National School of Drama: तिरंगा कार्यक्रम में छात्रों का हंगामा, रजिस्ट्रार को छुट्टी के दिन जबरन हटाया
National School of Drama: हटाए गए रजिस्ट्रार ज्वाला प्रसाद ने संस्कृति मंत्रालय के सचिव को लिखे पत्र में कहा है कि उन्हें बेहद गलत तरीके से पदमुक्त किया गया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें रविवार के दिन पद मुक्त कर दिया गया, जबकि नियमों के अनुसार रविवार के दिन उन्हें इस तरह नहीं हटाया जा सकता...
विस्तार
दिल्ली स्थित नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) में तिरंगा कार्यक्रम आयोजित करने पर विवाद हो गया है। आरोप है कि एनएसडी के कुछ छात्रों ने रविवार को संस्थान के एक थियेटर में ‘हर घर तिरंगा कार्यक्रम’ कराने का कड़ा विरोध किया और कार्यक्रम स्थल से भारत माता की तस्वीर और राष्ट्रध्वज जबरन हटा दिया। छात्रों को एनएसडी परिसर में आरएसएस से जुड़े संगठन के द्वारा तिरंगा कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर गहरी नाराजगी थी। इस पर बवाल बढ़ गया और कथित तौर पर कार्यक्रम की अनुमति देने के आरोप में एनएसडी के रजिस्ट्रार ज्वाला प्रसाद को उसी दिन उनकी सेवा से मुक्त कर दिया गया। हालांकि, एनएसडी के छात्रों ने कार्यक्रम की बजाय केवल थियेटर के इस्तेमाल को लेकर अपना विरोध होने की बात कही है।
पीएम नरेंद्र मोदी की अपील के बाद संघ परिवार के सभी आनुषांगिक संगठन जगह-जगह पर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार सात अगस्त को सेवा भारती और स्वास्थ्य क्षेत्र में काम करने वाले एक संगठन ने एनएसडी परिसर में ‘सुयश’ कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में कोरोना काल में समाज सेवा में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाना था और सेवा भारती के कार्यों के बारे में बताया जाना था।
आरोप है कि रविवार सुबह जैसे ही कार्यक्रम शुरू किया जाने लगा, उसी समय संस्थान के कुछ छात्रों ने एनएसडी परिसर में तिरंगा कार्यक्रम के आयोजन को लेकर एतराज जताया और कार्यक्रम स्थल पर लगी भारत माता की तस्वीर और राष्ट्रध्वज जबरन हटा दिया। छात्रों का आरोप था कि अभिमंच थियेटर को बिना लिखित प्रशासनिक अनुमति के ड्रामा से इतर कार्यों के लिए उपयोग किया जा रहा था।
कार्यक्रम हुआ, लेकिन रजिस्ट्रार को हटाने पर सवाल
हालांकि, छात्रों और कार्यक्रम आयोजकों के बीच विवाद बढ़ने के बीच एनएसडी डायरेक्टर रमेश गौड़ की अनुमति के बाद कार्यक्रम को संस्थान के ही दूसरे थियेटर में संपन्न कराया गया। लेकिन एनएसडी रजिस्ट्रार को जिस तरह रविवार के दिन आनन-फानन में पदमुक्त किया गया, उसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हटाए गए रजिस्ट्रार ज्वाला प्रसाद ने संस्कृति मंत्रालय के सचिव को लिखे पत्र में कहा है कि उन्हें बेहद गलत तरीके से पदमुक्त किया गया है। उन्होंने कहा है कि उन्हें रविवार के दिन पद मुक्त कर दिया गया, जबकि नियमों के अनुसार रविवार के दिन उन्हें इस तरह नहीं हटाया जा सकता। अहम बात यह है कि उन्होंने छह अगस्त से 16 अगस्त तक के लिए नियमों के आधार पर छुट्टी ले रखी थी। लेकिन इसी बीच उन्हें आठ अगस्त से सेवा से मुक्त कर दिया गया।
अमर उजाला के पास मौजूद ज्वाला प्रसाद के द्वारा सचिव को लिखे गए पत्र में कहीं भी तिरंगा कार्यक्रम पर उठे विवाद का कोई जिक्र नहीं किया गया है। हालांकि, उन्होंने संस्थान में अपने बारे में साजिश होने और संस्थान में कई वित्तीय-प्रशासनिक अनियमितता होने का आरोप लगाया है।
आयोजक ने बताया
एनएसडी में आयोजित कार्यक्रम के आयोजक सेवा भारती के प्रमुख अधिकारी भूपेंद्र कुमार ने अमर उजाला से इस मुद्दे पर बातचीत की। उन्होंने आरोप लगाया कि एनएसडी के कुछ छात्रों को उनके तिरंगा कार्यक्रम को लेकर विरोध था और इसी कारण उन्होंने कार्यक्रम स्थल से भारत माता की तस्वीर और राष्ट्रध्वज को गलत तरीके से हटाया। उन्होंने दावा किया कि संस्थान के रजिस्ट्रार से कार्यक्रम के आयोजन को लेकर मौखिक अनुमति ली गई थी। जब छात्रों ने कार्यक्रम को लेकर विरोध किया तब डायरेक्टर की अनुमति से इसे दूसरे थियेटर (सम्मुख) में आयोजित किया गया।