फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 11 January North East West South India Politics Crime National News In Hindi

Updates: DMDK ने इरोड विधानसभा उपचुनाव के बहिष्कार का किया एलान; खेल मंत्री से मिले पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स

Sat, 11 Jan 2025 08:16 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Sat, 11 Jan 2025 08:16 PM IST
विज्ञापन
News Updates 11 January North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

तमिलनाडु में डीएमडीके ने 5 फरवरी को होने वाले इरोड (पूर्व) विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा की है। इस मामले में डीएमडीके महासचिव प्रेमलता विजयकांत ने कहा, 'पिछली बार डीएमके ने लोकतंत्र विरोधी चुनाव कराकर जीत की घोषणा की थी। उपचुनाव की वही शैली फिर से होने जा रही है। इसलिए, इस लोकतंत्र विरोधी चुनाव में विश्वास की कमी के कारण, डीएमडीके पार्टी इस इरोड पूर्व उपचुनाव का बहिष्कार कर रही है।'

विज्ञापन


सुरंग के उद्घाटन का बेसब्री से इंतजार- पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोनमर्ग जाने से पहले उमर अब्दुल्ला की तरफ से एक्स पर साझा तस्वीरों और वीडियो की जमकर तारीफ की। पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा, 'मैं सुरंग के उद्घाटन के लिए जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग की अपनी यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। आपने (सीएम उमर अब्दुल्ला) पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए इसके लाभों की सही बात कही है। इसके अलावा, हवाई तस्वीरें और वीडियो भी मुझे बहुत पसंद आए!'
विज्ञापन




गुजरात में 8 साल की मासूम की स्कूल में दिल का दौरा पड़ने से मौत
गुजरात के अहमदाबाद में शुक्रवार को तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली आठ साल की छात्रा की मौत हो गई। माना जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने से छात्रा गार्गी रानपारा की मौत हुई। थलतेज स्थित जेबर स्कूल फॉर चिल्ड्रन के प्रबंधन की तरफ से जारी सीसीटीवी फुटेज में गार्गी अपनी कक्षा की ओर जाते दिखती है और बेचैनी के कारण कुर्सी पर बैठ जाती है। प्रधानाचार्य शर्मिष्ठा सिन्हा ने बताया, गार्गी जब सुबह स्कूल पहुंची, तो सामान्य थी। लेकिन पहली मंजिल पर कक्षा की ओर जाते समय वह गलियारे में कुर्सी पर बैठ गई। बैठे-बैठे ही अचानक वह गिर गई। शिक्षकों ने उसे सीपीआर दिया, फिर अस्पताल पहुंचाया, पर उसकी जान नहीं बच सकी।

रोमेश पुरी आईडीएसए के महासचिव नियुक्त
भारतीय डायरेक्ट सेलिंग एसोसिएशन (आईडीएसए) ने शुक्रवार को रोमेश कुमार पुरी को अपना महासचिव नियुक्त किया। आईडीएसए भारत में डायरेक्ट सेलिंग उद्योग का प्रतिनिधित्व करता है। एक बयान के अनुसार, पुरी ने भारत सरकार में 34 साल से अधिक का समय बिताया और कई मंत्रालयों, विभागों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के पूर्व संयुक्त निदेशक के रूप में, उन्होंने आगामी ई-कॉमर्स नीति और राष्ट्रीय खुदरा व्यापार नीति के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। 

पुणे में सेना दिवस परेड में भाग लेगा नेपाली सेना का बैंड
नेपाल सेना का 33 सदस्यीय बैंड पुणे में होने वाली सेना दिवस परेड में भाग लेने के लिए तैयार है। यह दोनों सेनाओं के बीच मित्रता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण संकेत है। इस बैंड में तीन महिला संगीतकार भी शामिल हैं, जो पहले ही पुणे पहुंच चुकी हैं। सेना दिवस परेड 15 जनवरी को महाराष्ट्र के पुणे में बॉम्बे इंजीनियरिंग ग्रुप (बीईजी) और सेंटर में होगी। यह बैंड नेपाल के सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिगडेल की भारत यात्रा के लगभग एक महीने बाद हिस्सा ले रहा है। इस यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिगडेल को 'भारतीय सेना के जनरल' की मानद रैंक प्रदान की। सूत्रों के अनुसार, नेपाली सेना बैंड की उपस्थिति समारोह में 'जीवंत स्पर्श' जोड़ती है और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करती है। सेना दिवस परेड पारंपरिक रूप से दिल्ली में होती थी, लेकिन जनवरी 2023 में इसमें बदलाव कर बंगलूरू में आयोजित किया गया। इसके बाद, सेना ने लखनऊ में सेना दिवस परेड 2024 की मेजबानी की जो मध्य कमान क्षेत्र में आता है।

कर्नाटक में संपत्ति विवाद में डबल मर्डर, बेटे ने पिता और सौतेली मां को मार डाला
कर्नाटक के धारवाड़ जिले के कुसुगल गांव में डबल मर्डर का मामला सामने आया है। बेटे ने संपत्ति विवाद में अपने पिता और सौतेली मां की हत्या कर दी। मृतकों की पहचान अशोकप्पा कोब्बनवर और उनकी पत्नी शर्मम्मा के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बृहस्पतिवार को गंगाधरप्पा अपने पिता के साथ संपत्ति को लेकर झगड़ रहा था। इस दौरान उसने पिता और सौतेली मां की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। 

केरल में नाबालिग के साथ अलग-अलग जगहों पर दुष्कर्म, छह लोग गिरफ्तार
केरल पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में चार एफआईआर दर्ज की हैं और छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने शुक्रवार को बताया जब लड़की 16 साल की थी, तब से उसके साथ कई बार दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। अब लड़की 18 साल की हो चुकी है, जिसके बयान के आधार पर गिरफ्तारियां की गई हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में से एक पहले से ही एक अन्य मामले में जेल में बंद है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में 60 से अधिक लोगों के शामिल होने का संदेह है। यह मामला बाल कल्याण समिति द्वारा आयोजित काउंसलिंग के दौरान सामने आया, जब एक शैक्षणिक संस्थान में पीड़िता के शिक्षकों ने समिति को उसके व्यवहार में उल्लेखनीय बदलावों के बारे में बताया।

कर्नाटक में 12 श्री राम सेने कार्यकर्ताओं पर केस
कर्नाटक पुलिस ने बागलकोट के एक गांव में राइफल प्रशिक्षण आयोजित करने के आरोप में 12 श्री राम सेने (एसआरएस) कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, एसआरएस कार्यकर्ताओं ने एक राइफल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया, जिसमें दिसंबर, 2024 के अंतिम सप्ताह में 196 युवाओं ने प्रशिक्षण लिया। राइफल प्रशिक्षण कथित तौर पर एक सप्ताह तक चलने वाले 'व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम' के अंतिम दिन आयोजित किया गया था। बागलकोट पुलिस ने कहा कि प्रशिक्षण तोडालाबागी गांव में एक किसान के खेत में आयोजित किया गया था, उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि राइफल प्रशिक्षण कार्यक्रम का हिस्सा है। बागलकोट पुलिस के अनुसार, मामला बेंगलुरु स्थित एक गैर सरकारी संगठन, ऑल इंडिया एसोसिएशन फॉर जस्टिस की शिकायत पर दर्ज किया गया था। एनजीओ के सदस्यों ने पुलिस महानिदेशक आलोक मोहन को एक ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

कार्ति की कंपनी को भुगतान पर दो शराब कंपनियों पर केस दर्ज
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दिग्गज शराब कंपनियों डियाजियो स्कॉटलैंड और सिकोइया कैपिटल्स के खिलाफ कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम की कंपनी को अपने पक्ष में फैसला करवाने के लिए संदिग्ध भुगतान करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। कार्ति पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के बेटे हैं।

एफआईआर में सीबीआई ने कहा है कि डियाजियो ने कार्ति की कंपनी एडवांटेज स्ट्रैटेजिक कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड को 15,000 डॉलर की धनराशि हस्तांतरित की।2005 में डियाजियो स्कॉटलैंड के शुल्क मुक्त उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध के कारण जॉनी वॉकर व्हिस्की की बिक्री प्रभावित हुई थी और कंपनी को काफी घाटा हुआ था। एजेंसी के अनुसार, जांच से पता चला कि कंपनी को 15,000 डॉलर का भुगतान परामर्श के लिए नहीं बल्कि डियाजियो के उत्पादों पर लगे प्रतिबंध को हटाने के लिए किया गया था। एफआईआर के अनुसार, प्रतिबंध हटाने के लिए डियाजियो स्कॉटलैंड ने कार्ति पी. चिदंबरम से संपर्क किया था। इसके अलावा सिकोइया कैपिटल की मॉरिशस यूनिट पर भी कार्ति की कंपनी से संदिग्ध लेनदेन का आरोप है। कंपनी ने 2008 में भारतीय निवेश के लिए मंजूरी हासिल करने के लिए राजनेताओं को प्रभावित करने की कोशिश की थी। हालांकि, यह नहीं बताया गया कि डियाजियो ने भुगतान कब किया था।

केरल: माकपा कार्यकर्ता की हत्या में भाजपा व संघ के 8 कार्यकर्ता दोषी करार
केरल की एक अदालत ने मई 2013 में यहां आलमकोड के पास एक माकपा कार्यकर्ता की पिटाई और चाकू घोंपकर हत्या करने के मामले में शुक्रवार को आठ भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ताओं को दोषी पाया। तिरुवनंतपुरम के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश चतुर्थ आज सुदर्शन ने शंभु कुमार उर्फ शंभू, श्रीजीत उर्फ उन्नी, हरिकुमार, चंद्रमोहन उर्फ अंबिली और संतोष उर्फ चंदू को आईपीसी के तहत हत्या के अपराध के लिए दोषी पाया।

विशेष लोक अभियोजक (एसपीपी) एए हकीम ने बताया कि अदालत ने तीन अन्य, अभिषेक उर्फ अन्नी संतोष, प्रशांत उर्फ पझिनजी प्रशांत और सजीव को हत्या के अपराध के लिए आपराधिक साजिश का हिस्सा होने का दोषी पाया। 15 जनवरी को इनकी सजा सुनाई जाएगी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, श्रीकुमार उर्फ अशोकन की हत्या के पीछे का कारण पैसे का विवाद था। एसपीपी ने कहा कि मामले में आठ अन्य आरोपियों, जिन पर सबूत नष्ट करने का आरोप लगाया गया था, को बरी कर दिया गया। एसपीपी ने कहा कि अभियोजन पक्ष ने 45 गवाहों की जांच की और अपने तर्कों के समर्थन में अदालत के समक्ष 110 दस्तावेज पेश किए।

तेलंगाना एमएलसी चुनाव के लिए भाजपा ने घोषित किए उम्मीदवार
तेलंगाना विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा ने शुक्रवार को तीन रिक्तियों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की। केंद्रीय मंत्री और राज्य भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी ने शिक्षक और कार्यकर्ता पुली सरोथम रेड्डी को नलगोंडा-वारंगल-खम्मम शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया। हैदराबाद और अन्य स्थानों पर शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना करने वाले मलका कोमारैया करीमनगर-निजामाबाद-आदिलाबाद-मेडक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। उद्यमी सी अंजी रेड्डी को करीमनगर-निजामाबाद-आदिलाबाद-मेडक स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।

राज्य लोक सेवा आयोगों के सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे उपराष्ट्रपति

भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को बंगलूरू में राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्षों के 25वें राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि उपराष्ट्रपति धनखड़ भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अध्यक्षता भी करेंगे।

तमिलनाडु की मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टी बनी वीसीके

विदुथालाई चिरुथैगल काची (वीसीके) अब तमिलनाडु की मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टी बन गई है। चुनाव आयोग ने वीसीके को राज्य पार्टी के रूप में मान्यता दे दी है। पार्टी प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। थिरुमावलवन ने कहा कि उनकी पार्टी को आधिकारिक तौर पर 'गमला' चुनाव चिह्न आवंटित हुआ है। थिरुमावलवन ने चुनाव आयोग के पत्र की प्रति सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा भी की। 

इस पत्र में चुनाव आयोग ने लिखा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा से पता चला है कि इसने राज्य पार्टी के रूप में मान्यता के मानदंडों को पूरा किया है। इसलिए, इसे राज्य पार्टी की मान्यता दी गई है। इसके अलावा, जून 2024 में पार्टी द्वारा किए गए अनुरोध के पर वीसीके के लिए प्रतीक चिन्ह 'पॉट' आरक्षित किया गया है। वीसीके तमिलनाडु में सत्ताधारी डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा है। 

विश्व शांति के लिए सबरीमाला तक 8000 किमी की पैदल यात्रा कर पहुंचे केरल के दो श्रद्धालु

त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड ने शनिवार को बताया कि कासरगोड के दो मूल निवासियों ने विश्व शांति की प्रार्थना के साथ उत्तर भारत से सबरीमाला में भगवान अयप्पा मंदिर तक 8,000 किलोमीटर और 223 दिनों की कठिन यात्रा की। कासरगोड जिले के रामदास नगर के रहने वाले सनथकुमार नायक और संपतकुमार शेट्टी 26 मई, 2024 को ट्रेन से केरल से बद्रीनाथ के लिए रवाना हुए। टीडीबी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि वहां से उन्होंने अपना 'इरुमुडी कट्टू' (भगवान अयप्पा मंदिर में श्रद्धालु की तरफ से लाया जाने वाला पारंपरिक बंडल) भरा और 3 जून को सबरीमाला के लिए पैदल ही निकल पड़े। अपनी यात्रा के दौरान, उन्होंने शंकराचार्य की तरफ से स्थापित चार मठों समेत कई तीर्थस्थलों और मंदिरों का दौरा किया और अयोध्या, उज्जैन, द्वारका, पुरी, जगन्नाथ, रामेश्वरम, अचनकोविल और एरुमेली होते हुए सन्निधानम पहुंचे।

खेल मंत्री से मिले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स ने दिल्ली में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया से मुलाकात की।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed