फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News And Updates East West North South Northeast India National Incident News In Hindi

Updates: आंध्र के गर्ल्स वॉशरूम में गुप्त कैमरा, एक हिरासत में; तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी ने माफी मांगी

Fri, 30 Aug 2024 01:31 PM IST
विशांत श्रीवास्तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: विशांत श्रीवास्तव Updated Fri, 30 Aug 2024 01:31 PM IST
विज्ञापन
News And Updates East West North South Northeast India National Incident News In Hindi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala

आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में लड़कियों के हॉस्टल के वॉशरूम में कैमरा छिपाकर वीडियो बनाने की शर्मनाक घटना सामने आई। इस खुलासे के बाद छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्राओं का आरोप है कि करीब 300 वीडियो बनाकर प्रसारित किए गए। राज्य के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। कृष्णा जिले के गुडलावलेरू कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक छात्रा की नजर वॉशरूम में छिपाकर लगाए कैमरे पर गई। पुलिस ने बीटेक अंतिम वर्ष के एक छात्र को हिरासत में लिया है। उसने हॉस्टल की एक छात्रा को ब्लैकमेल कर उससे हॉस्टल के वॉशरूम में कैमरा लगवाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्राओं ने वीडियो बनाने व प्रसारित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 

विज्ञापन


सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद सीएम रेड्डी ने मांगी माफी
तेलंगाना के सीएम ए रेवंत रेड्डी ने सुप्रीम कोर्ट पर टिप्पणी के लिए बिना शर्त माफी मांगी। उन्होंने बीआरएस नेता के कविता को जमानत मिलने पर टिप्पणी की थी। रेड्डी ने कहा कि उनकी टिप्पणियों को गलत संदर्भ में समझा गया। सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया था कि सियासी लड़ाई में अदालत को घसीटना सही नहीं है। कोर्ट राजनीतिक दलों से पूछकर फैसले नहीं सुनाता। ऐसे बयान लोगों के मन में शंका पैदा करते हैं। दरअसल, सीएम रेवंत रेड्डी ने दिल्ली आबकारी नीति घोटाले में कविता की जमानत को लेकर भाजपा व बीआरएस के बीच सौदेबाजी का आरोप लगाया था।

विज्ञापन

सात साल के बच्चे पर पिट बुल का हमला, हुई मौत; मालिक पर कसा शिकंजा
उत्तरी गोवा के अंजुना गांव में मां के साथ टहल रहे सात वर्षीय एक बच्चे पर पिटबुल ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। अंजुना पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सूरज गवास ने गुरुवार को बताया कि कुत्ते के मालिक अब्दुल कादर ख्वाजा के खिलाफ लापरवाही के लिए प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित प्रभास कलंगुटकर अपनी मां के साथ जा रहा था, तभी पिटबुल ने हमला कर दिया। बाद में बच्चे को गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

अधिकारी ने बताया कि बच्चे की मां घरेलू सहायिका का काम करती है। वहीं, पशुपालन मंत्री नीलकांत हलर्नकर ने कहा कि राज्य सरकार ने कुत्तों की कुछ आक्रामक नस्लों पर प्रतिबंध लगाया है, लेकिन उनके मालिकों को अदालत से राहत मिली है। उन्होंने आगे कहा कि वह खूंखार कुत्तों की कुछ नस्लों पर प्रतिबंध लगाने और उन्हें प्रबंधित करने के लिए उचित दिशा-निर्देश लाने के लिए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के साथ मामला उठाएंगे।

झारखंड: शिकारी गिरोह का भंडाफोड़, सेना का एक जवान भी शामिल
झारखंड में वन विभाग ने जानवरों का शिकार करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मामले में राज्य के विभिन्न हिस्सों से आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें सेना का एक जवान भी शामिल है।

जमशेदपुर के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) सबा आलम अंसारी ने कहा कि पिछले एक पखवाड़े के दौरान पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और पलामू जिलों में की गई छापेमारी के दौरान शिकारियों को गिरफ्तार किया गया। डीएफओ ने कहा कि बरामद वस्तुओं में एक तेंदुए की खाल और दो हिरण के सींग शामिल हैं।

विज्ञापन

नॉर्वे की राजदूत ने भारत में एक साल पूरे किए, हिंदी में शेयर की पोस्ट
नॉर्वे की राजदूत मे-एलिन स्टेनर ने गुरुवार को अपने कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर 'भारत' को धन्यवाद दिया और कहा कि वह नॉर्वे-भारत संबंधों में हुई "प्रगति" से रोमांचित हैं। उन्होंने एक्स पर हिंदी में एक पोस्ट और एक वीडियो भी साझा किया। जिसमें वह साड़ी पहने हुए हैं और भारत में अपने जीवन के बारे में तेजी से बातचीत कर रही हैं।

तेलंगाना सरकार कंगना रणौत अभिनीत फिल्म 'इमरजेंसी' पर प्रतिबंध लगा सकती है
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने सिख समुदाय के नेताओं को आश्वासन दिया है कि राज्य सरकार कानूनी परामर्श लंबित रहने तक कंगना रणौत की आगामी फिल्म "इमरजेंसी" की रिलीज पर प्रतिबंध लगाने पर विचार करेगी। सरकारी सलाहकार मोहम्मद अली शब्बीर ने गुरुवार को यह जानकारी दी है। 

तेलंगाना में मिलाद-उन-नबी जुलूस 19 तारीख को निकलेगा
तेलंगाना सरकार की अपील पर मिलाद-उन-नबी कमेटी 19 सितंबर को जुलूस निकालने पर राजी हो गई है। पहले यह 17 सितंबर को प्रस्तावित था। लेकिन 17 सितंबर को ही गणेश मूर्तियों का विसर्जन का विसर्जन भी है। जिसको लेकर सरकार ने  मिलाद-उन-नबी समिति से बात की थी।





 

मिजोरम में भूस्खलन के कराण ढह गया रेलवे स्टेशन
मिजोरम के कोलासिब जिले में एक निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन का 50 प्रतिशत हिस्सा भूस्खलन के कारण ढह गया। यह रेलवे स्टेशन बैराबी-सैरांग रेलवे परियोजना का हिस्सा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि कावनपुई इलाके में बुधवार को हुई भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में यह घटना घटी। घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। मिजोरम को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली 51.38 किलोमीटर लंबी बैराबी-सैरांग रेलवे परियोजना को अगले साल जुलाई तक पूरी करने की योजना है। इसका लगभग 93 प्रतिशत काम समाप्त हो चुका है। मिजोरम में 19 अगस्त से मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। इस वजह से अलग-अलग हादसों में 42 लोगों की जान जा चुकी है।

केंद्र के संशोधन विधेयक को स्वीकार नहीं करेगा कर्नाटक वक्फ बोर्ड
कर्नाटक राज्य वक्फ बोर्ड ने बृहस्पतिवार को केंद्र के वक्फ संशोधन विधेयक पर कड़ा विरोध जताया। वक्फ बोर्ड की प्रशासनिक समिति की एक बैठक में वक्फ अधिनियम में संशोधन के विरोध में एक प्रस्ताव पारित किया गया। यह बैठक आवास और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमीर अहमद खान और राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अनवर बाशा के नेतृत्व में हुई। इसके बाद मंत्री और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव नासिर अहमद ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को प्रस्ताव की प्रति सौंपी और उनसे संशोधन के विरोध में केंद्र सरकार को पत्र लिखने का आग्रह किया।

वक्फ बोर्ड की प्रशासनिक समिति ने कहा कि वह विधेयक की समीक्षा के लिए गठित संयुक्त संसदीय समिति को कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराएगी। इस बारे में खाने ने कहा, वक्फ बोर्ड एक स्वायत्त निकाय है और प्रस्तावित संशोधन समुदाय के हितों के खिलाफ है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि संशोधन के पीछे का इरादा कुछ और हो सकता है।

ओडिशा: SLN मेडिकल कॉलेज अस्पताल के चाइल्ड केयर वार्ड में लगी आग

ओडिशा के कोरापुट में एसएलएन मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में शुक्रवार को आग लग गई, जिससे मरीजों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आग विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। हालांकि गनीमत रही इस हादसे में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। मामले में अस्पताल के अधीक्षक सुशांत कुमार साहू ने बताया, एसएनसीयू में भर्ती कम से कम 42 शिशुओं को दूसरे वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया और स्थिति पर काबू पा लिया गया।

रेल मंत्रालय ने नासिक-दहानू नई लाइन के अंतिम स्थान सर्वेक्षण को दी मंजूरी

रेल मंत्रालय ने त्र्यंबकेश्वर और वनगांव के माध्यम से नासिक-दहानू नई लाइन के लिए अंतिम स्थान सर्वेक्षण को मंजूरी दे दी है। मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि 100 किलोमीटर की यह लाइन पालघर जिले में नासिक और दहानू को जोड़ेगी और दोनों महत्वपूर्ण स्थानों के बीच यात्रा के समय को काफी कम कर देगी। वहीं मध्य रेलवे की तरफ से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि वर्तमान में, नासिक से दहानू तक पहुंचने के लिए, ट्रेनें दक्षिण की ओर कल्याण-भिवंडी-वसई या उत्तर की ओर धुले-नंदुरबार-सूरत के माध्यम से यात्रा करती हैं। नई लिंक से दोनों शहरों के बीच यात्रा के समय और दूरी में कमी आने की उम्मीद है। यह पर्यटन को बढ़ावा देगा और 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक के दर्शन के लिए त्र्यंबकेश्वर मंदिर और नासिक में पंचवटी जाने के इच्छुक भक्तों को रेल परिवहन प्रदान करेगा।

अधिकारियों ने बताया कि नई लाइन दक्खन पठार से दहानू में वधवन बंदरगाह तक कनेक्टिविटी भी प्रदान करेगी, जिसकी आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रखी। यह लाइन नासिक और पालघर जिलों के कई शहरों को जोड़ेगी, जिससे क्षेत्र में आर्थिक वृद्धि और विकास को बढ़ावा मिलेगा। नई रेलवे लाइन के अंतिम स्थान सर्वेक्षण के लिए मंत्रालय ने 2.50 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

तेलंगाना सीएम ने यादगिरिगुट्टा मंदिर के लिए शासी निकाय नियुक्त करने का दिया निर्देश

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को अधिकारियों को तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) की तर्ज पर यहां के निकट यादगिरिगुट्टा में प्रसिद्ध भगवान नरसिंह मंदिर के प्रशासन के लिए शासी निकाय नियुक्त करने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया। सीएम रेड्डी ने स्वास्थ्य और पर्यावरण पर्यटन परियोजनाओं और मंदिर सर्किट के विकास की समीक्षा के लिए मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक की और कहा कि यादगिरिगुट्टा मंदिर के 'राजगोपुरम' के सोने की परत चढ़ाने के काम में तेजी लाई जानी चाहिए। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में उनके हवाले से कहा गया कि हैदराबाद से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित मंदिर के विकास को अगले स्तर पर ले जाना चाहिए। सीएम ने अधिकारियों से यादगिरिगुट्टा मंदिर विकास प्राधिकरण (वाईटीडीए) और मंदिर के लंबित विकास कार्यों पर पूरी जानकारी के साथ एक स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा है।

हाईकोर्ट ने दयानिधि मारन, EC को नोटिस जारी

मद्रास हाईकोर्ट ने शुक्रवार को चुनाव आयोग और डीएमके सांसद दयानिधि मारन को उस याचिका पर नोटिस जारी किया, जिसमें अप्रैल 2024 के चुनावों में चेन्नई सेंट्रल संसदीय क्षेत्र से उनके निर्वाचन को अमान्य घोषित करने की मांग की गई थी। न्यायमूर्ति एन आनंद वेंकटेश ने देसिया मक्कल शक्ति काची के अध्यक्ष एमएल रवि की तरफ से दायर एक चुनाव याचिका पर नोटिस जारी किया, जिन्होंने चेन्नई सेंट्रल क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। न्यायाधीश ने मामले की आगे की सुनवाई 26 सितंबर को तय की। अपनी याचिका में, रवि ने बताया कि चुनाव के लिए प्रचार 17 अप्रैल को समाप्त हो गया। 19 अप्रैल को, मतदान के दिन, डीएमके ने तमिलनाडु के सभी प्रमुख समाचार पत्रों में पार्टी के चुनाव चिह्न 'उगते सूरज' के लिए मतदाताओं को वोट देने के लिए आह्वान करते हुए विज्ञापन जारी किए।

रूस में फंसे केरलवासी, बचाने के लिए सीएम ने केंद्र से लगाई मदद की गुहार

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने शुक्रवार को केंद्र सरकार से रूस में फंसे केरलवासियों को वापस लाने के लिए मदद की अपील की। उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर को लिखे पत्र में कहा कि नौकरी घोटाले में धोखाधड़ी के बाद वहां फंसे इन लोगों को वापस लाने की दिशा में सरकार कदम उठाए। पत्र में विजयन ने अनधिकृत भर्ती एजेंसियों और लोगों की वजह से रूस में फंसे लोगों की संख्या की जांच करने का अनुरोध भी किया। इस पत्र में सीएम विजयन ने त्रिशूर के मूल निवासी संदीप चंद्रन का शव जल्द से जल्द वापस लाने की भी मांग की। चंद्रन की रूस-यूक्रेन सीमा पर ड्रोन हमले में मौत हो गई थी। राज्य सीएम कार्यालय के मुताबिक,पत्र में विजयन ने जयशंकर को सूचना दी कि रूस में भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि संदीप का शव रूस के रोस्तोव में है। उन्होंने लुहांस्क के एक सैन्य शिविर में फंसे संतोष कट्टुकालयिल, शानमुखन, सिबी सुसम्मा बाबू और रेनिन पुन्नेकेल थॉमस तत्काल बचाव के लिए भी लिखा।

एसजेटीएमसी ने 413 करोड़ रुपये के बजट को दी मंजूरी 

श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंध समिति (एसजेटीएमसी) ने शुक्रवार को वित्तीय वर्ष 2024-2025 के लिए 413 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी और जगन्नाथ संस्कृति के प्रसार के लिए एक समर्पित एफएम रेडियो स्टेशन स्थापित करने का भी फैसला किया। एसजेटीएमसी पुरी में 12वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर का शीर्ष निकाय है। इस मामले में निर्णय पुरी के गजपति महाराज दिव्य सिंह देब की अध्यक्षता में एसजेटीएमसी की बैठक में लिए गए।

एनबीएफ प्रतिनिधिमंडल ने पीएम मोदी से की मुलाकात

न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और प्रसारण समाचार मीडिया क्षेत्र के सामने आने वाले मुद्दों पर चर्चा की। रिपब्लिक टीवी के प्रधान संपादक अर्नब गोस्वामी के नेतृत्व में अखिल भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को यहां प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर उनसे मुलाकात की। इसमें कुछ सबसे प्रमुख क्षेत्रीय और राष्ट्रीय प्रसारण समाचार संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल थे। एनबीएफ प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग के लिए एक दूरदर्शी रोडमैप पर चर्चा की, जिसमें तेजी से विकसित हो रही तकनीक और डिजिटलीकरण के बीच इसे भविष्य के लिए तैयार करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। फेडरेशन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री के साथ बैठक भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप मीडिया क्षेत्र को आगे बढ़ाने और हमारे जीवंत लोकतंत्र के स्तंभ के रूप में इसकी निरंतर भूमिका सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण के साथ हुई।

कर्नाटक में बीच पर बिकिनी पहनकर रील बनाने से पुलिस रोका

कर्नाटक के मालपे में एक 'इन्फ्लुएंसर' को कथित तौर पर पुलिस ने रील शूट करते समय रोक दिया, क्योंकि उसने पादुकेरे बीच पर बिकिनी पहन रखी थी। महिला ने इस घटना के बारे में एक रील पोस्ट की थी, जिसे स्थानीय टेलीविजन चैनलों और समाचार आउटलेट्स ने उठाया है। उसके अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उसे तब तक शूटिंग जारी रखने की अनुमति नहीं दी, जब तक कि वह 'अभद्र' कपड़े पहने हुए थी। मालपे पुलिस ने बताया कि उनके पास ऐसी किसी घटना का 'कोई रिकॉर्ड' नहीं है और फोटो शूटआउट को रोकने के लिए किसी पुलिसकर्मी को नियुक्त नहीं किया गया था। ख्याति श्री ने अपनी रील में बताया कि वह इंस्टाग्राम रील शूट करने के लिए मालपे बीच पर आई थी। उसका पति बीच पर बिकिनी में उसका वीडियो शूट कर रहा था, तभी दो पुलिसकर्मी उनके पास आए।

गृह मंत्री अमित शाह से मिले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल

दिल्ली: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सी वी आनंद बोस ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed