मुंबई: बेकरी की आड़ में ड्रग्स का धंधा! केक-पेस्ट्री में मिलाकर बेचते थे, तीन गिरफ्तार
मुंबई के मलाड में स्थित एक बेकरी में एनसीबी ने छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान एनसीबी ने बताया कि केक और पेस्ट्री में ड्रग्स मिलाकर उसे बेचा जा रहा था। एनसीबी ने वहां से 160 ग्राम गांजा जब्त किया है।
विस्तार
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने मलाड में एक बेकरी पर छापा मारकर ड्रग्स के अनोखे रैकेट का पर्दाफाश किया है। एनसीबी के छापे से खुलासा हुआ है कि इस बेकरी में मारिजुआना ड्रग्स मिलाकर केक और पेस्ट्री बनाई जा रही थी, जिसे सोशल मीडिया के जरिये ग्राहक तलाशकर हाई प्रोफाइल लोगों को महंगे दामों पर बेचा जाता था। एनसीबी ने मौके से 160 ग्राम मारिजुआना (गांजा), 830 ग्राम नशीला केक, ब्राउनी जब्त की और एक युवती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
एनसीबी के मुताबिक, यह भारत में अपनी तरह का पहला मामला है, जहां नशे की सीधी खुराक देने के बजाय नशीली दवा से बने केक ग्राहकों को बेचकर मुनाफा कमाया जा रहा था। एनसीबी मुंबई के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेडे के अनुसार, मलाड में ‘बैक द बेकर्स’ बेकरी की आड़ में ड्रग्स का धंधा बड़े पैमाने पर इसी तरह से चलाया जा रहा था।
ड्रग्स का यह कारोबार दरअसल जांच एजेंसी की पकड़ से बचने के लिए ईजाद किया गया था। छापे के दौरान गिरफ्तार युवती व एक अन्य से पूछताछ में एनसीबी को जगत चौरसिया नामक ड्रग्स आपूर्तिकर्ता की जानकारी मिली, जिसे बाद में बांद्रा इलाके से 125 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। गौरतलब है कि बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद एनसीबी के अधिकारी लगातार ड्रग्स के मामले में कार्रवाई कर रहे हैं।
20 साल की युवती तय करती थी नशे की मात्रा
एनसीबी ने बेकरी में छापे में 20 वर्षीय युवती को भी गिरफ्तार किया है। 20 साल की युवती ही यह तय करती थी कि केक या पेस्ट्री में कितनी मात्रा में नशीला पदार्थ डालना है और उस नशीले पदार्थ मिले केक को कैसे तैयार करना है।
Maharashtra: NCB Mumbai says it busted a city-based marijuana cake making bakery, seized 830 grams of edible weed brownie & 160 grams of marijuana, and intercepted three persons including a woman last night.
— ANI (@ANI) June 13, 2021
The trio is being questioned, the agency says.
एक किलो केक के होते थे 10 टुकड़े, हर टुकड़े का दाम है 1000 रुपये
एनसीबी ने बताया कि नशे का धंधा चला रहे गिरोह के लोग मारिजुआना मिलाकर बनाए गए एक किलो केक के करीब 10 टुकड़े करते थे। इसके बाद हर टुकड़ा तकरीबन 1,000 रुपये में ग्राहक को बेचा जाता था।
इंटरनेट से सीखा ड्रग्स से केक बनाना
आरोपियों ने इंटरनेट पर ड्रग्स से केक बनाना सीखा था। वे पिछले एक साल से ड्रग्स के केक का कारोबार कर रहे थे। एनसीबी को उनके पास ग्राहकों की सूची मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा, इस रैकेट के सरगना के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।