{"_id":"6ac4bf54c203e35fa70f1a7e","slug":"major-road-accident-in-bhavnagar-gujarat-violent-collision-between-suv-and-trailer-seven-people-died-2026-10-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"गुजरात में बड़ी सड़क दुर्घटना: एसयूवी और ट्रेलर के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत, सात लोगों की मौके पर मौत","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
गुजरात में बड़ी सड़क दुर्घटना: एसयूवी और ट्रेलर के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत, सात लोगों की मौके पर मौत
Tue, 06 Oct 2026 02:58 PM IST
प्रशांत तिवारी
एएनआई, मुंबई
एएनआई, मुंबई
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Tue, 06 Oct 2026 02:58 PM IST
सार
गुजरात के भावनगर जिले में ट्रापज गांव के पास हाईवे की सर्विस रोड पर खड़े ट्रेलर से तेज रफ्तार बोलेरो टकरा गई। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी लोग भावनगर से अलंग स्थित शिपयार्ड में काम करने जा रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
दुर्घटना
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गुजरात के भावनगर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। हाईवे की सर्विस रोड पर खड़े ट्रेलर ट्रक में पीछे से एक तेज रफ्तार एसयूवी जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, एसयूवी में सवार सभी लोग भावनगर से अलंग जा रहे थे, जहां वे एक शिपयार्ड में काम करते थे।
विज्ञापन
सुबह करीब 10 बजे हुआ भीषण हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा भावनगर-सोमनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बनी सर्विस रोड पर तलाजा तालुका के ट्रापज गांव के पास हुआ। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराया। ट्रेलर हाईवे की सर्विस रोड पर खड़ा था और पीछे से आ रही बोलेरो सीधे उसके पिछले हिस्से में जा घुसी।
विज्ञापन
'टक्कर इतनी जोरदार कि ट्रेलर भी आगे खिसक गया'
अलंग के पुलिस अधीक्षक नितेश पांडे ने बताया कि ट्रेलर ट्रापज गांव के पास सर्विस रोड पर खड़ा था और यह इलाका अलंग पुलिस थाना क्षेत्र में आता है। पीछे से आई बोलेरो ने ट्रेलर में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह भी आगे की ओर खिसक गया। टक्कर के बाद मौके का मंजर बेहद भयावह था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे में एसयूवी पूरी तरह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ शव सड़क पर दूर-दूर तक बिखरे मिले।
विज्ञापन
लोहे की सरियों से खोलने पड़े गाड़ी के दरवाजे
टक्कर के बाद एसयूवी में फंसे लोगों को बाहर निकालना भी आसान नहीं था। गाड़ी बुरी तरह पिचक गई थी, इसलिए उसके दरवाजे खोलने के लिए लोहे की सरियों का सहारा लेना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद लोगों को गाड़ी से बाहर निकाला गया।
छह की मौके पर मौत, एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
पुलिस के मुताबिक, हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। एक अन्य व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया।
ये भी पढ़ें: अभिजीत दीपके का आरोप: सीजेपी कार्यकर्ताओं को दिल्ली जाने से रोक रही पुलिस, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे गए शव
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के शव भावनगर के सरकारी अस्पताल भेजे गए, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हादसा किस वजह से हुआ और एसयूवी की रफ्तार कितनी थी, इन तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है।