फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 14th July North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: प्रधानमंत्री से मिले मिजोरम के मुख्यमंत्री, राज्य के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर की चर्चा

Mon, 14 Jul 2025 03:09 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Mon, 14 Jul 2025 03:09 PM IST
विज्ञापन
News Updates 14th July North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

मिज़ोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक निवास पर उनसे मुलाकात की। यह बैठक सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक माहौल में हुई, जिसमें मिज़ोरम के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

विज्ञापन

बैठक में मुख्यमंत्री ने थेन्जॉल पीस सिटी प्रोजेक्ट, आइजॉल-थेन्जॉल मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने का अनुरोध और हैंडहोल्डिंग पॉलिसी के क्रियान्वयन की प्रगति जैसे अहम विषय उठाए। दोनों नेताओं ने म्यांमार के चिन हिल्स की स्थिति और उसके मिज़ोरम पर संभावित प्रभावों पर भी विचार-विमर्श किया।
विज्ञापन


लालदुहोमा ने आइजॉल में घरेलू उपभोक्ताओं तक पाइप्ड गैस कनेक्टिविटी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि इंड्रधनुष गैस ग्रिड लिमिटेड (आईजीजीएल) द्वारा 9,265 करोड़ रुपए की गैस पाइपलाइन परियोजना पर कार्य चल रहा है। मुख्यमंत्री ने समयबद्ध क्रियान्वयन की अपील की ताकि गैस सिलेंडरों पर निर्भरता कम हो सके।
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रधानमंत्री ने इस पर अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि मामित जिले के डिप्टी कमिश्नर पाइपलाइन के कार्य को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय कदम उठाएंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को हाल ही में पूरी हुई बैराबी-सैरांग रेलवे लाइन और नए सैरांग रेलवे स्टेशन के औपचारिक उद्घाटन के लिए आमंत्रित भी किया। प्रधानमंत्री ने इस निमंत्रण को स्वीकार किया और कहा कि यदि समयानुसार संभव हुआ तो वे स्वयं उद्घाटन करने आएंगे।

डॉ. अभिजात को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग का अध्यक्ष बनाया गया
केंद्र सरकार ने डॉ. अभिजात शेठ को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह डॉ. सुरेश गंगाधर का स्थान लेंगे। गंगाधर ने कुछ दिनों पहले ही स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। अभिजात राष्ट्रीय बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज में अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं। प्रो. शेठ मेडिकल परीक्षा व्यवस्था और गुणवत्ता सुधार के लिए वर्षों से काम करते रहे हैं।

बालासोर में स्कूल परिसर में आत्मदाह करने वाली छात्रा की हालत गंभीर, ICU में भर्ती
ओडिशा के बालासोर जिले के एक कॉलेज परिसर में आत्मदाह करने वाली छात्रा 90 से 95 फीसदी तक जल चुकी है। उसे एम्स भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया है। एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. आशुतोष बिस्वास ने बताया कि मरीज को बीते कल गंभीर हालत में लाया गया था। वह आईसीयू में है और लगभग 90-95 फीसदी जल चुकी है। उन्होंने बताया कि मरीज की हालत गंभीर है। हम उसे उच्चतम गुणवत्ता वाली देखभाल प्रदान करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। 

मणिपुर में जबरन वसूली के आरोप में दो उग्रवादी गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने मणिपुर में जबरन वसूली में कथित संलिप्तता के लिए दो प्रतिबंधित संगठनों के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पांबेई) के एक उग्रवादी को शनिवार को इंफाल पश्चिम जिले के मयांग इंफाल बेंगून माखा लेईकाई से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान खुल्लकपम अयाजुद्दीन (40) के रूप में हुई है और वह मयांग इम्फाल क्षेत्र में जबरन वसूली में शामिल था। प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (एमएफएल) के एक सक्रिय कार्यकर्ता को रविवार को इंफाल पूर्वी जिले के हप्ता कांगजेइबुंग क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान अथोकपम सुनील (43) के रूप में हुई है और वह व्यापारियों से जबरन वसूली करने में संलिप्त था।

दक्षिण कमान मुख्यालय पहुंचे सीडीएस जनरल अनिल चौहान
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने सोमवार को दक्षिणी कमान मुख्यालय का दौरा किया। उन्होंने दक्षिणी कमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ के साथ परिचालन चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य, परिचालन तैयारियों और रसद एवं प्रशासन के प्रमुख पहलुओं पर एक व्यापक संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। सीडीएस ने सैन्य टुकड़ियों द्वारा प्राप्त उच्च स्तर की व्यावसायिकता और परिचालन उत्कृष्टता की सराहना की और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हासिल किए गए अंतर-सेवा तालमेल की सराहना की। सीडीएस ने अस्थिर भू-राजनीतिक परिवेश में गैर-पारंपरिक और विषम खतरों से उत्पन्न बढ़ती चुनौतियों पर ज़ोर दिया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को ओडिशा की अपनी दो दिवसीय यात्रा शुरू करेंगी। इस दौरान वह एम्स भुवनेश्वर और कटक में रावेनशॉ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। वे सोमवार शाम को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भुवनेश्वर के पांचवें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। मंगलवार को वह कटक जाएंगी, जहां वह रेवेनशॉ विश्वविद्यालय के 13वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी और विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए प्रसिद्ध हस्तियों को मानद उपाधियां प्रदान करेंगी। राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भुवनेश्वर और कटक में राष्ट्रपति के दोनों कार्यक्रमों में शामिल होंगे। भुवनेश्वर-कटक पुलिस आयुक्तालय ने राष्ट्रपति की यात्रा के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

टीएमसी नेता की हत्या मामले में चार गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में तृणमूल कांग्रेस नेता रज्जाक खान की हत्या के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। टीएमसी नेता और कैनिंग पूर्व से विधायक सौकत मोल्ला के करीबी सहयोगी खान (38) की गुरुवार रात चल्तबेरिया इलाके में पार्टी की एक बैठक में शामिल होने के बाद घर लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि खान की हत्या के सिलसिले में रविवार को तृणमूल कांग्रेस से कथित तौर पर जुड़े एक व्यक्ति मोफज्जल मोल्ला को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसने तीन अन्य लोगों के नाम बताए, जिनकी पहचान अजहरुद्दीन मोल्ला, जहान अली खान और राजू मोल्ला के रूप में हुई है, जिन्हें रविवार देर रात बिजयगंज बाजार और चक मरीचा इलाकों में की गई छापेमारी में गिरफ्तार किया गया।

टीएमसी नेता की गोली मारकर हत्या
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में एक 42 वर्षीय तृणमूल कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने रविवार को बताया कि मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार तड़के कोमारपुर गांव में हुई। बंदूकधारी श्रीनिधिपुर पंचायत अध्यक्ष पीयूष घोष के आवास पर पहुंचे और उन्हें गोली मार दी। अधिकारी ने बताया कि एक गोली पास से मारी गई। उन्होंने बताया कि टीएमसी नेता का कोई करीबी इस हत्या में शामिल हो सकता है। पुलिस सभी संभावित व्यावसायिक विवादों की जांच कर रही है। 

अभिजात शेठ राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के नए अध्यक्ष
सरकार ने अभिजात शेठ को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह डॉ. बीएन गंगाधर का स्थान लेंगे। डॉ. गंगाधर ने पिछले अक्तूबर में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन बोर्ड (पीजीएमईबी) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एमके रमेश को मेडिकल असेसमेंट बोर्ड (एमएआरबी) का अध्यक्ष भी नियुक्त किया। 11 जुलाई को जारी आदेश में कहा गया कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसमें निम्नलिखित व्यक्तियों को पदभार ग्रहण करने की तिथि से चार वर्ष के लिए या 70 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक या अगले आदेश तक नीचे उल्लिखित पदों पर नियुक्त करने का प्रस्ताव है। वर्तमान में, डॉ. शेठ राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) के प्रमुख हैं। 

रिश्तों में मिठास की चाहत...यूनुस ने पीएम मोदी को भेजे आम
करीब एक साल से रिश्तों में चली आ रही तनातनी दूर करने की कोशिश में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने पीएम नरेंद्र मोदी को 1,000 किलो आम का तोहफा भेजा है। उच्च गुणवत्ता वाले हरिभंगा आम के जरिये रिश्तों में मिठास लाने के लिए पड़ोसी देश का यह उपहार सोमवार को नई दिल्ली पहुंचेगा। प. बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा को भी आम भेजे गए हैं। 

बंगलूरू में 15 और 16 जुलाई को होगी एआईसीसी की पिछड़ा वर्ग सलाहकार समिति की बैठक
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) की पिछड़ा वर्ग सलाहकार समिति की बैठक 15 और 16 जुलाई बंगलूरू में आयोजित की जाएगी। कर्नाटक कांग्रेस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस बैठक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार, विभिन्न राज्यों के पूर्व मुख्यमंत्री, वर्तमान और पूर्व मंत्री शामिल होंगे। बैठक 15 जुलाई को शाम पांच बजे केपीसीसी कार्यालय में और 16 जुलाई को सुबह 10 बजे होटल शंगरी-ला में आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी इस सलाहकार समिति के सदस्य हैं।

आंध्र प्रदेश के तिरुपति में खाली ट्रेन कोच में लगी आग
तिरुपति के तिरुपति रेलवे स्टेशन पर सोमवार को मेंटेनेंस के दौरान एक खाली ट्रेन कोच में आग लग गई, जिसे तुरंत बुझा दिया गया। रेलवे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

अधिकारी ने बताया, आग दोपहर करीब 2 बजे लगी और इस घटना में कोई जनहानि या जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने कहा, केवल एक कोच में दोपहर दो बजे के करीब आग लगी। इस पर बहुत जल्द काबू पा लिया गया। दमकल के वाहन तत्काल पहुंचे और आग बुझा दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि आग लगने के कारणों का पता जांच के बाद लगाया जाएगा। इसी बीच, दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) जोन की ओर से जारी बयान में ट्रेन का नाम हिसार-तिरुपति स्पेशल (ट्रेन नंबर 04717) बताया गया है।

नेशनल हेराल्ड धनशोध मामला: 29 जुलाई को फैसला सुनाएगी राउस एवेन्यू कोर्ट
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने नेशनल हेराल्ड धनशोधन मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा अन्य के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय की अभियोजन शिकायत पर सुनवाई पूरी कर ली है। अदालत 29 जुलाई को इस मामले में अपना फैसला सुनायेगी।

बालासोर मामला : पीड़िता के पिता ने कहा- बेटी को लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना दी जा रही थी
ओडिशा में बालासोर के एफएम (स्वायत्त) कॉलेज में आत्मदाह का प्रयास करने वाली छात्रा के पिता ने कॉलेज के एक संकाय सदस्य द्वारा बेटी को लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पिता ने कहा कि मेरी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया था। उसने हमें बताया था कि उसे बार-बार परेशान किया जा रहा था। उसे बंद कमरों में बुलाया जाता था, धमकाया जाता था और शिक्षकों के सामने अपमानित किया जाता था। ऐसा क्या हुआ होगा, जिसने उसे इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया? उस कॉलेज के कमरे के अंदर जरूर कुछ गंभीर हुआ था।

पिता ने यह भी दावा किया कि अन्य छात्राओं को भी उसी शिक्षक से इसी तरह के उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि दो अन्य छात्राओं ने भी शिक्षक के खिलाफ शिकायत की है। अधिकारियों के पास कई शिकायतें हैं। फिर भी कोई कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई।

मानसून सत्र में लोकसभा सदस्यों के लिए उपस्थिति दर्ज कराने की नई व्यवस्था लागू होगी
लोकसभा आगामी मानसून सत्र से अपने सदस्यों के लिए उपस्थिति दर्ज कराने की नई व्यवस्था शुरू करने जा रही है, जिसके तहत वे लॉबी में जाकर नहीं, बल्कि अपनी आवंटित सीट पर ही उपस्थिति दर्ज करा सकेंगे। 

सूत्रों ने बताया कि कई बार ऐसा भी हुआ है कि कुछ सांसद सदन की कार्यवाही में हिस्सा लिए बिना ही अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर चले जाते हैं। हालांकि लॉबी में उपस्थिति रजिस्टर की व्यवस्था कुछ समय जारी रहेगी, ताकि सांसदों को अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली से परिचित होने का समय मिल जाए।

 गौरतलब है कि मंत्रियों और नेता प्रतिपक्ष को अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए हस्ताक्षर करने की आवश्यकता नहीं है। संसद सत्रों के दौरान अपने दैनिक भत्ते प्राप्त करने के लिए सदस्यों को अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होती है। संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होकर 21 अगस्त तक चलेगा।
 

कोलकाता: संदीप घोष और  अन्य के खिलाफ आरोप तय करने के आदेश
विशेष सीबीआई कोर्ट ने सोमवार को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष और चार अन्य के खिलाफ आर्थिक अनियमितताओं के मामले में आरोप तय किए। संदीप घोष उस समय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य थे, जब नौ अगस्त को कॉलेज के परिसर में ड्यूटी पर तैनात एक महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना हुई थी।

दुष्कर्म और हत्या के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों के बीच सीबीआई ने संदीप घोष को आर्थिक अनियमितताओं के मामले में गिरफ्तार किया था। विशेष कोर्ट ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत संदीप घोष, अफसार अली, बिप्लब सिंह, सुमन हाजरा और अशीष पांडे के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया। अदालत ने कहा कि इस मामले की सुनवाई 22 जुलाई से शुरू होगी। कलकत्ता हाई कोर्ट ने 23 अगस्त को कथित आर्थिक अनियमितताओं की जांच को राज्य द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) से सीबीआई को स्थानांतरित कर दिया था।  

कुलपतियों की नियुक्ति मामले में राज्यपाल को झटका, केरल हाईकोर्ट से रिट याचिकाएं खारिज
केरल के राज्यपाल को राज्य के दो विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्ति के मामले में बड़ा झटका लगा है। सोमवार को केरल के जस्टिस अनिल के. नरेंद्रन और जस्टिस पीवी बालकृष्णन की खंडपीठ ने एकल पीठ के फैसले को चुनौती देने वाली रिट याचिकाओं को खारिज कर दिया। राज्यपाल राज्य के प्रमुख विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति भी हैं।
19 मई, 2025 को हाईकोर्ट की एकल पीठ ने एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और केरल डिजिटल विश्वविद्यालय में कुलपतियों की अस्थायी नियुक्तियों को रद्द कर दिया था। एकल पीठ ने अपने फैसले में कहा था कि राज्यपाल की ओर से कुलपतियों की नियुक्तियों में उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था। राज्यपाल और अन्य ने एकल पीठ के इस फैसले को हाईकोर्ट की डबल बेंच में चुनौती दी थी।

राज्य सरकार ने नियुक्तियों को दी थी चुनौती
राज्यपाल ने 27 नवंबर, 2024 को सिजा थॉमस को केरल डिजिटल विश्वविद्यालय और के. शिवप्रसाद को एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया था। इसके बाद केरल की वाम सरकार ने इन नियुक्तियों को हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए तर्क दिया था कि राज्यपाल ने कानून में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया।

 गुजरात में उफनते पुल में कार बही, दो लोग डूबे
गुजरात के बोटाद जिले के गोधावता गांव के निकट एक कार के उफनते पुल में बह जाने से एक बच्चा और एक बुजुर्ग व्यक्ति डूब गए। जबकि एक अन्य व्यक्ति लापता हो गया। अधिकारियों ने बताया कि जब कार जिले के बोचासन से सलंगपुर जा रही थी। सात यात्रियों को लेकर जा रही कार उफनते पुल से गुजर रही थी, तभी पानी का तेज बहाव होने के कारण वह बह गई। सूचना पर पुलिस और स्थानीय तालुका स्तर के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और बोटाड अग्निशमन दल ने राहत अभियान चलाया। एसडीएम ने बताया कि चार लोग तैरकर सुरक्षित निकलने में सफल रहे, जबकि दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

वार्ड सदस्य और उनकी मां ने फांसी लगाकर दी जान
केरल में एक ग्राम पंचायत के वार्ड सदस्य और उनकी वृद्ध मां ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक अरुण (42) और उनकी मां वल्साला (71) के शव सोमवार सुबह कडक्कवूर पुलिस थाना क्षेत्र के वक्कोम गांव में उनके घर के पीछे एक शेड में लटके पाए गए। अरुण वक्कोम ग्राम पंचायत के वार्ड सदस्य के रूप में कार्यरत थे। पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला है और उनके इस कदम के कारण का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed