फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Maharashtra ›   Maharashtra Updates Mumbai Pune Nagpur Palghar Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra: 33 साल बाद नवी मुंबई पुलिस के हत्थे चढ़ा पत्नी की हत्या का आरोपी; वाशी में छह वर्षीय मासूम की मौत

Tue, 24 Dec 2024 12:13 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Tue, 24 Dec 2024 12:13 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Mumbai Pune Nagpur Palghar Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र में  नवी मुंबई पुलिस ने अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में 33 साल से फरार एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि आरोपी बाबू गुडगीराम काले (70) को रविवार को पड़ोसी मुंबई के मुलुंड उपनगर के पास से गिरफ्तार किया गया, जहां वह मजदूरी करता था और आजीविका के लिए फूल बेचता था। पनवेल टाउन थाने के वरिष्ठ निरीक्षक नितिन ठाकरे ने बताया कि मामला 28 जनवरी 1991 का है, जब काले ने अपनी पत्नी के साथ अक्सर होने वाले घरेलू विवादों के चलते नवी मुंबई के पनवेल इलाके में स्थित अपने घर में कथित तौर पर उस पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी थी। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से झुलसी महिला की बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

विज्ञापन


दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम की मौत, हवा में उछली एसयूवी
नवी मुंबई के वाशी में शनिवार देर रात एक एसयूवी कार डिवाइडर से टकरा गई। जिसके चलते कार का पिछला हिस्सा हवा में करीब सात फीट ऊपर उठने के बाद बोनट पर आ गया। हादसे में छह वर्षीय हर्ष अथेरिया की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़का अपने पिता और तीन चचेरे भाइयों के साथ यात्रा कर रहा था। वाशी पुलिस स्टेशन के एपीआई दीपक गावित ने बताया कि हर्ष के पिता मावजी अरेथिया की शिकायत पर घनसोली निवासी एसयूवी चालक विनोद पचड़े के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने से मौत का मामला दर्ज किया गया है।

विज्ञापन

मुंबई में 2.4 करोड़ का सोना चोरी करने वाला गिरफ्तार
दक्षिण मुंबई के गिरगांव में एक कार्यालय से कथित तौर पर 2.40 करोड़ रुपये की सोने की ईंटे चुराने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी चंद्रभान पटेल (36) के रूप में हुई है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि घटना 18 दिसंबर को तब सामने आई, जब एक 65 वर्षीय व्यापारी अपनी दुकान में तोड़फोड़ की शिकायत लेकर वीपी रोड पुलिस स्टेशन पहुंचा था। शिकायत के अनुसार, आरोपी मुख्य दरवाजा तोड़कर कार्यालय में दाखिल हुआ। वह एक-एक किलोग्राम वजन की तीन सोने की ईंटें और कुछ नकदी भी ले गया। जांच के बाद पटेल को गिरफ्तार किया गया, जो सीपी टैंक इलाके में कपड़ा बेचता था। चोरी की गई संपत्ति बरामद कर ली गई है।

बीएमसी ने वायु प्रदूषण रोकने के लिए जारी किए नए दिशानिर्देश
बृहन्मुंबई नगर निगम ने निर्माण और सड़क की धूल से होने वाले वायु प्रदूषण को रोकने के लिए सोमवार को नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। साथ ही नगर निगम ने अपने ठोस अपशिष्ट विभाग के अधिकारियों को इन दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। यह कदम मुंबई की बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए उठाया गया है। नगर निगम की विज्ञप्ति के अनुसार, नए उपायों में खाना पकाने के लिए ईंधन के रूप में लकड़ी या इसी तरह की सामग्री के उपयोग पर रोक लगाना और निर्माण स्थलों पर अलाव जलाना शामिल है।

विज्ञापन

सीएम फडणवीस ने परभणी दौरे को लेकर राहुल गांधी पर साधा निशाना
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का परभणी दौरा 'राजनीतिक बैठक' है और यह 'जाति के आधार पर नफरत पैदा करने की कोशिश' है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल हमेशा से ऐसा करते आ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने परभणी हिंसा की न्यायिक जांच की घोषणा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राहुल गांधी ने सोमवार को महाराष्ट्र के हिंसा प्रभावित परभणी का दौरा किया। उन्होंने संवाददातओं से कहा कि मैं उनके परिवार और उन लोगों से मिला हूं जिन्हें मारा गया और पीटा गया। उन्होंने मुझे पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, वीडियो, तस्वीरें दिखाईं। यह 100 फीसदी हिरासत में मौत है। उनकी हत्या की गई है और मुख्यमंत्री ने विधानसभा में झूठ बोला है। लोकसभा सांसद ने कहा कि पुलिस को संदेश देने के लिए इस युवक की हत्या कर दी गई क्योंकि वह दलित था और संविधान की रक्षा कर रहा था। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि आरएसएस की विचारधारा संविधान को नष्ट करने की है, उन्होंने कहा कि इस मामले को तुरंत समाधान किया जाना चाहिए।

महाराष्ट्र: प्रताप सरनाईक ने परिवहन विभाग का कार्यभार संभाला, रोपवे का प्रस्ताव रखा
महाराष्ट्र के नए परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने मुंबई और उसके आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए केबल वाहन प्रणाली (रोपवे) शुरू करने का प्रस्ताव दिया। सरनाईक ने आज राज्य सचिवालय में परिवहन विभाग का कार्यभार संभाला और बाद में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उनका मकसद राज्य में परिवहन की प्रणाली को लाभकारी और कुशल बनाना है, ताकि इसे एक नई पहचान मिल सके। उन्होंने कहा, यह मेरा दृष्टिकोण है। राज्य में सड़क और वायु परिवहन सेवाओं को प्राथमिकता देने की जरूरत है, ताकि महाराष्ट्र इन क्षेत्रों में एक अग्रणी राज्य बन सके। 
 

महाराष्ट्र: 12 अज्ञात सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ मामला दर्ज, सीएम का फर्जी वीडियो साझा करने का आरोप
मुंबई पुलिस के साइबर विभाग ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाल ही में नक्सलवाद पर दिए भाषण के फर्जी वीडियो को पोस्ट या साझा करने वाले 12 अज्ञात सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि एक 30 वर्षीय व्यक्ति ने साइबर पुलिस में इस वीडियो की शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ जनता में अशांति फैलाने, मानहानि और अन्य अपराधों के आरोप में भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। 
 

महाराष्ट्र: आदित्य ठाकरे का मुख्यमंत्री से आग्रह- शहरों को राजनीतिक होर्डिंग्स से मुक्त करने के लिए अभियान चलाएं
शिवसेना (यूबीटी) के विधायक आदित्य ठाकरे ने मंगलवा को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से आग्रह किया कि वह शहरों को सियासी होर्डिंग्स से मुक्त करने की पहल करें और 'नौ बैनर' अभियान चलाएं। उन्होंने भरोसा दिया कि इस पहल में वह मुख्यमंत्री का सहयोग करेंगे। पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री नो बैनर अभियान शुरू करते हैं, तो उनकी पार्टी शिवसेना (यूबीटी) उनका समर्थन करेगी। 

महाराष्ट्र में 12 आईएएस अधिकारियों का तबादला, कांबले बीईएसटी के जीएम बने
महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी अंबलगन पी को उद्योग सचिव और प्रशासनिक हर्षदीप कांबले को मुंबई नागरिक परिवहन उपक्रम बीईएसटी का महाप्रबंधक बनाया। इसी के साथ कुल 12 आईएएस अधिकारियों के तबादले किये।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 1990 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल दिग्गिकर, जो बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति और परिवहन (बीईएसटी) उपक्रम के महाप्रबंधक (जीएम) थे, को मुंबई में दिव्यांग कल्याण विभाग, मंत्रालय (राज्य सचिवालय) में अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में तैनात किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed