Maharashtra Updates: हाजी अली दरगाह को बम से उड़ाने की धमकी; महाराष्ट्र के मंत्री भुजबल अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र में गुरुवार को हाजी अली दरगाह को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। बताया गया कि हाजी अली दरगाह ट्रस्ट के कार्यालय में शाम करीब 5 बजे एक कॉल आया, जिसमें मुंबई के वर्ली इलाके में स्थित हाजी अली दरगाह को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। कॉल करने वाले ने खुद को पवन बताया और दरगाह के बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और विवादित बयान दिया। मुंबई पुलिस के मुताबिक, हाजी अली दरगाह के प्रशासनिक अधिकारी ने इसकी शिकायत नजदीकी पुलिस स्टेशन में की। पुलिस स्टेशन अधिकारी और बम निरोधक दस्ते की टीम दरगाह पहुंची और जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। ताड़देव थाने ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल को बीमार होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। भुजबल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समारोह में भाग लेने के लिए पुणे में थे। हालांकि, यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया था। राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने बुखार और गले में संक्रमण की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें वापस मुंबई लाया गया और उन्हें बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया। भुजबल का स्वास्थ्य स्थिर है और लोगों को किसी तरह की अफवाहों पर विश्वास नहीं करना चाहिए।
चिराग बोले- देश भर में जाति आधारित जनगणना हो
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने बुधवार को देश भर में जाति आधारित जनगणना की जोरदार वकालत की। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से प्राप्त आंकड़ों से समाज के उन वर्गों की वास्तविक आबादी जानने में मदद मिलेगी, जिन्हें और अधिक उत्थान की आवश्यकता है। मुंबई में एक कार्यक्रम में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री पासवान ने कहा, 'हमारा रुख बिल्कुल स्पष्ट है- जाति आधारित जनगणना होनी चाहिए, क्योंकि उस समुदाय के लोगों को मुख्यधारा में लाने के लिए कई नीतियां जाति के आधार पर बनाई जाती हैं। सरकार के पास कम से कम उस समुदाय की जनसंख्या का आंकड़ा तो होना ही चाहिए, ताकि उसके अनुसार धन आवंटित किया जा सके।'
ठाणे में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत
ठाणे जिले में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। बिजली गिरने की घटनाएं मुरबाद तालुका के शिरगांव और कल्याण के निकट हुईं। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी बुधवार को बताया कि शिरगांव में एक घर पर आकाशीय बिजली गिरने से परशु पवार (42) की मौत हो गई। वहीं, कल्याण तालुका के कांबा में खदान में काम कर रहे एक पुरुष और एक महिला की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है।
नेटफ्लिक्स पर 47 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, जांच शुरू
फिल्म निर्माता वाशु भगनानी ने नेटफ्लिक्स इंडिया के खिलाफ फिल्म अधिकारों को लेकर 47.37 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाकर पुलिस को शिकायत दी है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने भगनानी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में फिल्म निर्माता ने दावा किया है कि नेटफ्लिक्स ने उनकी तीन हिंदी फिल्म- हीरो नंबर 1, मिशन रानीगंज और बड़े मियां छोटे मियां के अधिकारों को लेकर उनके साथ धोखाधड़ी की है। उन्होंने बताया कि इन फिल्मों के लिए उनको 47.37 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं मिला। इस बीच, नेटफ्लिक्स ने भगनानी के आरोपों को खारिज किया कर दावा किया कि पूजा एंटरटेनमेंट पर उसका पैसा बकाया है। पूजा एंटरटेनमेंट भगनानी की कंपनी है।
जालना में ओबीसी कार्यकर्ता हेक-वाघमारे ने समाप्त किया अनशन
मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे द्वारा अपना अनशन वापस लेने के कुछ घंटों बाद दो ओबीसी कार्यकर्ता लक्ष्मण हेक और नवनाथ वाघमारे ने भी बुधवार को अपना सप्ताह भर का अनशन स्थगित कर दिया। हेक और वाघमारे महाराष्ट्र के जालना जिले के अंतरवाली सराती गांव से दो किमी दूर स्थित वाडिगोदरी गांव में अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण की सुरक्षा के लिए अनिश्चितकालीन अनशन पर थे। दोनों के विरोध का उद्देश्य मनोज जरांगे की मांगों का मुकाबला करना था, जिसे उन्होंने असंवैधानिक माना। वहीं, जरांगे ओबीसी श्रेणी के तहत मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग कर रहे हैं। वाडिगोदरी में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए हेक ने राज्य में महायुति सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, 'अगर हमने जवाबी उपवास का सहारा नहीं लिया होता, तो महाराष्ट्र सरकार जरांगे की मांगों को लागू कर देती।'
मुंबई में भारी बारिश के बाद नाले में डूबी महिला
मुंबई के अंधेरी में बुधवार को भारी बारिश के कारण उफन रहे नाले में 45 वर्षीय एक महिला डूब गई। घटना रात करीब 9.20 बजे गेट नंबर दो के पास हुई। पीड़ित की पहचान विमल अनिल गायकवाड़ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, महिला को कूपर अस्पताल लेकर गए, जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
कोल्डप्ले इवेंट के नकली टिकटों की बिक्री के खिलाफ शिकायत दर्ज
ऑनलाइन टिकट एग्रीगेटर बुकमायशो ने कुछ प्लेटफार्मों पर कोल्डप्ले के मुंबई कॉन्सर्ट के लिए नकली टिकटों की कथित बिक्री के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बुकमायशो कोल्डप्ले के संगीत समारोहों के लिए आधिकारिक टिकटिंग भागीदार है। ऑनलाइन टिकट एग्रीगेटर ने लोगों से इन घोटालों का शिकार न होने की अपील की। अनधिकृत स्रोतों से खरीदे गए किसी भी टिकट से उपभोक्ता को खतरा होगा और वह नकली टिकट साबित हो सकता है।
नवी मुंबई में अवैध रूप से रह रही सात बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बृहस्पतिवार को भारी बारिश के बाद नाले में गिरने से 45 वर्षीय महिला की मौत के मामले की उच्च स्तरीय जांच करने की घोषणा की है, जबकि पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पहले बताया था कि यह घटना बुधवार रात नौ बजकर 20 मिनट पर अंधेरी ईस्ट स्थित महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) के गेट नंबर आठ के पास हुई। मृतक महिला की पहचान विमल अनिल गायकवाड़ के रूप में हुई है।