न्यूज राउंडअपः केजरीवाल पर फेंका गया जूता, माल्या ने फिर मांगी मोहलत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिन की बड़ी खबर आई दिल्ली से जहां ऑड ईवन पर प्रेस कान्फ्रेंस करने आए दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल पर एक बार फिर जूता फेंका गया। असल में हुआ ये कि 15 अप्रैल से दिल्ली में दोबारा ऑड ईवन की शुरुआत के मसले पर केजरीवाल डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और परिवहन मंत्री गोपाल राय के साथ प्रेस कांफ्रेंस करने आए थे।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जैसे ही केजरीवाल ने ये बताना शुरू किया कि छूट किन-किन लोगों को दी जाएगी उसी दौरान मीडिया के बीच में से अचानक एक शख्स खड़ा हुआ और चिल्लाने लगा।
खुद को आम आदमी सेना का कार्यकर्ता बताने वाले इस शख्स ने तेज आवाज में कहा कि, 'उसके पास एक सीडी है जिसमें सीएनजी सर्टिफिकेट बांटे जाने से संबंधित कई खुलासे हैं वो इसका जवाब क्यों नहीं देते'।
इतना कहने के बाद उसने केजरीवाल की ओर जूता उछाल दिया। हालांकि, वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत ही हमला करने वाले शख्स को पकड़ लिया और वहां से खींच कर बाहर ले गए।
इस हमले के बाद आप के पूर्व नेता योगेंद्र यादव ने इसे बेहद शर्मनाक और अक्षम्य घटना करार दिया जबकि भारतीय जनता पार्टी ने इस हमले पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि ये अजीब बात है कि एक ही व्यक्ति के साथ बार-बार ऐसा क्यों हो रहा है।
चुनाव में अर्थतंत्र के इस्तेमाल को रोका जाएगा: चुनाव आयुक्त
चुनाव आयोग ने तमिलनाडु में आगामी 16 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव में निष्पक्ष मतदान को बढ़ावा और अर्थ तंत्र के गलत उपयोग को नष्ट करने के लिए दोहरी रणनीति बनाई है। ये बात मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम जैदी ने शनिवार को चेन्नई में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कही।
उन्होंने पत्रकारों को बताया कि आयकर से जुड़े सभी सहायक आयुक्तों को उप निदेशक का विशेष अधिकार दिया गया है ताकि वे चुनाव के दौरान जांच पड़ताल कर सकें।
चुनाव के दौरान सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर चर्चा करते हुए जैदी ने बताया कि फ्लाइंग स्क्वायड केंद्र, राज्य और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ मिलकर काम करेंगे। इस दौरान सुरक्षाबलों की निश्चित संख्या में तैनात की जाएगी।
जैदी ने फर्जी मतदाताओं के सवाल पर कहा कि फर्जी मतदाता जैसी कोई चीज नहीं है। उन्होंने कहा कि सूची में जिन मतदाताओं का नाम कई बार एंट्री किया जा चुका है, उन्हें फर्जी वोटर के तौर पर हटा दिया जाता है।
मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के संबंध में जैदी ने कहा कि आयोग सभी को विभिन्न माध्यमों जैसे सोशल मीडिया, सिनेमा घरों और मीडिया के हवाले से उन्हें इसके महत्व के बारे में बताएगा। इसके अलावा मतदाताओं को रुपए लेकर मतदान न करने की शपथ भी दिलाई जाएगी।
माल्या तीसरी बार भी नहीं हुए ईडी के सामने पेश, मई तक का समय मांगा
भारतीय बैंकों के 9,000 करोड़ रुपए चुकाए बिना विदेश भाग गए विजय माल्या तीसरी बार भी ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए। प्रवर्तन निदेशालय के नोटिस का जवाब देने के लिए माल्या ने अब मई तक का समय मांगा है। माल्या ने कहा कि उन्हें समय दिया जाए जिससे वो निजी तौर पर प्रस्तुत हो सकें। गौरतलब है कि 9000 करोड़ के लोन घोटाले के मामले में मार्च में प्रवर्तन निदेशालय ने माल्या को नोटिस जारी किया था।
ईडी के अधिकारियों का कहना है कि माल्या ने मुंबई में केस के जांच अधिकारी को सूचित कर दिया था कि उनके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में जारी कानूनी कार्रवाई की वजह से वह निजी तौर पर शनिवार को उपस्थित नहीं हो पाएंगे। अब सोमवार को यह तय होगा कि उपस्थित न होने के बाद क्या अब उन पर कानूनी कार्रवाई की जाए या फिर उन्हें मई तक का वक्त दे दिया जाए।
शुक्रवार को ईडी के अधिकारियों ने कहा था कि माल्या के फिर से न पेश होने की स्थिति में उनका पासपोर्ट जब्त किया जाएगा या फिर वह सीधे अदालत में उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट लेने जाएंगे।
यह समझा जा रहा है कि मई तक का वक्त मांगने के साथ ही माल्या ने अधिकारियों को इस बात की भी सूचना दी है कि उनके बैंक लोन से संबंधित मामले फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में चल रहे हैं और वह अपनी टीम के साथ मिलकर कर्ज को चुकाने की कोशिश में लगे हुए हैं। यही वजह है कि वह थोड़ा और वक्त मांग रहे हैं।
एनआईटी श्रीनगर को शिफ्ट करने की मांग मंत्रालय ने नकारी, प्रदर्शन जारी
एनआईटी श्रीनगर में पढ़ रहे दूसरे राज्य के छात्रों की मांग थी कि संस्थान को कहीं ओर शिफ्ट कर दिया जाए लेकिन मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने यह मांग खारिज कर दी है। हालांकि मंत्रालय ने छात्रों के मुख्य मुद्दों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।
संस्थान में मौजूदा हालात को लेकर दूसरे राज्यों से पढ़ने आए छात्रों के एक समूह ने शुक्रवार रात जम्मू कश्मीर के शिक्षा मंत्री नईम अख्तर, राज्य के उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह और मानव संसाधन विकास मंत्रालय के आला अधिकारियों से मुलाकात की थी।
आधिकारिक सूत्रों की मानें तो अधिकारियों ने संस्थान को कहीं ओर शिफ्ट करने की मांग को सिरे से खारिज कर दिया है, हालांकि उनसे जुड़े मुख्य मुद्दों जैसे परिसर के अंदर बेहतर सुविधा, शैक्षिक माहौल को सुधारने और हॉस्टल सरीखी सुविधाओं को सही करने पर ध्यान दिया जाएगा।
सूत्र के अनुसार आगामी 11 अप्रैल को एनआईटी के बोर्ड ऑफ गर्वनर्स की मीटिंग में यह सारे मुद्दे सामने रखे जाएंगे। एनआईटी श्रीनगर के रजिस्ट्रार फयाज अहमद मीर का इस मामले पर कहना है कि स्थिति शांतिपूर्ण है लेकिन दूसरे राज्यों से यहां पढ़ने आए छात्र अब भी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
मऊ के दो गांवों में लगी आग, 7 घर और 25 बीघा फसल राख
गर्मी के आते ही गर्म हवाओं ने अपना कहर ढहाना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश के मऊ स्थित सरायलखंसी थानान्तर्गत रणवीर पुरगां गांव में आग लगने से सात घर राख हो गए, इसके चलते ग्रामीणों का जबरदस्त नुकसान हुआ है।
आग की वजह से घर में रखा किसानों का सारा सामान कुछ देर में ही राख के ढेर में तब्दील हो गया। बर्बादी के बाद किसानों और उनके परिवारों की आंखों में आंसू थे।
वहीं इसी जिले के घोसी तहसील के मानिकरपुरा गांव में भी अचानक लगी आग की वजह से 25-30 बीघा गेहूं की फसल राख हो गई।
पश्चिम बंगाल में भाषण देकर घर लौटते टीएमसी नेता की हत्या
पश्चिम बंगाल के मिदनापुर जिले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता जयदेव जना की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। शुक्रवार की रात को घर वापस लौटते वक्त उन पर हमला किया गया था।
एएनआई के मुताबिक जयदेव जना शुक्रवार रात एक जनसभा को संबोधित करने के बाद अपनी मोटर साइकिल से घर वापस लौट रहे थे। जब वे पूर्वा दुबराजपुर गांव के करीब पहुंचे उसी वक्त कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में वह बुरी तरह से घायल हो गए थे।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक जब उन्होंने जना को घायल अवस्था में देखा तो वे उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है लेकिन उनका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
उत्तर कोरिया ने अमेरिका को दी धमकी, 'हम तुम्हें राख के ढेर में बदल सकते हैं'
उत्तर कोरिया और अमेरिका में चल रही तनातनी के बीच कोरिया ने दावा किया कि उसने इंटरकॉन्टिनेंटल बैलेस्टिक मिसाइल के लिए डिजाइन किए गए एक इंजन का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए ने कहा कि ये नई तरह का इंजन है जो अमरीका पर परमाणु हमला करने की क्षमता को 'सुनिश्चित करेगा।'
सरकारी मीडिया के मुताबिक इस परीक्षण के दौरान उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन भी मौजूद थे। मार्च में उत्तर कोरिया ने कहा था कि उसने ऐसे छोटे परमाणु हथियार तैयार किए हैं जो बैलेस्टिक मिसाइल पर फिट करके दागे जा सकते हैं। हालांकि जानकार इस दावे पर सवाल उठाते हैं।
उत्तर कोरिया के इस मिसाइल टेस्ट के बाद वहां के नेता किम जोंग ने कहा कि 'यह मिसाइल परीक्षण हमें और ज्यादा ताकत देगा। इस परीक्षण के बाद हमें ऐसी ताकत मिल गई है कि अमेरिका पर आसानी से हमला किया जा सकता है और उसे राख के ढेर में बदल कर दुनिया से उसका नामोंनिशान मिटाया जा सकता है।'
उत्तर कोरिया ने जनवरी में परमाणु परीक्षण किया था जबकि फरवरी में उसने एक उपग्रह प्रक्षेपित किया। उत्तर कोरिया के इन क़दमों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारी आलोचना हुई और अमेरिका ने उसके खिलाफ नए अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध लगा दिए।
छत्तीसगढ़ः एसीबी ने चलाया बड़ा अभियान, करोड़ों की काली कमाई पकड़ी
छत्तीसगढ़ में आय से अधिक संपति के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने शनिवार को 100 से ज्यादा अधिकारियों के साथ राज्यभर में छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान दस अधिकारियों के यहां खोजबीन की गई। जहां करोड़ों की अवैध कमाई का खुलासा हुआ है।
जानकारी के अनुसार सुबह एसीबी के 100 से ज्यादा अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने फूड, इरिगेशन और एजुकेशन डिपार्टमेंट के दस वरिष्ठ अधिकारियों के रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ में आठ से ज्यादा स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया।
टीम ने नागरिक आपूर्ति निगम के उप निदेशक दयामनी मिंज के रायपुर स्थित आवास पर छापा मारा। सूत्रों के अनुसार बिलासपुर में भी उनके एक आवास पर छापामारी की गई। जहां से कई सूटकेश में करोड़ों की संपति के कागजात, बिलासपुर में एक फार्महाउस, 40 से ज्यादा बैंक खाते, 60 लाख की एफडी, आधा दर्जन से ज्यादा मकान और फ्लैट के कागजात बरामद हुए हैं।
इसके अलावा राजीव गांधी शिक्षा मिशन के संयुक्त सचिव हरिराम शर्मा, पीएमजीएसवाई के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर एसएन पाठक, पीएमजीएसवाई के सब इंजीनियर अरविंद राही, पीआर शुक्ल यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार केके चंद्राकर के रायपुर स्थित आवास पर भी छापामारी की। यहां से भी पुलिस को काली कमाई के कागजात और भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ है।