फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 16 November North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: मॉरीशस में भारत के नए राजदूत अनुराग श्रीवास्तव; डिलीवरी बॉय पर हमला करने का आरोप, पुलिसकर्मी निलंबित

Sat, 16 Nov 2024 11:49 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Sat, 16 Nov 2024 11:49 AM IST
विज्ञापन
News Updates 16 November North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के वार्ड नंबर 108 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद सुशांत घोष पर शुक्रवार शाम बाइक सवार दो लोगों ने हमला कर दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावरों में से एक ने करीब से उन पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन किसी कारणवश हथियार का ट्रिगर नहीं दबा, जिसके चलते गोली नहीं चली। उन्होंने बताया कि गोली चलाने में नाकाम रहने के बाद उसने बाइक से भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग निकला। स्थानीय लोगों की मदद से हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस हमलावर से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह संभवत: बिहार से आया था। वहीं, घोष ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई अंदाजा नहीं है कि हमले के पीछे कौन हो सकता है। 

विज्ञापन

तीर्थयात्रा शुरू होने से पहले सबरीमाला मंदिर पहुंचे हजारों श्रद्धालु 
वार्षिक मंडलम-मकरविलक्कू तीर्थयात्रा से एक दिन पहले हजारों श्रद्धालु सबरीमाला मंदिर पहुंचे। 41 दिवसीय यह तीर्थयात्रा आज यानी 16 नवंबर से शुरू होगी। तंत्रियों (मुख्य पुजारियों) कंडारारू राजीवरू और उनके बेटे कंडारारू ब्रह्मदाथन के नेतृत्व में मंदिर के कपाट शुक्रवार शाम 4 बजे खोले गए। अनुष्ठान का नेतृत्व 'मेलशांति' (मुख्य पुजारी) पीएन महेश नंबूथिरिरी ने किया। मंदिर के आसपास का क्षेत्र भक्तों की आवाज 'स्वामी शरणम अयप्पा' से गूंज उठा, क्योंकि भक्त पम्पा बेस कैंप से सबरीमाला तक पहाड़ी रास्ते पर यात्रा करने के लिए जुटे थे। हालांकि, शुक्रवार को कोई पूजा नहीं की गई। सूत्रों ने कहा कि सबरीमाला और मलिकप्पुरम मंदिरों के नए 'मेलशंथी' एस अरुणकुमार नंबूथिरी और टी वासुदेवन नंबूथिरी शनिवार को अपने-अपने मंदिर खोलेंगे।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

बाली यात्रा कटक उत्सव में 14 देशों के मिशन प्रमुखों ने लिया भाग
ओडिशा में 14 देशों के राजदूत, उच्चायुक्त, मिशन प्रमुख और उनके परिवारों के साथ-साथ कई अन्य राजनयिकों ने 'बाली यात्रा कटक उत्सव 2024' में भाग लिया। भारत की एक्ट ईस्ट नीति के एक दशक को मनाने के मौके पर, इस उत्सव में आसियान, बिम्सटेक और प्रशांत द्वीप देशों के सांस्कृतिक दलों द्वारा प्रदर्शन किया गया। इनकी भागीदारी से इस उत्सव को एक अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। 

विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) जयदीप मजूमदार ने ने बताया कि लगभग 14 देशों के मिशन प्रमुख दिल्ली से यहां आए हैं। यहां सभी के लिए बहुत अच्छे इंतजाम किए गए हैं। ओडिशा की संस्कृति, इतिहास, सभ्यता और दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ हमारे रिश्ते को बहुत अच्छे तरीके से समझाया गया। हम बाली यात्रा उत्सव में एक नाव से पहुंचे। 

 

विज्ञापन

पीएम मोदी ने देव दीपावली पर लोगों को दीं शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर नागरिकों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि श्रद्धा, भक्ति और दीप जलाने की पवित्र परंपरा से जुड़ा यह पावन अवसर सभी के जीवन को सुख, समृद्धि और सौभाग्य से रोशन करे।

भुवनेश्वर-झारसुगुड़ा हवाई अड्डों से शुरू होंगी नई उड़ानें
ओडिशा के मुख्यमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को बताया कि राज्य के आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए भुवनेश्वर और झारसुगुड़ा हवाई अड्डों से नई उड़ानें शुरू की जाएंगी। इन उड़ानों के शुरू होने से ओडिशा में कारोबार और पर्यटन को काफी मदद मिलेगी। सीएमओ ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से इंदौर, देहरादून, कोच्चि, जयपुर, लखनऊ और झारसुगुड़ा के वीर सुरेंद्र साई हवाई अड्डे से हैदराबाद, रायपुर, लखनऊ, मुंबई के लिए सीधी उड़ानें शुरू होंगी। सीएमओ ने कहा कि ओडिशा की नई गंतव्य नीति के तहत एयरलाइनों को भुवनेश्वर और झारसुगुड़ा से नई उड़ानें शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। इन उड़ानों से कृषि उत्पादों के परिवहन में भी मदद मिलेगी, जिससे राज्य में कृषि विकास को बढ़ावा मिलेगा। 

ओडिशा : यूनेस्को ने दी 24 तटीय गांवों को सुनामी से निपटने में तैयार रहने पर मान्यता
ओडिशा के 24 तटीय गांवों को यूनेस्को के अंतर-सरकारी समुद्र विज्ञान आयोग ने 'सुनामी रेडी यानी सुनामी के लिए तैयार के तौर मान्यता दी। यह एलान 11 नवंबर को इंडोनेशिया में आयोजित दूसरी वैश्विक सुनामी संगोष्ठी के दौरान किया गया। ये गांव राज्य के बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, पुरी और गंजम जिलों में हैं।

इसके अलावा, जगतसिंहपुर जिले के नोलियासाही और गंजाम जिले के वेंकटरायपुर गांव को 2020 में पहली बार मान्यता मिलने के बाद उनके प्रमाणपत्रों को नवीनीकरण किया गया। सुनामी रेडी की मान्यता मिलने के बाद इन 24 गांवों में प्रशिक्षण कार्यक्रम, समुदाय जागरूकता अभियान, सुनामी प्रबंधन योजना बनाना, मॉक ड्रिल, और सुरक्षित निकासी मार्ग तय करने जैसी कई गतिविधियां आयोजित की गईं। राष्ट्रीय सुनामी तैयारी मान्यता बोर्ड (एनटीआरबी) के सदस्यों सहित भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र के वैज्ञानिक और एनडीएमए के अधिकारियों ने सितंबर में 12 जरूरी मापदंडों के आधार पर इन तटीय गांवों का मूल्यांकन किया गया। इनके सत्यापन के लिए अधिकारियों ने इन गांवों का दौरा किया। एनटीआरबी के सदस्यों ने जरूरी मापदंडों के सत्यापन के बाद आईओसी-यूनेस्को को ओडिशा के इन 26 तटीय गांवों के समुदायों को सुनामी तैयार समुदायों के तौर पर मान्यता देने की सिफारिश की। सरकार ने राज्य के 381 गांवों को सुनामी के लिए संवेदनशील माना है। अधिकारियों ने कहा कि ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ओएसडीएमए) सभी सुनामी संवेदनशील बस्तियों के तटीय समुदायों को सुनामी के लिए तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है। 

एनसीबी ने जानकारी दी है कि, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने कोलकाता से गौतम मंडल नाम के एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया, जो एनसीबी कोलकाता की सीबीसीएस (ब्रांड नाम फेंसेडिल) की 14,998 बोतलों की जब्ती में वांछित था।
 

बदलापुर और अंबरनाथ स्टेशन के बीच रुकी दुरंतो एक्सप्रेस

मध्य रेलवे ने बताया कि हैदराबाद से मुंबई (एलटीटी) जाने वाली दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन बदलापुर और अंबरनाथ स्टेशन के बीच एक मवेशी के कुचल जाने के कारण रुकी हुई है। इस लाइन पर कुछ लोकल ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। रेलवे कर्मचारी मौके पर रेल यातायात को सामान्य करने के लिए काम कर रहे हैं।

डिलीवरी बॉय पर हमला करने के आरोप में पुलिस अधिकारी निलंबित

गुवाहाटी के पानबाजार पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को शहर में नियमित गश्त के दौरान डिलीवरी बॉय पर हमला करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। मामले में असम के डीजीपी जीपी सिंह ने कहा कि पानबाजार पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक भार्गव बोरबोरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और घटना की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक खाना डिलीवरी करने वाला बॉय, जो कॉटन यूनिवर्सिटी का छात्र भी है, कथित तौर पर शुक्रवार रात को गलती से नो-एंट्री जोन में घुस गया था और पुलिस अधिकारी ने उसके साथ मारपीट की, जिसका वीडियो वायरल हो गया। मामले में डीजीपी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'इंस्पेक्टर भार्गव बोरबोरा का व्यवहार अस्वीकार्य है। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा रहा है और विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।' डीजीपी ने गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दिगंत बोरा को तुरंत पुलिस स्टेशन में एक अन्य अधिकारी को तैनात करने का निर्देश दिया।

