न्यूज डायरी: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक जोस कुट्टियानी का निधन, 87 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और इडुक्की के पूर्व विधायक जोस कुट्टियानी का सोमवार को 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, वह उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण कोलेनचेरी के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे थे। कुट्टियानी ने करीब छह दशक पहले कांग्रेस की छात्र इकाई केएसयू से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था। इडुक्की जिला बनने के बाद वह जिला कांग्रेस कमेटी के पहले अध्यक्ष बने। उन्होंने 1980 और 1982 के विधानसभा चुनाव में इडुक्की सीट से जीत दर्ज की और विधायक रहे।
कुट्टियानी कानून की पढ़ाई कर चुके थे और हाईकोर्ट में वकील के तौर पर भी काम किया। 1982 से 1984 के बीच उन्होंने विधानसभा की याचिका समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वह लंबे समय तक इडुक्की जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी रहे। सहकारिता क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। वह इडुक्की जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रहे। इसके अलावा नेशनल कोऑपरेटिव हाउसिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निदेशक और अध्यक्ष के रूप में भी काम किया। वह नाफेड के उपाध्यक्ष तथा एनसीडीसी और इफको के निदेशक भी रहे।
केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनराई विजयन और केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ ने उनके निधन पर शोक जताया। सनी जोसेफ ने कहा कि कुट्टियानी ने इडुक्की में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में कुट्टियानी के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। जोसेफ ने कहा कि छात्र जीवन से ही उनके कुट्टियानी के साथ करीबी व्यक्तिगत संबंध थे। उन्होंने उनके निधन को कांग्रेस संगठन और इडुक्की के लोगों के लिए बड़ी क्षति बताया। कुट्टियानी 1962 से 1964 तक केएसयू के महासचिव भी रहे थे। पार्टी नेताओं के मुताबिक, इडुक्की में कांग्रेस को मजबूत करने में उनका अहम योगदान रहा।
वरिष्ठ IPS अधिकारी बी. दयानंद बने कर्नाटक के DGP
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बी. दयानंद को कर्नाटक के आंतरिक सुरक्षा विभाग का पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है। वह 1994 बैच के कर्नाटक कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। दयानंद फिलहाल बंगलूरू में पुलिस प्रशिक्षण के अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर तैनात थे। उन्हें आईपीएस के वेतन नियमों के तहत डीजीपी ग्रेड में पदोन्नति दी गई है। यह पदोन्नति 12 सितंबर 2025 से प्रभावी मानी गई है।
सरकार के आदेश के अनुसार, दयानंद को तत्काल प्रभाव से आंतरिक सुरक्षा विभाग के डीजीपी के पद पर तैनात किया गया है। यह नियुक्ति अगले आदेश तक जारी रहेगी। आंतरिक सुरक्षा विभाग के डीजीपी पद को कर्नाटक पुलिस के आपराधिक जांच विभाग के डीजीपी पद के बराबर दर्जा और जिम्मेदारियां दी गई हैं। यह फैसला IPS वेतन नियम, 2016 के नियम 12 के तहत किया गया है। पीएम मोदी 8 सितंबर को गुजरात जाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 सितंबर को गुजरात दौरे पर जाएंगे। उनकी यात्रा के संबंध में स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीएम मोदी के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा के चाक-चौबंद बंदोबस्त किए गए हैं। वडोदरा में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम- नमो भारत विकसित भारत (NaMo for Viksit Bharat) के लिए 2000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। वडोदरा पुलिस आयुक्त नरसिम्हा कोमार ने बताया कि पुलिस ने भारतीय रेलवे, वडोदरा नगर निगम और जिलाधिकारी से समन्वय किया है। हवाई अड्डे से कार्यक्रम स्थल तक स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन और यातायात सुविधा की तैयारियां पूरी हैं। वडोदरा शहर पुलिस के साथ स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप, एनडीआरएफ और गुजरात पुलिस की विशेष इकाइयां तैनात रहेंगी। पूरे क्षेत्र को सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से सुरक्षित किया गया है। सुरक्षा में 2 अपर पुलिस आयुक्त, 1 संयुक्त पुलिस आयुक्त, 11 पुलिस उपायुक्त और 17 सहायक पुलिस आयुक्त शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 200 से अधिक निरीक्षक और 2,000 से अधिक पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे। डिटेक्शन ऑफ क्राइम ब्रांच, स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप और माउंटेड पुलिस जैसी विशेष इकाइयां भी रणनीतिक स्थानों पर तैनात रहेंगी।
डैम की तेज धारा में बहे दो किशोर लापता, झारखंड में तलाश जारी
झारखंड में दो किशोर डैम की तेज जलधारा में बह गए। सरायकेला में हुए इस हादसे के बारे में पुलिस ने बताया कि रविवार को सरायकेला-खरसावां जिले में खरखाई चेक डैम की तेज जलधारा में बहे दो किशोर लड़के लापता हो गए। सप्ताह के अंत में छुट्टियां मनाने आए दोनों किशोर डैम के पानी में उतरे तभी तेज प्रवाह में दोनों बह गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ से मदद मांगी है। तलाशी अभियान सोमवार को फिर से शुरू होगा।
ज्योति नूरां को मिलेगा विकसित भारत सूफी सिंगर अवॉर्ड 2026
प्रसिद्ध सूफी गायिका ज्योति नूरां को अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल ट्रस्ट की ओर से विकसित भारत सूफी सिंगर अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें अक्तूबर में नई दिल्ली में होने वाले विशेष समारोह में प्रदान किया जाएगा। इसकी घोषणा रविवार को अलीगढ़ लिटरेचर फेस्टिवल के मैनेजिंग ट्रस्टी प्रो. जसीम मोहम्मद ने की। प्रो. जसीम मोहम्मद ने कहा कि ज्योति नूरां ने अपनी प्रभावशाली आवाज और विशिष्ट गायन शैली के माध्यम से सूफी संगीत को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान दिलाई है। उनका संगीत भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता, प्रेम, भाईचारे और मानवीय मूल्यों का संदेश देता है।
ओडिशा विजिलेंस विभाग ने एक महिला इंजीनियर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 7.15 लाख रुपये नकद, 63 लाख रुपये की जमा राशि और पांच प्लॉट जैसी संपत्तियां मिलीं। एक विजिलेंस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार अनुपमा साहू केंद्रपाड़ा के ड्रेनेज डिवीजन में असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (एईई) हैं। एक गोपनीय सूचना के आधार पर विजिलेंस टीम ने शनिवार को एनएच 53-ए पर मार्शाघई क्रॉसिंग के पास अनुपमा की सरकारी गाड़ी को रोका। गाड़ी से 3.15 लाख रुपये नकद मिले। शक है कि ये गलत तरीके से कमाए गए है। उन्होंने बताया कि इंजीनियर की संपत्तियों की तलाशी के दौरान केंद्रपाड़ा के नयनविहार में उसके घर से 4 लाख रुपये नकद जब्त किए। साथ ही 63 लाख रुपये की जमा राशि, भुवनेश्वर में एक फ्लैट, ढेंकनाल जिले के कामाख्यानगर में रॉड और सीमेंट का गोदाम, बोलांगीर में एक दुकान और भुवनेश्वर, अनुगुल और ढेंकनाल में पांच प्लॉट का पता चला। अनुपमा 2003 में अनुगुल सिंचाई डिवीजन में जूनियर इंजीनियर (जेई) के तौर पर सरकारी सेवा शामिल हुई थीं और उनकी शुरुआती सैलरी 4,000 रुपये प्रति माह थी। 2009 में उनकी सेवा नियमित कर दी गई।
तेलंगाना के नलगोंड जिले में पॉर्क करी बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद 72 साल के बुजुर्ग ने 66 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार देर रात उस समय हुई जब महिला घर में सो रही थी। पति ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके माथे, सीने और पेट पर गंभीर चोटें आईं जो जानलेवा साबित हुईं। पुलिस के मुताबिक, पति और पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा रहता था और शनिवार को पत्नी के करी बनाने से मना करने के बाद उनके बीच बहस हुई थी। अधिकारी ने बताया कि इससे नाराज होकर बुजुर्ग ने महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दंपति की बेटी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर रविवार को आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को निर्देश दिया कि वह सूचना के अधिकार (आरटीआई) कानून के तहत मांगी गईं उत्तर पुस्तिकाओं की प्रति आरटीआई नियम, 2012 के अनुसार फोटोकॉपी शुल्क लेकर उपलब्ध कराए। आयोग ने यह भी सुझाव दिया कि बोर्ड अपने 19 मई, 2025 के सर्कुलर में बदलाव करे। मामला 10वीं कक्षा की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के एक अभ्यर्थी की ओर से दायर आरटीआई आवेदन से जुड़ा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार से तीन दिन की श्रीलंका यात्रा पर जाएंगे। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा और सैन्य संबंधों को और मजबूत करना है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, रक्षा मंत्री के साथ रक्षा व विदेश मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा। वह कोलंबो में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिलेंगे।