जयललिता की खूबसूरती पर हो गया था फिदा: काटजू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अपने बयानों को लेकर विवादों में रहने वाले पूर्व चीफ जस्टिस मार्कंडे काटजू एक बार फिर से चर्चा में हैं। काटजू ने तमिलनाडू की मुख्यमंत्री जयललिता को शेरनी और विरोधियों को लंगूर बोला है। जयललिता की तारीफ करते हुए काटजू ने फेसबुक पर लिखा, ‘जयललिता एक शेरनी की तरह हैं और उनके विपक्षी लंगूर की तरह लगते हैं।’
यही नहीं काटजू ने लिखा कि जब वो जवान थे तो उन्हें जयललिता से प्यार हो गया था। उन्होंने लिखा, "उस वक्त मुझे जयललिता काफी मनमोहक लगती थीं। मैं उनके प्यार में पड़ गया था। लेकिन जयललिता को इस बारे में नहीं पता था। यह एकतरफा प्यार था।" काटजू ने लिखा, "मुझे वह अब भी अच्छी लगती हैं। लेकिन अब मैं उतना अच्छा नहीं दिखता। मैं उन्हें अब भी प्यार करता हूं और मैं उनके जल्द ही ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।"
सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाले काटजू हमेशा कुछ ऐसा लिखते हैं जिसके चलते वो चर्चा में आ जाते हैं।
जयललिता के सारे विभाग वित्त मंत्री ओ. पनीरसेल्वम को सौंप दिए हैं
तमिलनाडु की सीएम जयललिता कई दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी सेहत के बारे में अभी कुछ भी औपचारिक रूप से नहीं कहा गया है। अब खबर है कि राज्यपाल सी. विद्यासागर राव ने मंगलवार को उनके सारे विभाग प्रदेश के वित्त मंत्री ओ. पनीरसेल्वम को सौंप दिए हैं।
हालांकि राज्यपाल ने कहा है कि अन्नाद्रमुक सुप्रीमो जयललिता मुख्यमंत्री बनी रहेंगी। जया 22 सितंबर से अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं। जयललिता के फैन मंदिरों में उनके स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। आपको बता दें कि जयललिता को देखने के लिए कई बड़ी राजनीतिक हस्तियां पहले ही अस्पताल जा चुकी हैं अब खबर है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली जयललिता को देखने के लिए बुधवार को अपोलो अस्पताल पहुंचेंगे।
भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष टी सुंदरराजन ने ट्वीट कर बताया कि शाह और जेटली बुधवार शाम पांच बजे के करीब अस्पताल पहुंचेंगे। उधर, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को जया के लिए तिरुपति मंदिर का प्रसाद भेजा।