फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 5th Oct CBI DGCA Owaisi SIR BJP Muslim voters cut north east west south politics crime news

न्यूज डायरी: कोलकाता कोर्ट परिसर में अंडे फेंकने की घटना के विरोध में वकीलों का प्रदर्शन

Mon, 05 Oct 2026 08:11 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 05 Oct 2026 08:11 PM IST
विज्ञापन
National Updates 5th Oct CBI DGCA Owaisi SIR BJP Muslim voters cut north east west south politics crime news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

कोलकाता के बैंकशाल कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले वकीलों ने सोमवार को प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया। उन्होंने पिछले सप्ताह कोर्ट परिसर में कथित तौर पर अंडे फेंके जाने और कुछ वकीलों पर हमले की घटना के लिए जिम्मेदार सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। वकीलों ने जीपीओ के सामने सड़क पर मार्च निकाला और कुछ समय के लिए रास्ता रोककर अपनी मांगें रखीं। वकीलों का दावा है कि 1 अक्टूबर को मध्य कोलकाता के डलहौजी इलाके में स्थित बैंकशाल कोर्ट परिसर के अंदर बाहरी लोगों ने अंडे फेंके थे।

विज्ञापन


प्रदर्शन में शामिल एक वकील ने कहा, "पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया है, लेकिन मुख्य आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।" प्रदर्शनकारी वकीलों ने कोर्ट परिसर के अंदर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने और घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। वकीलों का दावा है कि जब एक आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा था, तब कुछ लोग परिसर में जमा हो गए और उस पर अंडे फेंके। इस दौरान कुछ वकीलों को भी अंडे लग गए।

विज्ञापन

बिहार में बाढ़ प्रबंधन में सुस्त 7 इंजीनियर सस्पेंड

बिहार सरकार ने बाढ़ के दौरान राहत-बचाव कार्यों में सुस्ती बरतने वाले सात इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है। निलंबित इंजीनियरों में सारण के संतोष प्रभाकर, सुनील कुमार, विनोद कुमार व चंद्रशेखर कुमार, गोपालगंज के  साजिद इकबाल, जावेद अंसारी और विकास कुमार शामिल हैं। साथ ही मुजफ्फरपुर के मुख्य अभियंता मनोज गुप्ता के खिलाफ भी विभागीय कार्यवाही के आदेश दिए गए हैं।
विज्ञापन

मंत्री के विरोध में प्रदर्शन डेंटल सर्जन की गई नौकरी

केरलम में एक अस्थायी डेंटल सर्जन को खेल मंत्री ओजे जनीश के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर नौकरी से हाथ धोना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने रविवार को बताया कि डॉ सिद्धार्थ रवींद्रन कासरगोड जिला अस्पताल में नियुक्त थे। एनएचएम जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने उन्हें नौकरी से निकालने का आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया कि  डॉ रवींद्रन का काम आचार संहिता के खिलाफ है।
विज्ञापन

एच-पाइलोरी बैक्टीरिया को खत्म कर टाला जा सकता है पेट का कैंसर: नोबेल विजेता डॉ. बैरी मार्शल
चिकित्सा क्षेत्र में एक बेहद महत्वपूर्ण वैज्ञानिक सलाह सामने आई है। नोबेल पुरस्कार विजेता और मशहूर गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. बैरी मार्शल ने कहा है कि यदि शुरुआती चरणों में ही पेट के भीतर हेलिकोबैक्टर पायलोरी (एच पायलोरी) इन्फेक्शन की पहचान करके उसे पूरी तरह खत्म कर दिया जाए, तो पेट के कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को होने से पहले ही रोका जा सकता है। डॉ. मार्शल नई दिल्ली में आयोजित 'वर्ल्ड कांग्रेस ऑफ गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी' में शामिल होने भारत आए हुए थे, जो तीन अक्तूबर को संपन्न हुआ है। डॉ. बैरी मार्शल ने साल 2005 में रॉबिन वारेन के साथ मिलकर नोबेल पुरस्कार जीता था। उन्होंने ही दुनिया को बताया था कि पेट में अल्सर (घाव) और सूजन एसिडिटी की वजह से नहीं, बल्कि एच पायलोरी बैक्टीरिया के कारण होते हैं। डॉ. मार्शल के मुताबिक, यदि यह इन्फेक्शन पेट में कई वर्षों तक बना रहे, तो यह पेट के भीतर 'क्रॉनिक इन्फ्लेमेशन' (लगातार सूजन) पैदा करता है, जो आगे चलकर गैस्ट्रिक कैंसर का रूप ले लेती है।

वायरस फैलने से पहले ही मिलेगी खबर, पशुओं पर भी होगी नजर
अगली महामारी आने का इंतजार करने के बजाय भारत अब नए संक्रमण के शुरुआती संकेत पहले पकड़ने की तैयारी कर रहा है। केंद्र सरकार ने इसके लिए नेशनल वन हेल्थ मिशन के तहत देश में 22 बीएसएल-3 और बीएसएल-4 हाई-कंटेनमेंट लैब का नेटवर्क तैयार किया है। इन लैब्स में केवल इंसानों ही नहीं, बल्कि पशुओं में फैलने वाले वायरस और असामान्य बीमारियों की भी जांच होगी। इसका मकसद किसी नए वायरस या दूसरे खतरनाक संक्रमण के इंसानों में बड़े पैमाने पर फैलने से पहले उसके खतरे को समझना और समय रहते कार्रवाई शुरू करना है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, दुनिया में कई गंभीर संक्रमण ऐसे हैं जो सीधे तौर पर पशुओं से फैला है।

पक्षियों को 10 साल तक पाला...तब जैसलमेर के रेगिस्तान में पहुंचे दो इंडियन बस्टर्ड
जैसलमेर के डेजर्ट नेशनल पार्क में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार सुबह दो नर गोडावण (ग्रेट इंडियन बस्टर्ड) पक्षियों को छोड़ा है। गंभीर रूप से संकटग्रस्त पक्षी प्रजातियों में से एक गोडावण को बचाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि ये पक्षी  देश में पहली बार कृत्रिम रूप से पैदा हुए और पाले गए इन पक्षियों को सीधे इनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया है, ताकि ये खुद को रेगिस्तान के स्वतंत्र माहौल में ढाल सकें। दोनों पक्षियों के व्यवहार व गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखने के लिए उन पर विशेष टैग लगाया गया है। भारत में अभी ग्रेट इंडियन बस्टर्ड की कुल संख्या 150 से भी कम बची है।

बिहार में बस और ट्रक की टक्कर में तेलंगाना के 22 तीर्थयात्री घायल
तेलंगाना से बिहार के गयाजी में पिंडदान करने आए करीब 22 तीर्थयात्री एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। सोमवार सुबह बिहार के गयाजी से अयोध्या जाने के दौरान उनकी बस बक्सर में एक ट्रक से टकरा गई। ये सभी तीर्थयात्री पितृ पक्ष मेले के दौरान 'पिंड दान' करने के लिए गयाजी आए थे। अधिकारी ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब चार बजे वीर कुंवर सिंह पुल पर हुआ, जो बिहार को उत्तर प्रदेश से जोड़ता है। घटना की पुष्टि करते हुए बक्सर के एसडीपीओ गौरव पांडे ने कहा, 'टक्कर के बाद यात्रियों को इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया और अब वे खतरे से बाहर हैं।' अधिकारियों ने बताया कि टक्कर में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था; उसे मौके से हटा दिया गया और ट्रैफिक बहाल कर दिया गया। उन्होंने बताया कि यात्री पितृ पक्ष मेले के दौरान गयाजी में 'पिंड दान' की रस्में पूरी कर चुके थे और अयोध्या जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

ओडिशा में तीन साल तक नहीं खुलेगी नई शराब की दुकान
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घोषणा की है कि राज्य में अगले तीन साल तक शराब की कोई नई दुकान नहीं खुलेगी। साथ ही, उन्होंने राज्य से नशीले पदार्थों के सेवन को खत्म करने का आह्वान किया। रविवार को यहां पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम 'जीवन जिंदाबाद-2.0' को संबोधित किया। इस दौरान सीएम माझी ने नशीले पदार्थों के खिलाफ राज्य की 'जीरो-टॉलरेंस' (सख्त कार्रवाई) नीति को दोहराया। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थ न केवल किसी व्यक्ति के जीवन को बर्बाद करते हैं, बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को भी तबाह कर देते हैं। उन्होंने 'नशा-मुक्त भारत' पहल के लिए पुलिस कमिश्नरेट की एक खास वेबसाइट भी लॉन्च की। सीएम ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन महिलाओं के खिलाफ होने वाले गंभीर अपराधों और हिंसा का एक मुख्य कारण बन गया है। उन्होंने सभा को बताया कि हर साल सिर्फ शराब पीने की वजह से 2.60 लाख से 2.80 लाख लोगों की मौत हो जाती है। शराब पीकर गाड़ी चलाने से होने वाली मौतों के मामले में ओडिशा के दूसरे पायदान पर होने पर सीएम ने चिंता जताई।

डीजीसीए के उपनिदेशक रिश्वत मामले में गिरफ्तार

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वत मामले में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के उप-निदेशक सुशील कुमार गर्ग को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि गिरफ्तारी चेन्नई में की गई। गर्ग को निजी कंपनी एकवी एयर ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सचिन केशव भाने से 2.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। रिश्वत देने के आरोप में सचिन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, सचिन की कंपनी के विमानों के लिए उड़ान योग्यता प्रमाणपत्र जारी करने के बदले गर्ग ने रिश्वत की मांग की थी। सीबीआई ने गर्ग और सचिन के साथ ही कंपनी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। आरोपी डीजीसीए अधिकारी को पूछताछ के लिए दिल्ली लाने के लिए सीबीआई अदालत से ट्रांजिट रिमांड मांगेगी।

वोट कटवाने की कोशिश में भाजपा कार्यकर्ता, जंतर-मंतर से भी बड़ा आंदोलन करेंगे: ओवैसी

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने आरोप लगाया है कि एसआईआर के दौरान भाजपा कार्यकर्ता फॉर्म 7 जमा करके वोटर लिस्ट से मुस्लिम मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश कर रहे हैं। हैदराबाद से लोकसभा सांसद ओवैसी ने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा हुआ तो दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध-प्रदर्शन से भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed