फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News and Updates east west north south northeast india national incidents news in hindi

News Updates: सेना का गोला-बारूद आयात खर्च 10 फीसदी तक सिमटा; BJP में शामिल हुईं सीता सोरेन JMM से निष्कासित

Fri, 17 May 2024 08:45 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: श्वेता महतो Updated Fri, 17 May 2024 08:45 PM IST
विज्ञापन
News and Updates east west north south northeast india national incidents news in hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

मेक इन इंडिया के तहत रक्षा क्षेत्र के स्वदेशीकरण से भारतीय सेना की आयात निर्भरता कम करने में खासी मदद मिली है। एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने बताया कि सेना का गोला-बारूद आयात खर्च अब 10 फीसदी तक सिमट गया है। कुछ वर्ष पहले तक यह आवंटन का 40 फीसदी था। सेना को गोला-बारूद की खरीद के लिए 20,000 करोड़ रुपये का बजट मिलता है। सेना अब इसका 90 फीसदी हिस्सा भारत में ही खर्च कर रही है। गोला-बारूद के स्वदेशीरकण में तमाम निजी कंपनियों की अहम भागीदारी है। कुछ वर्षों में सेना व्यावसायिक व वित्तीय रूप से अव्यवहार्य कुछ खास गोला-बारूद के अलावा अन्य सभी तरह के गोला-बारूद का आयात बंद करना चाहती है।

विज्ञापन


भाजपा में शामिल सीता सोरेन को झामुमो ने पार्टी से किया निष्कासित
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने शुक्रवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन को छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया। झामुमो ने एक विज्ञप्ति में कहा कि उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों की वजह से निष्कासित किया गया है। तीन बार की विधायक सीता सोरेन 2009 में अपने पति दुर्गा सोरेन की मृत्यु के बाद से झामुमो पर उनकी उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए 20 मार्च को भाजपा में शामिल हो गईं। भाजपा ने उन्हें मौजूदा सांसद सुनील सोरेन की जगह दुमका लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। सुनील सोरेन ने 2019 के चुनाव में झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन को 47,590 मतों के अंतर से हराया था। दुमका निर्वाचन क्षेत्र में एक जून को मतदान होगा।
विज्ञापन


झारखंड के पलामू में नाबालिग लड़की से 'बलात्कार'; चार आरोपी गिरफ्तार
पलामू जिले के रामगढ़ इलाके में एक नाबालिग लड़की से कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी बताया कि कथित घटना गुरुवार सुबह हुई। 16 वर्षीय लड़की शौच के लिए घर से बाहर गई थी। शुक्रवार को  इस मामले में उपमंडल पुलिस अधिकारी (मेदिनीनगर) मणिभूषण प्रसाद ने कहा कि चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


सीयूईटी-यूजी: उत्तर प्रदेश के कानपुर में केंद्र पर बंटा गलत पेपर; अब 29 मई को परीक्षा
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में कानपुर के एक केंद्र पर सीयूईटी-यूजी परीक्षा अब 29 मई को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा केंद्र पर गलत प्रश्नपत्र वितरित किया गया था। एजेंसी ने केंद्र में प्रश्नपत्र लीक होने की खबरों का भी खंडन किया। एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, कानपुर के महाराणा प्रताप ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के परीक्षा केंद्र पर 227 से अधिक छात्रों के लिए परीक्षा 29 मई को आयोजित की जाएगी। यह निर्णय 15 मई को हुई परीक्षा में एक गलत प्रश्नपत्र वितरित होने के बाद लिया गया। अधिकारी ने कहा, कोई पेपर लीक नहीं हुआ था। पर्यवेक्षकों ने गलती से हिंदी माध्यम के छात्रों को अंग्रेजी माध्यम के प्रश्नपत्र वितरित कर दिए। एनटीए 29 मई को दिल्ली केंद्रों के लिए भी सीयूईटी-यूजी परीक्षा आयोजित करेगा, क्योंकि 15 मई की परीक्षा अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए स्थगित कर दी गई थी।

चौथे चरण में 69.16 फीसदी पड़े वोट; चार राज्यों में महिलाओं ने मारी बाजी

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 69.16 फीसदी वोट डाले गए। इस चरण में 9 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेशों की 96 सीटों पर 13 मई को मतदान हुआ था। चुनाव आयोग ने शुक्रवार को चौथे चरण के अंतिम आंकड़े जारी किए। आयोग के अनुसार, चार राज्यों में वोट डालने के मामले में महिलाएं पुरुषों से बाजी मार गईं। 2019 के आम चुनाव के चौथे चरण में 69.12 फीसदी वोट पड़े थे। पिछली बार के मुकाबले इस बार 0.04 फीसदी ज्यादा मतदान हुआ। आयोग के अनुसार, चौथे चरण में 69.58 फीसदी पुरुषों, 68.73 फीसदी महिलाओं और 34.23 प्रतिशत थर्ड जेंडर ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चौथे चरण में 8.97 करोड़ पुरुषों में से 69.58 प्रतिशत और 8.73 करोड़ महिलाओं में से 68.73 प्रतिशत ने मतदान किया। चौथे चरण के पूरा होने के साथ ही लोकसभा की 543 सीटों में से 378 पर उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। चौथे चरण में उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर वोट डाले गए। बिहार, झारखंड, ओडिशा और बंगाल में महिलाएं रहीं आगे: आयोग ने बताया कि चौथे चरण में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में वोट डालने के मामले में महिलाएं पुरुषों से आगे निकल गईं। बिहार में 54.39 पुरुष तो 62.47 फीसदी महिलाओं ने वोट किया। इसी तरह झारखंड में 64.10 फीसदी पुरुष और 97.94 प्रतिशत महिलाएं, ओडिशा में 75.28 फीसदी पुरुष और 76.08 फीसदी महिलाओं और बंगाल में 79 प्रतिशत पुरुष और 81.49 फीसदी महिलाओं ने वोट डाला।

बंगाल: पूर्व जज गंगोपाध्याय को ममता पर टिप्पणी मामले में  नोटिस
निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को कलकत्ता हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एवं भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार अभिजीत गंगोपाध्याय को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ अनुचित टिप्पणी को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया। गंगोपाध्याय ने एक सार्वजनिक सभा में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ अविवेकपूर्ण, लैंगिक और अशोभनीय टिप्पणी की थी, जिसे लेकर तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी और उनके प्रचार पर रोक लगाने की मांग की थी। आयोग ने गंगोपाध्याय के 15 मई को हल्दिया की चुनावी सभा में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ दिए संबोधन को एमसीसी प्रावधानों के विरुद्ध पाया जो कि उसके एक मार्च, 2024 के परामर्श का उल्लंघन था। आयोग ने उनसे 20 मई को शाम पांच बजे से पहले जवाब मांगा है। 

लगेज ट्रैक्टर से टकराने के बाद एअर इंडिया की इंटरनेशनल फ्लाइट रद्द; छह घंटे तक हवाईअड्डे पर फंसे रहे 200 यात्री
हवाईअड्डे पर विमान के लगेज ट्रैक्टर से टकराने के बाद एअर इंडिया की दिल्ली जाने वाली उड़ान रद्द कर दी गई। एयरलाइन सूत्रों ने शुक्रवार को बताया, यह दुर्घटना बृहस्पतिवार शाम करीब 4 बजे तब हुई, जब पुणे हवाईअड्डे पर विमान उड़ान के लिए रनवे की तरफ बढ़ रहा था। विमान में करीब 200 यात्री सवार थे। घटना के बाद सभी यात्री करीब छह घंटे तक हवाईअड्डे पर फंसे रहे। एअर इंडिया ने कहा कि यात्रियों को उनका पूरा किराया वापस कर दिया गया और उन्हें अगली यात्रा मुफ्त में करने की पेशकश की गई। आगे की अंतरराष्ट्रीय यात्रा करने वाले यात्रियों को दूसरी एयरलाइन की उड़ानों में समायोजित किया गया। विमान में सवार एक यात्री शहाब जाफरी ने बताया कि विमान को शाम करीब 4 बजे रवाना होना था। घटना के बाद हम करीब एक घंटे तक विमान में ही रहे। पायलट ने हमें घटना की जानकारी दी और उसके बाद हमें विमान से उतार दिया गया। 

भारतीय नौसेनाकर्मियों को हनी ट्रैप में फंसाने की साजिश में शामिल था पाकिस्तानी जासूस
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मुंबई के रहने वाले कथित पाकिस्तानी जासूस अमान सलीम शेख के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। अमान सलीम रक्षा प्रतिष्ठानों से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल करने के लिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी की भारतीय नौसेनाकर्मियों को हनी ट्रैप में फंसाने की साजिश में शामिल मुख्य आरोपी है। जांच एजेंसी ने बताया कि बृहस्पतिवार को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित विशेष एनआईए अदालत में शेख के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत पूरक आरोपपत्र दायर किया गया। एनआईए ने पिछले साल 5 जून को मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। जांच में पाया कि शेख भारत विरोधी साजिश को अंजाम देने के लिए संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट उस्मान के लिए काम कर रहा था। वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के सौंपे काम को पूरा करने के लिए क्रिप्टो चैनलों के माध्यम से मीर बालाज खान, अल्वेन और अन्य लोगों के साथ संदिग्ध पाकिस्तानी गुर्गों से भी धन हासिल कर रहा था।

भारतीय नौसेना के हवाई जहाज की गोवा में इमरजेंसी लैंडिंग

गोवा के दाबोलिम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भारतीय नौसेना के हवाई जहाज की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस वजह से गोवा एयरपोर्ट पर कुछ उड़ानें प्रभावित हुईं।  दाबोलिम एयरपोर्ट के अधिकारी एसवीटी धनम्जय राव ने बताया कि इमरजेंसी लैंडिंग के बाद शाम 4.50 बजे से 6.30 तक रनवे को बंद किया गया। इस दौरान चार उड़ानों को डायवर्ट किया गया। 

संदेशखाली भाजपा नेता पियाली दास को मिली जमानत

कलकत्ता हाईकोर्ट ने संदेशखाली की भाजपा नेता पियाली दास को जमानत दी है। पियाली दास के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया था और उन्होंने तीन दिन पहले निचली अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। न्यायमूर्ति जय सेनगुप्ता ने यह भी निर्देश दिया है कि पियाली दास को निजी मुचलके पर तत्काल रिहा किया जाए। पियाली दास पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने एक खाली कागज पर संदेशखाली की महिलाओं के हस्ताक्षर लिए और उसके बाद कागज में यौन उत्पीड़न के शिकायत पत्र के रूप में भर दिया गया। 
 

ठाणे में एक्सप्रेस ट्रेन में महिला के साथ दुष्कर्म

महाराष्ट्र के ठाणे में एक एक्सप्रेस ट्रेन में महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में संदिग्ध के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। सरकारी रेलवे पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने गुरुवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 328 और 376 के तहत मामला दर्ज किया है। महिला ने आरोप लगाया कि 10 मार्च को वह उत्तर प्रदेश जाने वाली तुलसी एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थी, इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति ने उसे बेहोश करने के लिए हानिकारक पदार्थ का इस्तेमाल किया और फिर बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायतकर्ता ने घटना के 39 दिन बाद मध्य प्रदेश के ग्वालियर में जीआरपी से संपर्क किया।

महाराष्ट्र में नकली नोट छापने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

महाराष्ट्र के रायगढ़ में नकली नोट छापने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस ने छापेमारी कर उसके पास से दो लाख से अधिक मूल्य के नकली नोट जब्त किए। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय प्रफुल्ल गोविंद पाटिल के तौर पर की गई है। उसने यूट्यूब के जरिए नकली नोट बनाने की तकनीक सीखी। खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने पालेखुर्द गांव के एक मकान में छापेमारी की। आरोपी किराए के मकान में रह रहा था। उसके पास से 1440 से अधिक नकली नोट बरामद किया गया, जिसमें 50 रुपये के 574 नोट, 100 रुपये के 33 नोट, 200 रुपये के 856 नोट शामिल हैं। इसकी कुल कीमत 2,03,200 बताई जा रही है। 

मुंबई कस्टम ने जब्त किया 1.39 किलो से अधिक सोना

मुंबई कस्टम के अधिकारियों ने 13 से 16 मई के बीच 27 मामलों में 11.39किलो से अधिक सोना और 7.16 करोड़ रुपये मूल्य की सिगरेट जब्त की।

मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर के थौबल जिले में प्रतिबंधित संगठन कंगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी) के चार उग्रवादियों को मणिपुर पुलिस और असम राइफल्स ने मिलकर गिरफ्तार किया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उग्रवादियों के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने येरीपोक बाजार क्षेत्र में एक अभियान चलाकर उन्हें पकड़ा। अधिकारी ने बताया कि उनके पास से पांच मोबाइल हैंडसेट, दो नौ मिमी पिस्तौल, पांच डिमांड लेटर, 5.56 मिमी के 20 गोला बारूद और 7.62 मिमी के चार गोलाबारूद बरामद किए। पुलिस ने पश्चिमी इंफाल जिले से केसीपी संगठन के एक सक्रिय सदस्य को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए सभी इंफाल इलाके के पाओना और थंगल बाजार में स्थित दुकानों से जबरन वसूली में शामिल थे। उनके आवास से चार जिंदा गोला बारूद समेत एक 0.32 पिस्तौल बरामद किए गए हैं।

असम में अलग-अलग अभियानों के तहत तीन तस्कर गिरफ्तार

असम में अलग-अलग अभियानों में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दी। तीनों मामलों में ड्रग्स पड़ोसी राज्यों से लाई जा रही थी। सीएम सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉरम एक्स पर कहा, "असम पुलिस ने राज्य में नशीली दवाओं के तस्करों पर करारा प्रहार किया। उन्होंने अनगिनत युवाओं की जिंदगी बर्बाद होने से बचाई है।"एक व्यक्ति को वाईएबीए गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया। बता दें कि भारत में वाईएबीए गोलियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। जोरहाट और गोलाघाट पुलिस ने 358 ग्राम हेरोइन जब्त करने के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। करीमगंज में एक अन्य अभियान के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, उसके पास से 1.2 किलो हेरोइन मिला। 

पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेता पर गोलीबारी

पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता को गोली मार दी गई। इस हादसे के बाद उन्हें अस्पताल में भर्तीय कराया गया। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीतलकूची के लालबाजार में पंचायत प्रधान अनिमेष रॉय गुरुवार की रात को एक सहयोगी के घर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनपर हमला किया गया।  टीएमसी नेता पर हमला करने वालों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। टीएमसी नेता के दाहिने जांघ में गोली लगी। पुलिस ने बताया कि इस हमले में टीएमसी नेता के सहयोगी भी घायल हुए हैं। फिलहाल इस मामले में जांच जारी है।

भाजपा नेता की हत्या मामले में तृणमूल के दो नेताओं के घर सीबीआई की छापेमारी 
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 2021 में चुनाव बाद हुई हिंसा के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता जनमेजय दोलुई की हत्या के मामले में पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के काथी में दो तृणमूल कांग्रेस नेताओं देबब्रत पांडा और नंददुलाल मैती के आवासों पर छापा मारा। हत्या मामले में पांडा, नंददुलाल के बेटे और 52 अन्य को आरोपी बनाया गया है। सीबीआई अधिकारी ने बताया कि इस मामले में पूछताछ के लिए 30 लोगों को समन जारी किया गया था लेकिन कोई नहीं आया। उन्होंने बताया कि हम इन लोगों से जुड़े स्थानों पर छापा मार रहे हैं। हम इनसे पूछताछ करनी है।

संदेशखाली में CBI ने स्थापित किया शिविर
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में  सीबीआई ने स्थानीय लोगों के बीच विश्वास पैदा करने के लिए शिविर स्थापित किया है। बता दें कि स्थानीय लोगों को कथित तौर पर यौन उत्पीड़न के बारे में सीबीआई को जानकारी देने के लिए परेशान किया जा रहा था। इस शिविर की रखवाली सीआरपीएफ के जवान करेंगे। सीआरपीएफ के जवानों द्वारा सीबीआई अधिकारियों को जांच और जानकारी जुटाने में मदद प्रदान की जाएगी। सीबीआई ने कलकत्ता हाईकोर्ट के उस आदेश के बाद यहां शिविर स्थापित किया है, जिसमें कहा गया था कि स्थानीय लोगों के बीच अपना भरोसा बढ़ाएं। अदालत ने कहा था कि शिकायतकर्ता पर्याप्त सुरक्षा चाहते हैं। 

म्यांमार में 34 विद्रोहियों ने किया हथियारों के साथ आत्मसमर्पण
म्यांमार से मणिपुर में घुसने की कोशिश कर रहे यूएनएलएफ (पी) के 34 सशस्त्र विद्रोहियों ने हथियारों के साथ असम राइफल्स के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। शुक्रवार को अधिकारियों ने कहा कि असम राइफल्स यूनिट ने उन्हें देखा और चुनौती दी। 34 सशस्त्र विद्रोहियों के पूरे समूह ने अपने स्वचालित हथियारों के साथ बल के सामने आत्मसमर्पण करने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि बाद में उन्हें राज्य पुलिस को सौंप दिया गया। आत्मसमर्पण करने वाला कैडर घाटी स्थित विद्रोही समूह यूएनएलएफ (पी) से जुड़ा माना जाता है।

एसबीएस के तीन अफसरों पर 69 करोड़ के गबन का केस दर्ज 
स्टेट बैंक ऑफ सिक्किम  (एसबीएस) ने 69 करोड़ रुपये के गबन के आरोप में बैंक के तीन अधिकारियों के खिलाफ अपराध जांच विभाग (सीआईडी) में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में दोरजी शेरिंग लेप्चा, महाप्रबंधक (संचालन), त्सेवांग दोरजी लेप्चा, सहायक प्रबंधक (आईटी) और तिलक राय, वरिष्ठ लेखा सहायक ने सरकारी अधिकारियों के नाम पर विभिन्न सावधि जमा खाते खोले और शेष बैंक धन को विभिन्न चल व अचल संपत्तियों में निवेश किया। 

असम गण परिषद के पूर्व अध्यक्ष थानेश्वर बोरा का निधन
असम गण परिषद के पूर्व अध्यक्ष और संस्थापक सदस्य और असम के पूर्व मंत्री थानेश्वर बोरो का शुक्रवार को 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया। हृदयघात के बाद बोरो को गौहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिससे वे उबर नहीं सके। तीन बार के विधायक थानेश्वर बोरो राज्य में एजीपी सरकार में राजस्व, शिक्षा मंत्री थे। बोरो का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ उनके गृहनगर रंगिया में किया गया।

इंडियन न्यूजपेपर सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष नरेश मोहन का निधन
मीडिया दिग्गज और इंडियन न्यूजपेपर सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष नरेश मोहन का निधन हो गया। वे 82 वर्ष के थे। उनके निधन पर शोक जताते हुए द इंडियन न्यूजपेपर सोसाइटी के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा, मोहन ने अपने कार्यकाल के दौरान सोसाइटी में अमूल्य योगदान दिया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, नरेश जी के निधन से दुखी हूं, उन्होंने कई पदों पर रहकर अपनी विद्वता से एक अमिट प्रभाव छोड़ा। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed