महाराष्ट्र: संभाजी महाराज के वंदन में बना विश्व रिकॉर्ड; तुकाराम मुंढे भारत के रॉकस्टार, अमेरिका में हुई तारीफ
महाराष्ट्र के मोशी में स्थित धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज स्मारक पर महाराष्ट्र की भव्य ढोल-ताशा संस्कृति का ऐसा रूप दिखा जिसने एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया है। इस महा-आयोजन में पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के 151 ढोल-ताशा पथकों से जुड़े लगभग 5,000 वादक एक ही ताल और ऊर्जा के साथ प्रदर्शन करने उतरे। यह अद्भुत प्रदर्शन हिंदूभूषण छत्रपति संभाजी महाराज के 140 फीट ऊंचे स्मारक और 128 मीटर ऊंचे भव्य भगवा ध्वज को समर्पित एक ऐतिहासिक मानवंदना थी। हिंदूभूषण स्मारक ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जब हजारों ढोल एक साथ बजे, तो पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और शिवकाल के गौरव की गूंज से भर उठा, जिसे देखने और सुनने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा था।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने तुकाराम को कहा-भारत का रॉकस्टार
अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने महाराष्ट्र कैडर के दबंग आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे के बारे में अपने पहले पन्ने पर छापा है और उन्हें उनके काम करने के अंदाज के कारण रॉकस्टार बताया है। अखबार ने लिखा, रात के खाने पर लोग उनका सम्मान करते हैं जबकि रेस्टोरेंट के मालिक उनसे डरते हैं। अखबार ने महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) कमिश्नर मुंढे की खाद्य सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए तारीफ की है। रिपोर्ट का शीर्षक है, भारत में, एक फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर रॉक स्टार है। अखबार के अनुसार, नियमों को सख्ती से लागू करने की वजह से मुंढ़े लोगों के हीरो बन गए हैं।
एमएलसी चुनावों को लेकर महाराष्ट्र में सत्ताधारी और विपक्षी गुटों में दरार
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ महायुति और विपक्षी महाविकास आघाड़ी (एमवीए) में सीटों को लेकर खींचतान सामने आने लगी है। दोनों गठबंधनों के घटक दल कुछ सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतार रहे हैं। चुनाव 23 अक्टूबर को होंगे। शिवसेना (यूबीटी) ने अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से दत्तात्रय लहाने और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दिलीप घुगे को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने अमरावती से अदिति पोहरे को प्रत्याशी घोषित किया है। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा कि पार्टी दोनों सीटों पर चुनाव लड़ेगी। महायुति में भी पुणे शिक्षक सीट को लेकर भाजपा और शिवसेना आमने-सामने हैं। भाजपा ने तीन उम्मीदवार घोषित किए हैं, जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने पुणे शिक्षक सीट से मंगेश चिवटे के नाम का ऐलान किया है। एनसीपी ने औरंगाबाद स्नातक सीट से तीन बार के विधान परिषद सदस्य सतीश चव्हाण को उम्मीदवार बनाया है। पांच सीटों पर मतदान 23 अक्तूबर और मतगणना 27 अक्तूबर को होगी।