मॉरीशस में भारत के अगले राजदूत बने अनुराग श्रीवास्तव
अनुभवी राजनयिक अनुराग श्रीवास्तव को मॉरीशस में भारत का अगला उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। 1999 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के राजनयिक श्रीवास्तव वर्तमान में विदेश मंत्रालय (एमईए) के मुख्यालय में नेपाल-भूटान संभाग में संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत हैं। वे वर्तमान के नंदिनी सिंगला का स्थान लेंगे। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को एक संक्षिप्त बयान में कहा कि अनुराग श्रीवास्तव के जल्द ही कार्यभार संभालने की उम्मीद है। मार्च 2021 में नेपाल-भूटान संभाग में संयुक्त सचिव के रूप में अपनी नियुक्ति से पहले, उन्होंने लगभग एक साल तक विदेश मंत्रालय में प्रवक्ता के रूप में कार्य किया। अनुराग श्रीवास्तव ने सितंबर 2016 से फरवरी 2020 तक इथियोपिया और अफ्रीकी संघ में भारत के राजदूत के रूप में भी काम किया।

राजनयिक के रूप में अपने लगभग 25 साल के करियर में, उन्होंने विदेशों में कई भारतीय मिशनों में भी काम किया, जिसमें कोलंबो में नई दिल्ली के उच्चायोग में राजनीतिक विंग के प्रमुख के रूप में कार्य करना और जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में कार्य करना शामिल है। उन्होंने विदेश सेवा में शामिल होने से पहले इंजीनियरिंग और व्यवसाय प्रबंधन में डिग्री प्राप्त की और उसके बाद कॉर्पोरेट क्षेत्र में कुछ समय तक काम किया। उनके पास ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से राजनयिक अध्ययन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी है।

तमिलनाडु: फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान सिनेमा हॉल में फेंके पेट्रोल बम, कोई घायल नहीं
तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के एक सिनेमा हॉल में शनिवार को कुछ अज्ञात हमलावरों ने पेट्रोल बम फेंके, जब अभिनेता शिव कार्तिकेयन की जीवनी पर आधारित फिल्म अमरन की स्क्रीनिंग की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद हिंदू मुन्नानी (हिदू मोर्चा) के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया, जो घटना के बाद सिनेमा हॉल में घुस गए थे, लेकिन बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। 

एससीबीए ने सीजेआई को लिखा पत्र, संविधान दिवस पर समारोह आयोजित करने का आग्रह
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) ने शनिवार को मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) संजीव खन्ना को पत्र लिखकर 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर समारोह आयोजित करने का अनुरोध किया है। एससीबीए ने अपने पत्र में कहा कि वह पिछले पांच दशकों संविधान दिवस (जिसे पहले कानून दिवस कहा जाता था) मनाता आ रहा है, जिसमें कानूनी समुदाय के सदस्यों को सम्मानित किया जाता है। 

तेलंगाना: फोन टैपिंग मामले में पुलिस के समक्ष पेश हुए बीआरएस के पूर्व विधायक 
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के पूर्व विधायक जयपाल यादव फोन टैपिंग मामले की जांच से संबंधित समन के बाद शनिवार को हैदराबाद पुलिस के समक्ष पेश हुए। राज्य में पिछली बीआरएस सरकार के दौरान अवैध रूप से फोन टैपिंग के आरोपों की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाये जाने वाले यादव दूसरे पूर्व विधायक हैं।

यादव ने पूछताछ के बाद संवाददाताओं से कहा कि उन्हें मामले में शामिल पुलिस के एक अधिकारी के साथ फोन नंबर साझा करने के लिए एक नोटिस मिला था। उन्होंने पुलिस के सवालों के जवाब देने की पुष्टि की। बीआरएस के एक अन्य पूर्व विधायक चिरुमार्थी लिंगैया से 14 नवंबर को पूछताछ की गई थी, जिसके बाद यादव को सवालों के जवाब देने के लिए बुलाया गया। 

उदयपुर (राजस्थान): उपराष्ट्रपति बोले- आदिवासियों के धर्म-परिवर्तन की हो रही दुर्भावनापूर्ण कोशिश
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को कहा कि आदिवासियों को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराने की दुर्भावनापूर्ण कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, ‘आदिवासियों से मीठी-मीठी बातें करके, शुभचिंतक होने का दिखावा करके, लालच देकर उनकी आस्था बदलने की कोशिश की जा रही है। मैं इसे दुर्भावनापूर्ण प्रयास मानता हूं।’ उन्होंने कहा, ‘मैं देश में एक व्यवस्थित, षड्यंत्रकारी और प्रलोभन देने की प्रक्रिया देख रहा हूं जिस पर नियंत्रण लगाने की जरूरत है।’ धनखड़ उदयपुर में वनवासी कल्याण आश्रम विद्यालय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान होना चाहिए। उपराष्ट्रपति ने कहा, ‘हमारी सांस्कृतिक विरासत हमारी नींव है। जब नींव हिल जाती है, तो कोई भी इमारत सुरक्षित नहीं रहती।’

विदेशी संगठन को भारत में सर्वेक्षण के लिए केंद्र की अनुमति जरूरी: केरल उच्च न्यायालय
केरल उच्च न्यायालय ने कहा है कि यदि कोई विदेशी संगठन भारत में सर्वेक्षण करना चाहता है, तो उसके लिए केंद्र सरकार की अनुमति आवश्यक है। उच्च न्यायालय ने यह निर्णय तिरुवनंतपुरम में 2010 में सर्वेक्षण करने के लिए एक भारतीय कंपनी के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही रद्द करने संबंधी याचिका का निपटारा करते हुए दिया। पुलिस के अनुसार, इसका उद्देश्य ‘मुस्लिम समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना’ था। यह सर्वेक्षण भारतीय कंपनी- टेलर नेल्सन सोफ्रेस (टीएनएस) पीएलसी- द्वारा अमेरिका स्थित प्रिंसटन सर्वे रिसर्च एसोसिएट्स (पीएसआरए) के लिए किया गया था।

शिमला (हिमाचल प्रदेश): सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी को एआरटीआरएसी में संस्थागत प्रशिक्षण की जानकारी दी गई
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने शनिवार को यहां सेना प्रशिक्षण कमान (एआरटीआरएसी) का दौरा किया, जहां उन्हें देशभर में फैले सभी प्रशिक्षण संस्थानों में शामिल किए जा रहे संस्थागत प्रशिक्षण के विभिन्न सैद्धांतिक पहलुओं की जानकारी दी गई। यहां जारी एक बयान में कहा गया कि जनरल द्विवेदी ने सेना प्रशिक्षण कमान के सभी रैंक के कर्मियों को उत्कृष्टता के लिए प्रयास जारी रखने के वास्ते प्रेरित किया। उन्होंने भारतीय सेना को आधुनिक, प्रौद्योगिकी-संचालित, 'आत्मनिर्भर' और युद्ध के लिए तैयार बल में बदलने के लिए एआरटीआरएसी में वर्तमान में जारी नवीनतम तकनीकी प्रगति से जुड़ी कई प्रशिक्षण पहलों की सराहना की। जनरल द्विवेदी ने अपने दौरे के दौरान हिमाचल प्रदेश के भूतपूर्व सैन्यकर्मियों से बातचीत की तथा उन्हें सम्मानित भी किया।

सूरत में 1.5 करोड़ की कीमत के मेफेड्रोन के साथ पांच गिरफ्तार
सूरत में पुलिस ने दो अलग-अलग मामले में 1.5 करोड़ रुपये की कीमत के मेफेड्रोन के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूरत की अपराध शाखा की टीम ने हजीरा-सयान रोड पर मोटरसाइकिल पर सवार तामीर शेख (20) और शाहिद दीवान (19) के पास से 974 ग्राम मेफेड्रोन बरामद किया, जिसकी कीमत एक करोड़ रुपये है। एक अन्य मामले में तीन लोगों को 55 लाख रुपये की कीमत के 554 ग्राम मेफेड्रोन के साथ गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों की पहचान इरफाखान पठान, मोहम्मद रफीक और असफाक कुरैशी के रूप में हुई है। इन्होंने यह ड्रग मुंबई से खरीदी थी। अधिकारी ने बताया कि पांचों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

केरल: वार्षिक मंडला-मकरविलक्कू उत्सव शुरू, सबरीमाला में उमड़ी भक्तों की भीड़
केरल के सबरीमाला मंदिर में शुक्रवार को वार्षिक मंडला-मकरविलक्कू उत्सव के साथ तीर्थयात्रा भी शुरू हो गई। मंदिर के दरवाजे खुलने के बाद शनिवार को भगवान अयप्पा के दर्शनों के लिए हजारों भक्त यहां पहुंचे। इससे पहले, निवर्तमान मेलसंथी (मुख्य पुजारी) पीएन महेश नंबूथिरी ने मंदिर का गर्भगृह खोला। नवनियुक्त मेलसंथिस एस अरुण कुमार नंबूथिरी और वासुदेवन नंबूथिरी आधिकारिक तौर पर अब अयप्पा मंदिर और मलिकप्पुरम देवी मंदिर में अपनी भूमिका निभाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed