नंदीग्राम: भाजपा कार्यकर्ता ने मतदान केंद्र के पास की आत्महत्या, पार्टी बोली- धमका रही थी टीएमसी
- पश्चिम बंगाल में गुरुवार को दूसरे चरण के लिए मतदान हो रहा है, जिसके तहत कुल 30 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इनमें सबसे अहम सीट नंदीग्राम ही है।
विस्तार
पश्चिम बंगाल में चुनावी दंगल का दूसरा चरण चल रहा है। इस दौरान हिंसा का दौर भी जारी है। डेबरा से लेकर केशपुर तक भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ता आमने-सामने आ चुके हैं। वहीं, पश्चिमी मिदनापुर में टीएमसी के एक कार्यकर्ता की हत्या भी हो गई। इस बीच नंदीग्राम में मतदान केंद्र के पास भाजपा के एक कार्यकर्ता ने आत्महत्या कर ली। ऐसे में भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि टीएमसी लगातार उस कार्यकर्ता को धमका रही थी, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठा लिया।
मतदान केंद्र के पास किया सुसाइड
बता दें कि बंगाल में आज (1 अप्रैल) नंदीग्राम समेत कुल 30 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। इस दौरान नंदीग्राम के बथुआबाड़ गांव में 28 नंबर बूथ के पास भाजपा कार्यकर्ता ने खुदकुशी कर दी। कार्यकर्ता की पहचान उदय शंकर के रूप में हुई।
भाजपा ने टीएमसी पर लगाया आरोप
भारतीय जनता पार्टी का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के आतंक के कारण उनके कार्यकर्ता उदय शंकर ने आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि, पुलिस की तरफ से कोई भी बयान जारी नहीं किया गया है।
30 सीटों पर हो रहा मतदान
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में गुरुवार को दूसरे चरण के लिए मतदान हो रहा है, जिसके तहत कुल 30 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। हालांकि, इनमें सबसे अहम सीट नंदीग्राम ही है। यहां बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी आमने-सामने हैं।
हिंसा की खबरें आ रहीं सामने
दूसरे चरण का मतदान शुरू होने के साथ ही बंगाल में हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने अपने पोलिंग एजेंट को हाउस अरेस्ट करने का आरोप लगाया तो भाजपा ने भी टीएमसी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। केशपुर में भाजपा नेता तन्मय घोष की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई है। उधर, टीएमसी ने कई जगहों पर ईवीएम में गड़बड़ी होने की शिकायत चुनाव आयोग से की है।