न्यूज डायरी: स्वदेशी बुलेटप्रूफ कांच बनाएगी डीआरडीओ, डील साइन; तेलंगाना में महिला पर काला जादू के आरोप
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने बख्तरबंद वाहनों के लिए स्वदेशी उन्नत हल्का बुलेटप्रूफ कांच विकसित करने के लिए प्रौद्योगिकी साझेदार के रूप में सीएसआईआर-केंद्रीय कांच एवं सिरेमिक अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर-सीजीसीआरआई) से हाथ मिलाया है। इसका उद्देश्य आयातित पारदर्शी कवच का विकल्प तैयार करना, इसके वजन व मोटाई को 50 प्रतिशत तक कम करना तथा एके-47 राइफल जैसे हथियारों की गोलियों से सुरक्षा प्रदान करना है। चार साल की परियोजना को महाराष्ट्र स्थित नौसेना सामग्री अनुसंधान प्रयोगशाला और चंडीगढ़ स्थित टीबीआरएल समेत डीआरडीओ की प्रयोगशालाओं के साथ मिलकर आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका उद्देश्य डीआरडीओ द्वारा चुने जाने वाले किसी उद्योग साझेदार के जरिये प्रौद्योगिकी को प्रयोगशाला स्तर के विकास से बड़े पैमाने पर विनिर्माण तक ले जाना है।
काला जादू के आरोप में महिला की पिटाई, पेड़ से बांधा
हैदराबाद पुलिस ने सोमवार को बताया कि 65 वर्षीय महिला को काला जादू करने के आरोप में पीटा और पेड़ से बांध दिया। 23 सितंबर को नोमुला गांव में हुई इस घटना का वीडियो सामाजिक माध्यमों पर तेजी से प्रसारित हुआ। पुलिस के अनुसार, महिलाओं सहित एक समूह ने वृद्धा पर जादू-टोना और नाबालिग लड़के पर काला जादू करने का आरोप लगाया। उन्होंने उसे पीटा, पेड़ से बांध दिया और इसका वीडियो भी बनाया। महिला के बेटे ने शिकायत में बताया कि समूह ने घर में घुसकर उसकी मां पर हमला किया। विरोध करने पर उसे और परिवार के अन्य सदस्यों को पीटा। हमलावरों ने लाठियों और पत्थरों से उसकी कार को भी नुकसान पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस ने महिला को बचाया और ग्रामीणों को समझाया। पुलिस उपायुक्त (महेश्वरम जोन) के नारायण रेड्डी ने बताया कि मंचल पुलिस स्टेशन में 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।