फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   NDA: How will BJP deal with contradictions of allies? There can be a ruckus on the seats

NDA: सहयोगी दलों के अंतर्विरोध से कैसे निपटेगी भाजपा? सीटों पर मच सकता है घमासान

Thu, 27 Jul 2023 08:01 PM IST
Amit Sharma Digital अमित शर्मा
Updated Thu, 27 Jul 2023 08:01 PM IST
विज्ञापन
सार
भाजपा के लिए सबसे अधिक लोकसभा सीटों के कारण उत्तर प्रदेश की अहमियत सबसे ज्यादा है। मिशन 80 की तैयारियों में जुटी भाजपा यहां से सभी सीटों को जीतकर अपनी बढ़त बनाए रखना चाहती है। लेकिन सुभासपा, अपना दल (एस) और निषाद पार्टी के साथ आने से उसके लिए सबको सीटों में भागीदारी देना अनिवार्य होगा...
loader
NDA: How will BJP deal with contradictions of allies? There can be a ruckus on the seats
NDA vs INDIA - फोटो : Amar Ujala/Sonu Kumar

विस्तार

सीटों की तालमेल को लेकर इंडिया गठबंधन में ही नहीं, एनडीए में भी अंतर्विरोध सतह पर आ सकता है। इसका बड़ा कारण है कि कई दल अभी से एक दूसरे के विरुद्ध तलवार निकालने लगे हैं, तो कई अभी से ज्यादा सीटों की दावेदारी करने में जुट गए हैं। राजग गठबंधन में ज्यादा भागीदारों के कारण लोकसभा चुनाव में उसके पास सहयोगी दलों की भावनाओं को संतुष्ट करने के लिए भी बहुत कम जगह होगी। ऐसे में आपस में तालमेल गड़बड़ा सकता है। भाजपा इस समस्या से कैसे निपटेगी, यह बड़ा प्रश्न है।

भाजपा के लिए सबसे अधिक लोकसभा सीटों के कारण उत्तर प्रदेश की अहमियत सबसे ज्यादा है। मिशन 80 की तैयारियों में जुटी भाजपा यहां से सभी सीटों को जीतकर अपनी बढ़त बनाए रखना चाहती है। लेकिन सुभासपा, अपना दल (एस) और निषाद पार्टी के साथ आने से उसके लिए सबको सीटों में भागीदारी देना अनिवार्य होगा। कुछ नए क्षेत्रीय दल भी शीघ्र ही उसका हिस्सा बन सकते हैं। ऐसे में सीटों के तालमेल को लेकर पार्टी की परेशानी बढ़ सकती है। पिछले लोकसभा चुनाव में ही यह तनाव सतह पर आ गया था, जब अपना दल ने अधिक सीटों की दावेदारी कर भाजपा की समस्या बढ़ा दी थी।

यह भी पढ़ें: ED Director Extension: ईडी चीफ पर किसका टूटा 'भ्रम', अमित शाह की बात सही निकली, अब इन्हें रहना होगा 'चौकन्ना'

चर्चा है कि सुभासपा के ओम प्रकाश राजभर के योगी आदित्यनाथ से तालमेल बहुत सही नहीं है। जबकि राजभर अपने लिए गोरखपुर, आजमगढ़, जौनपुर और वाराणसी क्षेत्र की उन्हीं सीटों पर अपनी दावेदारी ठोंक रहे हैं, जहां भाजपा की अपनी स्थिति पहले से ही काफी मजबूत है। ऐसे में दोनों दलों के बीच तनाव बढ़ सकता है।

भाजपा बिहार की निषाद समुदाय की पार्टी वीआईपी को भी अपने खेमे में लाने के लिए प्रयासरत है। वीआईपी एनडीए खेमे में आने के लिए यूपी में अपने लिए सीटों की मांग कर रही है, जबकि यूपी में निषाद समुदाय की निषाद पार्टी पहले ही मल्लाह समुदाय के मतदाताओं के दावेदार के रूप में उपस्थित है। ऐसे में इस वर्ग के नए दावेदार के आना भी निषाद पार्टी को असहज कर सकता है। यह स्थिति भी भाजपा के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है।   

बिहार में घमासान

इंडिया के दलों के बीच आपसी तालमेल के बीच भाजपा के लिए बिहार में अपनी सीटों को बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई है। यदि राजद-जदयू के बीच सीटों और वोट ट्रांसफर की बेहतरीन तस्वीर बनी, तो भाजपा के लिए यहां से दहाई अंक में सीटों का निकलना भी मुश्किल हो सकता है। लेकिन एनडीए में सबसे ज्यादा घमासान यहीं से सामने आ रही है। भाजपा की सहयोगी पार्टी लोजपा में अभी भी खेमेबाजी कम नहीं हो रही है।

पशुपति पारस और चिराग पासवान के बीच असली लोजपा होने का घमासान अभी थमा नहीं है। वहीं, पशुपति कुमार पारस ने हाजीपुर सीट पर अभी से दावा ठोक दिया है। लेकिन पिता की विरासत पर दावा ठोक रहे चिराग इस सीट पर चुनाव लड़ने के इच्छुक बताए जाते हैं। ऐसे में लोजपा में सीटों पर विवाद बढ़ सकता है।

वहीं, विकासशील इंसान पार्टी यानी वीआईपी के मुकेश सहनी अभी से यह दावा कर रहे हैं कि वे उसी के खेमे में जाएंगे, जो उन्हें ज्यादा सीटों को देने को तैयार होगा। एनडीए में जाने की स्थिति में वे न केवल बिहार में अपने लिए लोजपा जितनी यानी छह सीटें मांग रहे हैं, बल्कि उत्तर प्रदेश में दो और झारखंड में भी एक सीट पर दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा के लिए उनको साथ ले पाना आसान नहीं होगा।  

पूर्वोत्तर में भी विवाद

पूर्वोत्तर में भाजपा ने अनेक छोटे-छोटे दलों को साथ लाकर अपने सहयोगी दलों की संख्या बड़ा दिखाने की कोशिश की है। लेकिन उसके इस कदम ने उसी को परेशानी में डाल दिया है। पूर्वोत्तर में कुल 26 सीटें हैं। इन सभी दलों को भागीदारी देने के लिए उन्हें कम से कम एक सीट भी दी जाए, तो भाजपा के अपने खाते में सीटों की संख्या बहुत कम हो जाएगी। जबकि उसके अपने कार्यकर्ता भी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। यदि उन्हें टिकट न मिले तो उनके बीच भी विद्रोह बढ़ सकता है। ऐसे में लोकसभा चुनाव आते-आते भाजपा को अपने सहयोगियों को संभालकर रखना मुश्किल हो जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed