Maharashtra Updates: रायगढ़ में एक रसायन कारखाने में विस्फोट, तीन श्रमिकों की मौत; गोरक्षक का किया अपहरण
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक रसायन कारखाने में विस्फोट होने से उत्तर प्रदेश के तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मुंबई से 110 किलोमीटर दूर रोहा कस्बे के धातव एमआईडीसी स्थित 'साधना नाइट्रो केम लिमिटेड' कारखाने में पूर्वाह्न करीब 11.15 बजे विस्फोट हुआ था। रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घर्गे ने बताया कि रासायनिक संयंत्र के भंडारण टैंक में विस्फोट हुआ था। भंडारण टैंक में विस्फोट होने से उस वक्त वहां काम कर रहे दो कर्मचारियों की मौत हो गई और चार लोग झुलस गए थे। घायलों को अस्पताल भेजा गया। जहां एक और श्रमिक की मौत हो गई। विस्फोट में बासुकी यादव (45), दिनेश कुमार खरबन (60) और संजीव कुमार (20) की मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उन्होंने घटनास्थल पर तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया। तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा घटनास्थल पर अभियान जारी है।
हिमंत ने CM शिंदे के घर पर पूजा की
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा बुधवार देर रात मुंबई में महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे के सरकारी आवास वर्षा बंगले पर पहुंचे। यहां उन्होंने गणपति बप्पा का दर्शन-पूजन कर आरती की। इसके अलावा विदेशी राजनयिकों ने भी सीएम शिंदे के आवास पर गणेश आरती में हिस्सा लिया। सीएम सरमा द्वारा गणेश आरती करने और विदेशी राजनयिकों के आरती में हिस्सा लेने की तस्वीरें और वीडियो महाराष्ट्र सीएम के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर शेयर की गई हैं।
Assam Chief Minister Himanta Biswa Sarma performed Ganesh aarti at Maharashtra Chief Minister Eknath Shinde's residence, in Mumbai.
— ANI (@ANI) September 11, 2024
(Source: Maharashtra CMO) pic.twitter.com/Dd5WNuMld1
बता दें कि गणेशोत्सव की शुरुआत विगत सात सितंबर को हुई है। गणपति बप्पा के भक्त 10 दिनों तक आराधना करते हैं। महाराष्ट्र में गणेशोत्सव की अवधि में खास उत्साह देखने को मिलता है।
#WATCH | Foreign diplomats took part in Ganesh Aarti at the official residence of Mahrashtra CM Eknath Shinde, Varsha Bungalow.
— ANI (@ANI) September 11, 2024
(Source - CMO) pic.twitter.com/P0OBJfMYOJ
अजित पवार-प्रफुल्ल पटेल ने शिंदे के आवास पर गणपति पूजा की
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राकांपा प्रमुख अजित पवार बुधवार देर रात भगवान गणेश की पूजा करने के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आधिकारिक आवास वर्षा पहुंचे। पवार के साथ उनकी पार्टी के सहयोगी प्रफुल्ल पटेल भी थे। यह यात्रा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि महाराष्ट्र चुनाव, जो संभवत: अक्तूबर-नवंबर में होगा, से पहले सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन, जिसमें पवार की राकांपा, शिंदे की शिवसेना और भाजपा शामिल हैं, में उठापटक देखने को मिल रही है। हाल ही में, शिवसेना मंत्री तानाजी सावंत ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था कि वह कैबिनेट बैठकों में राकांपा नेताओं के बगल में बैठते हैं लेकिन बाहर आने पर उन्हें उल्टी जैसा महसूस होता है। सार्वजनिक संपर्क कार्यक्रम 'जन सम्मान यात्रा' के दौरान 'लड़की बहिन योजना' के विज्ञापनों और प्रचार सामग्री से शिंदे का नाम 'छोड़ने' को लेकर भी सेना के मंत्री राकांपा पर नाराज थे।
मुसलमानों की पवित्र किताब कुरान शरीफ की एक प्रति के पन्ने फटे पाए जाने के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि यह घटना मंगलवार सुबह तब सामने आई जब 31 वर्षीय मोहम्मद शौकत अली सय्यद ने वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर बांद्रा यू-ब्रिज पर कुरान शरीफ के पन्ने जमीन पर बिखरे हुए पाए। सायन में रहने वाले सैय्यद ने पवित्र पुस्तक के पन्ने इकट्ठा करना शुरू कर दिया और जल्द ही और भी लोग उसकी मदद के लिए जुड़ गए। सारे पन्ने इकट्ठा करने के बाद सैय्यद शिकायत दर्ज कराने के लिए बांद्रा पुलिस स्टेशन गए।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने एक विशेष समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने के लिए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कहा कि अपराध के पीछे के लोगों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।
शिवसेना विधायक के बॉडीगार्ड पर हमला करने का आरोप, गिरफ्तार
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कार में बैठे एक व्यक्ति पर लोहे की रॉड से हमला करने के आरोप में 35 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि विपक्षी शिवसेना (यूबीटी) ने दावा किया कि गिरफ्तार व्यक्ति कर्जत से सत्तारूढ़ शिवसेना के विधायक महेंद्र थोरवे का बॉडीगार्ड है। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार को नेरल में हुई जब कर्जत तालुका के रहने वाले आरोपी शिवाजी सोनावले ने कार में बैठे व्यक्ति पर हमला किया। हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी और पीड़ित एक-दूसरे को जानते थे और गाड़ी का शीशा तोड़ने के मुद्दे पर उनके बीच हाथापाई हुई।
ठाणे में दो लोगों ने गोरक्षक का अपहरण कर पीटा, एफआईआर दर्ज
ठाणे जिले के कल्याण के एक 30 वर्षीय गोरक्षक का दो लोगों ने अपहरण कर लिया और उसके साथ क्रूरतापूर्वक मारपीट की। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, पीड़ित को दो व्यक्तियों ने उसकी कार से जबरन उतार दिया, एक ऑटो-रिक्शा में बिठाया और गोविंद वाडी बाईपास रोड पर एक स्थान पर ले गए, जहां मंगलवार सुबह लगभग 9:30 बजे उसे गंभीर रूप से पीटा गया। पुलिस ने बुधवार को बताया कि हमलावरों ने पीड़ित के साथ मौखिक रूप से दुर्व्यवहार भी किया और उस पर गोमांस ले जा रहे एक पिकअप ट्रक के बारे में पुलिस को सूचना देने का आरोप लगाया, जिसके कारण वाहन को जब्त कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, हमले के बाद पीड़ित को दूसरे वाहन में ले जाया गया और पैट्रिपूल इलाके में एक फूल बाजार के पास छोड़ दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान असलम मुल्ला और उसके भाई सैम के रूप में की है और कहा कि उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।