{"_id":"5ba5afd6867a557f6a2a3d70","slug":"mecca-masjid-blast-case-judge-ravinder-reddy-wants-to-join-the-bjp","type":"story","status":"publish","title_hn":"भाजपा में जाना चाहते हैं मक्का मस्जिद विस्फोट मामले में फैसला सुनाने वाले जज, बताया देशभक्त पार्टी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
भाजपा में जाना चाहते हैं मक्का मस्जिद विस्फोट मामले में फैसला सुनाने वाले जज, बताया देशभक्त पार्टी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Sat, 22 Sep 2018 08:28 AM IST
विज्ञापन
Ravinder Reddy
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मक्का मस्जिद विस्फोट मामले में फैसला सुनाने वाले पूर्व जज रविंदर रेड्डी भाजपा में शामिल होना चाहते हैं। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 14 सितंबर को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जब हैदराबाद के दौरे पर आए थे, तब पूर्व जज ने उनसे मुलाकात की थी और भाजपा में शामिल होने की इच्छा जताई थी।
विज्ञापन
तेलंगाना के भाजपा अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण ने बताया कि वह पार्टी में एक बुद्धिजावी के तौर पर अपना योगदान दे सकते हैं या चुनावी राजनीति में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि रेड्डी को पार्टी में शामिल किया जाएगा या नहीं और अगर शामिल किया जाता है तो उन्हें कौन सी जिम्मेदारी दी जाती है।
विज्ञापन
बता दें कि पूर्व जज रविंदर रेड्डी ने भाजपा को देशभक्त पार्टी बताया है। एक भाजपा नेता ने बताया कि जब वह अमित शाह से मिले, तो उन्होंने भाजपा जैसी राष्ट्रवादी और देशभक्त पार्टी के लिए काम करने की अपनी इच्छा व्यक्त की।
विज्ञापन
उनके मुताबिक, रेड्डी ने कहा कि मैंने पार्टी में इसलिए शामिल होने की इच्छा जताई है, क्योंकि मेरा मानना है कि यह देशहित में सोचने वाली पार्टी है। राष्ट्रीय स्तर की यह एक मात्र देशभक्त पार्टी है और इस पार्टी में परिवार का शासन नहीं चलता है।
गौरतलब है कि इसी साल 16 अप्रैल को मक्का मस्जिद विस्फोट मामले की हुई सुनवाई में विशेष आतंकवाद निरोधक अदालत के तत्कालीन न्यायाधीश रविंदर रेड्डी ने हिंदुत्व प्रचारक स्वामी असीमानंद समेत पांच आरोपियों को बरी कर दिया था। इसके तुरंत बाद उन्होंने इस्तीफा भी दे दिया था।
उन्होंने मेट्रोपॉलिटन सत्र न्यायाधीश और उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को एक पत्र भेजा था, जिसमें कहा गया था कि वह व्यक्तिगत आधार पर इस्तीफा दे रहे हैं। अपने फैसले में रेड्डी ने कहा था कि अभियोजन पक्ष यह साबित नहीं कर सका कि असीमानंद और अन्य आरोपी 18 मई, 2007 को मक्का मस्जिद में हुए बम विस्फोट की योजना बनाने और उसे निष्पादित करने में शामिल थे। इस धमाके में 9 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
पूर्व जज ने सुनवाई के दौरान टिप्पणी करते हुए कहा था कि सिर्फ संघ (आरएसएस) से जुड़ने का मतलब सांप्रदायिक बनना नहीं होता है।
उन्होंने आगे कहा था कि आरएसएस कोई गैरकानूनी रूप से काम करनेवाला संगठन नहीं है। यदि कोई शख्स इसमें काम करता है तो इससे यह साबित नहीं होता कि वह सांप्रदायिक या फिर समाज विरोधी है।