गोरखपुरः डॉक्टर कफील बोले- सीएम आवास से 500 मीटर की दूरी पर भाई को मारी गई गोली
गोरखपुर के बीआरडी अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से बच्चों की मौत के मामले से चर्चा में आए डॉ. कफील खान के छोटे भाई कासिफ जमील पर हुए जानलेवा हमले को लेकर प्रशासन में हड़कंप मच गया है। गोली चलने की सूचना के बाद सीओ क्राइम प्रवीण सिंह और सीओ कोतवाली के साथ दो थाने की फोर्स पहुंच गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
भाई को गोली मारे जाने के बाद डॉक्टर कफील ने कहा, 'उनकी हालत में सुधार हो रहा है। बीती रात उनको सीएम के आवास से 500 मीटर की दूरी पर गोली मारी गई।' बता दें कि अभी तक इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है, क्योंकि पुलिस कासिफ की हालत में सुधार होने का इंतजार कर रही है। कासिफ जमील के बयान के बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिर उसके साथ क्या हुआ? उधर, डॉ. कफील की मां ने कहा, 'मेरे परिवार को पुलिस सुरक्षा की जरूरत है।'
He is recovering now. A case has not been registered yet as police are waiting for his health to improve so he can tell what actually happened. He was shot just 500 meters away from CM residence, last night: Dr Kafeel Khan on his brother being shot at. #Gorakhpur pic.twitter.com/3jPEDbK8Qb
— ANI UP (@ANINewsUP) June 11, 2018
उल्लेखनीय है कि कफील खान के छोटे भाई कासिफ जमील पर रविवार देर रात तरंग क्रॉसिंग के पास स्कूटर सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला किया। फायरिंग में उन्हें तीन गोलियां कंधे, सीने और पीठ में लगीं। घटना के बाद कासिफ खुद ऑटो पकड़कर हास्पिटल पहुंचे।
कासिफ कोतवाली इलाके के बसंतपुर में रहते हैं। वह रुस्तमपुर में बैट्री की दुकान चलाते हैं। परिजनों के मुताबिक, रविवार की शाम वह इफ्तार करने के बाद गोरखनाथ इलाके में अपने एक दोस्त से मिलने गए थे। वहां से लौटने के दौरान रात लगभग 10.30 बजे तरंग क्रॉसिंग के पास स्कूटर सवार नकाबपोश दो बदमाश आए और गोली मारकर फरार हो गए। कासिफ ने गोली चलने की सूचना सबसे पहले घरवालों को दी थी। स्टार हास्पिटल में भर्ती होने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी हुई।
जमीन के विवाद में तो नहीं मारी गई कफील के भाई को गोली
कासिफ का कई लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है। कासिफ के एक रिश्तेदार ने ही भाजपा के एक सांसद पर जमीन हड़पने का केस दर्ज कराया था। हालांकि परिवार वाले इस पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक कासिफ और उनके परिवार का जमीन को लेकर कई विवाद चल रहा है। इनमें डॉ. कफील खान के परिवार के लोगों की ओर से कई मुकदमे भी दर्ज कराए गए हैं। इसे लेकर परिवार और कासिफ की कई लोगों से पुरानी रंजिश भी चल रही है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि जमीन का विवाद भी घटना की वजह हो सकती है।
पुलिस उठा रही कई सवाल
गोली चलने पर पुलिस कई सवाल भी खड़े कर रही है। ताबड़तोड़ चली गोलियों का कासिफ को सिर्फ छूकर निकल जाना, बदमाशों का आसनी से फरार हो जाना कहीं न कहीं पुलिस के शक को गहरा रहा है। गोली लगने के बाद पुलिस को सूचना देने के बजाय सीधे अस्पताल पहुंचना और फिर मीडिया से संपर्क साधने को भी पुलिस शक की निगाह से देख रही है।