Updates: घर पर रासायनिक पदार्थों का प्रयोग करना पड़ा 17 साल के छात्र को भारी, विस्फोट होने से हुई मौत
पुलिस ने बताया कि छात्र कोलाथुर पुलिस थाना क्षेत्र के तहत आने वाले एक निजी स्कूल में पढ़ता था। कुछ रसायनों के साथ प्रयोग करने के दौरान विस्फोट हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
विस्तार
बारहवीं कक्षा के 17 साल के एक छात्र को घर पर कुछ रसायनों का प्रयोग करना भारी पड़ गया। प्रयोग के दौरान एक विस्फोट हो गया, जिसमें छात्र की जान चली गई।
पुलिस ने बताया कि छात्र चेन्नई के कोलाथुर पुलिस थाना क्षेत्र के तहत आने वाले एक निजी स्कूल में पढ़ता था। कुछ रसायनों के साथ प्रयोग करने के दौरान विस्फोट हो गया, जिससे वह जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया की विशेषज्ञ रासायनिक पदार्थों की जांच कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छात्र को रासायनिक प्रयोग करना पसंद था, इसलिए वह कुछ रासायनिक पदार्थों को अपने घर ले आया और प्रयोग करने लगा। इसी दौरान एक जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे उसके घर की दीवार ढह गई और उसकी मौत हो गई। इस संदर्भ में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया।
मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम की कार्रवाई, 10.6 करोड़ का सामान जब्त
मुंबई के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट में कस्टम विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। कस्टम विभाग ने आठ मामलो में कार्रवाई करते हुए 10.6 करोड़ की विदेशी मुद्रा, हीरे और सोना बरामद किया है। जब्त किए गए सामान में 5.36 करोड़ की विदेशी मुद्रा, 3.75 करोड़ के हीरे, 1.49 करोड़ का सोना शामिल है। यह सारा सामान चेक-इन बैग, हैंडबैग, कपड़ों और शरीर के अंदर छुपाया गया था।
मनी लॉंड्रिंग मामले में 28 मार्च को आएगा फैसला
तमिलनाडु की एक सत्र अदालत में पूर्व डीएमके नेता वी सेंथिल बालाजी द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दायर की गई याचिका पर 28 मार्च को फैसला आएगा। बालाजी ने याचिका में इस केस से खुद को मुक्त करने की मांग की है। प्रवर्तन निदेशालय द्वारा बालाजी को 14 जून, 2023 को गिरफ्तार किया गया था। नौकरी के बदले नकदी घोटाले के सिलसिले में उन्हें गिरफ्तार किया था। बीते शुक्रवार को विस्तृत दलीलें सुनने के बाद 28 मार्च के लिए आदेश सुरक्षित रख लिया गया था।
गोदान एक्सप्रेस की दो बोगियों में लगी आग
उत्तर महाराष्ट्र में नासिक रोड स्टेशन के पास शुक्रवार दोपहर मुंबई-गोरखपुर गोदान एक्सप्रेस के सीटिंग-कम-लगेज कोच में आग लग गई, हालांकि किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अब तक आग लगने का कारण पता नहीं चला है। घटना के समय गोदान एक्सप्रेस मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जा रही थी। नासिक रोड और गोरेवाड़ी रेलवे गेट के बीच स्थित नासिक नगर निगम (एनएमसी) जल निस्पंदन संयंत्र से गुजरते समय ट्रेन के पिछले हिस्से में लगे डिब्बे से धुआं निकलता देखा गया। आग लगने के बाद यात्रियों ने शोर मचाया, इससे ट्रेन रुक गई और कुछ यात्री ट्रेन से कूद गए। ट्रेन दोपहर 2.43 बजे मुंबई से करीब 200 किमी दूर नासिक रोड पहुंची और चार मिनट रुकने के बाद रवाना हो गई। अधिकारियों ने कहा कि नासिक रोड के डिप्टी स्टेशन मास्टर प्रीतेश दुबे ने आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी।
#WATCH | Maharashtra | A massive fire broke out in two bogies of the Godan Express at Nasik Road railway station. More details awaited. pic.twitter.com/QmQNF4iUvN
— ANI (@ANI) March 22, 2024