News Updates: पश्चिम बंगाल में तेज रफ्तार का कहर, मशहूर इन्फ्लुएंसर 'सुमन राइडर' की सड़क हादसे में हुई मौत
कर्नाटक हाईकोर्ट ने कहा है कि कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) द्वारा 400 पशु चिकित्सा अधिकारी की भर्ती में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप अगर सच साबित होते हैं, तो यह सिर्फ छिटपुट गड़बड़ी नहीं, बल्कि सरकारी नौकरी से जुड़ी सांविधानिक व्यवस्था पर एक सुनियोजित हमले जैसा होगा। पीठ ने 29 जुलाई को हुई सुनवाई के दौरान जांच को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने की याचिका पर कर्नाटक सरकार से जवाब मांगा।
फर्जी कोविड प्रमाणपत्रों के फंड से खरीदे गए थे बम बनाने के सामान: ईडी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में खुलासा हुआ है कि 2022 कोयंबटूर बम विस्फोट के आरोपियों ने आतंकवादी गतिविधियों के लिए फर्जी कोविड-19 वैक्सीन प्रमाणपत्र घोटाले के जरिये धन जुटाया था। अगस्त 2021 से जून 2022 के बीच बिना टीका लगवाए लोगों को फर्जी प्रमाणपत्र देकर यह रकम जुटाई गई थी। ईडी के अनुसार, इस राशि का सीधा इस्तेमाल बम बनाने की सामग्री खरीदने और मद्रास अरबी कॉलेज (कोवई अरबी कॉलेज) की गतिविधियों को चलाने के लिए किया गया। एनआईए की एफआईआर के आधार पर शुरू हुई जांच में सामने आया कि कॉलेज के प्रमोटर जमील बाशा ने आत्मघाती हमलावर जेमेशा मुबीन और गिरफ्तार उपदेशक मोहम्मद अजहरुद्दीन समेत 12 आरोपियों को अरबी शिक्षा के नाम पर कट्टरपंथी विचारों से प्रेरित किया था।
सड़क हादसे में मशहूर बाइक व्लॉगर की मौत
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में सड़क हादसे में सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर 'सुमन राइडर' की मौत हो गई। मुर्शिदाबाद निवासी सुमन शेख को बाइक राइडिंग का शौक था और वे कंटेंट बनाने के लिए कोलकाता गए थे। लौटते समय तेज रफ्तार के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ने से वे सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। पिछले महीने बाइक राइडर देबाहुति बनर्जी की भी सड़क हादसे में जान चली गई थी।
रेलवे मंत्रालय की समीक्षा समितियों ने भ्रष्टाचार के आरोप और खराब कार्य प्रदर्शन के आधार पर पांच ग्रुप A अधिकारियों को समय से पहले सेवानिवृत्त करने की सिफारिश की है। इनमें भारतीय रेलवे स्वास्थ्य सेवा, इंजीनियरिंग सेवा, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग सेवा और ट्रैफिक सेवा के अधिकारी शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि अधिकारियों के वार्षिक प्रदर्शन, ईमानदारी, सतर्कता रिपोर्ट, अनुशासनात्मक रिकॉर्ड और अन्य सेवा अभिलेखों की जांच के बाद यह फैसला लिया गया। रेलवे ने दोहराया कि भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता और अक्षमता के प्रति उसकी 'जीरो टॉलरेंस' नीति है और यह कदम जनहित में उठाया गया है।
भारतीय सेना की खुफिया इकाइयों और राजस्थान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में श्रीगंगानगर जिले की कई दुकानों से करीब 1,000 मीटर नकली सेना जैसी कॉम्बैट यूनिफॉर्म का कपड़ा जब्त किया गया। जांच में सामने आया कि यह कपड़ा स्थानीय बाजारों के साथ अन्य क्षेत्रों में भी सप्लाई किया जा रहा था। जून में बरेली में हुई बरामदगी के बाद इसकी कड़ी श्रीगंगानगर से जुड़ी थी। इसके आधार पर सेना ने गुप्त जांच की और एक स्थानीय फर्म की भूमिका सामने आई। मामले में आगे की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट 3 अगस्त को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की उस याचिका पर सुनवाई करेगा, जिसमें कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई है। हाईकोर्ट ने पार्टी के तीन बैंक खातों को फ्रीज करने पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरश और न्यायमूर्ति प्रसन्ना बी. वराले की पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जांच के दौरान टीएमसी के एचडीएफसी बैंक के तीन खातों को फ्रीज किया था। पार्टी ने इस कार्रवाई को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
बाढ़ प्रभावित राज्यों को केंद्र से ₹2,117.85 करोड़ की अग्रिम सहायता
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बाढ़ प्रभावित राज्यों के लिए राज्य आपदा मोचन कोष (SDRF) के तहत 2,117.85 करोड़ रुपये की अग्रिम राशि जारी करने को मंजूरी दे दी है। गृह मंत्रालय ने बताया कि नुकसान का आकलन करने के लिए अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीमें (IMCT) अरुणाचल प्रदेश और असम भेजी जा चुकी हैं। असम में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए दो बार टीमों ने दौरा किया है। वहीं, नागालैंड सरकार के अनुरोध पर वहां भी एक केंद्रीय टीम गठित की जा रही है। हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और नागालैंड को वित्त वर्ष 2026-27 की SDRF की पहली किस्त पहले ही जारी की जा चुकी है।