फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Maharashtra ›   Maharashtra Updates Nagpur Mumbai Palghar Pune Bombay High Court Education Politics Crime and other Hindi News

Maharashtra: ठाणे में छत का हिस्सा गिरने से वृद्ध घायल; मुंबई पुलिस को मिली बम की धमकी, एक व्यक्ति हिरासत में

Wed, 16 Apr 2025 10:23 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 16 Apr 2025 10:23 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Nagpur Mumbai Palghar Pune Bombay High Court Education Politics Crime and other Hindi News
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में तीन मंजिला आवासीय इमारत की छत का स्लैब गिरने से एक बुजुर्ग व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि उल्हासनगर इलाके के आत्म प्रकाश अपार्टमेंट में तीसरी मंजिल पर स्थित एक मकान के हॉल की छत का एक हिस्सा अचानक गिरकर दूसरी मंजिल पर आ गिरा। दूसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट में रहने वाले 60 वर्षीय राजकुमार दुसेजा मलबे में फंस गए। सूचना पर दमकल कर्मी और नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मलबे से व्यक्ति को बचाया। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। उल्हासनगर नगर निकाय ने संरचनात्मक क्षति की सीमा का आकलन करने और आगे किसी भी दुर्घटना को रोकने के लिए इमारत को निगरानी में रखा है। इंजीनियरों और नगर निगम अधिकारियों द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा।

विज्ञापन


मुंबई पुलिस को मिली बम की धमकी 
मुंबई पुलिस को फोन पर धमकी मिली कि शहर में बम विस्फोट होंगे। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान सूरज जाधव (37) के रूप में हुई है। उसने शराब के नशे में धमकी भरा फोन किया था। उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने बताया कि शहर पुलिस के कंट्रोल रूम पर मंगलवार दोपहर को एक फोन आया। इसमें व्यक्ति ने दावा किया कि महानगर में बम विस्फोट होंगे। पुलिस ने जांच शुरू की और फोन करने वाले का पता बोरीवली इलाके से लगाया। बोरीवली निवासी जाधव ने नशे की हालत में धमकी भरा फोन किया। अधिकारी ने बताया कि जाधव ने पहले भी इसी तरह के फर्जी कॉल किए थे और उसके खिलाफ तीन मामले पहले से दर्ज हैं।
विज्ञापन


देश में पहली बार चलती ट्रेन में ATM की सुविधा
भारत में पहली बार चलती ट्रेन में एटीएम मशीन की सुविधा मिल सकेगी। मध्य रेलवे ने प्रायोगिक आधार पर पंचवटी एक्सप्रेस में एटीएम लगाया है। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई-मनमाड पंचवटी एक्सप्रेस में "प्रायोगिक आधार पर" एक स्वचालित टेलर मशीन (एटीएम) लगाई गई है। एक निजी बैंक ने यह एटीएम मशीन मुहैया कराई है। एटीएम वातानुकूलित चेयर कार कोच में स्थापित किया गया है। जल्द ही यात्रियों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला के मुताबिक एटीएम को कोच के पिछले हिस्से में एक कक्ष में स्थापित किया गया है। इस जगह को पहले अस्थायी पेंट्री के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। ट्रेन के चलते समय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक शटर लगाया गया है। एटीएम लगाने से पहले मनमाड रेलवे वर्कशॉप में कोच में आवश्यक बदलाव किए गए। यह ट्रेन छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और मनमाड जंक्शन के बीच की यात्रा करीब 4.35 घंटे में पूरी करती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

 

नवी मुंबई में नाइजीरियाई व्यक्ति गिरफ्तार; महिला से तीन लाख रुपये ठगने का आरोप
अफ्रीकी देश नाइजीरिया के एक शख्स को नवी मुंबई में गिरफ्तार किया गया है। इस व्यक्ति पर ब्रिटेन में व्यापार का मौका दिलाने का वादा कर महिला से तीन लाख रुपये ठगने के आरोप लगा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान नवी मुंबई के खारघर निवासी ओडुल्फस उचे ओनुमा के रूप में हुई है। पीड़िता व्यवसायी है और रसायनों का कारोबार करती है। विगत 26 जनवरी को ब्रिटेन में एक व्यापारिक अवसर के बारे में एक ईमेल मिलने के बाद उसने एक बैंक खाते में 3.05 लाख रुपए भेज दिए। महिला ने धोखा होने का एहसास होने पर माटुंगा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। अपराध में इस्तेमाल किया गया नंबर खारघर में एक्टिव पाया गया, जिसके बाद नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया।

पुणे के व्यवसायी के अपहरण और हत्या के मामले में महिला समेत 7 लोग गिरफ्तार
बिहार के जहानाबाद में लक्ष्मण साधु शिंदे का शव बरामद किया गया था। पुणे के इस व्यवसायी के अपहरण और हत्या के सिलसिले में पुलिस ने एक महिला समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। 11 अप्रैल को पटना एयरपोर्ट पर उतरे लक्ष्मण साधु शिंदे अगवा कर लिए गए थे। गिरफ्तार लोगों की पहचान रंजीत पटेल उर्फ मुन्ना, विपतरा कुमार, लालबिहारी, विकास उर्फ मोहित, कुंदन कुमार, संगीता कुमारी और सचिन रंजन के रूप में हुई है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों और गिरोह के सरगना की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अवकाश कुमार ने बताया कि पुणे के व्यवसायी के परिवार के सदस्यों ने शिकायत की थी। प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया। पुलिस ने नवादा, गया, नालंदा और वैशाली जिलों से 11 लोगों को गिरफ्तार किया।  जांच से पता चला कि वे अंतरराज्यीय अपराधियों के एक गिरोह से जुड़े थे जो लोगों से जबरन पैसे वसूलते थे और अपहृत लोगों की रिहाई के लिए फिरौती भी मांगते थे। पकड़े गए लोग झारखंड, गुजरात, कर्नाटक समेत कई राज्यों में आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इन लोगों ने पुणे के व्यवसायी के परिजनों से 90 हजार रुपये की फिरौती भी वसूली। गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ साइबर अपराधी भी हैं। इस मामले में पुणे के पुलिस उपायुक्त संभाजी कदम ने बताया कि 12 अप्रैल को शहर के महाराष्ट्र के कोथरूड पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पुणे पुलिस की एक टीम जांच के लिए पटना पहुंची, जिसमें पता लगा कि शिंदे को पटना एयरपोर्ट से अगवा किया गया था।

मुंबई एयरपोर्ट पर 22 करोड़ रुपये की कोकीन के साथ विदेशी महिला गिरफ्तार 
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 21.78 करोड़ रुपये की कोकीन की तस्करी करने की कोशिश कर रही गिनी की एक महिला को गिरफ्तार किया है।  
एक अधिकारी ने बताया कि महिला केन्या की राजधानी नैरोबी से छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरी थी।

डीआरआई के अधिकारी ने दी जानकारी
डीआरआई के अधिकारी ने बताया, विशेष सूचना के आधार पर डीआरआई की एक टीम ने एयरपोर्ट पर महिला यात्री को रोका। तलाशी के दौरान अधिकारियों को उसके चेक-इन लगेज में सफेद रंग के पाउडर के तीन पैकेट मिले।  उन्होंने बताया कि नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) टेस्ट किट का उपयोग करके जांच करने पर पता चला कि उसमें कोकीन है। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के बाद डीआरआई ने 21.78 करोड़ रुपये मूल्य की 2,178 ग्राम कोकीन जब्त की। महिला को एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है।

एफआईआर पर बॉम्बे हाईकोर्ट का फैसला सुरक्षित
कॉमेडियन कुणाल कामरा को बॉम्बे हाईकोर्ट से कुछ राहत मिली है। कोर्ट ने उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की याचिका पर सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है, यानी अभी फैसला नहीं सुनाया गया है। कोर्ट ने साथ ही यह भी कहा है कि जब तक अंतिम फैसला नहीं आ जाता, कामरा को पुलिस गिरफ्तार नहीं करेगी। यह मामला एक कॉमेडी शो के दौरान की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़ा है, जिसे लेकर उनके खिलाफ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के समर्थकों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस बीच, सीएम शिंदे ने भी इस मुद्दे पर कटाक्ष करते हुए कहा जो लोग संविधान, अभिव्यक्ति की आज़ादी की दुहाई देते हैं, वही दूसरों की भावनाओं को ठेस पहुँचाते हैं। कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कहा कि वह जल्द ही फैसला सुनाएगा, लेकिन तब तक कुणाल कामरा को गिरफ्तारी से सुरक्षा दी गई है।

तहसीलदार ने पत्नी को पिस्तौल दिखाकर दी धमकी
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक तहसीलदार को अपनी पत्नी पर हमला करने और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का नाम अविनाश शेंबतवाड़ है, जिसकी उम्र 34 साल है। वह वर्तमान में गढ़चिरौली जिले के धनोरा तहसील में तैनात है, जबकि उसका स्थायी निवास नांदेड़ में है। पुलिस ने बताया कि शेंबतवाड़ की पत्नी ने 13 अप्रैल को नांदेड़ के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि शादी के कई सालों बाद भी गर्भवती न होने की वजह से उसका पति उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने उस पर हमला किया और पिस्तौल दिखाकर धमकी दी। लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने पुलिस से मदद ली। एफआईआर में शेंबतवाड़ के माता-पिता और दो भाइयों के नाम भी शामिल किए गए हैं। सभी पर नई आपराधिक संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें हत्या के प्रयास और घरेलू हिंसा की धाराएं शामिल हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed