ट किया गया। वहां लैंडिंग के बाद विमान को अलग कर दिया गया है और सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया है। इंडिगो ने कहा, हमारे परिचालन के सभी पहलुओं में हमारे ग्राहकों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोपरि है। हम संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और मानक परिचालन प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों में कई उड़ानों को धमकियां मिली थीं, जो झूठी निकलीं।

वक्फ विधेयक पर बोले एआईयूडीएफ प्रमुख 

वक्फ विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति के बारे में एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने कहा, इसके खिलाफ आवाजें उठ रही हैं और दुनिया भर में वक्फ संपत्तियों की सूची सामने आई है - संसद भवन, आसपास के क्षेत्र, वसंत विहार के आसपास के क्षेत्र से लेकर हवाई अड्डे तक वक्फ संपत्ति पर बने हैं। लोगों का यह भी कहना है कि हवाई अड्डा वक्फ संपत्ति पर बना है।
 

नेताजी की भतीजी रोमा रे का 95 वर्ष की आयु में निधन

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भतीजी रोमा डे का बुधवार को दक्षिण कोलकाता में मौजूद उनके आवास पर निधन हो गया। उनके परिवार ने बताया कि वे 95 वर्ष की थीं। उनके बेटे आशीष रे ने एक बयान में बताया कि वे अपने पीछे एक बेटा, दो बेटियां और पांच पोते-पोतियां छोड़ गई हैं। रोमा रे प्रख्यात बैरिस्टर और स्वतंत्रता सेनानी शरत चंद्र बोस की बेटी थीं। वे नेताजी की पत्नी एमिली शेंकल के भी बहुत करीब थीं, क्योंकि वे 1950 के दशक में वियना में रहती थीं, जहां एमिली शेंकल भी रहती थीं। रोमा रे को 1996 में जर्मनी में एमिली शेंकल के अंतिम संस्कार में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था। उनकी शादी प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सचिस रे से हुई थी।

तेलंगाना में नदी में गिरी कार, सात लोगों की मौत

तेलंगाना के मेडक जिले में एक कार के नदी में गिर जाने के कारण सात लोगों की मौत हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक हादसे के दौरान कार में तीन बच्चों के साथ कुल सात लोग सफर कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि शिवमपेट मंडल में सड़क के किनारे नदी में गिरने से पहले कार एक पेड़ से टकराई थी। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

मणिपुर: बंदूक की नोक पर बैंक से लाखों की डकैती

मणिपुर के काकचिंग में एक बैंक में करीब सात लाख के लूट की वारदात सामने आयी है। इस मामले में यूको बैंक के शाखा प्रबंधक लाम्यानबा युमनाम ने कहा, दोपहर में बैंक बंद होने के समय एक बदमाश बंदूक की नोक पर बैंक में घुसा, उसने कर्मचारियों और ग्राहकों के मोबाइल फोन छीन लिए। इस दौरान उसने 10 मिनट से भी कम समय में कैश काउंटर से 6 लाख 49 हजार रुपये की राशि लूट ली।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed