फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Mumbai Pune Nashik Raigarh Nagpur Palghar Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra: ठाणे में 22 लाख रुपये के हाइब्रिड गांजे के साथ दो गिरफ्तार; गायक प्रभाकर कारेकर का मुंबई में निधन

Thu, 13 Feb 2025 10:58 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Thu, 13 Feb 2025 10:58 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Mumbai Pune Nashik Raigarh Nagpur Palghar Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने 22.28 लाख रुपये मूल्य के हाइब्रिड गांजे के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पुसिस अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने शहाड इलाके में मंगलवार शाम को दो व्यक्तियों को संदिग्ध तरीके से घूमते हुए देखा। उल्हासनगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि जांच करने पर पुलिस ने उनके कब्जे से 1.114 किलोग्राम हाइब्रिड गांजा जब्त किया। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान उपेंद्रसिंह उर्फ गोली कमलेशसिंह ठाकुर (24) और विशाल हरेश मखीजा (34) के रूप में की गई है। दोनों पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) कानून के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रतिबंधित पदार्थ का स्रोत और आरोपियों की योजना का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

विज्ञापन


प्रसिद्ध गायक प्रभाकर कारेकर का 80 साल की आयु में निधन
गोवा में जन्मे प्रसिद्ध हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक पंडित प्रभाकर कारेकर का संक्षिप्त बीमारी के बाद मुंबई में निधन हो गया। उनके परिवार ने बताया कि कारेकर 80 वर्ष के थे। बुधवार रात शिवाजी पार्क इलाके में अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। कारेकर को "बोलवा विट्ठल पाहावा विट्ठल" और "वक्रतुंड महाकाय" जैसे उनके गायन के लिए जाना जाता था। उत्कृष्ट गायक और शिक्षक के रूप सम्मानित कारेकर ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) और दूरदर्शन पर ग्रेडेड कलाकार के रूप में परफॉर्म करते थे। उन्होंने पंडित सुरेश हल्दांकर, पंडित जितेंद्र अभिषेकी और पंडित सीआर व्यास सरीखे दिग्गजों से प्रशिक्षण प्राप्त किया था।

विज्ञापन

पुणे-नासिक रेलवे परियोजना के लिए प्रस्तावित पुनर्निर्माण का विरोध
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री छगन भुजबल सहित नासिक के अन्य नेताओं ने पुणे-नासिक सेमी-हाई स्पीड रेलवे परियोजना के प्रस्तावित पुनर्निर्माण का विरोध किया है। उन्होंने सरकार से मूल प्रस्ताव का पालन करने की अपील की है। भुजबल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे पत्र में कहा कि रेल मंत्रालय और राज्य सरकार को सिन्नर, संगमनेर, नारायणगांव, मंचर, राजगुरुनगर और चाकन के माध्यम से सीधी कनेक्टिविटी बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि परियोजना मूल रूप से आगे बढ़ती है, तो इससे आर्थिक लाभ होगा। नए निर्माण के कारण यात्रा की दूरी बढ़ जाएगी और यह सीधे रेल संपर्क का उद्देश्य कमजोर करेगी। भुजबल ने यह भी कहा कि पुणे-नासिक रेलवे लाइन मुंबई के उपनगरीय नेटवर्क को बायपास करेगी और वधावन बंदरगाह से जुड़ेगी, जिससे माल परिवहन में सुधार होगा। एमएलसी सत्यजीत तांबे ने भी इसी चिंता को उठाया और कहा कि नए मार्ग से यात्रा की दूरी बढ़ेगी और समय भी ज्यादा लगेगा। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद राजाभाऊ वाजे ने भी बदलावों पर असंतोष व्यक्त किया और कहा कि अगर यह मार्ग बदला गया, तो वे विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।

विज्ञापन

कोविड-19 जंबो सेंटर के पूर्व डीन को 19 महीने बाद हाईकोर्ट से मिली जमानत
बॉम्बे हाईकोर्ट ने बुधवार को मुंबई के दहिसर में कोविड-19 जंबो सेंटर के पूर्व डीन डॉ. किशोर बिसुरे को जमानत दे दी है। उन्हें 19 जुलाई, 2023 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महामारी के दौरान कथित अनियमितताओं के मामले में गिरफ्तार किया था। मुंबई नगर निकाय द्वारा संचालित चिकित्सा सुविधा के तत्कालीन डीन के रूप में, बिसुरे पर आरोप है कि उन्हें कोविड-19 मरीजों के उपचार केंद्र में फर्जी उपस्थिति रजिस्टर को क्लियरेंस देने में बतौर रिश्वत मूल्यवान वस्तुएं मिली थीं। न्यायमूर्ति मिलिंद एन जाधव की एकल पीठ ने पाया कि बिसुरे की गिरफ्तारी के बाद से 19 महीने में मामले में कोई खास प्रगति नहीं हुई है और अभी तक आरोप तय नहीं किए गए हैं। अदालत ने शिकायत दर्ज करने में देरी पर भी चिंता जताई। अभियोजन पक्ष ने 82 गवाहों की जांच की बात कही, जिस पर कोर्ट ने कहा कि मुकदमे का निष्कर्ष निकाला जाना मुश्किल है। हाईकोर्ट ने बिसुरे को एक लाख रुपये के मुचलके पर जमानत दी।
विज्ञापन

मनी लॉड्रिंग मामले में ईडी की हिरासत में भेजे गए दो आरोपी
मुंबई की एक अदालत ने बेवसाइट के खिलाफ मनी लॉड्रिंग मामले में गिरफ्तार दो लोगों को ईडी की हिरासत में भेजा गया। वेबसाइट पर सट्टेबाजी के साथ ही बिना किसी अधिकार के आईपीएल मैचों का प्रसारण किया जाता था। चिराग और चिंतन शाह को ईडी ने मनी लॉड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। ईडी ने दोनों को पीएमएलए के विशेष न्यायाधीश के सामने पेश करके उनकी हिरासत मांगी थी। 

सड़क हादसे में पूर्व विधायक की मौत
महाराष्ट्र के अकोला शहर में बृहस्पतिवार को एक पिकअप वाहन ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार एक पूर्व विधायक और एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पूर्व विधायक तुकाराम बिडकर (73) को दोपहर में दुर्घटना के बाद गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना दोपहर साढ़े तीन बजे अकोला के शिवनी इलाके में हुई, जब बिडकर दोपहिया वाहन पर पीछे बैठे थे। दोपहिया वाहन चला रहे राजदत्त मानकर (48) की भी दुर्घटना में मौत हो गई। पूर्व विधायक शिवनी हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले से मुलाकात के बाद घर लौट रहे थे। अधिकारी ने बताया कि अकोला में एमआईडीसी पुलिस ने आरोपी चालक मोहम्मद साहिल अब्दुल शाहिद (25) को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पिकअप वाहन के चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बिडकर 2004 से 2009 तक अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक रहे। वह जिले के मुर्तिजापुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे। उन्होंने विदर्भ विकास निगम के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया।

पीएनबी घोटाला: मेहुल चोकसी की फर्म की 13 संपत्तियां होंगी नीलाम
मुंबई की विशेष अदालत ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ऋण धोखाधड़ी मामले में मुख्य आरोपी भगोड़े हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी की कंपनी गीतांजलि जेम्स लिमिटेड की 13 संपत्तियों की नीलामी की अनुमति दे दी। विशेष पीएमएलए जज एसएम मेंजोगे ने आधिकारिक परिसमापक की याचिका को स्वीकार करते हुए कहा कि यदि संपत्तियों को बिना रखरखाव के बेकार रखा जाता है तो इससे निश्चित रूप से मूल्य कम हो जाएगा। ये संपत्तियां मुंबई के सांताक्रूज स्थित खेनी टॉवर में सात फ्लैट, भारत डायमंड बोर्स में एक वाणिज्यिक इकाई, गुजरात के सूरत स्थित डायमंड पार्क में चार कार्यालय और एक दुकान हैं। परिसमापक ने पिछले सप्ताह एक याचिका दायर कर मांग की थी कि इन संपत्तियों का मूल्यांकन किया जाए, जो सुरक्षित नहीं हैं, तथा बाद में उन्हें नीलामी के जरिये बेचा जाए। ईडी ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed