फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Thane Nagpur Mumbai Palghar Bhiwandi taluka Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra Updates: नागपुर में खड़ी क्रेन से टकराया ऑटो, दो महिलाओं की मौत; ठाणे के भिवंडी में आया भूकंप

Wed, 27 Nov 2024 01:34 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Wed, 27 Nov 2024 01:34 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Nagpur Mumbai Palghar Bhiwandi taluka Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र अपडेट - फोटो : Amar Ujala

महाराष्ट्र के नागपुर शहर के खैरी इलाके में मंगलवार शाम करीब पांच बजे एक ऑटो खड़ी क्रेन से टकरा गया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना न्यू कैम्पटी पुलिस थाना क्षेत्र में हुई। महिलाएं ऑटो से नागपुर जा रही थीं। खैरी इलाके में पहुंचने पर ऑटो चालक ने गति बढ़ा दी, जिससे नियंत्रण खो दिया। इस बीच, ऑटो सड़क किनारे खड़ी क्रेन से टकरा गया। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान नागपुर निवासी निर्मला लक्ष्मण जुमले (50) और कौशल्याबाई कुहिकर (60) के रूप में हुई है। दुर्घटना में ऑटो चालक समेत छह अन्य घायल हैं। चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

विज्ञापन

ठाणे के भिवंडी में आया भूकंप, घरों से बाहर निकले लोग
महाराष्ट्र में ठाणे जिले के भिवंडी तालुका में मंगलवार शाम को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। वे अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है। भिवंडी के तहसीलदार अभिजीत कोल्हे ने बताया कि भूकंप के झटके कुछ सेकंड तक ही रहे, जो तालुका के विभिन्न हिस्सों में महसूस किए गए। भिवंडी-निजामपुर नगर निगम (बीएनएमसी) के आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीएमओ) साकिब खरबे ने बताया कि शांति नगर के निवासियों ने हल्के झटके महसूस करने की सूचना दी है। जिला आपदा प्रबंधन सेल की एक अधिकारी अनीता जवंजाल ने कहा कि भिवंडी के तहसीलदार और डीएमओ दोनों की रिपोर्ट संकलित की जा रही है। उन्हें आगे के विश्लेषण के लिए राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र को भेजा जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

आईआईटी बॉम्बे के छात्र को डिजिटल अरेस्ट कर ठगे 7 लाख 
आईआईटी बॉम्बे के एक छात्र को 'डिजिटल अरेस्ट' कर 7.29 लाख रुपये ठग लिए। जालसाज ने खुद को भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) का कर्मचारी बताकर उसे डराया और पैसे देने के लिए मजबूर किया। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि 25 वर्षीय पीड़ित को इस साल जुलाई में एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को ट्राई का कर्मचारी बताया और कहा कि उसके मोबाइल नंबर पर अवैध गतिविधियों की मुंबई के पवई पुलिस स्टेशन में 17 शिकायतें दर्ज की गई हैं। कॉलर ने दावा किया कि उसके नंबर को निष्क्रिय होने से रोकने के लिए पीड़ित को पुलिस से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करना होगा। वह कॉल को साइबर अपराध शाखा में स्थानांतरित कर रहा है। इस दौरान व्हाट्सएप वीडियो कॉल में एक व्यक्ति को पुलिस अधिकारी के भेष में दिखाया गया। उसने पीड़ित का आधार नंबर मांगा और आरोप लगाया कि वह मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल था। उसने छात्र को एकीकृत भुगतान इंटरफेस (यूपीआई) के माध्यम से 29,500 रुपये स्थानांतरित करने के लिए मजबूर किया। इसके बाद आरोपी ने उसे डरा-धमकाकर 7.29 लाख रुपये ठग लिए। 

विज्ञापन

मुंबई में डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, दो कॉलेज छात्रों की मौत
मुंबई के विले-पार्ले इलाके में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (डब्ल्यूईएच) पर एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कॉलेज के दो छात्रों की मौत हो गई। विले-पार्ले पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि मृतकों की पहचान सार्थक कौशिक और जलज धीर के रूप में हुई है। सार्थक एक स्थानीय कॉलेज में विज्ञान का छात्र, और जलज बीबीए का छात्र था। दोनों 18 साल के थे। वह अपने दोस्तों जेडन जिमी और साहिल मेंडा के साथ सैर पर निकले थे और गाड़ी में पीछे बैठे थे। पुलिस अधिकारी के अनुसार, बांद्रा से गोरेगांव लौटते समय हादसा हुआ। कार को बीबीए प्रथम वर्ष का छात्र मेंडा चला रहा था। कार की रफ्तार कथित तौर पर 120-150 किमी प्रति घंटा थी, जिसके चलते उसने कार से नियंत्रण खो दिया। घटना के बाद मेंडा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। 

महाराष्ट्र : रश्मि शुक्ला ने फिर संभाला डीजीपी का कार्यभार
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रश्मि शुक्ला ने राज्य विधानसभा चुनाव के समापन के बाद मंगलवार को महाराष्ट्र के डीजीपी के रूप में पदभार ग्रहण किया। कांग्रेस की ओर से उनके बारे में शिकायत करने के बाद चुनाव आयोग के निर्देशों पर शुक्ला को डीजीपी पद से हटा दिया गया था और स्थानांतरित कर दिया गया था। उनकी अनुपस्थिति में संजय कुमार वर्मा ने राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारी का पदभार संभाला था। उन्हें चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने तक शीर्ष पद पर बने रहना था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed