फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Mumbai Pune Thane Nagpur Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra: बांग्लादेशी महिला को 14 माह जेल, भारत से निर्वासित होंगी; सरकार से मिलेगा लड़कियों को HPV टीका

Sat, 01 Mar 2025 01:06 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Sat, 01 Mar 2025 01:06 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Mumbai Pune Thane Nagpur Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
भारत में अवैध रूप से रहने के आरोप में बांग्लादेशी महिला को 14 महीने की जेल हुई है। 27 फरवरी के आदेश में ठाणे जिले की निचली अदालत में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वसुधा एल भोसने ने यह भी निर्देश दिया कि आरोपी महिला जेल में सजा की अवधि बिता चुकी है, इसलिए उसे निर्वासित किया जाए। महिला की पहचान तानिया यूनुस शेख के रूप में हुई है। इस 36 वर्षीय महिला को अदालत ने 14 महीने 28 दिन के कारावास की सजा सुनाई है। शेख बिना वैध पासपोर्ट या वीजा के मुंबई के बाहरी इलाके- मीरा रोड में रह रही थी। अदालत ने एक हजार का जुर्माना भी लगाया। जुर्माना नहीं भरने की सूरत में एक महीने की सश्रम कारावास की सजा और काटनी होगी।
विज्ञापन


लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन मुहैया कराएगी महाराष्ट्र सरकार
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने कहा कि राज्य सरकार लड़कियों को कैंसर से बचाने के लिए ह्यूमन पेपिलोमावायरस (एचपीवी) वैक्सीन मुहैया कराने पर विचार कर रही है। राज्य में कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं। इसका नया टीका उपलब्ध है। हम लड़कियों को टीका मुहैया कराने पर विचार कर रहे हैं और जल्द ही अंतिम निर्णय तक पहुंचेंगे।
विज्ञापन

Maharashtra Updates Mumbai Pune Thane Nagpur Politics Crime and other News in Hindi
सीएम फडणवीस के साथ डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और अजित पवार - फोटो : X / @CMOMaharashtra

दो एडीजी समेत 11 IPS अधिकारियों का तबादला
महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को एडीजी (प्रशासन) निखिल गुप्ता और एडीजी (हाईवे पुलिस) सुरेश मेखला समेत 11 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। राज्य गृह विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, निखिल गुप्ता को एडीजी (कानून एवं व्यवस्था) बनाया गया है। वहीं, सुरेश मेखला को एडीजी (आर्थिक अपराध शाखा) के पद पर तैनात किया गया है। इसके अलावा, महाराष्ट्र साइबर के विशेष महानिरीक्षक यशस्वी यादव को एडीजी के पद पर पदोन्नति दी गई है। सुहास वारके, जो आईजीपी (नागरिक अधिकारों का संरक्षण) थे, को पदोन्नत कर एडीजी (जेल) बनाया गया है। अश्वथी दोरजे, जो आईजीपी (महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अत्याचार की रोकथाम) थीं, को उसी पद पर एडीजी के रूप में पदोन्नति दी गई है। छेरिंग दोरजे आईजीपी (कानून एवं व्यवस्था) को एडीजी (विशेष अभियान) के पद पर पदोन्नत किया गया है, जबकि केएमएम प्रसन्ना, जो आईजीपी (स्थापना) के पद पर कार्यरत थे, को पदोन्नत कर एडीजी (प्रशासन) बनाया गया है। मनोज कुमार शर्मा, जो पिछले पांच वर्षों से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे, को आईजीपी (कानून एवं व्यवस्था) बनाया गया है। इसके अलावा, राज्य खुफिया अकादमी के निदेशक आरबी दहले को पुणे स्थित राज्य अपराध रिकॉर्ड केंद्र के विशेष आईजीपी के रूप में स्थानांतरित किया गया है, जबकि एसआरपीएफ के आईजीपी रहे अशोक मोराले को पुणे में मोटर परिवहन अनुभाग का नया आईजीपी बनाया गया है। डीआईजी (एसआरपीएफ) राजीव जैन को उसी पद पर आईजी के रूप में पदोन्नत किया गया है। इसके अलावा, अभिषेक त्रिमुखे को मुंबई में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (उत्तर क्षेत्र) बनाया गया है। गढ़चिरौली के अहेरी में अतिरिक्त एसपी श्रेणिक लोढ़ा को बुलढाणा में अतिरिक्त एसपी बनाया गया है।

मीरा भयंदर में डिप्टी आरटीओ की स्थापना 
महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को ठाणे जिले के मीरा भयंदर में डिप्टी क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की स्थापना की। एक अधिकारी ने बताया कि यह कार्यालय वाहन पंजीकरण कोड एमएच-58 के तहत काम करेगा। सरकारी आदेश में कहा गया है कि राज्य परिवहन आयुक्त को इस नए कार्यालय के लिए भूमि की तलाश करनी होगी। इसके अलावा, उन्हें एक इंटरसेप्टर वाहन आवंटित करने और लाइसेंसिंग, पंजीकरण और कराधान के लिए स्टाफिंग की व्यवस्था करनी होगी। ठाणे जिले से विधायक और राज्य परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि नया डिप्टी आरटीओ परिसर उत्तन में बनेगा और मीरा भयंदर के लोगों के लिए बहुत मददगार होगा। अधिकारियों ने कहा कि इसके साथ ही महाराष्ट्र में डिप्टी आरटीओ कार्यालयों की संख्या 33 से बढ़कर 34 हो जाएगी, इसके अलावा 24 आरटीओ होंगे।

पालघर में 12.2 लाख की ठगी, शिंदे ने उद्धव को नीरो बताया
महाराष्ट्र के पालघर में एक जालसाज ने सीमा शुल्क विभाग में नौकरी दिलाने का वादा कर चार लोगों से कथित तौर पर 12.2 लाख रुपये ठग लिए। एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पालघर जिले की पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी योगेश मनवर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने 2022 से मार्च 2023 के बीच पीड़ितों से संपर्क किया और उन्हें सीमा शुल्क विभाग में नौकरी दिलाने का वादा किया। पीड़ितों ने सामूहिक रूप से उसे 12.2 लाख रुपये का भुगतान किया।

इस बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर कटाक्ष करते हुए उनकी तुलना 'नीरो' से की, जो रोम के जलते समय बांसुरी बजाता रहा। पुणे जिले के जुन्नार में पार्टी की ‘धन्यवाद रैली’ में शिंदे ने कहा कि वह मुंह में चांदी का चम्मच लेकर पैदा नहीं हुए हैं, बल्कि उनका जन्म आम लोगों के जीवन में सुनहरे दिन लाने के लिए हुआ है। शिंदे ने कहा कि वह आम नागरिक को ‘सुपरमैन’ बनाना चाहते थे। ठाकरे पर निशाना साधते हुए शिंदे ने कहा कि जब रोम जल रहा था तो नीरो बांसुरी बजा रहा था और उनका मामला भी ऐसा ही है।

इसके अलावा नागपुर के हिस्ट्रीशीटर द्वारा पुणे के एक गैंगस्टर के साथ सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर रील साझा किए जाने के बाद जिले की पुलिस ने उसे आपराधिक धमकी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। नागपुर की साइबर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गजानन मारणे कुछ दिन पहले नागपुर में स्थानीय अपराधी राजा गौस से मिला था। मारणे के खिलाफ पुणे में कई मामले दर्ज हैं। गौस ने इंस्टाग्राम पर अपनी मुलाकात की एक ‘रील’ साझा की जिसमें लिखा था ‘नागपुर का राजा’ और ‘पुणे का राजा गजानन’। 

साइबर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 192 (किसी को दंगा करने के लिए उकसाना), 351 (आपराधिक धमकी) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रावधानों के तहत गौस और मारणे दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया। गौस को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की जांच जारी है। मारणे के गिरोह के सदस्यों ने पुणे में केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल के कार्यालय में काम करने वाले एक व्यक्ति पर कथित तौर पर हमला किया था, जिसके बाद मारणे को गिरफ्तार किया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed