फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Chhatrapati Sambhajinagar Politics Crime and other News in Hindi

महाराष्ट्र अपडेट: पुणे में अवैध टेलीफोन एक्सचेंज पर शिकंजा; महिला को गाली मामले में शिवसेना नेता को राहत नहीं

Fri, 30 Aug 2024 07:03 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Fri, 30 Aug 2024 07:03 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Chhatrapati Sambhajinagar Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र अपडेट - फोटो : Amar Ujala

महाराष्ट्र पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने पुणे में एक अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का भंडाफोड़ किया। एटीएस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि नौशाद अहमद सिद्दीकी (32) शहर के कोंढवा इलाके में अवैध टेलीफोन एक्सचेंज चला रहा था। इस प्रतिष्ठान से सात सिम बॉक्स, 3,788 सिम कार्ड, नौ वाईफाई राउटर, एंटीना, इनवर्टर और लैपटॉप जब्त किए गए। अवैध टेलीफोन एक्सचेंज चलाकर आरोपियों ने दूरसंचार विभाग को राजस्व की हानि पहुंचाई। उन्होंने इस एक्सचेंज का इस्तेमाल आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने की भी आशंका जताई। अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता, भारतीय टेलीग्राफ अधिनियम, दूरसंचार अधिनियम, भारतीय वायरलेस टेलीग्राफी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।

विज्ञापन

शिवसेना नेता म्हात्रे की गिरफ्तारी पूर्व जमानत याचिका खारिज 
ठाणे जिले की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को शिवसेना नेता वामन म्हात्रे की गिरफ्तारी पूर्व जमानत याचिका खारिज कर दी। म्हात्रे के खिलाफ पुलिस ने एक महिला पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में केस दर्ज किया है। कथित घटना तब हुई जब रिपोर्टर पिछले हफ्ते ठाणे जिले के बदलापुर शहर के एक स्कूल में दो नाबालिग लड़कियों पर यौन उत्पीड़न को लेकर एक विरोध प्रदर्शन को कवर कर रही थी। पत्रकार के मुताबिक, म्हात्रे ने उन पर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, म्हात्रे ने पत्रकार द्वारा लगाए गए आरोपों से इन्कार किया है।

अतिरिक्त लोक अभियोजक कादंबिनी खंडागले ने विभिन्न आधारों पर गिरफ्तारी पूर्व जमानत याचिका का विरोध किया। कल्याण अदालत में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश एमए मोटे ने अभियोजन और बचाव पक्ष दोनों की दलीलें सुनने के बाद राजनेता की गिरफ्तारी पूर्व जमानत याचिका खारिज कर दी।

विज्ञापन
विज्ञापन

ठाणे में दंपती ने खाड़ी में लगाई छलांग, महिला को बचाया
ठाणे जिले के नायगांव निवासी दंपती बृहस्पतिवार को आत्महत्या करने के लिए वर्सोवा क्रीक में कूद गए। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, दोनों सुबह करीब 10 बजे खाड़ी में कूद गए। उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों और बचाव दल ने महिला शशिकला दिनेश यादव (28) को बचा लिया, जबकि उसका पति दिनेश यादव (32) अभी भी लापता है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दंपती अक्सर घरेलू मुद्दों को लेकर झगड़ते थे और उन्होंने अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला किया।

विज्ञापन

मुंबई-गोवा हाईवे पर घटिया काम करने वाले ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज, एक गिरफ्तार
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले की पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंदापुर और वाडपले के बीच 26.7 किलोमीटर की दूरी पर कथित तौर पर घटिया काम करने के लिए ठेकेदार पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने चेतक एंटरप्राइजेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हुकमीचंद जैन, कंपनी के महाप्रबंधक अवधेश कुमार सिंह और परियोजना समन्वयक इंजीनियर सुजीत कावले और अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक सोमनाथ घार्गे ने कहा, मामले में कावले को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि 2020 से मुंबई-गोवा राजमार्ग के इस हिस्से पर 170 दुर्घटनाओं में कम से कम 97 लोग मारे गए हैं और 208 घायल हुए हैं।

यूबीटी-भाजपा समर्थकों के बीच झड़प को लेकर 122 लोगों पर एफआईआर
महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में पुलिस ने आदित्य ठाकरे की यात्रा के दौरान राजकोट किले पर हुई झड़प के सिलसिले में शिवसेना (उद्धव ठाकरे) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 122 समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि प्राथमिकी में सीसीटीवी फुटेज से पहचाने गए 42 लोगों के नाम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अन्य 80 आरोपियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है और पुलिस हर व्यक्ति की पहचान और घटना में उसकी भूमिका का पता लगाने के लिए फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि झड़प के दौरान पथराव में घायल हुए एक पुलिसकर्मी की शिकायत पर बुधवार देर रात दंगा और निषेधाज्ञा की अवहेलना का मामला दर्ज किया गया। मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं, को फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया।

मुंबई में बच्चे की हत्या करने वाला आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
मुंबई के वडाला इलाके में 12 वर्षीय बच्चे का अपहरण कर हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी को मुंबई पुलिस ने दिल्ली के जीबी रोड इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपी विपुल बिरेन शिकारी (39 वर्ष) आठ महीने बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा। वह पश्चिम बंगाल के बर्धमान का रहने वाला है।

डीसीपी प्रशांत कदम ने बताया कि नाबालिग बच्चे के परिवार ने 28 जनवरी 2024 को वडाला पुलिस में अपहरण का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद वडाला पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। करीब दो महीने बाद 5 मार्च 2024 को पुलिस को वडाला के खारगंगा मैदान खाड़ी में बच्चे का शव मिला था। 21 अगस्त को मुंबई पुलिस को आरोपी के दिल्ली में होने की सूचना मिली, जिसके बाद दिल्ली पुलिस को सूचित किया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली पुलिस ने जाल बिछाया था, जिसे बाद में मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया।

क्रॉस वोटिंग करने पर दो विधायक कांग्रेस से निष्कासित
कांग्रेस ने दो विधायक जीशान सिद्दीकी और जितेश अंतापुरकर को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने जीशान सिद्दीकी और अंतापुरकर के निष्कासन के कारणों के बारे में विस्तार से नहीं बताया। बताया जाता है कि कांग्रेस के सात विधायकों ने विधानसभा की 11 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी। इसमें दोनों विधायक शामिल थे। पटोले ने कहा कि दोनों विधायकों पर टिप्पणी करने का कोई मतलब नहीं है। जीशान सिद्दीकी मुंबई के बांद्रा (पूर्व) से चुने गए, जबकि अंतापुरकर ने नांदेड़ जिले के देगलूर का प्रतिनिधित्व किया। जीशान सिद्दीकी के पिता बाबा सिद्दीकी लोकसभा चुनाव से पहले अजीत पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी में शामिल हो गए थे।

आरटीओ अधिकारी को शिवसेना विधायक ने दीं गालियां, ऑडियो वायरल
महाराष्ट्र में शिवसेना विधायक संतोष बांगर की कथित तौर पर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के एक अधिकारी को फोन पर गाली देते एक ऑडियो वायरल हुई। बांगड़ हिंगोली जिले के कलामनुरी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह पुसाद में एक किसान के वाहन को रोकने के लिए अधिकारी की आलोचना कर रहे थे। ऑडियो में विधायक कह रहे हैं कि गरीब लोगों के वाहनों को मत रोको। आप गरीबों के वाहनों को रोकते हैं, लेकिन उन वाहनों को नहीं जो नियमों का उल्लंघन करके चलते हैं। मुझे आरटीओ का काम सिखाने की आवश्यकता नहीं है। वाहन को छोड़ दिया जाना चाहिए। मुझे पुसाद तक पहुंचने में देर नहीं लगेगी। इसके अलावा विधायक ने कई अपशब्द भी कहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed