महाराष्ट्र: अनमोल बिश्नोई के US में होने की सूचना, प्रत्यर्पण की मांग; विदेश मंत्रालय ने भी दी प्रतिक्रिया
Maharashtra: एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी अधिकारियों ने मुंबई पुलिस को अनमोल बिश्नोई के उनके देश में मौजूद होने की सूचना दी, जिसके बाद उसके प्रत्यर्पण का प्रस्ताव भेजा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुंबई पुलिस ने अनमोल बिश्नोई के प्रत्यर्पण का एक प्रस्ताव केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) को भेजा। अनमोल जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है। वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या सहित कुछ चर्चित मामलों में नामजद आरोपी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकार दी।
अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी अधिकारियों ने मुंबई पुलिस को अनमोल बिश्नोई के उनके देश में मौजूद होने की सूचना दी, जिसके बाद यह प्रस्ताव भेजा गया है। पिछले महीने मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) अदालत में याचिका दायर की थी। जिसमें उसने कहा था कि वह भगोड़े अपराधी अनमोल बिश्नोई के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करना चाहती है। अपराधा शाखा ने आगे की जरूरी कार्रवाई के लिए हलफनामा दाखिल किया था, जिसे विशेष अदालत ने स्वीकार कर लिया था।
सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी मामले में वांछित आरोपी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने अनमोल के प्रत्यर्पण का प्रस्ताव गृह मंत्रालय को भेजा है, जिसे वहां से विदेश मंत्रालय को भेजा जाएगा। लॉरेंस और अनमोल बिश्नोई को 14 अप्रैल को मुंबई के बांद्रा इलाके में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई गोलीबारी की घटना में वांछित आरोपी नामजद किया गया है। विक्की गुप्ता औऱ सागर पाल ने यह गोलीबारी की थी। उन्होंने सोनु कुमार बिश्नोई, मोहम्मद रफीक चौधरी और हरपाल सिंह के साथ गिरफ्तार किया गया था और वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। एक अन्य आरोपी अनुज कुमार थापन ने पुलिस हिरासत में आत्महत्या कर ली थी। मामले में दाखिल आरोपपत्र में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई और अनमोल बिश्नोई को मामले में वांछित आरोपी बताया है।
पिछले महीने हुई थी बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या
सिद्दीकी की 12 अक्तूबर को उनके बेटे एवं विधायक जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के पास तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्या के इस मामले में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। हमले में पंजाब के फाजिल्का के रहने वाले बिश्नोई बंधुओं की संलिप्तता का संदेह है। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी में मदद कर सकने वाली सूचना देने वाले के लिए 10 लाख रुपये का इनाम देने की हाल में घोषणा की है। लॉरेंस बिश्नोई फिलहाल गुजरात की साबरमती जेल में बंद है।
अनमोल के खिलाफ जारी किया गया था लुकआउट सर्कुलर
सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी की घटना की जिम्मेदारी लेने वाले अनमोल बिश्नोई के खिलाफ अप्रैल में ‘लुकआउट सर्कुलर’ जारी किया गया था। एनआईए ने बिश्नोई बंधुओं सहित नौ आरोपियों के खिलाफ अगस्त 2022 में एक प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें उन पर ‘केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में आतंकवादी कृत्यों को अंजाम देने के लिए धन जुटाने, युवाओं की भर्ती करने’ के अलावा ‘प्रमुख व्यक्तियों की लक्षित हत्याओं’ की साजिश का हिस्सा होने का आरोप लगाया गया है।
अनमोल बिश्नोई मामले में कार्रवाई की जाएगी: विदेश मंत्रालय
वहीं, अनमोल को प्रत्यर्पित करने की मांग के बाद विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह मामला कानूनी दायरे के तहत आता है और इसलिए विशेष प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा, आपने अनमोल बिश्नोई के बारे में पूछा। जांच जारी है। यह मामला कानूनी दायरे में आता है। चूंकि ये चीजें कानूनी दायरे में हैं, इसलिए विशेष प्रक्रिया के तहत इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका ने लॉरेंस के भाई के प्रत्यर्पण के लिए कोई जानकारी साझा की है, तो उन्होंने इसका जवाब 'नहीं' दिया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.