फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Gondia Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra: पुणे एयरपोर्ट का नाम अब संत तुकाराम हवाई अड्डा; मानहानि मामले में उद्धव ठाकरे की याचिका खारिज

Mon, 23 Sep 2024 07:26 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Mon, 23 Sep 2024 07:26 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Gondia Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र अपडेट - फोटो : Amar Ujala

महराष्ट्र कैबिनेट ने सोमवार को पुणे एयरपोर्ट का नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। महाराष्ट्र सरकार की ओर से कहा गया कि पुणे एयरपोर्ट का नाम अब जगद्गुरु संत तुकाराम महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रखा जाएगा। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि पुणे निवासियों ने मांग की थी कि उनके हवाई अड्डे का नाम संत तुकाराम के नाम पर रखा जाए। राज्य कैबिनेट में यह प्रस्ताव पारित हो गया है। यह बहुत खुशी की बात है। अब केंद्रीय कैबिनेट में इसके पारित होने के बाद पुणेवासियों की मांग पूरी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में बहुत सारे विकास कार्य चल रहे हैं। कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास 26 सितंबर को पुणे में पीएम मोदी द्वारा किया जाएगा। इसमें नए पुणे में मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट का उद्घाटन होने जा रहा है। 

विज्ञापन

 

उद्धव ठाकरे और संजय राउत की याचिका खारिज
विशेष अदालत ने मानहानि मामले में आरोप मुक्त करने से इनकार करने के मजिस्ट्रेट के आदेश के खिलाफ उद्धव ठाकरे, संजय राउत की याचिका खारिज कर दी। शिंदे गुट के सांसद राहुल शेवाले ने आरोप लगाया था कि शिवसेना के समाचार पत्र 'सामना' में उनके खिलाफ गलत खबरें छापी गईं। जिसके उनकी बदनामी हुई। जिससे उनकी छवि को गहरा धक्का लगा। सामना द्वारा छापी गई गलत खबर को लेकर उन्होंने उद्धव ठाकरे और संजय राउत के खिलाफ आपराधिक मानहानि की याचिका दायर की थी। 

गोंदिया जिले के नवेगांव-नागजीरा में मृत मिला बाघ
महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के नवेगांव-नागजीरा जंगल में रविवार को एक बाघ मृत पाया गया। नवेगांव-नागजीरा के उपनिदेशक राहुल गवई ने एक विज्ञप्ति में बताया कि बाघ टी-9 का शव सुबह 10 बजे नागदेव पहाड़ी के कंपार्टमेंट 96 में एक बीट गार्ड को मिला। अधिकारी ने कहा, बाघ 9 साल का था। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि बाघ की मौत क्षेत्रीय लड़ाई में हुई है। बाघ के सभी अंग बरकरार थे। एनटीसीए दिशानिर्देशों के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया गया।

विज्ञापन

ठाणे में फल-विक्रेता गिरफ्तार, प्लास्टिक बैग में पेशाब कर बिना हाथ धोए बेच रहा था फल
ठाणे के डोंबिवली में एक 20 वर्षीय फल-विक्रेता ने प्लास्टिक बैग में पेशाब करने के बाद बिना हाथ धोए फल बेचना शुरू कर दिया, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे रविवार को गिरफ्तार कर लिया। मानपाड़ा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान अली खान के रूप में हुई है। वीडियो निलजे इलाके का है। उन्होंने बताया कि अली खान को भारतीय न्याय की धारा 271 (लापरवाही से काम करने से जीवन के लिए खतरनाक बीमारी का संक्रमण फैलने की संभावना) 272 (घातक कार्य जिससे जीवन के लिए खतरनाक बीमारी का संक्रमण फैलने की संभावना) और 296 (अश्लीलता) के तहत गिरफ्तार किया गया है।

स्कूल में घुसकर बदमाशों ने लूटे 61,000 रुपये का सामान

ठाणे में बदमाशों ने एक स्कूल में घुसकर वहां से 61,000 रुपये का सामान चुरा लिया। दरअसल गणपति उत्सव के कारण अंबिविली में वाल्मिकी स्कूल पांच से 14 सितंबर के लिए बंद था। इस दौरान कुछ लोगों ने स्कूल के परिसर में घुसकर पंखे, स्पीकर बॉक्स और कंप्यूटर समेत 61 हजार रुपये का सामान चुरा लिया। जब छुट्टियों के बाद स्कूल खुला तो प्रबंधन ने पाया कि स्कूल से सामान गायब है। शनिवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। 

प्रतिबंधित तंबाकु सामग्री रखने के आरोप में दो गिरफ्तार

ठाणे में प्रतिबंधित गुटका सामग्री रखने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक गुप्त सूचना के आधार पर कल्यान क्राइम ब्रांच की शाखा ने शुक्रवार की रात को शिलफाटा इलाके की एक दुकान में छापेमारी की। इस दौरान उन्होंने कई सारे प्रतिबंधित तंबाकु पदार्थ बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में 29 वर्षीय दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
 

ठाणे में झील के किनारे मिला बच्चे का शव

ठाणे में एक झील के किनारे समय से पहले जन्मे एक बच्चे का शव मिला। वहां से गुजर रहे लोगों ने शव को देखा और पुलिस को इसकी जानकारी दी। जानकारी पाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रविवार को अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस आसपास के अस्पतालों में जांच कर रही है।

पांच रुपये के लिए कैब चालक की हो गई पिटाई

ठाणे में एक पेट्रोल पंप पर पांच रुपये को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों ने 32 वर्षीय कैब ड्राइवर की पिटाई कर दी। यह घटना शनिवार की रात को घटी, जब कैब चालक अपने वाहन में ईंधन भरवाने के लिए भिवंडी के एक पेट्रोल पंप पर गया था। उसने 295 के बदले 300 रुपये दिया और पांच रुपये वापस मांगने लगा। इस दौरान पेट्रोल पंप पर काम करने वाला व्यक्ति गुस्से में अपने दो साथियों के साथ उसकी पिटाई कर दी। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

बुलढाणा में कंक्रीट के खंभों से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से दो की मौत

बुलढाणा जिले में कंक्रीट के खंभों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट जाने से दो मजदूरों की मौत हो गई। इस हादसे में तीन घायल भी हुए हैं। यह घटना रविवार की दोपहर को घटी। पांच लोग कंक्रीट से लदे ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठकर जा रहे थे। पुनहाई गांव के पास एक मोड़ पर गाड़ी अचानक पलट गई और पांच लोग सीमेंट के खंभे के नीचे आ गए। घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बोराखेड़ी पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। 

ठाणे में छत का प्लास्टर गिरने से पांच साल की बच्ची की मौत, तीन घायल
ठाणे में रविवार को 30 साल पुरानी एक इमारत के फ्लैट में छत के प्लास्टर का एक टुकड़ा गिरने से पांच साल की बच्ची की मौत हो गई और उसके परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख यासीन तडवी ने कहा, यह घटना मुंब्रा इलाके में 6 मंजिला जीवन बाग इमारत में उनके भूतल घर में सुबह 8 बजे के आसपास हुई। उन्होंने कहा, पीड़ित अपनी रसोई में थे जब कंक्रीट का एक बड़ा टुकड़ा उन पर गिर गया। उनेजा शेख (5), उमर शेख (23), मुस्कान शेख (21) और एक वर्षीय इजान शेख घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनेजा को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि अन्य का इलाज किया जा रहा है।

ठाणे में एस्टेट एजेंट के नाम पर 383 करोड़ रुपये की ठगी

ठाणे में एक एस्टेट एजेंट के नाम पर 383 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध लेनदेन कर उसे धोखा देने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। 38 वर्षीय व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आरोपी ने नौकरी की पेशकश करते हुए मई 2022 में उनसे संपर्क किया। आरोपी ने पीड़ित से पहचान दस्तावेज लिया। आरोपियों ने पीड़ित के दस्तावेजों का इस्तेमाल दो बंक अकाउंट खोलने में किया। आरोपियों ने 2023 तक 383 करोड़ रुपये से अधिक अवैध वित्तीय लेनदेन को अंजाम दिया। जब पीड़ित को संदेह हुआ कि उसके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है, उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में फिलहाल किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। 

नासिक में केकड़ा पकड़ने की कोशिश में तालाब में डूबे दो बच्चे

नासिक में केकड़े पकड़ने की कोशिश में दो नाबालिग लड़के एक तालाब में डूब गए। यह घटना रविवार की है। दो लड़के अपने एक मित्र के साथ तालाब के पास गए। वे केकड़े पकड़ने की कोशिश कर रहे थे, तभी डूब गए। दोनों की पहचान आठ और दस वर्षीय बच्चे के तौर पर की गई है। अपने दोस्तों को डूबता देख तीसरे बच्चे ने घरवालों को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी पाकर स्थानीय पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दोनों के शव को बाहर निकाल लिया गया है। 

नासिक में एक विवाद को लेकर 20 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर की हत्या

नासिक में एक विवाद को लेकर एक गिरोह ने 20 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। रात करीब 10 बजे चार से पांच लोगों के समूह ने नंदेश विजय साल्वे पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भाजपा में शामिल हुए एनसीपी (शरद) के नेता
एनसीपी (शरद) के नेता मधुकर रालेभट ने सोमवार को भाजपा का दामन थाम लिया। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने रालेभट को भाजपा की सदस्यता दिलाई। 

अमरावती में पुल से नीचे गिरी बस, चार की मौत
अमरावती के मेलघाट में बस एक पुल से नीचे गिर गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और सात गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य 20 को मामूली चोटें आई हैं। दरअसल, बस चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया था। सभी घायलों को अस्पताल में ले जाया गया है। घटना परतवाड़ा-धरनी रोड पर सेमाडोह गांव के पास सुबह आठ बजे हुई। पुलिस ने बताया कि बस में 45 यात्री सवार थे। दुर्घटना के कारणों की जांच चल रही है। 

कोकीन से भरे 124 कैप्सूल बरामद
राजस्व खुफिया निदेशालय ने ब्राजील की एक महिला के पास से कोकीन से भरे 124 कैप्सूल बरामद किए, जिसने मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने से पहले उन्हें निगल लिया था। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि जब्त की गई दवा की कीमत अवैध बाजार में 9.73 करोड़ रुपये आंकी गई है। डीआरआई मुंबई जोनल यूनिट के एक अधिकारी ने कहा कि एक विशेष इनपुट पर बुधवार को साओ पाउलो से उतरने के बाद महिला को रोक लिया गया। यात्री ने भारत में तस्करी के लिए नशीली दवाओं वाले कैप्सूल खाने और उसे अपने शरीर में रखने की बात स्वीकार की। उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और सरकारी जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारी ने बताया कि यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है और अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के अन्य सदस्यों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed