वीडियो: महिला कोर्ट में 11 साल की बच्ची से रेप के 18 आरोपियों की वकीलों ने की जमकर धुनाई
चेन्नई के अयानवरम इलाके में सुनने में असमर्थ 11 साल की नाबालिग दिव्यांग बच्ची के साथ नशीले पदार्थों की मदद से सात महीने में कई बार रेप किया गया। पुलिस ने 17 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जो उसी रिहाइशी परिसर के कर्मचारी हैं। मंगलवार को इन आरोपियों को अदालत में पेश किए जाने के दौरान गुस्साए वकीलों ने उनसे अदालत परिसर में ही जमकर मारपीट की।
चार घंटे चली सुनवाई, पांच घंटे हंगामा
अदालत में करीब चार घंटे लंबी सुनवाई के बाद सभी आरोपियों को 31 जुलाई तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। महिला अदालत भवन की तीसरी मंजिल पर परिवार न्यायालय से सुनवाई के बाद सीढ़ियों से नीचे लाए जाने के दौरान करीब 3 बजे 50 वकीलों की भीड़ ने उन पर हमला बोल दिया। वहां तैनात महिला पुलिस भीड़ को नहीं रोक सकी।
वकील आरोपियों को मुक्कों व लातों से पीटते हुए सीढ़ियों पर घसीटकर नीचे लाने लगे। इसी दौरान 8 आरोपी ग्राउंड फ्लोर पर अतिरिक्त परिवार न्यायालय में घुस गए, जबकि अन्य 9 ने वापस महिला अदालत में घुसकर खुद को बंद कर लिया। गुस्साए वकील बाहर प्रदर्शन करने लगे।
प्रमुख परिवार न्यायालय के जज धर्मन, ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर टीएस अन्बू और कई वरिष्ठ वकीलों ने करीब 5 घंटे तक वकीलों को समझाकर किसी तरह मामला शांत कराया। तब शाम 7.40 बजे के बाद आरोपियों को किसी तरह जेल ले जाया गया। इस मारपीट का वीडियो भी इंटरनेट पर वायरल हो गया है।
वीडियो यहां देखें
गार्ड, लिफ्ट ऑपरेटर जैसे कर्मचारी हैं आरोपी
पुलिस ने बताया कि यह मामला एक रिहाइशी अपार्टमेंट का है। आरोपियों में उस परिसर के सिक्योरिटी गार्ड, लिफ्ट ऑपरेटर, इलेक्ट्रिीशियन, वॉटर सप्लायर और मेंटीनेंस स्टाफ से जुड़े अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
नशीले पदार्थ सुंघाकर किया रेप
पुलिस के अनुसार, सबसे पहले एक लिफ्ट ऑपरेटर ने नाबालिग को नशीला पाउडर सुंघाकर उसका यौन उत्पीड़न शुरू किया। इसके बाद परिसर के अन्य कर्मचारी भी रेप करने वालों में जुड़ते गए। आरोपियों ने उसे नशे के इंजेक्शन और नशीले पदार्थ मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर रेप किया और उसकी वीडियो भी तैयार की। मामला तब सामने आया, जब कक्षा सात में पढ़ने वाली लड़की ने अपनी बड़ी बहन को यह बात बताई। बहन ने माता-पिता को जानकारी दी। मां की तहरीर पर 15 जुलाई को पुलिस में एफआईआर दर्ज की। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता ने बताया कि 11 आरोपियों ने उससे रेप किया, जबकि अन्य 6 इस साजिश में शामिल रहे। आरोपियों में से छह ने आरोप कबूल कर लिया है।
कोई नहीं लड़ेगा मुकदमा
उधर, मद्रास हाईकोर्ट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जी. मोहनकृष्णन ने बताया कि संघ के सदस्यों ने इन आरोपियों की तरफ से अदालत में पेश नहीं होने का निर्णय लिया है। इस निर्णय की जानकारी वकीलों के अन्य संघों को भी दे दी गई है और सभी इससे सहमत हैं। उन्होंने अदालत से आरोपियों को कठोर दंड देने की अपील की।
#WATCH: Dramatic visuals from Mahila Court in Chennai where lawyers thrash the 18 accused, who sexually harassed an 11-year-old girl for over a period of 7 months. #TamilNadu pic.twitter.com/8ASDOlm7gW
— ANI (@ANI) July 17, 2018