फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra updates mumbai pune thane palghar crime politics education events and other news in hindi

Maharashtra: महिला का शोषण करने और धमकाने का मुकदमा; एयरलाइन को बम की धमकी वाला ईमेल मिला

Tue, 01 Jul 2025 02:00 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Tue, 01 Jul 2025 02:00 PM IST
विज्ञापन
maharashtra updates mumbai pune thane palghar crime politics education events and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

नवी मुंबई में एक महिला का यौन उत्पीड़न करने और उसे बंदूक की नोक पर धमकाने के आरोप में 40 वर्षीय एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तलोजा पुलिस ने शनिवार को आरोपी कुंदन नेटके के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने 28 जून की दोपहर को जब महिला मेट्रो स्टेशन जा रही थी, तब उससे छेड़छाड़ की। आरोपी ने महिला से कहा कि वह उसकी कार में बैठ जाए क्योंकि वह उससे बात करना चाहता है। बाद में उसने यौन संबंध बनाने की मांग की। अधिकारी ने बताया कि जब महिला ने नेटके का प्रस्ताव ठुकरा दिया तो उसने कथित तौर पर रिवॉल्वर तान दी और उसे धमकाया। उन्होंने बताया कि महिला किसी तरह मौके से भागने में सफल रही और पुलिस के पास पहुंची। मामले की जांच चल रही है और अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

विज्ञापन


एयरलाइन को बम की धमकी वाला ईमेल मिला
पुणे हवाईअड्डे पर एक निजी एयरलाइन के कार्यालय को बम की धमकी मिली। इसके बाद यहां अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर जांच की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने कहा कि एयरलाइन को रविवार को 1:25 बजे एक ईमेल प्राप्त हुआ। इसमें कहा गया कि हवाई अड्डे और विमानों के आसपास रखे गए बैगों में शक्तिशाली विस्फोटक उपकरण छिपे हुए हैं। आपको इमारत को तत्काल खाली करना होगा। लोग मर जाएंगे। विमानतल पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि एयरलाइन के ग्राहक सेवा अधिकारी ने सुबह करीब 6.45 बजे ईमेल पढ़ा और अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) और स्थानीय पुलिस के जवानों ने हवाईअड्डा परिसर के अंदर और बाहर व्यापक तलाशी ली। अधिकारी ने कहा कि कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला। धमकी झूठी निकली। एयरलाइन कर्मचारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की साइबर टीम ने ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन


नवी मुंबई में एक लाख रुपये की हेरोइन के साथ पंजाब के दो लोग गिरफ्तार
नवी मुंबई में पुलिस ने पंजाब के दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1.05 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की है। पुलिस ने देर रात पनवेल इलाके में एक निर्माणाधीन पुल के पास जाल बिछाया। पनवेल सिटी पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक नितिन ठाकरे ने बताया कि दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके पास से गेंद और पत्थर के आकार की 35 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। आरोपियों की पहचान सतनाम सिंह सुखदेव सिंह (31) और सुखविंदर सिंह मुकनार सिंह (59) के रूप में हुई है, दोनों पंजाब के तरनतारन के निवासी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


नारायण राणे पर टिप्पणी को लेकर गोगावले ने मांगी माफी
शिवसेना के मंत्री भरत गोगावले ने अपने कैबिनेट सहयोगी और भाजपा विधायक नितेश राणे से उनके पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री नारायण राणे पर की गई टिप्पणी के लिए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि वे फ्लो-फ्लो में बोल गए। उनकी टिप्पणी के पीछे कोई गलत इरादा नहीं था और वह केवल संगठन के लिए किए गए प्रयासों के लिए नारायण राणे की प्रशंसा कर रहे थे।

गौरतलब है कि शनिवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए भारत गोगावाले ने कहा था कि नारायण राणे आज जहां हैं, वहां वे आसानी से नहीं पहुंचे हैं और उसके लिए उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हुए। वे जेल गए और लड़ाई और हत्या की घटनाओं में शामिल रहे।  

ठाणे में रासायनिक टैंकर ने अज्ञात वाहन को टक्कर मारी
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में मंगलवार तड़के रसायन से लदे एक टैंकर की एक अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। इससे मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि टैंकर चालक अपने केबिन में फंस गया था और बाद में दमकल कर्मियों ने उसे बचा लिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। गुजरात से ठाणे के डोंबिवली जा रहे टैंकर में 24 टन एनिलिन रसायन भरा हुआ था। पुलिस ने कहा कि चालक ने टैंकर पर नियंत्रण खो दिया और यह ठाणे से कल्याण फाटा मार्ग पर आगे जा रहे एक अज्ञात वाहन से टकरा गया। टैंकर का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर फंस गया। हमारे अग्निशमन कर्मियों ने उसे लगभग 15 मिनट में बचा लिया।

पत्नी की नाबालिग चचेरी बहन से दुष्कर्म के लिए आरोपी को 10 साल की सजा
विशेष पॉक्सो अदालत ने पत्नी की नाबालिग बहन के साथ दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने के मामले में एक व्यक्ति को 10 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने कहा कि सजा से यह संदेश जाना चाहिए कि ऐसे अपराधियों से सख्ती से निपटा जाता है।
विशेष पॉक्सो जज डीएस देशमुख ने 16 जून को अपने आदेश में बचाव पक्ष की इस दलील को खारिज कर दिया कि संबंध सहमति से बने थे। उन्होंने कहा कि यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत नाबालिग की सहमति अप्रासंगिक है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर निवासी 35 वर्षीय आरोपी की शादी पीड़िता की ममेरी बहन से हुई है और उसका एक बेटा भी है।

खुद को आईएएस अफसर बता सुविधाएं लेने वाला गिरफ्तार
पुलिस ने एक ऐसे बहुरूपिये को गिरफ्तार किया है, जो खुद को आईएएस अधिकारी बताकर सरकारी सुविधाओं का लाभ ले रहा था। आरोपी की पहचान बिहार निवासी चंद्रमोहन सिंह के रूप में हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुद गृह मंत्रालय का अधिकारी बताकर चंद्रमोहन इन दिनों मुंबई में कस्टम के गेस्ट हाउस में ठहरा था और भारत सरकार लिखी पट्टी वाली कार में घूमता था। हालांकि, उसके मकसद का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस को उसके पास से एक और दस्तावेज मिला, जिसमें दावा किया गया था कि वह रक्षा मंत्रालय में काम करता है। 
 

पुणे में हाईवे पर कार रोककर किशोरी का यौन उत्पीड़न और तीन महिलाओं को लूटा
महाराष्ट्र के पुणे जिले के दौंड में सोमवार तड़के दो मोटरसाइकिल सवार अज्ञात व्यक्तियों ने कार रोककर एक 17 वर्षीय लड़की का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। इसके अलावा, आरोपियों ने तीन महिलाओं से सोने के गहने भी लूट लिए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह करीब 4:15 बजे हाईवे पर भीगवान के पास हुई। ड्राइवर ने शौच के लिए कार रोकी थी। कार में ड्राइवर, तीन महिलाएं और 17 वर्षीय दो लड़के और एक 17 वर्षीय लड़की सवार थी। पीड़ित पुणे के जुन्नार तहसील के गांव के रहने वाले थे और सोलापुर जिले के मंदिर शहर पंढरपुर जा रहे थे। 

फडणवीस ने नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीड़न मामले में एसआईटी की घोषणा
बीड में एक कोचिंग क्लास में नाबालिग लड़की के साथ हुए यौन उत्पीड़न के मामले में महाराष्ट्र सरकार एक्शन में आती हुई नजर आ रही है। इसके तहत सीएम फडणवीस ने मंगलवार को जांच के लिए एक वरिष्ठ महिला अधिकारी की अध्यक्षता में विशेष जांच दल बनाने की घोषणा की है। साथ ही फडणवीस ने कहा कि आरोपियों को बचाने की कोशिश करने वालों को भी नहीं बख्शा जाएगा।

बता दें कि मामले में एनसीपी विधायक चेतन तुपे ने राज्य विधानसभा में सूचना के बिंदु के माध्यम से इस मुद्दे को उठाया। तुपे ने कहा कि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, और उन्हें केवल तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। उन्होंने पूछा कि आरोपी को कौन बचा रहा है?
 

पुणे में निर्माणाधीन इमारत का स्लैब गिरा, एक मजदूर की मौत; तीन घायल
पुणे के कैंटोनमेंट इलाके में मंगलवार दोपहर एक निर्माणाधीन इमारत का स्लैब गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। यह हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ। लष्कर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि इमारत की दूसरी मंजिल का स्लैब अचानक गिर पड़ा, जिससे नीचे काम कर रहे चार मजदूर उसकी चपेट में आ गए। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि हादसे की असली वजह क्या थी और सुरक्षा के नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

नागपुर में रोडरेज में पत्थर मारकर बाइक सवार की हत्या
महाराष्ट्र के नागपुर में रोडरेज की घटना में एक बाइक सवार की पत्थर मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य फरार हैं। उनकी तलाश जारी है।एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार की रात नारा घाट के पास हुई। पीड़ित स्वप्निल गोस्वामी (32) बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक कुछ लोगों को छू गई। इसके बाद बहस शुरू हो गई और चार लोगों ने उन पर पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में गोस्वामी के सिर पर गंभीर चोट आई और आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed