Maharashtra: शाह बोले- पूरे महाराष्ट्र में जल्द लागू हों नए आपराधिक कानून; CM फडणवीस ने कहा- छह माह में करेंगे
इस बैठक में गृह मंत्री ने महाराष्ट्र सरकार से नए आपराधिक कानूनों के तहत एक आदर्श अभियोजन प्रणाली स्थापित करने का भी आग्रह किया। इन नए कानूनों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए), 2023 शामिल हैं, जो पहले के भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम का स्थान लेंगे।
इन मुद्दों पर की गई चर्चा
बैठक में महाराष्ट्र में पुलिस, जेल, अदालतों, अभियोजन और फोरेंसिक से संबंधित नए प्रावधानों के कार्यान्वयन की स्थिति पर भी चर्चा की गई। गृह मंत्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेश किए गए इन नए कानूनों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी मामले में एफआईआर दर्ज होने से लेकर सुप्रीम कोर्ट का फैसला तीन साल के भीतर मिल सके। साथ ही शाह ने बताया कि उन्होंने पिछले कुछ महीनों में इन नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन पर अन्य राज्यों जैसे गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के साथ भी इसी तरह की बैठकें की हैं।
फडणवीस बोले- छह माह में करेंगे
गृह मंत्री के बयान पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य अगले छह महीने के भीतर नए आपराधिक कानूनों को पूरी तरह लागू कर देगा। यह जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ नॉर्थ ब्लॉक में हुई एक समीक्षा बैठक के बाद सामने आई।
मामले में पत्रकारों से बात करते हुए फडणवीस ने बताया कि महाराष्ट्र ने नए कानूनों को लागू करने में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सात साल से पुराने मामलों के लिए फोरेंसिक बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के लिए 27 वैन तैनात की गई हैं। इसके अलावा, अदालतों के लिए ऑनलाइन सिस्टम भी स्थापित किया गया है।
हालांकि, नए प्रावधानों के तहत अदालतों और फोरेंसिक प्रयोगशालाओं में समर्पित और निर्दिष्ट क्यूबिकल स्थापित करने की जरूरत होगी, जिस पर काम किया जा रहा है और इसे अगले छह महीने में पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही फडणवीस ने यह भी बताया कि राज्य के 90 प्रतिशत पुलिस बल, जिसमें 2 लाख पुलिस कर्मी शामिल हैं, को पहले ही नए कानूनों के तहत प्रशिक्षित किया जा चुका है।
नासिक में एकनाथ शिंदे के विमान के हेलीपैड पर ड्रोन देखा गया
नासिक में आज महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विमान के उतरने वाले हेलीपैड पर एक ड्रोन देखा गया। इस घटना के बाद, एकनाथ शिंदे ने कहा, "पुलिस ने इस पर संज्ञान लिया है और वे इसकी जांच करेंगे।" पुलिस अब ड्रोन के संचालन और इसके पीछे के उद्देश्य की जांच कर रही है।
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि मैं आज अपने परिवार के साथ महाकुंभ में शामिल हो सका। मैं योगी जी को यहां की शानदार व्यवस्थाओं के लिए बधाई देता हूं। महाकुंभ में आने वाला हर व्यक्ति खुश है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का नया रिकॉर्ड बन रहा है। महाकुंभ का प्रबंधन और यहां आने वाले लोगों की संख्या देखकर दुनिया हैरान है।
सीएम की पत्नी अमृता फडणवीस ने भी जाहिर की खुशी
साथ ही सीएम फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने भी महाकुंभ में अपनी उपस्थिति पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि हमें बेहद खुशी है कि हम उन 50 करोड़ लोगों में शामिल हैं जिन्होंने महाकुंभ के दौरान भक्ति की इस पवित्र डुबकी लगाई है। मैं योगी जी को धन्यवाद देना चाहती हूं। हम प्रयास कर रहे हैं कि नासिक में होने वाला अगला कुंभ भी भव्य हो और इसकी अच्छी व्यवस्था हो।