फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News And Updates East West North South Northeast India National Incident News In Hindi

Updates: नीट पेपर लीक मामले में केंद्र ने बिहार पुलिस से मांगी रिपोर्ट; तेलंगाना में महिला सिपाही से दुष्कर्म

Wed, 19 Jun 2024 10:48 PM IST
विशांत श्रीवास्तव अमर उजाला, न्यूज डेस्क
अमर उजाला, न्यूज डेस्क Published by: विशांत श्रीवास्तव Updated Wed, 19 Jun 2024 10:48 PM IST
सार

News Updates: नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्रालय ने बिहार पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। उधर तेलंगाना में महिला हेड कांस्टेबल से बंदूक के बल पर दुष्कर्म किया गया। पढ़िए बड़ी खबरें

विज्ञापन
News And Updates East West North South Northeast India National Incident News In Hindi
बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

विस्तार

विज्ञापन

नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्रालय ने बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई से रिपोर्ट मांगी है। दरअसल, नीट पेपर में धांधली की जांच के दौरान बिहार पुलिस की अब तक छानबीन में सॉल्वर गैंग के पास 13 परीक्षार्थियों के रोल कोड मिले थे। पुलिस ने इन 13 परीक्षार्थियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया था, बाकी 9 परीक्षार्थियों को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया था।
 

तेलंगाना में महिला हेड कांस्टेबल का बंदूक के बल पर दुष्कर्म 

विज्ञापन

तेलंगाना के जयशंकर भूपलपल्ली जिले में एक महिला हेड कांस्टेबल के साथ बंदूक के बल पर दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी सब इंस्पेक्टर (एसआई) भवानी सेन को गिरफ्तार कर बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि कालेश्वरम थाने में कार्यरत एसआई पर उसी थाने में तैनात महिला हेड कांस्टेबल ने आरोप लगाया है कि बीती 16 जून को एक सिंचाई परियोजना के अतिथि कक्ष में उसने बंदूक दिखाकर उसका यौन उत्पीड़न किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने कई बार उसका पीछा भी किया। एक अधिकारी ने कहा, शिकायत के आधार पर एसआई के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया गया है। मामले की जांच जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मोरबी पुल हादसा: गुजरात हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से मांगी कार्रवाई की रिपोर्ट
गुजरात उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को मोरबी नगर पालिका के पदाधिकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर एक रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया। दरअसल विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अक्टूबर 2022 में एक पुल के ढहने के बाद हुई खामियों को उजागर किया था। इस हादसे में 135 लोगों की मौत हो गई थी। मुख्य न्यायाधीश सुनीता अग्रवाल और न्यायमूर्ति प्रणव त्रिवेदी की खंडपीठ ने कहा कि एसआईटी द्वारा तत्कालीन मुख्य अधिकारी सहित मोरबी नगरपालिका के पदाधिकारियों की खामियों को उजागर किया गया था। इसके बाद सरकार ने अभी तक कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) प्रस्तुत नहीं की है। इस बीच हादसे में अपने दो रिश्तेदारों को खोने वाले एक व्यक्ति ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने अदालत से ब्रिटिश काल में बने इस पुल की संरचना की मरम्मत और पुनर्स्थापन और व्यक्तिगत मुआवजे के लिए निर्देश देने की मांग की है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लोकसभा अध्यक्ष को भेजा पत्र
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संसद परिसर में महात्मा गांधी, बीआर आंबेडकर और अन्य नेताओं की मूर्तियों को नई जगह स्थानांतरित करने पर लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति को पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि मूर्तियों उनके मूल स्थान पर ही स्थापित किया जाए। लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति को लिखे गए पत्र में खरगे ने कहा कि राष्ट्रीय नेताओं की मूर्तियों को बिना किसी परामर्श के मनमाने ढंग से एक अलग कोने में स्थानांतरित कर दिया गया है। खरगे ने कहा कि यह लोकतंत्र की मूल भावना का उल्लंघन है।


मुंबई: पत्नी को यातनाएं देने वाले पति पर केस दर्ज
पुलिस ने मुंबई के वर्ली के 46 वर्षीय एक होटल व्यवसायी और उसके बुजुर्ग माता-पिता के खिलाफ पत्नी पर हमला करने और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसके पति ने उसके माता-पिता से पैसे मांगे। साथ ही  शक करता था कि उसका किसी और के साथ संबंध चल रहा है। 43 वर्षीय महिला ने अपने पति प्रहलाद आडवाणी, उसके 85 वर्षीय पिता सुंदरगुरदास और 78 साल की मां मेनका के खिलाफ 13 जून को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का पति गोवा में होटल और रिसॉर्ट कारोबार के तहत एक लग्जरी बीच रिजॉर्ट हैं। शिकायत में उसकी पत्नी शाहाना ने कहा कि उसे नवंबर 2012 से 12 जून, 2024 के बीच काफी यातनाएं दीं। शिकायत पर विश्वासघात, स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, जानबूझकर अपमान करने का मामला दर्ज किया गया।  शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी होटल व्यवसायी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर कई बार हमला किया और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। उसने शादी के समय पांच लाख रुपये की घड़ी की मांग की, जिसे उसके ससुर ने पूरी की। साल  2017 में शिकायतकर्ता के पिता ने मनाली में अपनी संपत्ति बेच दी थी, जिसके बाद आडवाणी और उसके माता-पिता ने उनसे रुपये मांगना शुरू कर दिया था। जब पीड़िता ने अपने पिता की संपत्ति देने से इनकार कर दिया तो आडवाणी ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें शारीरिक और मानसिक यातना दी। महिला ने अपनी शिकायत में अपने पति पर यह भी आरोप लगाया कि वह किसी और के साथ संबंध होने का शक करता था। 

नौसेना प्रमुख ने PM मोदी से मुलाकात की
नौसेना प्रमुख (सीएनएस) एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर उन्हें भारतीय नौसेना की विभिन्न परिचालन और प्रशासनिक गतिविधियों से अवगत कराया। नौसेना प्रमुख ने प्रधानमंत्री को जल क्षेत्र में सेना की रणनीति, युद्ध की तैयारी और समग्र क्षमताओं को बढ़ाने पर इसके फोकस के बारे में जानकारी दी। नौसेना ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, ‘एडमिरल त्रिपाठी ने नौसेना द्वारा प्रगति की जा रही विभिन्न परिचालन, प्रशासनिक और ढांचागत गतिविधियों के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी दी।’ पोस्ट में आगे कहा गया कि एडमिरल त्रिपाठी त्रिपाठी ने पीएम मोदी को कभी भी, कहीं भी, किसी भी तरह से युद्ध के लिए तैयार रहने और राष्ट्रीय समुद्री हितों की रक्षा करने की नौसेना की प्रतिबद्धता का आश्वासन दिया। साथ ही क्षमता निर्माण में आत्मनिर्भरता पर ध्यान केंद्रित करते हुए  काम करने के लिए कहा है।’

News And Updates East West North South Northeast India National Incident News In Hindi
सुप्रिया सुले - फोटो : पीटीआई

एनसीपी (सपा) नेता सुप्रिया सुले ने वसई हत्याकांड में फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने की मांग की

एनसीपी (सपा) नेता सुप्रिया सुले ने मंगलवार को वसई हत्याकांड के आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की, जिसमें उसने अपनी प्रेमिका के सिर पर स्पैनर से 18 वार करके उसकी हत्या कर दी थी। साथ ही उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करने की भी मांग की है। 

शुक्रवार को एक सिरफिरे आशिक ने प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया था
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह पालघर जिले के वसई में सड़क पर एक नाराज प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के सिर पर स्पैनर से 18 वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि मौके पर मौजूद कई लोग यह भयानक तमाशा देखते रहे।

News And Updates East West North South Northeast India National Incident News In Hindi
आग - फोटो : प्रतीकात्मक

West Bengal: अलीपुरद्वार प्रतिष्ठित 'हॉलोंग बंगले' में लगी आग, कोई हताहत नहीं
पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में स्थित मशहूर 'हॉलोंग बंगले' में मंगलवार शाम आग लग गई। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि आग रात करीब 9 बजे लगी हालांकि घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। 

मुख्य वन्यजीव वार्डन देबल रॉय ने बताया कि सूचना देने के बाद  दो दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। आग के कारण कितनी संपत्ति का नुकसान हुआ, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।

फाइल फोटो

News And Updates East West North South Northeast India National Incident News In Hindi
देश के 77 प्रतिशत ग्रामीण परिवारों को मिला नल जल कनेक्शन
अब तक लगभग 77 प्रतिशत या 14.88 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल जल कनेक्शन प्रदान किया जा चुका है। जल जीवन मिशन के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देश में कुल 19.31 करोड़ ग्रामीण परिवार हैं। इसके अलावा 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने ग्रामीण क्षेत्रों में 100 प्रतिशत कवरेज हासिल कर लिया है। कुल 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में नल जल कवरेज 75 से100 प्रतिशत के बीच है और पांच राज्यों में 50 से 75 प्रतिशत है। आंकड़ों के मुताबिक, राजस्थान और प. बंगाल में कवरेज 50 फीसदी से कम है। 2019 में शुरू किए गए जल जीवन मिशन का लक्ष्य 2024 तक ग्रामीण भारत के सभी घरों में घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है।

बालासोर में दो समूहों में झड़प...कर्फ्यू, 34 गिरफ्तार
ओडिशा के बालासोर शहर में पशु बलि को लेकर दो समूहों के बीच झड़प के बाद प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया गया। साथ ही शहर के कुछ संवेदनशील इलाकों में इंटरनेट सेवा भी निलंबित कर दी। पुलिस ने अब तक करीब 34 लोगों को गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को बालासोर कलेक्टर आशीष ठाकरे से बात की और उन्हें स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्देश दिया। पशु बलि का खून सड़क पर फैलने की वजह से लोग नाराज थे। कुछ लोग इसके विरोध में सोमवार को शहर के भुजखिया पीर इलाके में धरने पर बैठ गए। इसी दौरान दूसरे समूह में शामिल लोगों ने उन पर पथराव कर दिया। इसके बाद झड़प शुरू हो गई।  

रील बनाने के चक्कर में 300 फुट खाई में गिरी कार, युवती की मौत
रील बनाने के चक्कर में महाराष्ट्र के क्षत्रपति संभाजीनगर में एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल, युवती कार चला रही थी और उसका दोस्त रील बना रहा था, उसी दौरान कार रिवर्स करते समय 300 फुट गहरी खाई में गिर गई और श्वेता सुरवासे (23) की मौत हो गई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला औरंगाबाद जिले के सुलीभंजन का है। श्वेता सोमवार दोपहर करीब 2 बजे अपने दोस्त शिवराज मुले (25) के साथ सुलीभंजन हिल्स गई थी। वहां वह दत्त मंदिर के पास पहाड़ पर ड्राइविंग सीखते हुए रील बना रही थी। श्वेता कार चला रही थी और शिवराज बाहर से वीडियो शूट कर रहा था। इसी दौरान श्वेता कार रिवर्स करने लगी। श्वेता ने कार रिवर्स करते समय ब्रेक लगाने की बजाय गलती से एक्सीलरेटर दबा दिया। वीडियो शूट कर रहा शिवराज कार रोकने के लिए दौड़ा, लेकिन तब तक गाड़ी तेजी से खाई में गिर गई। श्वेता को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।  

मन की बात का प्रसारण 30 जून से फिर शुरू, पीएम ने मांगे सुझाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात मासिक रेडियो कार्यक्रम का प्रसारण 30 जून से फिर शुरू होगा। सोशल मीडिया पोस्ट पर पीएम ने इसकी जानकारी दी और लोगों से इसके लिए उनके विचार और इनपुट साझा करने का आग्रह किया। मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, आप सभी इसके लिए अपने सुझाव साझा करें। आप मायगॉव, नमो एप पर अपने विचार भेज सकते हैं। इसके अलावा 1800117800 पर भी अपना संदेश रिकॉर्ड कर साझा कर सकते हैं। मन की बात कार्यक्रम आखिरी बार 25 फरवरी को प्रसारित किया गया था और फिर लोकसभा चुनावों के कारण इसे रोक दिया गया।  

29 जुलाई से 3 अगस्त तक सुप्रीम कोर्ट में विशेष लोक अदालत
सुप्रीम कोर्ट लंबित मामलों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए 29 जुलाई से 3 अगस्त तक विशेष लोक अदालत का आयोजन करेगा। विशेष लोक अदालत का आयोजन शीर्ष अदालत की स्थापना के 75वें वर्ष में किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट 26 जनवरी, 1950 को संविधान लागू होने के साथ अस्तित्व में आया था। लोक अदालत में वैवाहिक विवाद, संपत्ति विवाद, मोटर दुर्घटना दावे, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, सेवा और श्रम से जुड़े वे मामले जिनमें समझौता संभव है और वे लंबित हैं को जल्द निपटाया जाएगा।  

केरल : कन्नूर में बम धमाके में 86 साल के बुजुर्ग की मौत

उत्तरी केरल के कन्नूर जिले में तालासेरी के पास मंगलवार को बम विस्फोट में 86 वर्षीय एक बुजुर्ग वेलायुधन की मौत हो गई। घटना दोपहर 12.45 बजे के आसपास हुई। पुलिस ने कहा कि बुजुर्ग व्यक्ति ने एक निर्जन स्थान से गलती से बम उठा लिया और उसे खोलने की कोशिश करने लगा। यहां वह नारियल इकट्ठा करने गया था। विस्फोट के बाद वेलायुधन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। बम निरोधक दस्ता उस स्थान की जांच कर रहा है, जहां से विस्फोटक मिला था।  

असम में 48 करोड़ की ड्रग्स के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
असम पुलिस ने दो अभियानों में शिवसागर और कार्बी आंगलोंग जिले से 48 करोड़ की ड्रग्स बरामद कर तीन तस्कर गिरफ्तार किए हैं। पुलिस ने शिवसागर में सोमवार रात एक ट्रक से लगभग 4.6 किलो हेरोइन की कुल 399 बोतलें बरामद कीं और दो लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरे अभियान में कार्बी आंगलोंग जिला पुलिस ने 8.33 किलो मॉर्फिन बरामद कर एक तस्कर को पकड़ा।  

पैसा नहीं लौटाया तो सहकारी बैंकों पर खत्म हो जाएगा लोगों का भरोसा : हाईकोर्ट
केरल हाईकोर्ट ने कहा कि अगर जमाकर्ताओं का पैसा नहीं लौटाया गया, तो सहकारी बैंकों पर से उनका विश्वास उठ जाएग। अधिकारियों को जमाकर्ताओं का पैसा वापस करने के लिए कदम उठाना चाहिए।

जस्टिस देवन रामचंद्रन ने कहा कि सहकारी बैंकिंग क्षेत्र में लोगों का भरोसा खत्म होने से राज्य के प्रति पूर्वाग्रह गहरा होगा। खासकर तब जब मौजूदा वित्तीय स्थिति उतनी संतोषजनक नहीं है, जितनी होनी चाहिए थी। अदालत ने आदेश में कहा, सहकारी बैंकों की ओर से सावधि जमा की वापसी स्वस्थ वित्तीय परिदृश्य के लिए अनिवार्य शर्त है। इसका उल्लंघन निश्चित रूप से लोगों के मन में अशांति पैदा करेगा और भविष्य में उन्हें ऐसे बैंकों पर भरोसा करने से रोकेगा। न्यायालय राज्य के विभिन्न सहकारी बैंकों में जमा धन की वापसी की मांग करने वाले जमाकर्ताओं की याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed