{"_id":"64480a037e7bb764ae062ce7","slug":"mohan-bhagwat-in-nagpur-bus-accident-in-raigarh-mizoram-woman-arrested-goa-police-summons-sisters-news-updates-2023-04-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Updates: भागवत बोले- समानता प्राप्त होने तक सेवा की जरूरत और रायगढ़ में बस पलटने से एक की मौत; पढ़ें अहम खबरें","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Updates: भागवत बोले- समानता प्राप्त होने तक सेवा की जरूरत और रायगढ़ में बस पलटने से एक की मौत; पढ़ें अहम खबरें
Tue, 25 Apr 2023 11:14 PM IST
निर्मल कांत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई/नागपुर/पणजी/आइजोल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई/नागपुर/पणजी/आइजोल
Published by: निर्मल कांत
Updated Tue, 25 Apr 2023 11:14 PM IST
सार
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में मंगलवार को सरकारी एमएसआरटीसी बस के सड़क डिवाइडर से टकराकर पलट जाने से एक यात्री की मौत हो गई। हादसे में 22 अन्य घायल हो गए।
विज्ञापन
संघ प्रमुख मोहन भागवत
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने मंगलवार को कहा कि जब तक हमारे समाज में समानता नहीं आती, तब तक सेवा जरूरी है। अकेले सरकार सब कुछ नहीं कर सकती और देश को चलाने की जिम्मेदारी सबकी है। भागवत यहां सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में श्री सिद्धिविनायक सेवा फाउंडेशन की शाम की दीनदयाल थाली (धर्मार्थ भोजन सेवा) के शुभारंभ के अवसर पर बोल रहे थे।
विज्ञापन
दूसरी ओर महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में मंगलवार को सरकारी एमएसआरटीसी बस के सड़क डिवाइडर से टकराकर पलट जाने से एक यात्री की मौत हो गई। हादसे में 22 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना मुंबई से करीब 60 किलोमीटर दूर करनाला पक्षी अभयारण्य के पास अपराह्न 3.30 बजे हुई, जब महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) द्वारा संचालित शिवशाही बस पनवेल से महाड जा रही थी। बस में 38 यात्री सवार थे।
विज्ञापन
मिजोरम: 10 करोड़ के मेथ के साथ महिला गिरफ्तार
आइजोल में 42 वर्षीय एक महिला को 10 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मेथमफेटामाइन के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष एक टीम ने सोमवार को लैपुइटलांग इलाके में एक घर पर छापा मारा और महिला तस्कर के पास से 5.2 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामाइन जब्त किया। जब्त की गई दवाओं की कीमत अंतरराष्ट्रीय काला बाजार में 10.4 करोड़ रुपये है। चम्फाई शहर के रहने वाली महिला आरोपी पर नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
विज्ञापन
गोवा पुलिस ने दो बहनों को समन जारी किया
गोवा पुलिस की अपराध शाखा ने दो बहनों को तलब किया है। उनके खिलाफ इंस्टाग्राम पर बहुसंख्यक समुदाय के खिलाफ धार्मिक नफरत फैलाने का मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पिछले सप्ताह दो इंस्टाग्राम खातों के खिलाफ एक स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था। पुलिस अधीक्षक (अपराध शाखा) निधिन वलसन ने बताया कि मामले की जांच के तहत जुड़वा बहनों को 27 अप्रैल को तलब किया गया है। बहनों को समन आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 41 (ए), 153-ए (धार्मिक भावनाओं को आहत करना) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत जारी किया गया है।
पैसे के विवाद में होटल व्यवसायी का अपहरण, पुलिस ने बचाया
मुंबई में पैसे के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने बंदूक की नोक पर के एक होटल व्यवसायी का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। हालांकि, उसे पड़ोसी ठाणे जिले से 12 घंटे के भीतर बचा लिया गया। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना सोमवार की दोपहर की है जब चार लोग अंधेरी-कुर्ला रोड पर होटल वीरा रेजीडेंसी में होटल व्यवसायी अनूप कुमार शेट्टी के केबिन में घुसे। अधिकारी ने बताया कि उन्होंने शेट्टी पर हमला किया और उनका बैग छीन लिया, पिस्तौल से तीन गोलियां चलाईं और उन्हें अगवा करने से पहले चाकू दिखाकर धमकाया।
होटल के रिसेप्शनिस्ट ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस की एक टीम ने अपराध में इस्तेमाल वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी शेट्टी को ठाणे की ओर ले गए और फिर मुंबई से 72 किलोमीटर दूर शहापुर गए। पुलिस ने मंगलवार तड़के वाहन को रोका और शेट्टी को बचा लिया गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना शेट्टी और आरोपियों में से एक के बीच पैसे के लेनदेन के विवाद का नतीजा थी, जिसने छह महीने तक होटल का संचालन किया था।
आरोपी व्यक्ति ने अपने दोस्त के माध्यम से पीड़ित से 50 लाख रुपये की उगाही करने की कोशिश की थी। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सात आरोपियों के खिलाफ अपहरण, जबरन वसूली, दंगा करने, जानबूझकर चोट पहुंचाने, आपराधिक धमकी और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।