फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra updates mumbai pune thane palghar crime politics education events and other news in hindi

Maharashtra: ठाणे में 40.99 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी; ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज

Mon, 18 Aug 2025 09:41 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Mon, 18 Aug 2025 09:41 PM IST
विज्ञापन
maharashtra updates mumbai pune thane palghar crime politics education events and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक व्यक्ति से फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग स्कीम के नाम पर करीब 40.99 लाख रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित (48 वर्षीय)  की शिकायत के मुताबिक, उसे फेसबुक पर एक ट्रेडिंग का विज्ञापन दिखा। जब उसने उसमें रुचि दिखाई, तो उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया। वहां उसे धोखेबाजों ने आईपीओ में निवेश करने की सलाह दी।

विज्ञापन


इसके बाद मई और जून में पीड़ित ने कुल 40,99,814 रुपये कुछ बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में उसके अकाउंट में दिखाया गया कि उसका निवेश बढ़कर 88,39,072 रुपये हो गया है, लेकिन जब उसने पैसा निकालने की कोशिश की, तो वह ऐसा नहीं कर पाया। इसके बाद आरोपियों ने उससे कहा कि वह पूरी रकम निकालने से पहले 20 फीसदी टैक्स जमा करे। तब पीड़ित को समझ में आया कि उसके साथ धोखा हुआ है। वर्तक नगर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पैसे वापस पाने की कोशिश में असफल होने के बाद पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया।
विज्ञापन


पुलिस ने रविवार को पीड़ित की शिकायत के आधार पर एक महिला समेत दो लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही आईटी अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


महिला ने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया, मामला दर्ज
ठाणे में दहेज के लिए 33 वर्षीय एक महिला को कथित तौर पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप में एक व्यक्ति और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल वालों और पति ने 2021 और 2022 के बीच उसे परेशान किया। आरोपियों ने महिला पर अपने भाई से 50 लाख रुपये लाने या घर छोड़ने का दबाव बनाया। शिकायत में कहा गया है कि परिवार के कुछ सदस्यों ने महिला के आभूषण अवैध रूप से अपने पास रख लिए और उसे जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है।

थर्मल पावर प्लांट में युवक की मौत
नागपुर जिले के खापरखेड़ा थर्मल पावर प्लांट में रविवार को एक फ्लैशओवर दुर्घटना हो गई। इस हादसे में एक इंजीनियर और एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने बताया तक यह घटना दोपहर में उस समय हुई जब सहायक इंजीनियर वैभव सोनुले (31) और मजदूर सचिन भगत (39) 6.6 केवी स्विचगियर रूम में एक खराबी का निरीक्षण कर रहे थे।

तभी अचानक हुए बिजली के विस्फोट में सोनुले और भगत गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य सुरक्षित बच गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल मामले में आंतरिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

उद्धव गुट के नेता का आरोप- ब्रेस्ट क्रेडिट सोसायटी चुनाव में बांटे जा रहे पैसे
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता संदीप देशपांड ने सोमवार को आरोप लगाया कि बेस्ट क्रेडिट सोसायटी के चुनाव में विपक्षी दलों की ओर से मतदाताओं को पैसे बांटे जा रहे हैं। इस चुनाव में मनसे और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) ने मिलकर गठबंधन बनाया है।

बेस्ट क्रेडिट सोसायटी का चुनाव आज हो रहा है। इस सोसायटी पर शिवसेना (उद्धव गुट) का नियंत्रण है। इसके सदस्य बेस्ट उपक्रम के कर्मचारी होते हैं। बेस्ट मुंबई में सार्वजनिक परिवहन और बिजली आपूर्ति देने वाली संस्था है। यह चुनाव ऐसे समय पर हो रहा है, जब राज्य में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और उनके चचेरे भाई राज ठाकरे की पार्टी मनसे के बीच संबावित गठबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। 
 
संदीप देशपांड ने एक्स पर एक वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने दावा किया कि बेस्ट क्रेडिट सोसायटी के एक सदस्य को पर्चा मिला, जिसमें एक लिफाफा छिपा हुआ था और उसमें दो 500-500 रुपये के नोट थे। उन्होंने आरोप लगाया कि य.ह वोट खरीदने का खेल है। देशपांडे ने कहा कि चुनाव आयोग से इस मामले की शिकायत की जाएगी। 
  

ठाणे में पुरानी इमारत के स्लैब और गैलरी के कुछ हिस्से ढहे, कोई हताहत नहीं
 वहीं, ठाणे के उथलसर इलाके में रविवार को एक जर्जर एक मंजिला इमारत की पहली मंजिल के स्लैब और गैलरी के कुछ हिस्से ढह गए। जिसके बाद उसमें रहने वाले निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि शाम करीब 5 बजे हुई इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि लगभग 40 से 45 साल पुरानी यह इमारत पहले से ही खतरनाक स्थिति में थी। यह इमारत 'सी2बी श्रेणी' में आती है और इसमें कुल सात फ्लैट हैं, जिनमें से तीन में उस समय लोग रह रहे थे।

मुंबई में भारी बारिश
मुंबई के कुछ इलाकों में सोमवार को तेज बारिश हो रही है। इस वजह से कई जगहों पर जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। 

भारी बारिश के कारण आधे घंटे तक फंसी रही बस
मुंबई में  सोमवार को भारी बारिश के कारण एक स्कूल जलभराव के कारण फंस गई, जिसमें छह बच्चे और दो कर्मचारी सवार थे। इसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

लगातार हो रही बारिश के कारण जिन स्कूलों की सुबह की पाली (शिफ्ट) थी, उन्होंने आधे दिन की छुट्टी घोषित कर दी और बच्चों को जल्दी घर भेज दिया गया। एक निजी स्कूल की बस छह बच्चों और दो स्टाफ सदस्यों को लेकर सेंट्रल मुंबई के माटुंगा इलाके में जा रही थी। वहां पानी से भरे एक हिस्से में यह बस आधे घंटे से ज्यादा समय तक फंसी रही।

सूचना मिलने पर माटुंगा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में बच्चों को सुरक्षा कारणों से माटुंगा थाने ले जाया गया। मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जलजमाव और दृश्यता में कमी आ गई है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे जरूरी होने पर ही बाहर निकलें और यात्रा की योजना सावधानी से बनाएं। पुलिस ने लिखा, हमारे अधिकारी और स्टाफ सतर्क हैं और मदद के लिए तैयार हैं। किसी भी आपात स्थिति में 100, 112 या 103 पर कॉल करें। आपकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।

लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की ओर से जारी रेड अलर्ट को देखते हुए बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने शहर के उन सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।

सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत
महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गहरी खाई में गिर गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह हादसा रविवार की शाम को हुआ, जब सभी लोग चंद्रपुर के छत्रपति संभाजीनगर लौट रहे थे। वे नंदगांव तहसील के जटेगांव के पास चंदनपुरी शिवर में स्थित पिनाकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा करने गए थे। पुलिस के अनुसार, लौटते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली के ब्रेक अचानक फेल हो गए। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर-ट्रॉली करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गई।

इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। उनकी पहचान कांताबाई नारायण गाइके (56 वर्षीय) और कमलाबाई श्यामराव जगदाले (60 वर्षीय) के रूप में हुई है। दोनों छत्रपति संभाजीनगर की निवासी थीं। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए 14 लोगों को पहले बोलठन के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया और उसके बाद उन्हें छत्रपति संभाजीनगर के घाटी अस्पताल भेजा गया।

भारी बारिश के कारण पांच लोग लापता, तलाश जारी: मुख्यमंत्री फडणवीस
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले की मुखेड़ तहसील में भारी बारिश के कारण पांच लोग लापता हैं और कई अन्य लोग फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुखेड़ तहसील में स्थित लेंदी बांध (जो महाराष्ट्र और तेलंगाना के बीच एक अंतरराज्यीय सिंचाई परियोजना है) का जलस्तर काफी बढ़ गया है। इसके अलावा लातूर, उदगीर और पड़ोसी कर्नाटक से भी भारी मात्रा में पानी इस क्षेत्र में आ रहा है। 

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, कल यहां लगभग 206 मिमी बारिश हुई। इसके कारण रावनगांव, भासवाड़ी, भींगेली और हसनाल गांवों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। रावनगांव (मुखेड़ तहसील) में 225 लोग बाढ़ के पानी में फंसे हैं। जिनकी स्थिति ज्यादा गंभीर थी, उन्हें निकाल लिया गया है। बाकी नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का प्रयास जारी है। 

उन्होंने बताया कि हसनाल गांव में आठ लोगों को बचा लिया गया है। भासवाड़ी गांव में 20 लोग फंसे हुए हैं लेकिन सुरक्षित हैं। भींगेली गांव में भी 40 लोग फंसे हुए हैं लेकिन फिलहाल सभी सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पांच लोग लापता हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

एचडीएफसी के एमडी को जारी नोटिस बॉम्बे हाईकोर्ट ने किया रद्द
बॉम्बे हाईकोर्ट ने मानहानि मामले में एचडीएफसी बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और सीईओ शशिधर जगदीशन को मजिस्ट्रेट कोर्ट से जारी नोटिस रद्द कर दिया है। मानहानि का मामला लीलावती कीर्तिलाल मेहता मेडिकल ट्रस्ट के ट्रस्टी ने दर्ज कराया था। न्यायमूर्ति एसएम मोदक की पीठ ने पांच अगस्त को कहा कि मजिस्ट्रेट को प्रस्तावित आरोपी को नोटिस जारी करने से पहले शिकायत का सत्यापन करना चाहिए था। लीलावती कीर्तिलाल मेहता मेडिकल ट्रस्ट के स्थायी ट्रस्टी प्रशांत मेहता ने गिरगांव न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में एक निजी शिकायत दायर कर मानहानि से संबंधित भारतीय न्याय संहिता प्रावधानों के तहत जगदीशन के खिलाफ अपराध दर्ज करने की मांग की थी।

प्लैनेट मराठी के संस्थापक और तीन अन्य पर 85 लाख धोखाधड़ी का केस दर्ज
मुंबई पुलिस ने जालसाजी और धोखाधड़ी के आरोप में ओटीटी प्लेटफॉर्म प्लैनेट मराठी के संस्थापक अक्षय बर्दापुरकर और तीन अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। इन सभी पर अपने पूर्व व्यापारिक साझेदार सौम्या विलेकर से 85 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
मुलुंड पुलिस थाने के अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला 2023 से पहले का है इसलिए आरोपियों के खिलाफ रविवार को आईपीसी की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी में बर्दापुरकर के अलावा, मनाली दीक्षित, दोधा दौलत अहिरे और धवल जयशुकलाल शाह के नाम भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई है। अदालत ने विलेकर की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed