Updates: CJI को बदनाम करने का आरोप, बंगाल के युवक पर केस; स्कूल में चाकू लाया छात्र, हमले का बदला लेने वाला था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को झारखंड के लाखों लोगों को आवास की सौगात देंगे। वह ग्रामीण क्षेत्र के लाखों लाभार्थियों को पीएम आवास योजना की पहली किस्त जारी करेंगे। इसके अलावा 26 लाख लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी जमशेदपुर में होगा। ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पीएम आवास योजना (पीएमएवाई) के लाखों लाभार्थियों को 2,745 करोड़ रुपये की किस्त जारी करेंगे। इस दौरान वे लाभार्थियों से बातचीत करेंगे। झारखंड में लगभग 10 लाख लाभार्थियों को पहली किस्त मिलेगी। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए सभी लक्षित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जाएंगे। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग हिस्सा लेंगे और लाखों लोग इससे ऑनलाइन जुड़ेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को उन राज्यों के एआईसीसी पर्यवेक्षकों के साथ बैठक की जहां जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं और पार्टी की चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में कांग्रेस के संगठन प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और झारखंड के पर्यवेक्षकों ने नेतृत्व के साथ अपनी प्रतिक्रिया साझा की। जहां हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही है, वहीं झारखंड और महाराष्ट्र में इस साल के अंत में चुनाव होने हैं। कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एआईसीसी पर्यवेक्षकों की बैठक में अपने विचार व्यक्त किए।
प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ को बदनाम करने के आरोप में मामला दर्ज
प्रधान न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें फैलान के आरोप में पश्चिम बंगाल में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने कहा कि फर्जी खबरें जानबूझकर भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश को बदनाम करने और सुप्रीम कोर्ट की गरिमा पर हमला करने के लिए सोशल मीडिया पर वायरल की गईं। इसका उद्देश्य अविश्वास को उकसाना और सार्वजनिक शांति को भंग करना है।
कृष्णगंज थाने के फुलबारी निवासी सुजीत हलदर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पश्चिम बंगाल पुलिस ने भी लोगों से फर्जी खबरें नहीं फैलाने का आग्रह किया।
घूसखोरी में आईसीडी के डिप्टी कमिश्नर समेत पांच गिरफ्तार
सीबीआई ने घूसखोरी में दिल्ली के तुगलकाबाद के इनलैंड कंटेनर डिपो (आईसीडी) के उपायुक्त ओम प्रकाश बिष्ट, अधीक्षक अमित कुमार, चपरासी बिजेंद्र कुमार के अलावा कस्टम हाउस एजेंट अशोक यादव व उसके कर्मचारी रविकांत मिश्रा को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने दिल्ली, मुंबई, फरीदाबाद, गुरुग्राम, रायगढ़ और किन्नौर (हिमाचल प्रदेश) में आरोपियों से संबंधित नौ स्थानों पर तलाशी ली, जिसमें कई दस्तावेज व करीब 19.25 लाख रुपये नकद बरामद किए। सीबीआई प्रवक्ता ने कहा, जांच एजेंसी ने एफआईआर में सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। रिश्वत की रकम चपरासी बिजेंद्र कुमार ने बैंक खाते में ली और उसके बाद बिष्ट को दे दी।
भाजपा ने आठ दिनों में बनाए दो करोड़ सदस्य
भाजपा ने 2 सितंबर से शुरू हुए सदस्यता अभियान के तहत महज आठ दिनों में दो करोड़ सदस्य बनाए हैं। पीएम मोदी को प्रथम सदस्य बनाने के साथ शुरू हुए इस अभियान में सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश में 50 लाख से अधिक सदस्य बने हैं। मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गृह मंत्री अमित शाह और संगठन महासचिव बीएल संतोष के साथ इस अभियान पर समीक्षा बैठक की। इसके तहत उत्तर प्रदेश, बिहार समेत नौ राज्यों में जारी सदस्यता अभियान की समीक्षा की गई।
अभियान के राष्ट्रीय संयोजक और पार्टी महासचिव विनोद तावड़े ने बताया कि समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात और राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, सदस्यता प्रमुख, सदस्यता टोली के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में तय किया गया कि जिस प्रकार महज आठ दिनों में सफलतापूर्वक दो करोड़ से अधिक सदस्य बनाए गए हैं, उसे गंभीरता से जारी रखा जाना चाहिए।
हमले का बदला लेने के लिए स्कूल बैग में चाकू लेकर आया छात्र, शिक्षक ने पकड़ा
तमिलनाडु के एक स्कूल में अपने सहपाठी से हमले का बदला लेने के लिए एक छात्र बैग में चाकू लेकर आया। शिक्षक ने उसके बैग में चाकू देखा। बैग में चाकू मिलने के बाद छात्र को एक कमरे में ले जाया गया। स्कूल के प्रधानाध्यापक ने छात्र से पूछताछ की। छात्र ने बताया कि 10 सितंबर को उसके एक सहपाठी ने उस पर हमला किया था। उसने हमले का बदला लेने का फैसला लिया। जिस लड़के ने छात्र पर हमला किया था, उसकी मदद करने वाले दोस्त को बुलाकर भी पूछताछ की गई। बाद में स्कूल ने तीनों छात्रों को किशोर न्याय अधिकारियों के समक्ष पेश करने का फैसला किया। पिछले महीने तिरुनेलवेली में ही तीन स्कूली छात्र अपने शिक्षक पर हमला करने के लिए स्कूल में चाकू लेकर आए थे और इससे हंगामा मच गया था। बाद में तीनों को पलायमकोट्टई सरकारी निगरानी गृह में रखा गया था।