Updates: राहुल गांधी ने यूपी सरकार पर लगाए आरोप; CM रेड्डी बोले- KCR परिवार को कांग्रेस नहीं मिलेगा प्रवेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुंभ मेले के दौरान हुई भगदड़ में मरने वालों की संख्या को दबाया है। उन्होंने भाजपा पर जवाबदेही से भागने का भी आरोप लगाया। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बीबीसी की रिपोर्ट बताती है कि कुंभ मेले की भगदड़ में हुई मौतों के आंकड़े छुपाए गए। जैसे कोविड में गरीबों की लाशें आंकड़ों से मिटा दी गई थी। जैसे हर बड़े रेल हादसे के बाद सच्चाई दबा दी जाती है। यही तो बीजेपी मॉडल है - गरीबों की गिनती नहीं, तो जिम्मेदारी भी नहीं! राहुल गांधी ने इस ट्वीट के सहारे एक बार फिर से जाति गणना की बात कही है। वह लगातार आर्थिक और जातिगत गणना की बात करते आ रहे हैं। बता दें कि राहुल गांधी इस समय लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं।
असम- हिंदू विरोधी पोस्ट करने पर दो गिरफ्तार
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि हिंदू विरोधी तत्व होने के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक इस तरह की गिरफ्तारियों की कुल संख्या 92 हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने लखीमपुर से सबिकुल इस्लाम को सोशल मीडिया पर कथित रूप से सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील पोस्ट करने के लिए और दुलाल बोरा को भगवान कृष्ण और रुक्मिणी पर अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए गिरफ्तार किया है। हिंदू विरोधी तत्व पकड़े गए। कार्रवाई जारी है। कुल 92 अपराधी सलाखों के पीछे हैं। देशद्रोहियों पर राज्यव्यापी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
मणिपुर में कोविड का पहला मामला सामने आया
मणिपुर में मौजूदा लहर में कोरोना का पहला मामला सामने आया है। 23 वर्षीय एक युवती कोविड-19 से संक्रमित पाई गई है। मणिपुर स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. चाम्बो गोनमेई ने बताया कि युवती बिष्णुपुर जिले की रहने वाली है और उसमें कोविड जैसे लक्षण विकसित हुए थे। उन्होंने कहा कि इंफाल के एक निजी क्लीनिक में उसके नमूनों की जांच की गई और परिणाम सकारात्मक आए। स्वास्थ्य सेवा निदेशक ने बताया कि परीक्षण 5 जून को किए गए थे और परिणाम सोमवार को आए। हमें अभी तक मरीज से इतिहास की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
छह अगस्त को एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हों राहुल गांधी- झारखंड हाईकोर्ट
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के सिलसिले में झारखंड उच्च न्यायालय ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी को एमपी-एमएलए अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है। अदालत ने इसके लिए छह अगस्त की तारीख मुकर्रर की है।
गौरतलब है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 2 जून को विशेष अदालत के आदेश को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय का रुख किया था, जिसमें उन्हें 26 जून को अदालत के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया था।
बता दें कि राहुल गांधी के खिलाफ प्रताप कुमार ने 2018 में चाईबासा में आयोजित एक रैली में भाजपा नेताओं के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक बयान देने के लिए मानहानि का मामला दर्ज कराया है। कुमार ने चाईबासा में मजिस्ट्रेट की अदालत में दायर अपनी याचिका में कहा था कि गांधी के बयान मानहानिकारक हैं और शाह की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए जानबूझकर ऐसा किया गया है।
सोहरा के लोगों ने निकाली शांति रैली, हत्या की निंदा की
राजा रघुवंशी हत्याकांड में सोनम सहित पांच लोगों की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को मेघालय पर्यटन विभाग ने सोहरा में स्थानीय लोगों के साथ एक शांति रैली निकाली। सैकड़ों लोगों ने राजा रघुवंशी की हत्या की निंदा की और शोक संतप्त परिवार के लिए अपनी एकजुटता दिखाई। इस दौरान लोगों हाथों में प्ले-कार्ड लिए हुए थे, जिसमें लिखा था कि सोहरा सुरक्षित है। गलत सूचना पर विश्वास नहीं करें। रैली में विधायक और समाज के अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।
लोगों ने जांच दल के प्रयासों की सराहना की। कहा कि इस घटना ने स्थानीय लोगों को भी काफी परेशान कर दिया था। घटना के बाद कई तरह सोहरा को लेकर काफी बदनामी झेलनी पड़ी। अब जबकि कुछ परतें खुल रही हैं, पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है तो यह साफ हो गया है कि सोहरा किसी पर्यटक के लिख असुरक्षित नहीं है। स्थानीय लोगों ने कहा, आप सभी सोहरा आइए, सोहरा सभी के लिए सुरक्षित है।
एनएसजी ने राम मंदिर समेत 50 प्रतिष्ठानों का बनाया 3डी नक्शा
राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) ने अयोध्या के राम मंदिर, जम्मू के माता वैष्णो देवी मंदिर, दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर और परमाणु ऊर्जा संयंत्रों समेत देश के 50 संवेदनशील प्रतिष्ठानों का त्रिआयामी (3डी) नक्शा तैयार किया है। आतंकी या अन्य हमलों की स्थिति में त्वरित कार्रवाई शुरू करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
एनएसजी के महानिदेशक (डीजी) भृगु श्रीनिवासन ने कहा, हमने देशभर में विभिन्न संवेदनशील ठिकानों की पहचान की है। इसमें 17 धार्मिक स्थल, 21 परमाणु सुविधाएं और 14 अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठान शामिल हैं। इन स्थलों की 3डी मैपिंग की जा रही है। श्रीनिवासन ने कहा, बल के ब्लैक कैट कमांडो फोर्स ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बम का पता लगाने और उसे निष्क्रिय करने वाली टीमों ने जम्मू हवाईअड्डे पर एक विस्फोटक पेलोड ले जाने वाले ड्रोन को निष्क्रिय कर दिया था। श्रीनिवासन 23वें अंतरराष्ट्रीय एनएसजी सेमिनार के उद्घाटन के दौरान बोल रहे थे। इस सत्र का विषय आतंकवादी खतरों का मुकाबला करने और आधुनिक आतंकवाद की जटिलताओं से निपटने के लिए नवाचार और सहयोग को बढ़ावा देना था।
भाजपा ने अपने केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ पार्टी नेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए मैदान में उतारा। इन लोगों ने मंगलवार को देशभर में राज्य मुख्यालयों और जिला मुख्यालयों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने एक बयान में कहा कि केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मोदी सरकार की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की नीतियों पर देश भर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की और बताया कि पिछले 11 वर्षों में कैसे सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी विकास की अवधारणा को जमीन पर लागू किया गया है। इन्होंने यह भी बताया कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ मोदी सरकार की ओर से शुरू किए गए विकास कार्य किस प्रकार आगे बढ़े हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को संत कबीरदास को जयंती पर नमन किया। एक्स पर पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि सामाजिक समरसता के प्रति आजीवन समर्पित रहे संत कबीरदास जी को उनकी जयंती पर मेरा कोटि-कोटि नमन। उनके दोहों में जहां शब्दों की सरलता है, वहीं भावों की प्रगाढ़ता भी है। इसलिए आज भी भारतीय जनमानस पर उनका गहरा प्रभाव है। समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने में उनके योगदान को हमेशा श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाएगा।
कर्नाटक हाई कोर्ट की जस्टिस पेरुगु सुधा ने बुधवार को शपथ ली। राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने उन्हें शपथ दिलाई। कार्यक्रम में कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने भी हिस्सा लिया।
Karnataka CM Siddaramaiah participated in the oath-taking ceremony of Karnataka High Court Justice Perugu Sri Sudha. Governor Thawar Chand Gehlot administered the oath.
— ANI (@ANI) June 11, 2025
(Pic: CMO) pic.twitter.com/NSCz8fS03K
केरल उच्च न्यायालय ने पिछले साल वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में उनके निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से जवाब मांगा है। न्यायमूर्ति के बाबू ने वाड्रा को उनकी तत्कालीन प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार नव्या हरिदास की याचिका पर नोटिस जारी किया। हरिदास ने दावा किया था कि कांग्रेस नेता ने नामांकन पत्र में अपनी और अपने परिवार की संपत्ति का सही खुलासा नहीं किया है और गलत जानकारी दी है। यह आदर्श आचार संहिता के खिलाफ है और भ्रष्ट आचरण है। हरिदास ने बताया कि अदालत ने याचिका स्वीकार कर ली है और कांग्रेस नेता को नोटिस जारी कर मामले में उनका जवाब मांगा गया है। उन्होंने कहा कि याचिका पर अगली सुनवाई अगस्त में होगी।
पुरी में भगवान जगन्नाथ की स्नान यात्रा निकाली गई। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा से पहले स्नान उत्सव में शामिल हुए। स्नान यात्रा वार्षिक रथ यात्रा उत्सव की शुरुआत का प्रतीक एक महत्वपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम है। सहोदर देवता- भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ के औपचारिक स्नान अनुष्ठान को स्नान उस्तव के नाम से जाना जाता है।
कालेश्वरम परियोजना मामले में KCR की पेशी
हैदराबाद में बीआरएस पार्टी प्रमुख और तेलंगाना के पूर्व सीएम केसीआर के कलेश्वरम परियोजना में कथित अनियमितताओं के संबंध में पीसी घोष आयोग के समक्ष पेश होगी। इसके चलते बीआरएस भवन में पुलिस बल तैनात किया गया है। हाल ही में बीआरएस विधायक और पूर्व सिंचाई मंत्री हरीश राव घोष आयोग के समक्ष पेश हुए थे। इसके अलावा, भाजपा सांसद इटेला राजेंद्र भी आयोग के समक्ष पेश हुए हैं।
तेलंगाना उच्च न्यायालय ने बुधवार को ओबुलापुरम माइनिंग कंपनी (ओएमसी) के अवैध लौह अयस्क खनन मामले में कर्नाटक के पूर्व मंत्री गली जनार्दन रेड्डी को दी गई सजा और दोषसिद्धि को निलंबित कर दिया। कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। हाईकोर्ट ने मामले में रेड्डी के साथ दोषी ठहराए गए तीन अन्य लोगों की जमानत याचिका भी स्वीकार कर ली। विशेष सीबीआई अदालत ने छह मई को जनार्दन रेड्डी और उनके बहनोई तथा ओएमसी के प्रबंध निदेशक बीवी श्रीनिवास रेड्डी, तत्कालीन खान एवं भूविज्ञान निदेशक (आंध्र प्रदेश सरकार) वीडी राजगोपाल और जनार्दन रेड्डी के सहायक महफूज अली खान सहित तीन अन्य को मामले में दोषी ठहराया था और उन्हें सात वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। पूर्व मंत्री और अन्य ने सजा को निलंबित करने तथा जमानत देने की मांग करते हुए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। अदालत ने उनकी सजा को निलंबित करते हुए उन्हें 10-10 लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की दो जमानतों पर जमानत दे दी। उन्हें अदालत की पूर्व अनुमति के बिना देश न छोड़ने का निर्देश दिया गया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मतदाता आंकड़ों में हेराफेरी के आरोपों के बीच कहा कि भारत में मतदाता सूची तैयार करना दुनिया की सबसे कठोर और पारदर्शी प्रक्रियाओं में से एक है। मंगलवार को स्टॉकहोम में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि मतदाता सूची को कानून के अनुसार हर साल संशोधन के दौरान और चुनावों से पहले मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय दलों के साथ साझा किया जाता है। ऐसा 1960 से हो रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची तैयार करना विश्व के सबसे कठोर एवं पारदर्शी कार्यों में से एक है, जो निर्वाचन प्रक्रिया की सटीकता एवं अखंडता को मजबूत करता है।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने बुधवार को कांग्रेस की तरफ से बीआरएस प्रमुख के चंद्रशेखर राव के परिवार के किसी भी सदस्य को पार्टी में शामिल करने की संभावना को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया और उन्हें राज्य का दुश्मन बताया, क्योंकि केसीआर परिवार में अंदरूनी कलह सार्वजनिक रूप से सामने आ रही है। मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, 'केसीआर परिवार के सदस्यों को कांग्रेस में प्रवेश नहीं मिलेगा। जब तक रेवंत रेड्डी हैं, उन्हें अनुमति नहीं दी जाएगी। पार्टी में उनके लिए कोई जगह नहीं है।'
सीएम रेड्डी का यह बयान केसीआर परिवार में गहराते कलह की पृष्ठभूमि में आया है, जो राजनीतिक क्षेत्र में भी फैल गया है, जिससे भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) में अशांति फैल गई है, जिसे 10 साल के शासन के बाद दिसंबर 2023 में राज्य की सत्ता से बाहर कर दिया गया था। केसीआर की बेटी के कविता ने राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं व्यक्त की हैं और सामाजिक न्याय तथा पार्टी की आंतरिक गतिशीलता के बारे में चिंता जताई है, जिससे बीआरएस के प्रथम परिवार में दरारें उजागर हुई हैं।
पारिवारिक दरार को खारिज करते हुए रेड्डी ने इसे राज्य की राजनीति में प्रासंगिक बने रहने का एक हताश प्रयास बताया। उन्होंने कहा, केसीआर परिवार में दरार कुछ और नहीं बल्कि राज्य में पार्टी की प्रासंगिकता खोने के कारण जनता का ध्यान खींचने का प्रयास है। उन्होंने स्थिति को स्पष्ट करने के लिए तेलुगु फिल्म 'असेंबली राउडी' के साथ तुलना की।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने फ्रांस दूतावास के वीजा विभाग में स्थानीय विधि अधिकारी, उसके पिता, भाई और पत्नी, दो वीजा एजेंटों और दो बिचौलियों समेत आठ आरोपियों के खिलाफ नई दिल्ली स्थित सीबीआई कोर्ट में फ्रांसीसी दूतावास वीजा धोखाधड़ी मामले में आरोपपत्र दाखिल किया है। वीजा एजेंटों का एक नेटवर्क, जो ज्यादातर पंजाब में स्थित है, प्रत्येक वीजा आवेदक से 13 लाख रुपये से लेकर 45 लाख रुपये तक की राशि प्राप्त करता है और इन बड़ी रकमों के बदले में, आरोपियों की तरफ से वीजा आवेदनों को संसाधित किया जाता था और शेंगेन वीजा जारी करने के बाद, आरोपियों ने वीजा दस्तावेजों और फाइलों को नष्ट कर दिया।
पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने दक्षिण 24 परगना के रवींद्र नगर में हुई हिंसा को लेकर डीजीपी से मिलने के लिए कोलकाता में राज्य पुलिस मुख्यालय, भबानी भवन तक मार्च किया।
#WATCH | West Bengal: Led by LoP Suvendu Adhikari, BJP MLAs march to State Police Headquarters, Bhabani Bhawan in Kolkata to meet the DGP over violence in Rabindra Nagar, South 24 Parganas. pic.twitter.com/dwje521pQg
— ANI (@ANI) June 11, 2025
हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है- शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है। महेशतला, मेटियाब्रुज, रवींद्र नगर पुलिस क्षेत्र में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है। हिंदुओं की दुकानों और घरों को लूटा गया। कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्हें पुलिस बलों और हिंदुओं को बचाने के लिए अर्धसैनिक बलों को तैनात करना चाहिए। ममता बनर्जी के नेतृत्व में बंगाल में आम पुलिस बल और हिंदू सुरक्षित नहीं हैं। कल हम विधानसभा में जोरदार तरीके से अपनी आवाज उठाएंगे, हम कलकत्ता उच्च न्यायालय की विशेष पीठ के समक्ष याचिका दायर करेंगे।'
#WATCH | Kolkata: West Bengal LoP Suvendu Adhikari says, "Hindus are being tortured. Hindus are tortured in Maheshtala, Metiabruz, Rabindra Nagar Police area. Hindu shops and houses were looted. Several Police personnel also got injured. Several cars were vandalised. But Police… https://t.co/4ghYrdjrzK pic.twitter.com/vbXx9ErfTP
— ANI (@ANI) June 11, 2025
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना के रवींद्र नगर में आज पुलिस और उपद्रवियों के बीच हुई झड़प के बाद भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। वहीं राज्य के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि रवींद्र नगर पुलिस स्टेशन के पास मेटियाब्रुज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर 7, महेशतला में एक शिव मंदिर में तोड़फोड़ की गई।
#WATCH | West Bengal: Aftermath of a clash that broke out between Police and miscreants in Rabindra Nagar, South 24 Parganas today.
— ANI (@ANI) June 11, 2025
State LoP and other BJP leaders in the state allege that a Shiva Temple was vandalised in Ward No. 7, Maheshtala, under Metiabruz Assembly… pic.twitter.com/rftlzx3ERd
आध्यात्मिक गुरु मोरारी बापू की पत्नी नर्मदाबा का बुधवार को गुजरात के भावनगर जिले के तलगाजर्दा गांव में उनके आवास पर निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी, वह 79 वर्ष की थीं। मोरारी बापू के एक करीबी सहयोगी ने बताया, 'नर्मदाबा कुछ समय से अस्वस्थ थीं। बुधवार की सुबह तलगाजर्दा स्थित उनके आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। सुबह उन्हें समाधि दी गई।' उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोपहर में मोरारी बापू से फोन पर बात की और संवेदना व्यक्त की। मोरारी बापू रामकथा के प्रसिद्ध कथावाचक हैं। वह रामचरितमानस के व्याख्याता हैं।
तमिलनाडु में विरुधुनगर जिले में एक मंदिर उत्सव में भोजन करने के बाद मदुरै में संदिग्ध फूड प्वाइजनिंग के कारण 85 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत स्थिर है। कुछ अन्य लोगों को विरुधुनगर के कई अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मदुरै सरकारी राजाजी अस्पताल के डीन ने बताया कि स्वास्थ्य अधिकारी वर्तमान में घटना की जांच कर रहे हैं।
भारत ने आसियान के नेतृत्व वाले दो प्रमुख तंत्रों की बैठकों में पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर राज्य प्रायोजित आतंकवाद से उत्पन्न खतरे के बारे में गंभीर चिंता व्यक्त की और रेखांकित किया कि ऑपरेशन सिंदूर नपी-तुली, गैर-बढ़ाने वाली, आनुपातिक और जिम्मेदाराना थी। सचिव (पूर्व) पी कुमारन ने 10 जून को आयोजित पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक (ईएएस एसओएम) और 11 जून को मलेशिया के पेनांग में आयोजित आसियान क्षेत्रीय मंच वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक (एआरएफ एसओएम) में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
मलेशिया वर्तमान में आसियान की अध्यक्षता कर रहा है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 'सचिव (पूर्व) ने क्षेत्र में आपसी विश्वास और समझ को बढ़ावा देने के लिए उभरते क्षेत्रीय ढांचे में आसियान के नेतृत्व वाले तंत्रों और विशेष रूप से एआरएफ और ईएएस की भूमिका की सराहना की। उन्होंने भारतीय संघ शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में हुए जघन्य आतंकी हमले के मद्देनजर राज्य प्रायोजित आतंकवाद से उत्पन्न खतरे के बारे में भारत की गंभीर चिंताओं को साझा किया।' 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में 26 लोगों की हत्या कर दी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के प्रतिशोध में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ढांचों को नष्ट करने के लिए 7 मई की सुबह ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। पाकिस्तानी हमलों के बाद की सभी जवाबी कार्रवाई इसी ऑपरेशन के तहत की गई।