{"_id":"5f1faf758ebc3e9ff91e9f51","slug":"mp-anil-baluni-will-call-priyanka-gandhi-for-uttarakhand-lunch-congress-general-secretary-sent-tea-invitation","type":"story","status":"publish","title_hn":"प्रियंका को उत्तराखंडी भोज पर बुलाएंगे सांसद बलूनी, कांग्रेस महासचिव ने भेजा था चाय का आमंत्रण","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
प्रियंका को उत्तराखंडी भोज पर बुलाएंगे सांसद बलूनी, कांग्रेस महासचिव ने भेजा था चाय का आमंत्रण
Tue, 28 Jul 2020 10:26 AM IST
अनवर अंसारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: अनवर अंसारी
Updated Tue, 28 Jul 2020 10:26 AM IST
विज्ञापन
Anil baluni- Priyanka Gandhi
- फोटो : PTI/ANI
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के चाय पर आमंत्रण को राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी ने पूरी विनम्रता से कुछ वक्त के लिए टाल दिया है। उन्होंने प्रियंका को पत्र लिखा कि वह कैंसर के उपचार के बाद दिल्ली लौटे हैं और स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। शीघ्र ही वह पूरी तरह से स्वस्थ हो जाएंगे तो उन्हें सपरिवार अपने घर पर बुलाएंगे और उन्हें उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों को परोसेंगे।
विज्ञापन
बलूनी 35 लोधी एस्टेट बंगले में शिफ्ट होने जा रहे हैं। प्रियंका गांधी को यह बंगला खाली करना है। बंगला खाली करने पहले प्रियंका ने बलूनी को पत्र लिखकर चाय पर आमंत्रित किया था। प्रियंका के इस खत के जवाब में बलूनी ने लिखा, आपका पत्र मिला। आभारी हूं। शायद आपके संज्ञान में नहीं होगा कि मैं कैंसर के उपचार के बाद दिल्ली लौटा हूं और चिकित्सकों का मानना है कि अभी मुझे और समय घर पर ही आईसोलेशन में रहना है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा, आपने मुझे चाय पर आमंत्रित किया इसके लिए आपका धन्यवाद, मैं 35 लोधी एस्टेट जाने के उपरांत आपको सपरिवार भोजन पर आमंत्रित करता हूं, जिसमें आपको मेरे उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजन मुंडवे की रोटी, झंगोर की खीर, पहाड़ी रायता, भट्ट की चुठकनी का रसास्वादन मिलेगा। आपका पुनः आभार आपने मुझे आमंत्रित किया।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें: प्रियंका गांधी वाला सरकारी बंगला भाजपा सांसद अनिल बलूनी को आवंटित
बता दें कि, लोधी एस्टेट का यह बंगला प्रियंका गांधी के बाद अनिल बलूनी को आवंटित किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका ने शिष्टाचार वश बलूनी को पत्र लिखकर उनकी पत्नी के साथ चाय पर आने का औपचारिक निमंत्रण भेजा है।
गौरतलब है कि अनिल बलूनी को सितंबर 2019 से कैंसर से ग्रस्त होने पर मुंबई में लंबे समय अपना उपचार कराना पड़ा। इस वर्ष फरवरी में दिल्ली लौटने के बाद उन्होंने अपने वर्तमान आवास 20, गुरुद्वारा रकाबगंज रोड को स्वास्थ्य कारणों से बदलने की मांग की थी। बलूनी के अनुरोध के आधार पर खाली होने वाले बंगलों की सूची में 35 लोधी एस्टेट बंगला सूचीबद्ध होते ही उन्हें आवंटित कर दिया गया।