फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News and Updates Ashwini Vaishnaw visits the construction site of Bhubaneswar Railway station know more news

Updates: रेल मंत्री वैष्णव ने किया भुवनेश्वर स्टेशन का दौरा; सोनिया गांधी निजी दौरे पर गोवा पहुंचीं

Sat, 06 Jan 2024 11:40 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: श्वेता महतो Updated Sat, 06 Jan 2024 11:40 PM IST
सार

केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन के निर्माण स्थल का दौरा करते हुए बताया कि इस रेलवे स्टेशन को विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन बनाने का कार्य जारी है। 

विज्ञापन
News and Updates Ashwini Vaishnaw visits the construction site of Bhubaneswar Railway station know more news
News Updates - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन के निर्माण स्थल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन को एक विश्व स्तरीय स्टेशन बनाने का काम जारी है। प्रगति कार्य सराहनीय है। भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन भुवनेश्वर के दोनों किनारों को जोड़ेगा।
विज्ञापन

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक का निरीक्षण किए।
विज्ञापन
विज्ञापन

असम के अभयारण्य में 40 साल बाद लौटे गैंडे

असम के लाओखोवा और बुराचापोरी वन्यजीव अभयारण्यों में 40 साल के लंबे अंतराल के बाद गैंडे वापस लौट आए हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी दी। 

सीएम सरमा ने अपने पोस्ट में कहा, मुझे यह जानकारी साझा करते हुए खुशी हो रही है कि 40 वर्षों के बाद हमारे प्रतिष्ठित लाओखोवा और बुराचापोरी वन्यजीव अभयारण्य में गैंडे लौट आए हैं। वे क्षेत्र में हमारे सफल अतिक्रमण रोधी अभियान के एक वर्ष के भीतर वापस आ गए हैं।

उन्होंने आगे बताया कि 2023 में अतिक्रमण रोधी अभियान के माध्यम से कुल 51.7 वर्ग किलोमीटर का वन क्षेत्र पुनः प्राप्त किया गया है। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान (केएनपी) की निदेशक सोनाली घोष ने कहा, लगभग 40 वर्षों के अंतराल के बाद लाओखोवा-बुराचापोरी वन्यजीव अभयारण्यों में दो गैंडे देखे गए हैं। 

उन्होंने कहा, नगांव जिले के लाओखोवा-बुराचापोरी जंगल में 1983 तक गैंडों की आबादी 45-50 के करीब थी। उनका अवैध शिकार किया गया था और उसके बाद, मानवजनित दबाव के कारण घास के मैदानों के क्षेत्र में गिरावट आई। उत्तरी तट (ओरंग राष्ट्रीय उद्यान) और पूर्वी हिस्से (काजीरंगा) से गैंडे ब्रह्मपुत्र चपोरी क्षेत्रों में प्रवेश करने के लिए जाने जाते थे, लेकिन वे कभी लंबे समय तक नहीं टिकते थे।

बता दें कि इस क्षेत्र में अवैध शिकार के कारण गैंडों की आबादी करीब-करीब समाप्त हो गई थी। वन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, इन संरक्षित क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों में मानव अतिक्रमण भी देखा गया था, जिसे पिछले साल अधिकारियों ने हटा दिया था।
विज्ञापन

भगवान राम पर की गई टिप्पणी को लेकर आव्हाड के खिलाफ FIR दर्ज

भगवान राम को मांसाहारी बताने वाली टिप्पणी को लेकर मुंबई पुलिस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक जितेंद्र आव्हाड के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार देर रात उपनगर अंधेरी के एमआईडीसी थाने में विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी थी।

शुक्रवार को भी उनके खिलाफ पुणे शहर में मामला दर्ज किया गया था। जितेंद्र आव्हाड ठाणे जिले में मुंब्रा-कलवा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारी गौतम रावरिया की शिकायत पर मुंबई में आव्हाड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने कहा कि उन्होंने एक समाचार चैनल पर आव्हाड को भगवान राम के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए सुना।'

उन्होंने बताया कि आव्हाड के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि शिरडी में बुधवार को राकांपा के एक कार्यक्रम में आव्हाड ने कहा था, 'वह (भगवान राम) शिकार करके खाया करते थे। वह हमारे, बहुजनों के थे। आप (भाजपा) हमें शाकाहारी बना रहे हो, (लेकिन) हम राम के उदाहरण को मान रहे हैं और मटन खा रहे हैं।'

दरअसल, ‘बहुजन’ शब्द का उपयोग महाराष्ट्र में पारंपरिक तौर पर हिंदू समाज के गैर-ब्राह्मण वर्गों के लिए किया जाता है। हालांकि, बात में विधायक आव्हाड ने बाद में कहा कि यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह खेद व्यक्त करते हैं। पुलिस ने बताया कि पुणे में भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख धीरज घाटे की शिकायत पर आव्हाड के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी।

 

राम मंदिर आंदोलन में भाग लेने वाला हिंदू कार्यकर्ता 30 साल बाद आया जेल से बाहर

तीन दशक पहले राम मंदिर आंदोलन में भाग लेने के लिए गिरफ्तार किए गए हिंदू कार्यकर्ता श्रीकांत पुजारी को शनिवार को रिहा कर दिया गया है। जेल से निकलते ही श्रीकांत ने कहा कि उन्होंने राम मंदिर आंदोलन में भाग लिया था और वह वहां एक बार फिर जाएंगे। 

पुलिस ने बताया कि उनके खिलाफ 16 मामले लंबित थे। हालांकि श्रीकांत ने इसे नकारते हुए कहा कि उनके ऊपर कोई भी मामले लंबित नहीं थे। 30 साल बाद जेल से रिहा होकर श्रीकांत ने हिंदू संगठनों का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया, पुलिस ने मुझे गिरफ्तार करने से पहले कोई भी समन जारी नहीं किया था। उन्होंने मुझे पकड़कर गाड़ी में बैठाया और सीधा जेल में डाल दिया। 

भाजपा ने उनकी गिरफ्तारी पर देशभर में आवाज उठाया और रिहाई के लिए मैं भी कर सेवक हूं मुझे भी गिरफ्तार करो अभियान चलाया था। 

नहीं रहे प्रसिद्ध कन्नड़ साहित्यकार और विचारक अमृत सोमेश्वर
प्रसिद्ध कन्नड़ साहित्यकार, लोक विद्वान और विचारक अमृत सोमेश्वर का शनिवार को मंगलूरू में निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे। सूत्रों ने बताया कि वह वृद्धावस्था संबंधी समस्याओं से पीड़ित थे। 27 सितंबर, 1935 को दक्षिण कन्नड़ जिले के आद्या गांव में पैदा हुए प्रोफेसर सोमेश्वर ने कन्नड़ के साथ-साथ तुलु भाषा के विकास के लिए भी प्रयास किया था। वह कर्नाटक साहित्य अकादमी पुरस्कार, केएस हरिदास भट्ट पुरस्कार, जनपद और यक्षगान अकादमी पुरस्कार और कर्नाटक राज्योत्सव पुरस्कार सहित विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित थे। उन्होंने कन्नड़ और तुलु में कई किताबें लिखी थीं और यक्षगान पर शोध-पत्र लिखे थे। सोमेश्वर के निधन पर शोक जताते हुए मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि उनका निधन कन्नड़ साहित्य जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

अनुशासनहीनता में महाराष्ट्र कांग्रेस के सचिव जिचकर पार्टी से निष्कासित
कांग्रेस ने अपनी महाराष्ट्र इकाई के सचिव नरेंद्र जिचकर को अनुशासनहीनता के लिए छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति (डीएसी) के अध्यक्ष पृथ्वीराज चव्हाण ने एक पत्र में यह जानकारी दी।

डीएसी ने निर्णय पिछले साल अक्तूबर में पार्टी की एक बैठक के दौरान नागपुर शहर इकाई के प्रमुख विकास ठाकरे के साथ जिचकर के विवाद के बाद लिया। इस दौरान दोनों खेमों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए थे, जिसके बाद जिचकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।

 मुंबई में नाइजीरिया के दो तस्करों से नौ करोड़ की कोकीन जब्त
मुंबई के उपनगर साकी नाका में पुलिस ने शनिवार को नाइजीरिया के दो लोगों को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया और उनसे नौ करोड़ रुपये की कोकीन जब्त की। एक अधिकारी ने कहा कि गश्त ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों ने डेनियल नेमैक (38) को उस समय रोका, जब वह हंसा इंडस्ट्रियल एस्टेट के पास संदिग्ध रूप से घूम रहा था। इसके बाद, उसे पुलिस स्टेशन लाया गया, जहां उसके पास से कोकीन से भरे 88 कैप्सूल बरामद किए गए। 880 ग्राम वजनी इस मादक पदार्थ की कीमत 9 करोड़ रुपये है।

उन्होंने कहा, पूछताछ करने पर नेमैक पुलिस को एक होटल में ले गया, जहां से पुलिस ने जोएल रामोस (19) को पकड़ा, जिसने ड्रग्स पहुंचाई थी। अधिकारी ने बताया कि दोनों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।

नागपुर में फैक्ट्री में विस्फोट से एक कर्मचारी की मौत, तीन घायल
महाराष्ट्र के नागपुर में शनिवार शाम एक फैक्ट्री में गैस रिसाव के कारण विस्फोट हो गया, जिसमें 70 वर्षीय एक कर्मचारी की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना उप्पलवाड़ी इलाके में बालाजी आइस फैक्ट्री में हुई। पुलिस अधिकारी ने कहा कि ऐसा संदेह है कि भंडारण टैंक में अमोनिया गैस के रिसाव के कारण विस्फोट हुआ, जिससे बड़े पैमाने पर क्षति हुई। विस्फोट के कारण पास में खड़े वाहनों की खिड़कियां भी टूट गईं।

दक्षिण 24 परगना में मालवाहक जहाज में लगी आग
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में मुरी गंगा नदी में खड़े एक मालवाहक जहाज में शनिवार को आग लग गई। पुलिस ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। आग को बुझाने के लिए तुरंत दमकल गाड़ियों को काम पर लगाया गया। उन्होंने कहा कि आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है, लेकिन ऐसा लगता है कि जहाज पर मरम्मत का काम हो रहा है, जिसके कारण आग लगी होगी।
 

तमिलनाडु में होंगे खेलो इंडिया यूथ गेम्स
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2023 का आयोजन तमिलनाडु में होगा। इसके लिए दिल्ली को चार  टीम स्पर्धा में भाग लेने के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसमें  कबड्डी (लड़के), खो खो (लड़के और लड़कियां), फुटबॉल (लड़कियां) और मल्लखंब (लड़के और लड़कियां) को तमिलनाडु में खेलने का मौका मिलेगा। शिक्षा निदेशालय के मुताबिक खेल कार्यक्रम 19 जनवरी से 31 जनवरी तक होगा। इसमें भाग लेने वाले छात्रों के लिए तमिलनाडु के चार शहरों को चुना गया हैं। 

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर क्रमिक अनशन आठ से
पुरानी पेंशन योजना बहाली की मांग को लेकर एक बार फिर रेलवे यूनियन ने मोर्चा खोल दिया है। संयुक्त मंच से ऐलान किया है कि 8 से 11 जनवरी के बीच सभी सरकारी रेल कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर जंतर मंतर पर क्रमिक अनशन पर बैठेंगे।ऑल इंडिया रेलवे मेन्स फेडरेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा ने बताया कि स्टैडिंग कमेटी की बैठक में पुरानी पेंशन योजना की बहाली पर चर्चा हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि आंदोलन को और तेज किया जाए।  

नौसेना में अग्निवीरों के रूप में शामिल हुए 350 एनसीसी कैडेट
एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर में एक समारोह के दौरान नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने शनिवार को कहा कि पिछले वर्ष लगभग 350 एनसीसी कैडेट अग्निवीरों के रूप में भारतीय नौसेना में शामिल हुए। इसमें बड़ी संख्या में महिला कैडेट भी शामिल हैं। इससे पहले नौसेना प्रमुख ने एनसीसी आरडी कैंप के प्रतिभागियों की परेड देखी, फ्लैग एरिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैडेटों के साथ बातचीत भी की। उन्होंने एनसीसी की विरासत और इसके मूल्यों की प्रशंसा की।

2030 तक उच्च शिक्षा में नामांकन 50% तक बढ़ाने का लक्ष्य : प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि उच्च शिक्षा में सकल नामांकन को 2030 तक मौजूदा 27 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि भारत का 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य कोई काल्पनिक विचार नहीं है। चरोतर यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस (चारुसैट) के 13वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान ने कहा, जब अधिक लोग पढ़ेंगे और कुशल कार्यबल बनेंगे तो हम एक विकसित अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) में आठवीं कक्षा तक मातृभाषा आधारित शिक्षा की परिकल्पना की गई है। अगर बच्चों को मानसिक विकास तक मातृभाषा में किसी विषय की स्पष्टता मिल जाए, तो वो किसी भी विषय पर महारत हासिल कर सकते हैं।

पश्चिम एशिया में तनाव...कच्चे तेल का वायदा भाव उच्च स्तर पर
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से लाल सागर में नौवहन में दीर्घकालिक व्यवधानों को लेकर बढ़ी चिंता के बीच कच्चे तेल का वायदा भाव 5 जनवरी को छह सत्र के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। एसएंडपी ग्लोबल कमोडिटी इनसाइट्स के अनुसार, दुनिया की सबसे बड़े मालवाहकों में से एक एपी मोलर-मर्स्क ने अपने जहाजों के रुट को लाल सागर और अदन की खाड़ी से बदलकर केप ऑफ गुड होप के रास्ते मोड़ने का निर्णय किया है। इस फैसले ने समुद्री कंटेनर परिवहन पर मौजूदा तनाव के प्रभाव के बारे में आशंकाओं को बढ़ा दिया है।

एक मार्च से ई-वे बिल के लिए ई-चालान होगा अनिवार्य
पांच करोड़ से अधिक के कारोबारी लेनदेन के लिए ई-चालान अनिवार्य होगा। इसके बिना वे ई-वे बिल जारी नहीं कर पाएंगे। यह व्यवस्था एक मार्च से लागू होगी। राष्ट्रीय सूचना-विज्ञान केंद्र (एनआईसी) ने विश्लेषण के आधार पर पाया कि ई-चालान के लिए कुछ पात्र करदाता बी2बी (फर्म से फर्म को) और बी2ई (कंपनियों से निर्यातकों को) के लेनदेन के लिए ई-वे बिल, ई-चालान से जोड़े बिना ही बना रहे हैं। इससे इनके विवरण का मिलान नहीं हो रहा है।

शाह की अध्यक्षता में दिल्ली में कल पैक्स मेगा कॉन्क्लेव
गृह मंत्री अमित शाह 8 जनवरी को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रीय पैक्स मेगा कॉन्क्लेव की अध्यक्षता करेंगे। मेगा कॉन्क्लेव का आयोजन सहकारिता मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) के सहयोग से किया जाएगा। मेगा कॉन्क्लेव में सहकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस), प्रधान सचिव, सचिव और सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की पैक्स के रजिस्ट्रार और अध्यक्ष, सचिव एवं फार्मासिस्ट एवं जन औषधि केंद्र हिस्सा लेंगे।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी निजी दौरे पर गोवा पहुंचीं
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी शुक्रवार को निजी यात्रा पर गोवा पहुंची। पार्टी के एक स्थानीय पदाधिकारी ने शनिवार को कहा कि गांधी नियमित उड़ान से शुक्रवार दोपहर करीब 2.40 बजे डैबोलिम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं। इसके बाद वह दक्षिण गोवा के एक रिसॉर्ट में गईं। यह उनकी निजी यात्रा है क्योंकि अभी तक किसी आधिकारिक कार्यक्रम की कोई सूचना नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed